मुख्य समाचार:-
- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
- सरकार ने डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने की घोषणा की।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने छत्तीसगढ़ और झारखंड में प्रतिबंधित माओवादी उग्रवादी गुट से जुडे कई ठिकानों पर छापे मारे।
- देश में वर्ष 2023-24 में अब तक का सबसे अधिक कोयला उत्पादन हुआ।
- उत्तर भारत में शीतलहर जारी। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 15 वर्षों में दिसंबर महीने में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
- भारत के लक्ष्य सेन चीन के शेनझेन में किंग्स कप अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह साढे़ नौ बजे नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर निगम बोध घाट जाएगी।
तिरंगे में लिपटे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर फूलों से सजे ताबूत में रखा गया जहां दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नेताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी। देश-विदेश के सभी छोटे बड़े लोगों ने नम आंखों से महमोहन सिंह को याद किया। तेज बारिश के बीच बड़ी संख्या में लोग मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। भारत ने न सिर्फ बेहतरीन अर्थशास्त्री खोया, बल्कि एक शालीन व्यक्तिव वाला इंसान भी खो दिया है, जिसने 1991 के दशक में क्रांतिकारी सुधारों के साथ साथ आर्थिक वृद्धि को बढावा दिया। डॉ. सिंह उन दिग्गजों में से एक थे जिन्होंने नए उदारवादी भारत की कल्पना की थी। उनके व्यक्तिव के बारे में सिर्फ इतना कहा जा सकता है कि लोग बातें ही बनाते रह गए, मैंने खामोशी से दुनिया जीत ली। समाचार कक्ष से एक श्रद्धांजलि।
आकाशवाणी दिल्ली सुबह 11 बजे से अपने एफएम रेनबो, इंद्रप्रस्थ, आकाशवाणी लाइव न्यूज 24×7 चैनलों पर अंतिम संस्कार का प्रसारण करेगा। सभी राजधानी स्टेशन और आकाशवाणी के स्थानीय स्टेशन सहित सभी प्राथमिक चैनल इसे प्रसारित करेंगे। सरकार ने डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर पहली जनवरी तक सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। इस अवधि के दौरान पूरे देश और विदेशों में स्थित सभी भारतीय मिशन तथा उच्चायोगों में राष्ट्रीय ध्वज़ आधा झुका रहेगा। आज केन्द्र सरकार के सभी कार्यालयों और सरकारी उपक्रमों में आधे दिन का अवकाश रहेगा।
*******
दिल्ली यातायात पुलिस ने आज नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के मद्देनजर यातायात परामर्श जारी किया है। एक रिपोर्ट-
राजा राम कोहली मार्ग, राजघाट रेड लाइट, सिग्नेचर ब्रिज और युधिष्ठिर सेतु पर यातायात में बदलाव रहेगा। इसके अलावा रिंग रोड, निषाद राज मार्ग, बुलीवार्ड मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, लोथियन मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग पर भी सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली पुलिस ने लोगों को इन मार्गों से बचने और सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करने की सलाह दी है। रहीसुद्दीन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से श्रीराम शर्मा।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने नई दिल्ली में कल दिवंगत डॉ. मनमोहन सिंह को उनके आवास पर श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. सिंह उन असाधारण राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान रूप से सहजता से काम किया। उपराष्ट्रपति ने पूर्व प्रधानमंत्री को एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बताया, जिन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदल दिया। एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश दुखी है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन भावी पीढ़ियों के लिए एक उदाहरण है।
*******
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार को कल इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अनुरोध प्राप्त हुआ है। मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने श्री खरगे और डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार को बताया कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।
*******
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन.आई.ए. ने पिछले साल राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान मतदानकर्मियों और सुरक्षा दल पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के हमले के सिलसिले में कल झारखंड के गिरिडीह जिले और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने नक्सली पर्चे, बुकलेट, मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री सहित डेढ़ लाख नकद जब्त किए। माना जा रहा है कि संदिग्ध प्रतिबंधित सी.पी.आई. (माओवादी) आतंकी संगठन के मैनपुर-नुआपाड़ा डिवीजन के सदस्य और समर्थक हैं।
*******
प्रवर्तन निदेशालय ने अवैध सम्पत्ति और अवैध खनन के सिलसिले में बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता हुलास पांडे के कई ठिकानों पर छापे मारे हैं। यह कार्रवाई कल देर रात तक पटना और बेंगलुरु में दो ठिकानों पर हुई। निदेशालय ने तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी कब्जे में लिए।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
देश में 2023-24 में अब तक का सबसे अधिक कोयला उत्पादन हुआ है। वर्ष 2023-24 में कोयला उत्पादन वर्ष 2022-23 में 893 दशमलव एक-नौ-एक मिलियन टन की तुलना में 997 दशमलव आठ-दो-छह मिलियन टन हुआ, जो कि लगभग 11 दशमलव सात-एक प्रतिशत अधिक है। कोयला मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि देश ने इस महीने की 15 तारीख तक लगभग 963 दशमलव एक-एक मीट्रिक टन कोयले की आपूर्ति की है।
*******
बिहार लोकसेवा आयोग-बी.पी.एस.सी. ने कहा है कि 70वीं एकीकृत संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा-2024 निरस्त नहीं की जाएगी। बी.पी.एस.सी. के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने इस बात की पुष्टि की है।
आयोग तो निर्णय लेता है अब आगे कुछ और जाना नहीं है। कोई निर्णय लेना बाकि नहीं है। आयोग निर्णय लेने के बाद ही चार जनवरी को पीटी का डेट निकाला है और उसके बाद हम लोगों की कोशिश रहेगी की इस मंथ के लास्ट में हम लोग पीटी का रिजल्ट दे दें ताकि अप्रैल माह में हम लोग मेन्स की परीक्षा ले सकें।
श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा निर्धारित समय पर होगी और अभ्यर्थी दो जनवरी 2025 से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
*******
मध्य प्रदेश में ई-मंडी योजना का विस्तार प्रदेश की अन्य मंडियों में भी किया जा रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया कि यह योजना पहली जनवरी से 41 और मंडियों में लागू हो रही है।
सरकार ने अगले साल अप्रैल तक सभी 259 मंडियों को ई मंडी में बदलने का लक्ष्य रखा है। ई-मंडी योजना के तहत मंडी परिषद में प्रवेश से लेकर नीलामी, तोल और भुगतान तक की कार्यवाही कंप्यूटरीकृत होगी। मंडी में किसानों द्वारा बेची जा रही कृषि उपज का रिकॉर्ड भी वास्तविक समय पर ऑनलाइन उपलब्ध होगा। इससे मंडी में भीडभाड़ कम होगी और किसानों को सुविधा भी होगी। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में विभिन्न मंत्रालयों की वर्ष 2024 की झलकियाँ प्रस्तुत कर रहा है। आज हम सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर एक नज़र डाल रहे हैं।
सरकार सामाजिक शैक्षणिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इस वर्ष अनुसूचित जाति के 18 लाख से अधिक छात्रों को प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति दी गई, जिसके लिए विभाग द्वारा 437 करोड रुपए से अधिक की राशि जारी की गई। वही, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत 41 लाख से अधिक छात्रों को लगभग 5000 करोड रुपए की राशि आवंटित की गई। लक्षित क्षेत्र में उच्च विद्यालयों में आवासीय शिक्षा योजना श्रेष्ठ के तहत 142 निजी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए लगभग तीन हजार छात्रों का चयन किया गया प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदया योजना पीएम अजय के तहत 5000 से अधिक गांवों को आदर्श ग्राम घोषित किया गया और इसके तहत 3 लाख से अधिक लाभार्थियों के लिए 1655 परियोजनाएं स्वीकृत की गई। पिछडे वर्गों के आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित पहलों को एकल डिजिटल प्लेटफॉर्म के तहत समेकित और सुव्यवस्थित करने के लिए इस वक्त पीएम सूरज पोर्टल की भी शुरुआत की गई। वहीं, वर्ष 2023-24 के दौरान पीएम दक्ष योजना के तहत 112 प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से 80 हजार से अधिक लाभार्थियों को प्रशिक्षित किया गया। वित्त वर्ष 2024-25 में सरकार की नमस्ते योजना के तहत कचरा बिनने वालों को भी एक लक्षित समूह के रूप में मान्यता दी गई। आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
वहीं पूरे उत्तर भारत में शीतलहर जारी है मौसम विभाग ने जहां मध्य प्रदेश में तूफान के साथ ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज छिटपुट बारिश होने की आशंका है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के विभिन्न हिस्सों में कल हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 15 वर्षों में दिसम्बर महीने में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
*******
इस बीच, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र- एन.सी.आर. में कल से लगातार हो रही बारिश से वायु गुणवत्ता में भी सुधार आया है। इसे देखते हुये ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान- ग्रेप थ्री के अंतर्गत लगे प्रतिबंध हटा लिए गए हैं।
*******
हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी और निचले मैदानी क्षेत्रों में बारिश से शीत लहर तेज हो गई है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
कुल्लू जिला के सोलन नाला में ताजा बर्फबारी के कारण लगभग एक हजार पर्यटक वाहनों सहित अन्य वाहन फंस गए थे। इन वाहनों में करीब पांच हजार पर्यटक थे जिन्हें पुलिस ने देर रात तक रेस्क्यू तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। वहीं बर्फबारी के चलते शिमला जिला के ऊपरी इलाकों सहित राज्य में अनेक सड़कें यातायात के लिए बंद हो गई हैं। हालांकि किसान व बागवान इस हिमपात और वर्षा से बहुत खुश है और उन्हें अच्छी फसल की उम्मीद है। इस बीच मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में बर्फबारी व बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
*******
उत्तराखंड मौसम विभाग ने अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। राज्य के सभी जिलों में आज कड़ाके की सर्दी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 117वीं कड़ी होगी। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आई.आर. मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज़, पी.एम.ओ. और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा।
*******
खेल खबरों के साथ है – चन्द्रशेखर शर्मा-
चीन के शेनजेन में भारत के लक्ष्य सेन किंग्स कप इंटरनेशनल बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। कल क्वार्टर फाइनल में उन्होंने हॉगकांग चीन के एंगस एंजी कार्लोंग को हराया। आज सेमीफाइनल में लक्ष्य का मुकाबला चीन के हू चे एन से होगा। तीन दिन के इस टूर्नामेंट में लक्ष्य सेन आठ शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ियों में शामिल है। उधर, हॉकी इंडिया लीग आज से उड़ीसा के राउरकेला में शुरू होगी। पहला मैच दिल्ली एसजी पाईपर्स और गोनासिका के बीच बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग का उद्घाटन समारोह आज होगा। आकाशवाणी से उद्घाटन समारोह का आंखों देखा हाल शाम 6 बजकर 55 मिनट से राष्ट्रीय नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा। प्रतियोगिता पर रोजाना 10 मिनट की विशेष रिपोर्ट सुबह 7 बजकर 10 मिनट से प्रसारित की जाएगी। इंडियन सुपर लीग फुटबाल में आज ईस्ट बंगाल एफसी का सामना हैदराबाद एफसी होगा। यह मैच हैदराबाद में गाज़ी बावली स्टेडियम में शाम 5 बजे से खेला जाएगा। दूसरा मैच चेन्नई एफसी और बेंगलुरू एफसी के बीच चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शाम साढ़े 7 बजे से खेला जाएगा।
*******
वहीं, मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन आज भारत ने पहली पारी में ताजा समाचार मिलने तक 7 विकेट पर 261 रन बना लिये हैं। आज सुबह भारत ने अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 164 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से अभी 213 रन पीछे है। इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाये थे। स्टीव स्मिथ ने 140 रन बनाए। भारत के जसप्रीत बुमराह ने चार और रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अख़तर।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को देश विदेश की हस्तियों ने बड़े मन से याद किया है। सभी समाचार पत्रों ने प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं द्वारा मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने की खबर प्रकाशित की है। नवभारत टाइम्स लिखता है- भारत की दिशा बदल देने वाले सिंह को अंतिम विदाई आज। हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को प्रकाशित किया है। मनमोहन सिंह सबके प्ररेणा स्रोत। पंजाब केसरी लिखता है- देशवासियों की आंखे हुई नम। अमरीका ने लगातार दूसरे साल जारी किए दस लाख से अधिक वीजा़ हरिभूमि सहित कई अखबारों की सुर्खी है। नए साल का जश्न मनाने आया मौसम, पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में शीतलहर। राजस्थान पत्रिका ने जम्मू-कश्मीर के अंनतनाग जिले में हुए हिमपात की तस्वीर प्रकाशित करते हुए यह खबर दी है। राष्ट्रीय सहारा ने भी मौसम का मिजाज बताया है- कड़ाके की ठंड में मॉनसूनी बारिश, दिल्ली एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट। प्रीपेड कार्ड से भी यूपीआई से हो सकेगा लेनदेन। रिजर्व बैंक ने दी मंजूरी, पूरी तरह से केवाईसी पालन करने वाले उपभोक्ताओं के लिए सुविधा, अमर उजाला की खबर है। सूर्य के सबसे करीब पहुंचकर नासा के पार्कर ने रचा इतिहास, वैज्ञानिकों को मिला सिग्नल, एक जनवरी को भेजा डेटा दैनिक जागरण में है। अब गांवों में भी खुलकर खर्च कर रहे लोग, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खपत का अंतर हुआ कम। जनसत्ता की सुर्खी है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार आज दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
- सरकार ने डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करने की घोषणा की।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने छत्तीसगढ़ और झारखंड में प्रतिबंधित माओवादी उग्रवादी गुट से जुडे कई ठिकानों पर छापे मारे।
- देश में वर्ष 2023-24 में अब तक का सबसे अधिक कोयला उत्पादन हुआ।
- उत्तर भारत में शीतलहर जारी। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 15 वर्षों में दिसंबर महीने में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
- भारत के लक्ष्य सेन चीन के शेनझेन में किंग्स कप अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन ओपन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे।
*******