Download
Mobile App

android apple
signal

December 26, 2024 9:12 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में वीर बाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री बच्चों में पोषण और समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का भी शुभारंभ करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 17 बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित करेंगी।
  • राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेताओं ने गठबंधन के सहयोगियों के बीच समन्वय को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
  • प्रख्यात मलयालम लेखक और फिल्म निर्माता एम. टी. वासुदेवन नायर का कोझिकोड में कल रात निधन।
  • कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सदस्‍यों की संख्‍या में इस वर्ष अक्टूबर माह के दौरान 13 लाख 41 हजार सदस्यों की वृद्धि हुई।
  • मेलबर्न में, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा क्रिकेट टेस्‍ट मैच जारी।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रव्यापी उत्सव वीर बाल दिवस में भाग लेंगे। देश के भावी निर्माता के रूप में बच्‍चों को सम्‍मानित करने के लिए इसका आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित भी करेंगे। वर्ष 2022 में श्री मोदी ने 26 दिसम्‍बर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिन गुरू गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों के साहस और बलिदान के सम्‍मान में मनाया जाता है। इस अवसर पर श्री मोदी सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। हमारे संवाददाता की एक रिपोर्ट-

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का शुभारंभ करेंगे, जिसका उद्देश्य पोषण संबंधी सेवाओं के कार्यान्वयन को मजबूत कर इसके परिणामों में सुधार करना है। वीरबाल दिवस के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र के प्रति साहस और समर्पण की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए देश में कई पहल की जाएगी। माइगोव और माय भारत पोर्टल के माध्यम से प्रश्नोत्तरी सहित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विद्यालयों, बाल देखभाल संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में कहानी सुनाना रचनात्मक लेखन और पोस्टर बनाना सहित कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

वहीं, मध्य प्रदेश में भी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल के भारत भवन में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वीर बाल दिवस पर भोपाल के भारत भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कीर्तन जत्थे की प्रस्तुति और साहिबजादों के बलिदान पर आधारित फिल्में दिखाई जाएंगी। राज्य के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर ‘वीर बाल दिवस’ पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। वहीँ, स्कूलों में विद्यार्थियों ने गुरू गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों की शहादत पर चित्र बनाए। उधर, मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग के अंतर्गत पंजाबी साहित्य अकादमी द्वारा 22 से 29 दिसम्बर तक ’’वीर बाल दिवस’’ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है. अकादमी द्वारा प्रदेश के नौ जिलों में चार साहिबज़ादों पर केन्द्रित लघुफिल्म प्रदर्शन, लाईट और साउण्ड शो, नाट्य प्रस्तुति और वीर रस कवि सम्मेलन जैसे आयोजन किये जा रहे हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

******

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्‍ली में 7 वर्गों में असाधारण उपलब्धियों के लिए 17 बच्‍चों को प्रधानमंत्री राष्‍ट्रीय बाल पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्‍चे 14 राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों से हैं। सरकार कला और संस्‍कृति, बहादुरी, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, खेल और पर्यावरण के क्षेत्र में बच्‍चों की उपलब्धियों के लिए बाल पुरस्‍कार प्रदान करती है। पुरस्कृत होने वाले बच्‍चों को पदक, प्रमाण पत्र और संदर्भ पुस्तिका प्रदान की जाएगी।

******

राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के नेताओं की कल एक बैठक केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नई दिल्‍ली स्थित आवास पर हुई। इस बैठक का उद्देश्‍य गठबंधन के सहयोगियों के बीच समन्‍वय सुदृढ करना था। इस बैठक में तेलुगु देशम पार्टी अध्‍यक्ष और आंध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री एन. चंद्र बाबू नायडू, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जनता दल यूनाइटेड के नेता और पंचायतीराज मंत्री राजीव रंजन सिंह, जनता दल सेक्‍यूलर नेता और भारी उद्योग मंत्री एच डी कुमारस्‍वामी शामिल हुए। इस बैठक में हिन्‍दुस्‍तानी आवाम मोर्चा के नेता और केन्‍द्रीय सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यम मंत्री जीतनराम मांझी, अपना दल सोनेलाल की अध्‍यक्ष और केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य राज्‍य मंत्री अनुप्रिया पटेल और राष्‍ट्रीय लोक मोर्चा के अध्‍यक्ष उपेन्‍द्र कुशवाहा भी शामिल हुए।

******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

******

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन-ईपीएफओ के सदस्‍यों की संख्‍या में इस वर्ष अक्टूबर के दौरान 13 लाख 41 हजार सदस्यों की वृद्धि हुई है। श्रम और रोजगार मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यों में वृद्धि का श्रेय रोजगार के बढ़ते अवसरों, कर्मचारी लाभों के बारे में बढ़ती जागरूकता और ईपीएफओ की प्रभावी आउटरीच पहल को दिया जा सकता है। एक रिपोर्ट-

पेरोल डेटा से पता चलता है कि मौजूदा वित्‍त वर्ष के अक्‍तूबर महीने में लगभग सात लाख पचास हजार नए सदस्‍य ईपीएफओ में शामिल हुए।  मंत्रालय के अनुसार आकडों से पता चलता है कि नये सम्मिलित सदस्‍यों में 18 से 25 आयु वर्ग के युवा सबसे अधिक हैं। इस अवधि के दौरान जुड़े कुल सदस्‍यों में इनका योगदान 58 प्रतिशत से अधिक है। पेरोल डेटा से यह जानकारी भी मिलती है कि लगभग 12 लाख 90 हजार सदस्य इससे बाहर निकले और बाद में ईपीएफओ में फिर से शामिल हो गए। यह आंकड़ा अक्टूबर 2023 की तुलना में वार्षिक आधार पर 16 दशमलव दो-तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मंत्रालय ने कहा कि आलोच्‍य अवधि में लगभग 2 लाख नौ हजार महिलाओं को नए सदस्यों के रूप में जोड़ा गया। समाचार कक्ष से करिश्‍मा राय।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल स्‍वामित्‍व योजना के अंतर्गत 56 लाख से अधिक परिसम्‍पत्ति कार्ड वितरित करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी योजना के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी या बसावट वाले क्षेत्रों में परिसम्‍पत्ति मालिकों को भूमि के दस्‍तावेज प्रदान किए जाएंगे।

पंचायती राज सचिव विवेक भारद्वाज ने नई दिल्‍ली में बताया कि इस योजना के अंतर्गत तकरीबन तीन लाख 17 हजार गांवों का ड्रोन सर्वेक्षण किया गया है।

इस देश के ग्रामीण जनता के लिए उनको मालिकाना हक दिलाने के लिए स्वामित्‍व की योजना का शुभारंभ किया था। इसके द्वारा रिहायशी जमीन का सर्वे किया जाता है और आज की तारीख में 3 लाख 40 हजार गांव में से 3 लाख 17000 गांव में ड्रोन के द्वारा सर्वे का काम पूरा हो गया है। 27 तारीख को माननीय प्रधानमंत्री जी 50 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी कार्ड का वितरण करेंगे और ये एक मील का पत्थर है।

******

प्रख्यात मलयालम लेखक और फिल्म निर्माता एम. टी. वासुदेवन नायर का कोझिकोड के एक निजी अस्पताल में कल रात निधन हो गया। उन्‍हें आमतौर पर एम.टी. के नाम से जाना जाता था। वे 90 वर्ष के थे। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें इस महीने की 15 तारीख को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक रिपोर्ट:-

श्री वासुदेवन एक सफल और बहुमुखी कहानीकार थे। उनकी रचनाओं का विभिन्‍न भाषाओं में अनुवाद किया गया है। कुछ फिल्‍मों के निर्माता और निर्देशक होने के अलावा, श्री वासुदेवन ने निर्मलयम, ओरु वड्डक्‍कन वीरगाथा, परिणयम, सादयम और कड़ावु जैसी प्रतिष्ठित फिल्‍मों के लिए पटकथा लिखी। वर्ष 2005 में श्री वासुदेवन को ज्ञानपीठ पुरस्‍कार प्राप्‍त हुआ। उन्‍हें पद्मभूषण, केरल ज्‍योति, और केरल साहित्‍य अकादमी पुरस्‍कार से भी सम्‍मानित किया गया था। समाचार कक्ष से मनोज।

हमारे कोच्चि संवाददाता ने बताया है कि केरल सरकार ने आज और कल राजकीय शोक की घोषणा की है। आज होने वाले सभी सरकारी समारोह भी स्थगित कर दिए गए हैं।

******

आकाशवाणी समाचार अपनी वर्षांत श्रृंखला में आपको विभिन्‍न मंत्रालयों द्वारा इस वर्ष की महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दे रहा है। आज, इस कड़ी में चर्चा आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की प्रमुख पहलों और उपलब्धियों पर-

आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले स्मार्ट सिटी मिशन ने शहरी जीवन स्तर, सुरक्षा और सार्वजनिक सेवाओं में काफी सुधार किया है मिशन के तहत 100 स्मार्ट शहरों में 84 हजार सीसीटीवी कैमरे 1884 आपातकालीन कॉल बॉक्स और 3000 से अधिक सार्वजनिक संबोधन प्रणाली प्रमुख उपलब्धियां में शामिल है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र ने असम, बिहार, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, मिजोरम, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में जल प्रबंधन की परियोजनाओं के लिए 1123 करोड रुपए से अधिक की राशि जारी की है अहमदाबाद और हैदराबाद में दो प्रमुख कचरों के पहाड़ों का पूरी तरह से निपटारा कर दिया गया है। इसके अलावा केंद्र ने दिल्ली और मेरठ के बीच क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के बिस्तर जैसी पहलू के माध्यम से शहरी गतिशीलता में सुधार पर भी ध्यान केंद्रित किया है। सुपर्णा सैकिया के साथ आदर्श कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में बॉर्डर-गावस्‍कर ट्रॉफी का चौथा क्रिकेट टेस्‍ट मैच जारी है। ताज़ा समाचार मिलने तक आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में एक विकेट पर 116 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया है।

पांच टेस्‍ट मैचों की श्रंखला में अभी दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। भारत ने पहला टेस्‍ट मैच जीता था। दूसरे टेस्‍ट मैच में ऑस्‍ट्रेलिया की टीम ने जीत हासिल की थी और तीसरा टेस्‍ट मैच ड्रॉ रहा था।

******

अन्‍य खेल समाचारों के साथ हैं, मुकेश कुमार बल

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद-आईसीसी की टेस्ट रैंकिंग में रविचन्‍द्रन अश्विन के सर्वोच्‍च रेटिंग रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। बुमराह के पास आज से शुरू हुए मेलबर्न टेस्ट में इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है। बुमराह ने यह उपलब्धि ब्रिसबेन टेस्ट में नौ विकेट के शानदार प्रदर्शन के बाद हासिल की। इसके बाद उन्‍हें 14 रेटिंग अंक की बढत मिली है। वहीं, भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद ने श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित होने वाली दिव्यांग क्रिकेट चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की भागीदारी की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता 12 से 21 जनवरी तक आयोजित होगी। उधर, दोहा में एशियाई जूनियर वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप में भारत की मार्टिना देवी ने महिलाओं की जूनियर प्लस 87 किलोग्राम श्रेणी में रजत पदक जीता है। मणिपुर की 18 वर्षीय की मार्टिना ने कुल 225 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्‍थान हासिल किया है। मार्टिना ने क्लीन एंड जर्क में रजत और स्नैच में कांस्य पदक जीता है। इसके अलावा, राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में महेश्वरी चौहान और अनंतजीत सिंह नरुका की जोड़ी ने कल नई दिल्ली में अपने गृह राज्य राजस्थान के लिए स्कीट मिश्रित टीम का खिताब जीता है। इस जोड़ी ने उत्तर प्रदेश के मैराज अहमद खान और अरीबा खान पर 44-43 से जीत हासिल की। ​​पंजाब के गनेमत सेखों और अभय सिंह सेखों ने कांस्य पदक जीता है।

******

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में आज भी शीत लहर जारी रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इस बीच दिल्‍ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है।

******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- देवेन्‍द्र त्रिपाठी।

  • मध्‍य प्रदेश में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की आधारशिला रखते हुए प्रधानमंत्री का सम्‍बोधन आज सभी अख़बारों की पहली ख़बर है। जनसत्‍ता लिखता है- प्रधानमंत्री ने कहा, जल संसाधनों के विकास में आम्‍बेडकर के योगदान को कांग्रेस ने किया नजरअंदाज। वीर अर्जुन की सुर्खी है- पी.एम. ने मध्‍य प्रदेश को दी बड़ी सौगात।
  • रूस जा रहा विमान कजाखस्‍तान में गिरा –हिन्‍दुस्‍तान में है। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- रूस जा रहा प्‍लेन क्रैश, धमाके से दो टुकड़ों में बंटा, तीस से ज्‍यादा की जान गई।
  • दिव्‍यांगों की चलने में मदद करेगा, आयरन मैन जैसा रोबोट– राजस्‍थान पत्रिका ने तुम भी चलो, हम भी चलें शीर्षक से ये ख़बर प्रकाशित की है।
  • तीन दिन तक बारिश के आसार, बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरा भी रहेगा- अमर उजाला की सुर्खी है। पत्र ने मनाली में बर्फ से ढके पहाड़ों की मनमोहक तस्वीरें प्रकाशित की है।
  • अलविदा एम.टी. मलयाली साहित्‍य और सिनेमा के एक युग का अंत- अमर उजाला ने यह ख़बर अपने पहले पृष्‍ठ पर प्रकाशित की है।
  • बाल्‍ड ईगल को घोषित किया गया अमरीका का राष्‍ट्रीय पक्षी- जनसत्‍ता की ख़बर है। बाल्‍ड ईगल अमरीका की मोहर पर भी दिखाई देता है।

******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में वीर बाल दिवस समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री बच्चों में पोषण और समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान का भी शुभारंभ करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 17 बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित करेंगी।
  • राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नेताओं ने गठबंधन के सहयोगियों के बीच समन्वय को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
  • प्रख्यात मलयालम लेखक और फिल्म निर्माता एम. टी. वासुदेवन नायर का कोझिकोड में कल रात निधन हो गया।
  • कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सदस्‍यों की संख्‍या में इस वर्ष अक्टूबर माह के दौरान 13 लाख 41 हजार सदस्यों की वृद्धि हुई।
  • मेलबर्न में, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा क्रिकेट टेस्‍ट मैच जारी।

******