Download
Mobile App

android apple
signal

December 25, 2024 9:33 AM

printer

समाचार प्रभात

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की पहली केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की मध्य प्रदेश में आधारशिला रखेंगे।

 

  • पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवीं जयंती पर कृतज्ञ राष्‍ट्र उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। यह दिन सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।

 

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दस हजार से अधिक प्राथमिक कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पांच राज्यपालों की नियुक्ति की।

 

  • ईसा मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में दुनिया भर में क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है।

 

  • राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पंजाब की गनेमत सेखों ने महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिता में लगातार दूसरा राष्ट्रीय खिताब जीता।

   ******

 

     

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मध्यप्रदेश के खजुराहो में देश की पहली महत्वाकांक्षी और बहुउद्देशीय केन-बेतवा राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास करेंगे। श्री मोदी देश की पहली ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का लोकार्पण और 1 हजार 153 अटल ग्राम सुशासन भवनों का भूमि-पूजन भी करेंगे।

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर करीब 12 बजे खजुराहो आएंगे और दोपहर ढाई बजे दिल्‍ली के लिए रवाना होंगे। केन-बेतवा लिंक राष्‍ट्रीय परियोजना की लागत राशि 44 हजार छह सौ पांच करोड रूपये है। परियोजना का 90 फीसदी खर्च केंद्र सरकार और दस फीसदी खर्च राज्‍य सरकारों  द्वारा उठाया जाएगा। इस परियोजना से 8 लाख हेक्‍टेयर से अधिक के क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा मिलेगी। वहीं, मध्‍यप्रदेश के दस जिलों के दो हजार गांव के लगभग सात लाख से ज्‍यादा किसान परिवार लाभान्वित होंगे। केन-बेतवा लिंक राष्‍ट्रीय परियोजना दस जिलों की 44 लाख आबादी को पेयजल की सुविधा भी उपलब्‍ध कराएगी। इस परियोजना से एक सौ तीन मेगावाट जलविद्युत और 27 मेगावाट सौर ऊर्जा का उत्‍पादन होगा। सबसे खास बात यह है कि इससे सूखाग्रस्‍त बुंदेलखंड क्षेत्र में भू-जल स्‍तर की स्थिति में सुधार, औद्योगिकीकरण, निवेश एवं पर्यटन को बढावा मिलेगा और रोजगार के अवसर उपलब्‍ध होंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

******

 

     

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवीं जयंती पर कृतज्ञ राष्‍ट्र उन्‍हें श्रद्धांजली अर्पित कर रहा है। आज का दिन सुशासन दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। राजधानी दिल्‍ली में श्री वाजपेयी की समाधि सदैव अटल पर उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

 

 

25 दिसंबर 1924 को ग्‍वालियर में जन्‍में अटल बिहारी वाजपेयी के व्‍यक्तित्‍व के कई पहलू थे। वे एक प्रखर वक्‍ता, लेखक, कवि, निस्‍वार्थ सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार थे लेकिन इन सब से बढकर वे नेताओं के बीच एक नेता थे। वे तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। उनकी विरासत में दूरदर्शी आर्थिक नीतियां, बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचा परियोजनाएं और राष्‍ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सडकों का विकास शामिल है। उनकी आर्थिक नीतियों ने स्‍वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निरंतर विकास की नींव रखी। उनके नेतृत्‍व में ही भारत ने पोखरण-2 परमाणु परीक्षण सफलतापूर्वक किया और 1998 में एक परमाणु शक्ति के रूप में भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की। उन्‍हें 2015 में भारत के सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया गया। भाजपा के इस दिग्‍गज नेता ने 16 अगस्‍त 2018 को अंतिम सांस ली। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।         

******

     

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि श्री वाजपेयी एक महान राजनेता थे, जो आज भी अनगिनत लोगों के प्रेरणा-स्रोत हैं। श्री वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत को 21वीं सदी में ले जाने के लिए राष्‍ट्र, अटलजी का सदैव आभारी रहेगा। अख़बारों में अपने लेख में प्रधानमंत्री ने कहा कि साधारण परिवार से होने के बावजूद श्री वाजपेयी ने आम आदमी के संघर्ष और शासन में बदलाव की उसकी शक्ति को महसूस किया।

     

 

श्री मोदी ने कहा कि श्री वाजपेयी के नेतृत्‍व में स्वर्ण चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को लागू किया गया तथा दिल्ली मेट्रो के लिए व्यापक कार्य किए गए। श्री मोदी ने कहा कि देश में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और दूर-दराज के क्षेत्रों को मुख्यधारा में शामिल करने का श्रेय वाजपेयी जी को है। भारत के विदेश मंत्री के रूप में, वाजपेयी संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में बोलने वाले पहले भारतीय नेता बने।

******

     

 

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि शासन को सरल और नागरिकों के लिए अधिक अनुकूल बनाने के लिए लगभग दो हजार पुराने नियम-कानून समाप्त कर दिए गए हैं। सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर कल नई दिल्ली में श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हुए प्रमुख प्रशासनिक सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता, नवाचार और लोकोन्मुखी नीतियों के प्रति संकल्पित है।

******

     

 

श्री वाजपेयी की एक 100वीं जयंती के अवसर पर राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए की एक बैठक आज नई दिल्‍ली में आयोजित होगी। आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सहित गठबंधन के शीर्ष नेता बैठक में शामिल होंगे। श्री नायडू की तेलुगु देशम पार्टी एनडीए सरकार की प्रमुख सहयोगी है। इस अवसर पर उत्तरप्रदेश सरकार ने आज राज्य परिवहन निगम की वातानुकूलित और शताब्दी बस सेवाओं का किराया 20 प्रतिशत कम कर दिया है। यह सुविधा 25 फरवरी 2025 तक लागू रहेगी।

*******

     

 

सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्‍ली में दस हजार से अधिक नवनिर्मित बहुद्देशीय प्राथमिक कृषि, डेयरी और मत्‍स्‍य-पालन सहकारी समितियां राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।

 

 

सहकारिता मंत्री राष्‍ट्रीय सहकारिता सम्‍मेलन में नवगठित सहकारिता समितियों को पंजीकरण प्रमाण-पत्र, रु-पे किसान क्रेडिट कार्ड और माइक्रो एटीएम भी वितरित करेंगे। इससे पंचायतों में क्रेडिट सुविधा उपलब्‍ध होगी, वित्‍तीय समावेशन को बढावा मिलेगा और ग्रामीणों के लिए योजनाओं का लाभ उठाना आसान होगा। नई प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी संस्‍थानों के विकास में सहायक होंगी। इनमें क्रेडिट सोसाइटी, डेयरी सहकारिता और मत्‍स्‍य-पालन सहका‍री समितियां शामिल हैं। ये समितियां वित्‍तीय सेवाएं देंगी और ग्रामीण समुदायों के लिए साथ मिलकर काम करने का मंच भी उपलब्ध कराएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सहकार से सम‍ृद्धि परिकल्‍पना को साकार करने के लिए श्री शाह ने अगले पांच वर्षों में देश के हर पंचायत में एक सहकारी संस्‍था स्‍थापित करने का लक्ष्‍य रखा है। आनंद और दीपेंद्र की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, मुकेश कुमार बल।

******

     

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पांच राज्यपालों की नियुक्ति की है। मिज़ोरम के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति अब ओडिशा के राज्यपाल होंगे। राज्यपाल रघुबर दास के इस्तीफे के बाद श्री हरि बाबू को ओडिशा का राज्‍यपाल नियुक्त किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह को मिज़ोरम का राज्यपाल बनाया गया है। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे आरिफ मोहम्मद खान का स्थान लेंगे जिन्हें अब बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

******

     

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो सोमवार को स्पेडेक्स मिशन शुरू करेगा। इसके अंतर्गत अंतरिक्ष में डॉकिंग के लिए श्रीहरिकोटा में ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान-पीएसएलवी से  दो छोटे उपग्रह छोड़े जाएंगे। स्पेडेक्स कम खर्च वाली तकनीक है जो चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्री को उतारने, चंद्रमा से नमूना लाने और भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण के लिए ज़रूरी है। इस मिशन की सफलता से भारत स्पेस डॉकिंग तकनीक वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।

******

     

 

आकाशवाणी अपनी वर्षांत श्रंखला आपको इस वर्ष की महत्वपूर्ण पहलों की जानकारी दे रहा है। आज चर्चा खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग पर।

 

 

सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब कल्‍याण अन्‍न योजना को एक जनवरी से अगले पांच वर्ष के लिए बढा दिया है। केंद्र सरकार द्वारा राष्‍ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत सभी राशन कार्डों का डिजिटलिकरण किया गया है। सब्सिडी वाले खाद्यानों के पारदर्शी वितरण को सुनिश्चित करने के लिए देश में 99 प्रतिशत से अधिक उचित दर दुकानों पर इलेक्‍ट्रॉनिक प्‍वांइट ऑफ सेल उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। देश के सभी राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में वन नेशन वन राशन कार्ड योजना लागू है। इस योजना से देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को नि:शुल्‍क खाद्यान का वितरण सुनिश्‍चित किया जा रहा है। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने सामान्‍य उपभोक्‍ताओं को रियायती दरों पर आटा और चावल उपलब्‍ध कराने के लिए ओपन मार्केट सेल स्किम के तहत भारत आटा और भारत चावल भी लॉच किया है। प्रिया मंडल के साथ, सकलेन अख्‍तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।   

******

     

 

ईसा मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में दुनिया भर में क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर लोग अपने घरों को क्रिसमस ट्री तथा रोशनी से सजाते हैं और एक-दूसरे को उपहार देकर खुशियां मनाते हैं। इस अवसर पर गिरजाघरों की भव्य सजावट की गई है और विभिन्‍न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

******

     

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्‍ट्रपति ने लोगों को जीवन में ईसा मसीह के प्रेम और सौहार्द्र के संदेश को समाहित करने पर बल दिया। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि क्रिसमस का त्‍यौहार आशा, करुणा और एकजुटता का सार्वभौमिक संदेश देता है।

******

     

नागालैंड के राज्यपाल ला गणेशन और मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी हैं।

 

नागालैंड में क्रिसमस को गहरे धर्म प्रतीक के साथ मनाया जा रहे है। कई चर्चों में क्रिसमस के पूर्व संध्‍या पर आधी रात में सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित किया गया। घंटियों के बजने और हवा में गूंज जाने वाले कैरोल्स के आवाज से सबकुछ गुंज उठी क्‍योंकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा से एकत्र हो गया।

     

शुभकामनाएं और उपहारों को आदान-प्रदान, और दोस्तों और प्रियजनों से मुलाकात इस उत्सव को चिह्नित कर रहे है। असुनियो, आकाशवाणी समाचार, कोहिमा

******

     

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरॅस ने सीरिया-इस्रायल सीमा पर शहीद हुए ब्रिगेडियर अमिताभ झा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री झा गोलान की पहाड़ियों पर संयुक्त राष्ट्र बल के उप-कमांडर थे जिन्हें चिकित्सीय कारणों से जान गंवानी पड़ी।

******

     

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भीषण शीतलहर की आशंका व्यक्त की है। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज रात घना कोहरा छाया रहेगा।

******

     

नववर्ष और क्रिसमस से पहले हिमाचल प्रदेश के शिमला और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से सभी पर्यटन स्थल पर्यटकों से भर गए हैं।

 

 

राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते दो दिनों के दौरान हुई बर्फबारी के कारण तीन राष्ट्रीय उच्च मार्गों सहित सैकड़ों सड़कें यातायात के लिए बंद हैं और कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति भी बाधित है। बर्फबारी के कारण किन्नौर जिले के मलिंग नाला में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित चांगों और पूह में ठहराया गया है। उधर कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों सहित सोलंगनाला, अटल टनल, धुंधी व कोठी में हिमपात से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मनाली के अटल टनल व सोलंगनाला के बीच बर्फबारी के कारण फंसे पर्यटकों को मनाली सुरक्षित भेज दिया गया है। रितेश कपूर ,आकाशवाणी समाचार, शिमला।

******

खेल खबर…

     

राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पंजाब की गनेमत सेखों ने महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिता में लगातार दूसरा राष्ट्रीय खिताब जीत लिया है।

      ******

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

      

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का मध्‍य प्रदेश दौरा कई अखबारों की सुर्खी बना है। हरिभूमि ने बॉक्‍स में लिखा है – पूर्व पीएम वाजपेयी के जन्‍मदिन पर उनके सपने की नींव रखेंगे मोदी। प्रधानमंत्री आज खजुराहो में देश की पहली केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्‍ट्रीय परियोजना का शिलान्‍यास करेंगे।

 

चुनाव नियम में बदलाव पर कांग्रेस पहुंची कोर्ट। हिन्‍दुस्‍तान सहित कई अखबारों में है – कुछ इलेक्‍ट्रॉनिक दस्‍तावेजों का सार्वजनिक निरक्षण रोकने के लिए निर्वाचन नियम में किए गए बदलाव को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

     

देश की अर्थव्‍यवस्‍था पर प्रधानमंत्री की अर्थशास्त्रियों के साथ बैठक को नवभारत टाइम्‍स ने प्रमुखता दी है। केंद्रीय बजट की तैयारी के लिए आयोजित बैठक में पीएम मोदी ने देश की इकॉनमी पर जाने माने अर्थशास्त्रियों से चर्चा की।

     

कॉलिंग और एस एम एस के लिए जल्‍द मिलेगा किफायती प्‍लान। दूरसंचार नियामक ट्राई ने मोबाइल ग्राहको को दी बडी सहूलियत। राजस्‍थान पत्रिका लिखता है – मोबाइल डेटा का उपयोग नहीं करने वाले उपभोक्‍ताओं को वॉयस कॉल और एस एम एस के लिए अलग से मिलेगा प्‍लान। धन्‍यवाद फरहत।

******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश की पहली केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की मध्य प्रदेश में आधारशिला रखेंगे।

 

  • पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की एक सौवीं जयंती पर कृतज्ञ राष्‍ट्र उन्‍हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

 

  • सहकारिता मंत्री अमित शाह आज दस हजार से अधिक प्राथमिक कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन सहकारी समितियां राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

 

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पांच राज्यपालों की नियुक्ति की।

 

  • ईसा मसीह के जन्म के उपलक्ष्य में दुनिया भर में क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है।

 

  • राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में पंजाब की गनेमत सेखों ने महिलाओं की स्कीट प्रतियोगिता में लगातार दूसरा राष्ट्रीय खिताब जीता।

******