Download
Mobile App

android apple
signal

December 24, 2024 8:59 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत विरोधी संगठनों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए मित्र देशों के साथ खुफिया समन्वय रणनीति विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
  • आज राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी उपभोक्ता संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख पहलों का शुभारंभ करेंगे।
  • राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 2025 की गणतंत्र दिवस परेड के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 15 झांकियों का चयन किया गया।
  • बांग्लादेश ने भारत से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की।
  • शाहू तुषार माने ने भोपाल में सीनियर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
  • भारत के साईराज परदेशी ने दोहा में एशियाई यूथ और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते।

*******

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत विरोधी संगठनों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए मित्र देशों के साथ खुफिया समन्वय रणनीति विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। नई दिल्ली में 37वें इंटेलिजेंस ब्यूरो शताब्दी समारोह में एक व्याख्यान में श्री शाह ने कहा कि महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हमले, साइबर हमले, सूचना युद्ध और युवाओं को कट्टरपंथी बनाने जैसी चुनौतियों का समाधान ढूंढने की जरूरत है। इंटेलिजेंस ब्यूरो की प्रशंसा करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि इसकी कार्य पद्धति, सतर्कता, सजगता और त्याग तथा समर्पण की परंपरा के कारण ही आज देश सुरक्षित है। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा एजेंसियां पिछले पांच वर्षों में निर्णायक लड़ाई लड़ते हुए राष्‍ट्र पर आए विभिन्न खतरों से निपटने में सफल रही है। श्री शाह ने गलत सूचनाओं से निपटने के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खुफिया और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को कृत्रिम बुद्धिमत्‍ता – एआई और मशीन लर्निंग का उपयोग बढ़ाना चाहिए। श्री शाह ने कहा कि 2047 तक पूर्ण विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सभी संभावित खतरों की पहचान करनी चाहिए और देश की सुरक्षा के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार करना चाहिए।

*******

आज राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस है। हर साल 24 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह दिवस प्रत्‍येक उपभोक्‍ता के अधिकार और उत्तरदायित्‍व के महत्‍व को उजागर करता है।

इस अवसर पर केंद्रीय उपभोक्‍ता मामलों के मंत्री प्रल्‍हाद जोशी आज नई दिल्‍ली में आयोजित समारोह की अध्‍यक्षता करेंगे और, उपभोक्‍ता अधिकारों के संरक्षण के लिए कई पहलों का शुभारंभ करेंगे। एक रिपोर्ट-

इस दौरान ई-मैप पोर्टल, ए.आई. आधारित राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता हेल्‍पलाइन टू प्‍वाइंट ओ, जागो ग्राहक ऐप, जागृति ऐप और जागृति डैश बोर्ड का शुभारंभ किया जाएगा। इन अनुप्रयोगों का उद्देश्‍य धोखाधड़ी और जालसाजी की गतिविधियों से उपभोक्‍ताओं की सुरक्षा करना है। कार्यक्रम के दौरान 13 प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियां उपभोक्‍ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संकल्‍प पत्र पर हस्‍ताक्षर करेंगी। इस वर्ष राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस का विषय डिजिटलीकरण और वर्चुअल तरीके से न्‍याय प्रदान करना है। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

*******

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज से अमरीका की छह दिन की यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे वहां के अपने समकक्ष नेताओं से मिलेंगे और प्रमुख द्विपक्षीय, क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। डॉ. जयशंकर अमरीका में भारतीय महावाणिज्‍य दूतों के सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता भी करेंगे।

*******

रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि गणतंत्र दिवस समारोह-2025 के लिए झांकियों का विषय ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’ रखा गया है। एक रिपोर्ट:-

मंत्रालय ने कहा कि 15 राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों की झांकियों को गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान कर्तव्‍य पथ पर प्रदर्शन के लिए चुना गया है। उनमें आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली और दमन व दीव, गोवा, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इसके अतिरिक्‍त, केंद्र सरकार के 11 मंत्रालयों और विभागों की झांकियों को भी गणतंत्र दिवस परेड-2025 के लिए चुना गया है। चयनित झांकियां भारत की विविध शक्तियों और इसकी निरंतर विकसित होती सांस्कृतिक समावेशिता को प्रदर्शित करेगी। रहीसुद्दीन और प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

*******

आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्षांत श्रृंखला में 2024 की झलकियाँ प्रस्‍तुत कर रहा है। इसी कड़ी में आज हम वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की उपलब्धियों का उल्‍लेख करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस वर्ष उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग ने आत्मनिर्भर तथा वैश्विक स्‍तर पर प्रतिस्पर्धी भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

देश में उत्‍पादन और निर्माण को बढावा देने में सरकार की पी.एल.आई. स्‍कीम एक मील का पत्‍थर साबित हो रही है। इस स्‍कीम में लगभग साढ़े बारह लाख करोड़ रुपये के उत्‍पादों का निर्माण हुआ है वहीं, चार लाख करोड़ रुपये का निर्यात हुआ है और नौ लाख से अधिक लोगों को इससे रोजगार मिला है। दूसरी ओर सरकार की वन डिस्‍ट्रिक्‍ट-वन प्रोडक्‍ट योजना के अंतर्गत देश भर के सात सौ अस्‍सी से अधिक जिलों के एक हजार दो सौ 56 उत्‍पादों की पहचान की गई है। इस पहल से कारीगरों को समर्थन और बढ़ावा मिल रहा है। विनिर्माण क्षेत्र में एफ.डी.आई. इक्‍विटी प्रवाह में पिछले एक दशक में 69 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। स्‍टार्ट-अप इंडिया पहल ने एक लाख 49 हजार से अधिक स्‍टार्ट-अप्‍स को मान्‍यता दी है। इन स्‍टार्ट-अप्‍स ने 16 लाख से अधिक प्रत्‍यक्ष रोजगार सृजित किये हैं। इसके अतिरिक्‍त राष्‍ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास परियोजना के तहत 28 हजार 602 करोड़ रुपये की लागत की 12 ग्रीनफील्‍ड बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शुरू की गई हैं। सुमित शाह के साथ सकलेन अख़तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस बुलाने के लिए सरकार को एक राजनयिक नोट भेजा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मंत्रालय को श्रीमती हसीना के प्रत्यर्पण के लिए दिल्‍ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से इस संबंध में एक पत्र प्राप्त हुआ है।

अगस्त में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद से ही श्रीमती शेख हसीना भारत में निर्वासन में रह रही हैं।

*******

केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया आज गुजरात के वड़ोदरा में माई भारत गुड गवर्नेंस पद यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 8 किलोमीटर की ये यात्रा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही है। इस मौके पर केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से भी उपस्थित रहेंगी। इस पदयात्रा में 15 हजार छात्रों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम भारतीय संविधान की 75वीं वर्षगांठ के साल भर चलने वाले उत्सव के हिस्से के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

*******

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने खालिस्‍तानी आतंकवादी लखबीर सिंह और गैंगस्‍टर बचित्तर सिंह के एक प्रमुख सहयोगी जतिंदर सिंह को पंजाब में आतंकवाद से जुडे षडयंत्र मामले में मुंबई से गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार आतंकी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्‍बर खालसा इंटरनेशनल का सदस्‍य है। विदेश में रहने वाले लखबीर सिंह ने इस आतंकी गुट की स्‍थापना की थी। एजेंसी ने कहा है कि गिरफ्तार आतंकी पंजाब के लखबीर और बचित्तर सिंह के लिए काम करने वालों को हथियार उपलब्‍ध करा रहा था।

*******

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंन्‍यामीन नेतन्‍याहू ने कहा है कि हमास के कब्‍जे से बंधकों को छुड़ाने के लिए उसके साथ संघर्ष विराम के प्रयासों में प्रगति हुई है। उन्‍होंने इस्राइली संसद – नेसेट में अपने संबोधन में कहा कि समझौते के लिए अभी समय सीमा स्‍पष्‍ट नहीं है। इससे पहले कल इस्राइल के विदेश मंत्री गिडिओन सार ने एक बैठक में समझौते के कुछ बिंदुओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह चरणबद्ध और क्रमिक रूप में रहेगा।

*******

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में आज शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कराईकल, पुड्डुचेरी और ओडिशा में अगले दो दिनों तक मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही उत्तर प्रदेश, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में आज देर रात घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

*******

उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट देखी जा रही है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

क्रिसमस से पहले राज्‍य में ठंड बढ गई है। इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि राज्‍य के कुछ हिस्‍सों में आज भी बारिश और हल्‍की बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसम्‍बर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और दो हजार पांच सौ मीटर से अधि‍क ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

*******

हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी और बारिश के कारण शीतलहर का कहर जारी है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

हिमाचल प्रदेश में मौसम के अचानक करवट बदलने से राज्‍य के ऊंचे क्षेत्रों में ताज़ा बर्फबारी होने और निचले कुछ स्‍थानों पर वर्षा से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। राज्‍य आपातकालीन केन्‍द्र के अनुसार ताज़ा बर्फबारी से दो राष्‍ट्रीय राजमार्गों सहित तीस सड़कें बन्‍द हैं, जिन्‍हें खोलने के प्रयास किये जा रहे हैं। मौसम विभाग ने आज भी ऊंचे क्षेत्रों में हल्‍की बर्फबारी होने और निचले क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

*******

दिल्‍ली में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह 7 बजे यहां औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 401 दर्ज किया गया।

*******

खेल जगत की खबरों के साथ है, माणिक शर्मा-

भोपाल में 67वें राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप में साहू तुषार माने ने धनुष श्रीकांत को हराकर 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। यह उनका पहला सीनियर राष्ट्रीय खिताब था। इस श्रेणी में धनुष श्रीकांत को रजत पदक मिला। यश वर्धन ने रुद्रांक्ष पाटिल को हराकर कांस्य पदक जीता। भारोत्‍तलन में कतर की राजधानी दोहा में एशिया यूथ और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत के साईराज परदेशी ने कल एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते। उन्होंने ये पदक स्नैच, क्लीन और जर्क श्रेणियों में जीते। वहीं महिला क्रिकेट में, तीन मैचों की आईसीसी चैंपियनशिप के दूसरे एकदिवसीय मैच में भारतीय टीम का सामना आज वेस्‍टइंडीज से होगा। यह मैच वडोदरा के कोटाम्‍बी स्‍टेडियम में डेढ बजे से खेला जाएगा।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं।ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अख़तर।

  • 71 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने के बाद प्रधानमंत्री का कथन – डेढ साल में दस लाख युवाओं को दी गई सरकारी नौकरी हरिभूमि सहित सभी अखबारों की पहली खबर है। राष्‍ट्रीय सहारा ने लिखा है – प्रधानमंत्री ने कहा युवाओं की क्षमता और प्रतिभा का उपयोग करना हमारी प्राथमिकता।
  • पुलिस चौकी पर हमला करने वाले खालिस्‍तान समर्थक तीन आतंकियों को पीलीभीत में ढेर करने की खबर को दैनिक जागरण, अमर उजाला और पंजाब केसरी सहित कई अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है।
  • उत्तर भारत में कल हुई हल्‍की बारिश के बाद दिल्‍ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्‍यों में तापमान में तेजी से आई गिरावट को भी अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। जनसत्ता की सुर्खी है – शिमला में बर्फबारी, नए साल से पहले दिल्‍ली सहित सात राज्‍यों में ओलावृष्टि की चेतावनी। वहीं, दैनिक ट्रिब्‍यून ने लिखा है – शिमला में मौसम की दूसरी बर्फबारी हैप्‍पी क्रिसमस को तैयार, बर्फ से ढकी पहाड़ों की रानी। उधर, हिन्‍दुस्‍तान की खबर है- कड़ाके की ठंड में गंभीर प्रदूषण से फेफड़े हो रहे बेदम।
  • गणतंत्र दिवस पर भारत की सेनाओं के साथ कदमताल करेगी इंडोनेशिया की सैन्‍य टुकड़ी। समारोह में इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो होंगे मुख्‍य अतिथि। हरिभूमि की पहली खबर है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत विरोधी संगठनों और नेटवर्क का पता लगाने के लिए मित्र देशों के साथ खुफिया समन्वय रणनीति विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
  • आज राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस मनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी उपभोक्ता संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख पहलों का शुभारंभ करेंगे।
  • राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 2025 की गणतंत्र दिवस परेड के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 15 झांकियों का चयन किया गया।
  • बांग्लादेश ने भारत से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की।
  • शाहू तुषार माने ने भोपाल में सीनियर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।
  • भारत के साईराज परदेशी ने दोहा में एशियाई यूथ और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीते।

*******