Download
Mobile App

android apple
signal

December 23, 2024 9:13 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विभिन्न सरकारी विभागों में 71 हजार से अधिक नवनियुक्‍त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में क्रिसमस समारोह में भी शामिल होंगे।
  • भारत और कुवैत ने सीमा पार से आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा की।
  • पूरा देश आज राष्ट्रीय किसान दिवस मना रहा है।
  • सरकार, हवाई अड्डों पर किफायती भोजन उपलब्ध कराने के लिए उड़ान यात्री कैफे शुरू करेगी।
  • और, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 में भारत के मैचों के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात को मध्‍यस्‍थ स्थल के रूप में नामित करने की पुष्टि की।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज वीडियो कॉन्‍फ्रेंस के माध्‍यम से 71 हजार नवनियुक्‍त कर्मियों को नियुक्तिपत्र वितरित करेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि रोजगार मेला देश के 45 स्‍थानों पर आयोजित किया जाएगा।

 

रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में हुई थी और अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 50 शहरों में 13 मेले आयोजित किए जा चुके हैं। इन मेलों में अब तक लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, जो विभिन्न सरकारी विभागों और मंत्रालयों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देशभर से चुने गए नवनियुक्त युवाओं को गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्‍चतर शिक्षा विभाग, स्‍वास्‍थ्‍य और परिवार कल्‍याण मंत्रालय तथा वित्तीय सेवाओं जैसे विभाग में नियुक्त किया जायेगा। यह मेला, रोजगार सृजन को शीर्ष प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। यह रोजगार मेला राष्ट्र निर्माण और स्वरोजगार में युवाओं को भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा। दीपेन्द्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

******

प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में क्रिसमस समारोह में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत के कैथोलिक बिशप सम्मेलन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। समारोह में श्री मोदी चर्च के कार्डिनल और बिशप सहित ईसाई समुदाय के प्रमुख लोगों से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री पहली बार देश में कैथोलिक चर्च मुख्यालय में इस तरह के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

******

भारत और कुवैत ने सीमा पार से आतंकवाद सहित सभी तरह के आतंकवाद की निंदा की है। दोनों देशों ने आतंक के सुरक्षित ठिकानों और इसके वित्त पोषण नेटवर्क को धवस्‍त करने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कुवैत यात्रा के दौरान आतंकवाद से निपटने के उपायों, साइबर सुरक्षा और कट्टरवाद की रोकथाम में सहयोग बढ़ाने पर विचार विमर्श हुआ। विदेश मंत्रालय से जारी संयुक्‍त बयान के अनुसार दोनों देशों ने आतंकवाद पर अंकुश लगाने के प्रयास में सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्‍यक्‍त की है। दोनों देश कानून लागू करने, धन-शोधन और मादक पदार्थों की रोकथाम तथा अन्‍य अंतर्राष्‍ट्रीय अपराधों से निपटने में सहयोग के लिये भी सहमत हुए।

******

राष्‍ट्रीय किसान दिवस आज मनाया जा रहा है। यह राष्‍ट्र की प्रगति में किसानों के योगदान को सम्‍मान देने का अवसर है। किसानों की भूमिका को महत्व देते हुए सरकार ने उनके सामाजिक- आर्थिक उत्‍थान के लिए अनेक पहल की हैं। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान मान-धन योजना शामिल है।

******

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि कृषि क्षेत्र ग्रामीण विकास का आधार है और ग्रामीण परिदृश्य में बदलाव से ही देश के विकसित राष्ट्र बनने की राह आसान होगी।

 

श्री धनखड़ ने कल नई दिल्ली में चौधरी चरण सिंह पुरस्कार, 2024 के विजेताओं के साथ यह बात कही। उपराष्‍ट्रपति ने सांसदों में जवाबदेही का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को जनता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी चाहिए।

 

*****

कार्मिक, जन-शिकायत और पेंशन राज्‍य मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह आज नई दिल्‍ली में सुशासन पर चौथी राष्‍ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ करेंगे। सभी मंत्रालयों और विभागों के कर्मचारी इसमें भाग लेंगे। डॉ. सिंह विभिन्‍न मंत्रालयों तथा विभागों द्वारा स्‍वच्‍छता अभियान के चौथे चरण में अपनाये गए उपायों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और आकलन रिपोर्ट भी जारी करेंगे। प्रत्‍येक वर्ष 19 से 25 दिसम्‍बर तक मनाये जाने वाले सुशासन सप्‍ताह के अंतर्गत इस कार्यशाला का आयोजन किया जाता है।

******

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई अड्डे पर किफ़ायती दरों पर भोजन और पानी जैसी बुनियादी ज़रूरतें उपलब्ध कराने के लिए उड़ान यात्री कैफे शुरू करने की घोषणा की है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से:

 

इस अनूठी पहल को प्रायोगिक आधार पर कोलकाता हवाई अड्डे पर शुरू किया गया है। इसके सफल हो जाने पर भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण इन्‍हें देश भर में अन्य हवाई अड्डों पर भी आरंभ करेगा। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहला उड़ान यात्री कैफे शुरू हो जाने के साथ विमान यात्रियों को अब पानी की बोतलें, चाय, कॉफी और स्नैक्स जैसी आवश्यक चीज़ें सस्‍ती दरों पर मिलेंगी। समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल।

******

उपभोक्‍ता कार्य विभाग, राष्‍ट्रीय उपभोक्‍ता दिवस 2024 के अवसर पर कल जागो ग्राहक जागो ऐप, जागृति ऐप और जागृति डैशबोर्ड का शुभारंभ करेगा। इन पोर्टलों का उद्देश्‍य ग्राहकों को गुमराह करने वाले डार्क पैटर्न के विरूद्ध स्‍वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करने में केन्‍द्रीय उपभोक्‍ता संरक्षण प्राधिकरण की दक्षता को बढाना है।

******

विदेशी निवेशकों ने दिसम्‍बर माह में अब तक भारतीय पूंजी बाजारों में 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार भारतीय शेयर बाजारों में 21 हजार सात सौ नवासी करोड़ रुपये और ऋण बाजार में चार हजार छह सौ छियालिस करोड़ रुपये लगाये गये। इस प्रकार भारतीय पूंजी बाजारों में दिसम्‍बर में अब तक कुल 26 हजार चार सौ 35 करोड़ रुपये का विदेशी निवेश हुआ है।

******

आकाशवाणी समाचार अपनी विशेष वर्ष समापन श्रृंखला में वर्ष 2024 की झलकियां प्रस्‍तुत कर रहा है। आज हम केंद्रीय खेल मंत्रालय की उपलब्धियों पर नज़र डालेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि वर्ष 2024 भारतीय खेलों की दृष्टि से बेहद सफल रहा। वैश्विक मंच पर भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पेरिस पैरालिंपिक खेलों में रिकॉर्ड प्रदर्शन से लेकर शतरंज में ऐतिहासिक जीत तक भारत ने कई खेल आयोजनों में अपनी सशक्त प्रतिभा और सामर्थ्‍य का प्रदर्शन किया है।

 

खेल मंत्रालय ने इस वर्ष खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए विभिन्न पहलुओं की शुरुआत की है। खेल मंत्रालय टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना टॉप्स के माध्यम से पदक संभावित खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित कर रहा है। वहीं खेलो इंडिया राइजिंग टैलेंट आइडेंटिफिकेशन कीर्ति कार्यक्रम के माध्यम से देश भर में युवा खिलाड़ियों की पहचान कर रहा है। इसके अंतर्गत सरकार ने देशभर से एक लाख 80 हजार से अधिक स्कूल जाने वाले बच्चों का मूल्यांकन किया है, जिससे एक निर्बाध और कुशल प्रतिभा पहचान प्रणाली सुनिश्चित हुई है। उधर, खेलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार ने 20 खेल प्रतिस्पर्धाओं वाली अस्मिता महिला लीग का आयोजन किया है, जिसमें छोटे शहरों और गांव से भी महिला खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इस लीग में अब तक सात सौ 66 प्रतियोगिताओं में 83 हजार से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया है। दीपेंद्र कुमार के साथ अक्षित वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

******

अब खेल खबरों के साथ

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्‍तान में खेलने से भारत के इनकार के बाद आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के मैचों के लिए संयुक्त अरब अमीरात को नामित किया है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने 19 दिसंबर को पुष्टि की कि संभावित सेमीफाइनल और फाइनल सहित भारत के सभी मैच संयुक्त मेज़बानी मॉडल के तहत किसी मध्यस्थ स्‍थान पर खेले जाएंगे। भारत को टूर्नामेंट में तीन ग्रुपस्टेज के मैच खेलने हैं। जिसमें पाकिस्तान के साथ मुकाबला भी शामिल है। वहीं, भारत सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने कल शाम वडोदरा में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले एकदिवसीय मुकाबले में 91 रन बनाये और महिला क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन बनाने का नया कीर्तिमान हासिल किया। मंधाना के वर्ष 2024 में सभी प्रारूपों में एक हजार छह सौ दो रन हो गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट का एक हजार पांच सौ 93 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। तीन मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज पर 211 रन की शानदार जीत हासिल की। सीरीज का दूसरा और तीसरा वनडे कल और 27 दिसंबर को खेला जाएगा। दोनों मुकाबले वडोदरा में ही खेले जाएंगे। वहीं, ब्राजील के जोआओ फोंसेका ने सऊदी अरब के जेद्दा में नेक्स्ट जेन एटीपी फाइनल्‍स टेनिस प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। फोंसेका ने चार सेट के मुकाबले में अमेरिका के लर्नर टीएन को 2-4, 4-3, 4-0, 4-2 से हराकर चैंपियनशिप जीत ली है।

 

******

अमरीकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मध्य प्रदेश को वर्ष 2025 के लिए चर्चित वैश्विक गंतव्यों में  में मान्यता दी है। यह मान्यता मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत, अद्वितीय वन्य जीवन और मनोहर प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाती है। जिनमें विशेष रूप से यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो, पन्ना और बांधवगढ़ शामिल है।

******

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, साप्‍ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्‍पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “सरकार का अटल नवाचार मिशन: भारत के नवाचार और उद्यमिता परितंत्र को मजबूती” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में नीति आयोग में अटल नवाचार मिशन के निदेशक डॉ. चिंतन वैष्‍णव भाग लेंगे। श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।

******

मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ हिस्सों में शीत लहर का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। हरियाणा, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, राजस्थान और मणिपुर में आज देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

 

इधर, राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह सात बजे औसत वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 403 दर्ज किया गया।

 

विभाग के अनुसार दिल्‍ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन तक सुबह और रात के समय धुंध छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

******

धन्‍यवाद निखिल। कुवैत में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को सर्वोच्‍च सम्‍मान- द ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर मिलने के समाचार को अधिकतर अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- बीस देश प्रधानमंत्री को अपना सुप्रीम सम्‍मान दे चुके हैं। वहीं अमर उजाला, जनसत्ता और दैनिक ट्रिब्‍यून की सुर्खी है- भारत-कुवैत रणनीतिक साझेदारी की राह पर आगे बढे, रक्षा क्षेत्र में करेंगे सहयोग। हरिभूमि और पंजाब केसरी के शब्‍द हैं- भारतीय श्रमिकों से बोले प्रधानमंत्री, आपका प्‍यार मुझे यहां तक खींच लायाअमर उजाला की खबर है- स्‍पैडेक्‍स मिशन के लिए इसरो तैयार। हिन्‍दुस्‍तान के अनुसार मार्च 2025 तक मिलेगी देश को पहली इलेक्ट्रिक एंबुलेंस। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है- अब सुबह नहीं, रात में ही बन जाएगा रिजर्वेशन चार्ट। दैनिक जागरण के कारोबार पन्‍ने की खबर है- 2025 में आएंगे ढाई लाख करोड़ रुपये के आइपीओ। राजस्‍थान पत्रिका के खेल पन्‍ने की खबर है- 13 जनवरी से दिल्‍ली में होने वाले पहले खो-खो विश्‍व कप के मुकाबलों में दर्शकों की एंट्री मुफ्त होगी।

******

मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विभिन्न सरकारी विभागों में 71 हजार से अधिक नवनियुक्‍त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में क्रिसमस समारोह में भी शामिल होंगे।
  • भारत और कुवैत ने सीमा पार से आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की निंदा की।
  • आज पूरा देश राष्ट्रीय किसान दिवस मना रहा है।
  • सरकार, हवाई अड्डों पर किफायती भोजन उपलब्ध कराने के लिए उड़ान यात्री कैफे शुरू करेगी।
  • और, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी-2025 में भारत के मैचों के लिए संयुक्‍त अरब अमीरात को मध्‍यस्‍थ स्थल के रूप में नामित करने की पुष्टि की है।

******