Download
Mobile App

android apple
signal

December 22, 2024 9:04 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कुवैत के अमीर, शहज़ादे और प्रधानमंत्री के साथ वार्ता करेंगे।
  • महाराष्ट्र में मंत्रालयों का आवंटन हुआ। मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने गृह मंत्रालय अपने पास रखा, एकनाथ शिंदे को शहरी विकास और अजित पवार को वित्‍त मंत्रालय मिला।
  • वन रिपोर्ट के अनुसार भारत के वन क्षेत्र में एक हजार 445 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।
  • भारत ने जर्मनी के क्रिसमस बाजार में हमले की निंदा की।
  • भारत अगले वर्ष आई.एस.एस.एफ. जूनियर शूटिंग विश्व कप की पहली बार मेजबानी करेगा।
  • और महिला क्रिकेट में, भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज वडोदरा में।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कुवैत में अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जाबेर अल-सबाह और युवा शहजादे सबा अल-खालिद अल-सबा के साथ वार्ता करेंगे। वे प्रधानमंत्री अहमद अल अब्दुल्ला अल-सबा के साथ शिष्‍टमंडल स्‍तर की वार्ता भी करेंगे। श्री मोदी कल दो दिन की यात्रा पर कुवैत पहुंचे। पिछले 43 वर्ष में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली कुवैत यात्रा है। श्री मोदी ने कल एक विशेष आयोजन में भारतीय जनसमूह को सम्‍बोधित किया। उन्‍होंने कहा कि कुवैत के विकास और भारत-कुवैत संबंधों की मज़बूती में भारतवंशियों की बड़ी भूमिका रही है।

 

भारत और कुवैत का रिश्ता सभ्यताओं का है, सागर का है, स्नेह का है, व्यापार-कारोबार का है, भारत और कुवैत अरब सागर के दो किनारो पर बसे हैं। हमें सिर्फ डिप्लोमेसी ने ही नहीं बल्कि दिलों ने आपस में जोड़ा है। हमारा वर्तमान ही नहीं, बल्कि हमारा अतीत भी हमें जोड़ता है।

 

प्रधानमंत्री ने भारतवंशियों को प्रवासी भारतीय दिवस और अगले महीने आयोजित हो रहे महाकुम्‍भ मेले में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया। उन्‍होंने कहा कि भारत विश्‍व-बंधु रहा है और तकनीक तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में देश तेजी से प्रगति कर रहा है।

 

साथियों हम पूरे विश्व को एक परिवार मानते हैं। भारत एक विश्व बंधु के रूप में दुनिया के भले की सोच के साथ आगे चल रहा है और दुनिया भी भारत की इस भावना को मान दे रही है

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत में दुनिया की कौशल राजधानी बनने की क्षमता है और भारत वैश्विक जरूरतों के अनुरूप अपने कौशल विकास कार्यक्रम चला रहा है। प्रधानमंत्री ने कुवैत के मीना अब्‍दुल्‍ला में श्रमिक शिविर का दौरा किया और भारतीय श्रमिकों के साथ चर्चा की। इस शिविर में भारत के अलग-अलग राज्‍यों से आए लगभग डेढ हजार श्रमिक रहते हैं। प्रधानमंत्री ने भारतीय श्रमिकों के साथ पिछले दस वर्ष के दौरान भारत सरकार द्वारा शुरू की गई कल्‍याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। 

 

आज भारत दुनिया के सबसे डिजिटल कनेक्टेड देश में से एक है। छोटे-छोटे शहरों से लेकर गांव तक हर भारतीय डिजिटल टूल्स का उपयोग कर रहा है। भारत में स्मार्ट डिजिटल सिस्टम लग्जरी नहीं, बल्कि कॉमन मैन की रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल हो गया।

 

श्री मोदी ने भारतीय विदेश सेवा के पूर्व अधिकारी, एक सौ एक वर्षीय मंगल सेन हांडा से भी मुलाकात की।      

 

*******

 

महाराष्‍ट्र में मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया गया है। मुख्‍यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने गृह मंत्रालय, ऊर्जा, विधि और न्‍यायपालिका, सार्वजनिक प्रशासन, सूचना और प्रचार विभाग अपने पास रखे हैं। शिवसेना नेता और उप-मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे को शहरी विकास, आवास और लोक सेवा विभाग दिया गया है। राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और उप-मुख्‍यमंत्री अजित पवार को आबकारी सहित वित्त और योजना मंत्रालय दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को राजस्‍व मंत्री बनाया गया है। भाजपा के राधाकृष्‍ण विखे पाटिल को जल संसाधन विभाग, चंद्रकांत पाटिल को उच्‍च और तकनीकी शिक्षा मंत्रालय, गिरीश महाजन को जल संसाधन और एनसीपी के हसन मुशरिफ को चिकित्‍सा शिक्षा मंत्रालय सौंपा गया है।

 

*******

 

पंजाब में आम आदमी पार्टी ने पटियाला नगर निगम चुनाव जीत लिया है। लेकिन जालंधर, अमृतसर, लुधियाना और फगवाड़ा में किसी पार्टी को स्‍पष्‍ट बहुमत नहीं मिला है। कल नगर निगम और पंचायतों के लिए मतदान हुआ था। इन चुनावों में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। नगरपालिका परिषदों, नगर पंचायतों और शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में 65 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने राष्‍ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक, रिजर्व बैंक और पूर्वोत्तर विकास वित्त निगम लिमिटेड से पूर्वोत्तर के वित्त के लिए कल अलग-अलग दिशा-निर्देश तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए एक समान दिशा-निर्देश नहीं हो सकते। अगरतला में पूर्वोत्‍तर बैंकर्स सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री अमित शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्षेत्र निवेश आकर्षित करने में सभी रिकॉर्ड तोड़ देगा।

 

*******

 

राजस्थान के जैसलमेर में कल हुई वस्तु और सेवा कर परिषद की 55वीं बैठक में कई महत्‍वपूर्ण फैसले लिए गए। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जीएसटी परिषद ने पोषक तत्‍वों से भरपूर फोर्टिफाइड चावल पर कर की दर को घटाकर पांच प्रतिशत करने का निर्णय लिया है।

 

*******

 

केन्‍द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सरकार के एक सौ दिवसीय सघन तपेदिक उन्मूलन अभियान पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ बैठक की। श्री नड्डा ने अभियान की प्रगति की निगरानी के लिए मुख्यमंत्रियों से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने अभियान को कारगर बनाने के लिए विधायकों के सहयोग का भी आह्वान किया।

 

*******

 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कल देहरादून में वन-रिपोर्ट 2023 का विमोचन किया। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल वन और पौध-क्षेत्र 8 लाख 27 हज़ार वर्ग किलोमीटर से अधिक इलाक़े में फैला है जो देश के कुल क्षेत्रफल के 25 प्रतिशत से अधिक है। वर्ष 2021 के मुकाबले, 2023 में वन-क्षेत्र में लगभग डेढ हज़ार वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। श्री यादव ने बताया कि दावानल की जानकारी सही समय पर देने की उन्नत तकनीक के कारण वन प्रबंधन बेहतर हुआ है। वन सर्वेक्षण रिपोर्ट हर दो साल पर जारी की जाती है।

 

*******

 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में दर्शक अब गिर शेरों को भी देख सकेंगे। गुजरात में जूनागढ़ के सक्करबाग चिड़ियाघर से गिर शेरों का एक जोड़ा भोपाल लाया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत इन शेरों को जूनागढ़ के गिर राष्ट्रीय उद्यान से मध्य प्रदेश लाने के प्रयास 16 वर्षों से किए जा रहे थे।

 

गुजरात के शेरों के बदले मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ नेशनल पार्क से 2 बाघों को गुजरात के जूनागढ़ स्थित सक्करबाग चिड़ियाघर भेजा गया हैवन विहार राष्ट्रीय उद्यान के उप निदेशक सुनील सिन्हा ने मीडिया को बताया कि शेरों को 21 दिन तक आईसोलेशन में रखा जाएगा। इसके बाद पर्यटक इन्हें देख सकेंगे। दोनों शेरों की उम्र 3 से 4 साल के बीच है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश की धरती पर गिर के शेरों का स्वागत करते हुए कहा कि अब निश्चित ही मध्य प्रदेश में शेरों का कुनबा बढ़ेगा और पर्यटन तथा रोजगार के नये द्वार खुलेंगे। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

 

*******

 

पंजाब में कल शाम चंडीगढ के पास मोहाली में एक बहुमंजिला इमारत ढहने से 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल, सेना और पुलिस मलबे में दबे लोगों की तलाश तथा बचाव का कार्य कर रहे हैं।

 

*******

 

भारत ने जर्मनी के मैगडेबर्ग में हुए हमले की निंदा की है। इस हमले में पांच लोगों की मृत्‍यु हुई और 200 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों में सात भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास घायलों के संपर्क में है। ये घटना शुक्रवार शाम हुई, जब एक कार भीड़-भाड़ वाले क्रिसमस बाजार में घुस गई।

 

*******

 

ब्राज़ील में, मिनास गेरासिस प्रांत में एक बस और ट्रक की टक्कर में 38 लोगों की मृत्‍यु हो गई है। दुर्घटना में घायल 13 लोगों को अस्‍पताल में इलाज चल रहा है। राष्ट्रपति लुइज़ लुला डा सिल्वा ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

 

*******

 

क्‍वालालंपुर में, अंडर-19 महिला टी-ट्वेंटी क्रिकेट के फाइनल में भारत और बांग्‍लादेश के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। बांग्‍लादेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने ताजा समाचार मिलने तक 14 ओवर में 3 विकेट पर 72 रन बना लिये हैं।

 

खेल जगत की अन्‍य खबरों के साथ हैं सरफिरोज़ी…..

 

भारत और वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन एक दिवसीय मैचों की आईसीसी चैंपियनशिप श्रृंखला आज से शुरु हो रही है। पहला मैच वडोदरा में दोपहर डेढ़ बजे से खेला जाएगा। इस बीच वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए में शामिल होने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। इससे पहले, 13 वर्षीय वैभव आईपीएल से जुड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। वैभव, विजय हज़ारे ट्रॉफी में बिहार की ओर से खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी रहे हैं। भारत पहली बार जूनियर निशानेबाजी विश्‍व कप की मेजबानी करने जा रहा है। जूनियर निशानेबाजी विश्‍व कप अगले वर्ष होगा। इसमें राइफल, पिस्टल और शॉटगन के मुकाबले होंगे। उधर, वेस्‍टर्न इंडिया स्‍लैम स्क्वॉश टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स फाइनल में आज भारत की अनाहत सिंह का मुकाबला भारत की ही आकांक्षा सालुंखे से होगा। प्रतियोगिता के पुरूष सिंगल्‍स सेमीफाइनल में, वीर चोत्रानी को मलेशिया के अमीशेन राज चन्‍द्रन से हार का सामना करना पडा।

 

*******

 

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

  • वस्‍तु और सेवाकर की कल हुई बैठक में लिए गए फैंसलों को अखबारों ने अलग-अलग शीर्षक से पहली खबर बनाया है। जनसत्‍ता कहता है- पुरानी कारों और विद्युत चालित वाहनों पर अब 18 प्रतिशत कर लगेगा। राष्‍ट्रीय सहारा के अनुसार जीन थैरेपी और एटीएफ जीएसटी से बाहर।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की कुवैत यात्रा को अखबारों ने प्रमुखता से लिया है। अमर उजाला ने श्री मोदी के हवाले से लिखा है- ऊंचाई छू रहे हैं दोनों देशों के बीच रिश्‍ते। हिन्‍दुस्‍तान ने उनके इस बयान को दिया है भविष्‍य का भारत दुनिया के विकास का हब बनेगा। राजस्‍थान पत्रिका में श्री मोदी के इन शब्‍दों को सुर्खी बनाया है – कि आप सिर्फ चार घंटे दूर ‘हमें’ यहां आने में 4 दशक लग गए।
  • दुनिया भर में कल मनाए गए पहले ध्‍यान दिवस पर नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है- दुनिया में भारत की मैजिटेशन डिप्‍लोमैसी। पत्र लिखता है कि मैडिटेशन बढते संघर्षो और अविश्‍वास से भरे मौजूदा समय में पूरी दुनिया के लिए कूटनीति का एक शक्तिशाली साधन ही है। अमर उजाला का कहना है कि- दस मिनट का ध्‍यान देगा तनाव और क्रोध से मुक्ति।
  • आम लोग नहीं देख सकेंगे चुनाव से जुडे इलेक्‍ट्रॉनिक दस्‍तावेज। दैनिक जागरण ने सरकार के इस फैसले को विस्‍तार से देते हुए लिखा है- कि ऐसा उनका दुरूपयोग रोकने के लिए किया गया है।
  • राजस्‍थान पत्रिका ने कश्‍मीर में चालीस दिन का चिल्‍लई कलां शुरू होने पर लिखा है कडाके की ठंड के लिए हो जाएं तैयार। पत्र को उम्‍मीद है की पहाडों में दिसम्‍बर के आखिर में होगी बर्फ बारी। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है- अजब सुर्ख सर्दी तापमान माइनस में लेकिन बर्फ का सूखा।
  • देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्‍थान में कल भारतीय वन स्थिति रिपोर्ट जारी करने को हिन्‍दुस्‍तान ने प्रमुखता दी है।

 

*******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमत्री नरेन्‍द्र मोदी आज कुवैत के अमीर, शहज़ादे और प्रधानमंत्री के साथ वार्ता करेंगे।
  • महाराष्ट्र में मंत्रालयों का आवंटन हुआ। मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस ने गृह मंत्रालय अपने पास रखा, एकनाथ शिंदे को शहरी विकास और अजित पवार को वित्‍त मंत्रालय मिला।
  • वन रिपोर्ट के अनुसार देश के वन क्षेत्र में एक हजार 445 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।
  • भारत ने जर्मनी के क्रिसमस बाजार में हमले की निंदा की।
  • अगले वर्ष आई.एस.एस.एफ. जूनियर शूटिंग विश्व कप की भारत पहली बार मेजबानी करेगा।
  • और महिला क्रिकेट में, वेस्टइंडीज के साथ तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज वडोदरा में।

 

*******