मुख्य समाचार:
- सरकार एक देश एक चुनाव से संबंधित विधेयकों को आज संयुक्त संसदीय समिति को भेजेगी।
- गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भारत ने चीन के साथ सीमा विवाद के निष्पक्ष और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान पर बल दिया।
- बहरीन की जेल से रिहा हुए तमिलनाडु के 28 मछुआरे स्वदेश लौटे।
- सेबी ने कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सात कृषि उत्पादों में डेरिवेटिव ट्रेडिंग पर पाबंदी को जनवरी 2025 तक बढ़ाया।
- महिला क्रिकेट में, भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच आज शाम मुंबई में।
*******
एक देश एक चुनाव से संबंधित विधेयकों को सरकार आज 31 सांसदों वाली संयुक्त संसदीय समिति को सौंपेगी। प्रस्तावित समिति में लोकसभा के 21 सदस्य और राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल हैं। इन सांसदों में भाजपा नेता पी.पी. चौधरी, अनुराग सिंह ठाकुर और परषोत्तम रूपाला, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और मनीष तिवारी, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, एनसीपी-शरद पवार की सुप्रिया सुले और अन्य सांसद मौजूद हैं।
इन विधेयकों को आधिकारिक तौर पर संविधान (एक सौ उनतीसवां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 नाम दिया गया है।
*******
गृहमंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में जम्मू-कश्मीर सहित सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए नीतियों की समीक्षा करना है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, केन्द्रीय गृह सचिव गोविन्द मोहन, खुफिया विभाग के निदेशक तपन डेका, थलसेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी शामिल होंगे।
*******
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कल राज्यसभा में उनके भाषण को तोड-मरोडकर पेश करने से संबंधित मामले में कांग्रेस के आरोपों की कडी निंदा की है। नई दिल्ली में कल शाम पार्टी मुख्यालय में श्री शाह ने इसकी निंदा करते हुए कांग्रेस पर डॉ. भीमराव आंबेडकर विरोधी और आरक्षण तथा संविधान के विरूद्ध होने का आरोप लगाया।
संसद जैसे देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक फॉर्म में जब चर्चा होती है कि बात तथ्य के आधार पर होनी चाहिए और बात सत्य के आधार पर होगी। कांग्रेस पार्टी ने जिस तरह से तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर रखने का प्रयास किया है। यह अत्यंत निंदनीय है और मैं इसकी निंदा करना चाहता हूं।
वही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. भीमराव आम्बेडकर पर केंद्रीय गृह मंत्री की टिप्पणी पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि श्री अमित शाह ने भारतीय संविधान के निर्माता का अपमान करने के कांग्रेस के काले इतिहास को उजागर किया है।
इससे पहले विपक्षी दलों ने गृह मंत्री अमित शाह की डॉक्टर आम्बेडकर पर टिप्पणी के खिलाफ संसद भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गृह मंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि अपनी टिप्पणी से श्री शाह ने संविधान निर्माता का अपमान किया है।
*******
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पर एक बार फिर डॉ. बी. आर. आंबेडकर के मुद्दे को गलत तरीक़े से उठाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस से जानना चाहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने डॉ. आंबेडकर के खिलाफ ऐसा अभियान क्यों चलाया, जिससे उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
*******
संयुक्त संसदीय समिति ने कल नई दिल्ली में वक्फ संशोधन विधेयक पर ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड का पक्ष सुना। समिति के सभापति लोकसभा सांसद जगदंबिका पाल हैं। श्री पाल ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि समिति के सदस्यों ने प्रस्तावित संशोधनों के संबंध में बोर्ड से कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं।
पर्सनल बोर्ड के लोग आए थे उन्हें अपने इस बिल पर अपने व्यूज रखे है और उनसे हमारे मेम्बर्स से काफी और क्योशंस कुछ व्यूज मांगे है फॉर अमेंडमेंट्स के बारे में। उन्होंने कहा कि हम लिख कर भी देंगे अगर जरूरत पड़ेगी फिर हम बुलाएंगे।
समिति में लोकसभा के 21 और राज्यसभा के 10 सदस्य हैं। यह समिति वक्फ बोर्ड में सुधार के लिए सरकारी अधिकारियों, कानूनी विशेषज्ञों, वक्फ बोर्ड के सदस्यों और विभिन्न राज्यों के सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर रही है। वक्फ संशोधन विधेयक का उद्देश्य देश भर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और विनियमन में सुधार करना है।
*******
भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों के बीच 23वीं बैठक में, भारत ने चीन के साथ सीमा विवाद के निष्पक्ष और परस्पर स्वीकार्य समाधान पर ज़ोर दिया है। यह बैठक कल चीन की राजधानी बीजिंग में, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोबाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच हुई।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने सामान्य संबंधों की बहाली के लिए सीमा पर स्थिति को शांतिपूर्ण बनाने पर ज़ोर दिया। श्री डोबाल ने कहा कि भारत, चीन के साथ सकारात्मक संवाद के लिए तैयार है ताकि विवाद का निर्णायक समाधान हो सके।
श्री डोबाल ने कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरु करने, नदी संबंधी डेटा साझा करने और सीमावर्ती व्यापार के मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के अट्ठाईस भारतीय मछुआरों की स्वदेश वापसी हो गई है। इन्हें सितंबर 2024 में बहरीन के समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
इन मछुआरों की जल्दी रिहाई कूटनीतिक प्रयासों से हो पाई है। अपील के बाद, मछुआरों की छह महीने की सजा घटाकर तीन महीने कर दी गई। बहरीन स्थित भारतीय दूतावास ने मछुआरों की रिहाई के लिए कानूनी सलाहकार नियुक्त किया था और सजा कम करने का अनुरोध किया गया था। मछुआरा समुदाय ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के प्रयासों के लिए विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर को धन्यवाद दिया है। दुबई से विनोद की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
*******
वहीं,मुंबई में कल एक नौका दुर्घटना में तीन रक्षा कर्मियों सहित 13 लोगों की मृत्यु हो गई। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
भारतीय नौसेना द्वारा जारी किये गए बयान के अनुसार, भारतीय नौसेना की एक नौका ने तकनीकी खराबी के कारण इंजन परीक्षण के दौरान नियंत्रण खो दिया। ये नौका मुंबई के करंजा के पास एक फेरी से टकरा गयी जो यात्रियों को लेकर गेट वे ऑफ इंडिया से एलेफांटा जा रही थी। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु हो गई, जिसमें एक नौसैनिक और 2 ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स भी शामिल थे। नौसेना ने तट रक्षक बल और मरीन पुलिस के साथ मिलकर तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू किया। बचाव कार्य के दौरान, 103 यात्रियों को बचाया गया जिन्हें मुंबई के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिवारों के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रूपये तथा घायलों को 50-50 हजार रूपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
*******
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड-सेबी ने कीमतों पर लगाम लगाने के लिए गेहूँ और मूंग सहित सात कृषि उत्पादों में डेरिवेटिव ट्रेडिंग पर पाबंदी को जनवरी 2025 तक के लिए बढ़ा दिया है। यह पाबंदी गैर-बासमती धान, चना, कच्चे पाम ऑयल, सरसों के बीज और उनके डेरिवेटिव तथा सोयाबीन और उसके डेरिवेटिव पर भी लागू रहेगी। इसका उद्देश्य शेयर बाजार में अत्यधिक सट्टेबाजी और अस्थिरता को रोकना है, क्योंकि इसका खाद्य कीमतों और मुद्रास्फीति पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।
*******
गुजरात में बनासकांठा जिले का मसाली गांव सौर ऊर्जा से चलने वाला देश का पहला सीमावर्ती गांव बन गया है। पाकिस्तान की सीमा से 40 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव की आबादी महज 800 है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
पीएम सूर्यघर योजना के तहत 800 लोगों की आबादी वाले मसाली गांव में कुल 109 घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए गए हैं। कुल मिलाकर 225 किलोवाट से ज्यादा बिजली पैदा कर रहे हैं। आकाशवाणी से बात करते हुए बनासकांठा कलेक्टर मिहिर पटेल ने कहा कि सीमा विकास परियोजना के तहत, प्रशासन ने वाव तालुका में 11 और सुईगाम तालुका में छह सीमावर्ती गांवों को पूरी तरह से सौर ऊर्जा संचालित गांव बनाने की पहल की है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध तानसेन समारोह में कल राष्ट्रीय तानसेन पुरस्कार और राजा मानसिंह तोमर पुरस्कार प्रदान किए गए।
भारतीय शास्त्रीय संगीत के सुप्रसिद्ध तबला वादक कोलकाता के पंडित स्वपन चौधरी को वर्ष 2023 के लिए “राष्ट्रीय तानसेन सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार पर स्वपन चौधरी ने कहा कि एक तबला वादक के लिए यह पुरस्कार एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
एक तबला वादक एक म्यूजिशियन के लिए तानसेन अवार्ड जो है ये सबसे ऊंचा है। उनका दुआ, उनका आशीर्वाद हम लोग जब भी बजाते है उनको सोचते हैं।
वहीं, इंदौर की संस्था सानंद न्यास को वर्ष 2023 के लिए “राजा मानसिंह तोमर सम्मान” से सम्मानित किया गया। पुरस्कार के बाद संस्था के जयंत माधव भिसे ने कहा कि यह पुरस्कार मिलना एक गौरवमयी विषय है।
राजा मानसिंह तोमर सम्मान गौरव की बात है कि सानंद को मिला। परन्तु ये सानंद एक कला रसिकों का समूह है तो मुझे लगता है कि ये इस सारे के सारे कला रसिकों का सम्मान है।
*******
उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश भागों में अगले पांच-छह दिन तक ठंड जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने तटवर्ती आंध्रप्रदेश और रायलसीमा में आज तेज बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।
*******
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। आज सुबह 6 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 448 था।
*******
खेल समाचारों के साथ चन्द्रशेखर शर्मा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच महिला टी20 क्रिकेट श्रृंखला का तीसरा और आखिरी मैच आज नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे शुरू होगा। दोनों टीम श्रृंखला में 1-1 की बराबरी पर हैं। उधर, भारतीय नौसेना के किरण अंकुश जाधव ने 67वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन-3पी प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। कल भोपाल में अंकुश ने ओलंपिक खिलाडी स्वप्निल कुसाले और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को हराया। स्क्वैश में, 79वें वेस्टर्न इंडिया स्लैम स्क्वैश टूर्नामेंट के पहले दौर में भारत की पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन जेनेट विधि ने कल मुंबई में मलेशिया पर 3-शून्य से जीत दर्ज की और एशियाई युवा और जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप आज से कतर की राजधानी दोहा में शुरू हो रही है। इस चैंपियनशिप में भारत के 28 खिलाडी भाग ले रहे है।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रवि कपूर।
- दुनिया के महान ऑफ स्पीनरों में शुमार देश के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रवि चन्द्रन अश्विन का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- ऑफ स्पीन के जादूगर अश्विन का इंटरनेशनल क्रिकेट को गुड बाए। दैनिक जागरण की सुर्खी है- अश्विन ने अचानक लिया संन्यास।
- डोभाल और चीनी विदेश मंत्री वांग के बीच बीजिंग में वार्ता का समाचार जनसत्ता ने प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- सीमा पर शांति और तल्खी खत्म करने पर दिया जोर।
- एच-1बी वीजा नियमों में ढील, भारतीय स्टूडेंट्स और वकर्स का अमरीका जाना होगा आसान, नवभारत टाइम्स की खबर है। पत्र लिखता है- अमरीकी राष्ट्रपति जो. बाइडन के प्रशासन ने बदले नियम, 17 जनवरी से लागू होंगे।
- गगन गिल और ईस्टरिन किरे को साहित्य अकादमी पुरस्कार मिलने का समाचार सभी अखबारों में है। अमर उजाला लिखता है- मान्यता प्राप्त 21 भारतीय भाषाओं की रचनाओं का चुनाव, बांग्ला, डोगरी और उर्दू के लिए पुरस्कारों की घोषणा बाद में।
- दैनिक भास्कर ने दिल्ली एनसीआर में घने कोहरे का चित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- लगातार दो दिन तक घना कोहरा छाने का औरेंज अलर्ट।
- हिन्दुस्तान ने अपने बिजनेस पन्ने पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन और कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सदस्यों को नई सुविधा मिलने की खबर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- पीएफ का पैसा ई-वॉलेट में रख सकेंगे, नियोक्ताओं को 31 जनवरी तक सत्यापन करना होगा। धन्यवाद रवि।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- सरकार एक देश एक चुनाव से संबंधित विधेयकों को आज संयुक्त संसदीय समिति को भेजेगी।
- गृह मंत्री अमित शाह आज जम्मू-कश्मीर पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- भारत ने चीन के साथ सीमा विवाद के निष्पक्ष और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य समाधान पर बल दिया है।
- बहरीन की जेल से रिहा हुए तमिलनाडु के 28 मछुआरे स्वदेश लौटे।
- सेबी ने कीमतों पर लगाम लगाने के लिए सात कृषि उत्पादों में डेरिवेटिव ट्रेडिंग पर पाबंदी को जनवरी 2025 तक बढ़ाया।
- महिला क्रिकेट में, भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच आज शाम मुंबई में।
*******