मुख्य समाचार:
- सरकार एक-देश, एक-चुनाव विधेयक व्यापक परामर्श के लिए संयुक्त संसदीय समिति को भेजने पर सहमत।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक भाजपा शासित राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करेगी।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी अगले वर्ष से केवल शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करेगी, भर्ती परीक्षा नहीं।
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज पेइचिंग में भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि वार्ता में भाग लेंगे।
- श्रीलंका अगले महीने से भारतीयों को वीज़ा मुक्त यात्रा की सुविधा देगा।
- महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में, वेस्टइंडीज ने नवी मुंबई में दूसरे मैच में भारत को नौ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला एक-एक से बराबर की।
*******
सरकार एक देश एक चुनाव विधेयक व्यापक विचार विमर्श के लिए संयुक्त संसदीय समिति को भेजने पर सहमत हो गई है। गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुझाव दिया था कि विधेयक संयुक्त संसदीय समिति को भेजा जाना चाहिए ताकि इस पर प्रत्येक स्तर पर विस्तृत विचार विमर्श हो सके। श्री शाह का यह बयान कल लोकसभा में विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल द्वारा एक सौ 29वां संविधान संशोधन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश विधि संशोधन विधेयक पेश किये जाने पर शोर-शराबे के बीच आया। लोकसभा में ये विधेयक पेश किये जाने के तुरंत बाद विपक्षी दलों ने इस पर आपत्ति व्यक्त की। श्री मेघवाल ने इस आपत्ति को राजनीति से प्रेरित बताया और कहा कि सरकार इसे संयुक्त संसदीय समिति को भेजने को तैयार है।
ये राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर रहे हैं। अब आप देखिये संसद के अनुच्छेद 327 के तहत लोकसभा, विधानसभा के चुनावों को एक साथ करने के लिए संविधान में उचित संशोधन करने का अधिकार है जो अब मैंने बताया। जब बात जेपीसी की आयेगी तो डीटेल चर्चा जेपीसी में होगी लेकिन ये कह रहे हैं अचानक ही आ गया अध्यक्ष जी 1983 से चुनाव आयोग ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ कराने पर विचार किया। 41 साल से पैंडिग है ये।
संयुक्त संसदीय समिति किसी विशिष्ट विषय या विधेयक की व्यापक समीक्षा के लिए संसद द्वारा गठित तदर्थ समिति है। इसमें दोनों सदनों के तथा सत्तारूढ और विपक्षी दलों के सदस्य शामिल होते हैं। हालांकि समिति की संरचना और सदस्यों की संख्या सीमित नहीं है। संबंधित विषय की समीक्षा के बाद संयुक्त संसदीय समिति भंग कर दी जाती है। समिति की सिफारिशें परामर्श रूप में होती हैं और सरकार इसे मानने के लिए बाध्य नहीं है। समिति विशेषज्ञों से राय ले सकती है तथा सार्वजनिक निकायों, संघों, व्यक्तियों और अन्य संबंधित पक्षों से भी परामर्श कर सकती है।
*******
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखण्ड की तरह, प्रत्येक भाजपा शासित राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। संविधान को स्वीकृति के 75 वर्ष पूरे होने पर राज्यसभा में चर्चा का समापन करते हुए श्री शाह ने देश में समान नागरिक संहिता लागू नहीं करने के लिए कांग्रेस की तीखी आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
हर जाति, हर धर्म, हर समुदाय के लोगों के लिए समान कानून होना चाहिए इसका हमारा संविधान पक्षधर है। यूसीसी इसलिए नहीं आया कि संविधान सभा समाप्त होने के बाद पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी मुस्लिम पर्सनल लॉ लेकर आये और यूसीसी नहीं लाऐ। क्या पंथनिरपेक्ष राष्ट्र के अंदर सभी धर्मों के लिए एक कानून होना चाहिए या नहीं होना चाहिए इसकी कांग्रेस पार्टी स्पष्टता करे।
श्री अमित शाह ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर आरोपों के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने महाराष्ट्र में चुनाव परिणामों को लेकर शिकायत की, उन लोगों ने ही झारखंड में जीत का जश्न मनाया, जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने विधानसभा चुनाव जीता। संविधान के 75 वर्ष पर राज्यसभा में सोमवार को शुरू हुई चर्चा दो दिन तक चली। लोकसभा में पिछले सप्ताह यह चर्चा हुई थी।
*******
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी अगले वर्ष से केवल शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करेगी, भर्ती परीक्षाएं नहीं। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि त्रुटिमुक्त परीक्षा संचालित करने और जवाबदेही तय करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय विचार विमर्श कर रहे हैं कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा – नीट यूजी ऑनलाइन मोड में ली जाए या ऑफ लाइन। उन्होंने कहा कि नीट यूजी की विस्तृत रूपरेखा अगले दो-तीन हफ्तों में घोषित किए जाने की आशा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सीयूईटी – यूजी वर्ष में एक बार ही आयोजित होगी। उन्होंने सुचारू और निष्पक्ष परीक्षा संचालित करने और एनटीए को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गठित इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशें साझा की।
*******
राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मु आज हैदराबाद के निकट बोलारम स्थित राष्ट्रपति निलयम में अनेक नई सुविधाओं का शुभारंभ करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु अपने शीतकालीन प्रवास के लिए कल शाम निलयम पहुंची। नई सुविधाओं में आगंतुकों के लिए वहां एक नया भवन और स्मारक चिह्न विक्रय केंद्र शामिल हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु निलयम में शुरू की जाने वाली अनेक पहल की आधारशिला भी रखेंगी। राष्ट्रपति शुक्रवार को रक्षा प्रबंधन महाविद्यालय, सिकंदराबाद को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान करेंगी। 1970 में इस महाविद्यालय की स्थापना वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को न केवल युद्ध अभियानों में कुशल बनाने की आवश्यकता को पूरा करने, बल्कि उन्हें आधुनिक युद्ध के प्रबंधकीय और रणनीतिक पहलुओं में निपुण बनाने के उद्देश्य से की गई थी। 21 दिसंबर तक प्रवास के दौरान राष्ट्रपति का कार्यालय निलयम से ही कार्य करेगा। हैदराबाद से लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडे।
*******
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज पेइचिंग में भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि वार्ता में भाग लेंगे। इस बातचीत का उद्देश्य पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की तैनाती के कारण पिछले चार वर्ष से बाधित द्विपक्षीय संबंधों को बहाल करना है।
श्री डोभाल चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और विदेश मंत्री वांग यी के साथ 23वें दौर की विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे। बातचीत में पूर्वी लद्दाख से सेना हटाने और गश्ती से संबंधित 21 अक्तूबर की संधि के अनुसार द्विपक्षीय संबंध फिर मजबूत करने पर व्यापक विचार विमर्श की आशा है। इस महत्वपूर्ण बातचीत से पहले कल चीन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति षी जिनपिंग के बीच 24 अक्तूबर को रूस के कजा़न में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग हुई बैठक के दौरान बनी सहमति की प्रतिबद्धताएं लागू करने के लिए भारत के साथ काम करने को तैयार है। विशेष प्रतिनिधि वार्ता के बारे में पूछे जाने पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियॉन ने संवाददाताओं को बताया कि चीन पूरी तत्परता से आपसी मतभेदों का समाधान करना चाहता है। समाचार कक्ष से जया भारती।
*******
भारतीय नागरिक अगले वर्ष जनवरी से श्रीलंका की वीजा मुक्त यात्रा कर सकेंगे। भारत उन 39 देशों में शामिल है जिनके लिए श्रीलंका ने वीजा मुक्त यात्रा की व्यवस्था की है। भारत यात्रा पर आये श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने कल नई दिल्ली में इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित संवाद में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके लिए संसदीय गजट अधिसूचना जनवरी में जारी की जाएगी।
*******
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने किसानों को कीटनाशकों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए विशेष रूप से तैयार किसान कवच सूट जारी किया। डॉ. सिंह ने कल नई दिल्ली में कहा कि कीटनाशक रोधी यह सूट किसानों की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपाय है।
अभी तक हम एक्स्पोज़र होने के बाद का इलाज करते थे अब यह प्रीवेंटिव हेल्थ केयर का इलाज होने लगा स्पेसिफिकली टारगेटिंग बी फार्मा क्वालिटी और इसकी ये खूबी है कि ये वॉशेबल है। 150 बार धोया जा सकता है। इसके अलावा इसकी मिनिमम लाइफ़स्पन दो वर्ष है उससे ज्यादा भी चल सकता है।
*******
हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में शुरू हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि 21 दिसम्बर तक चलने वाले इस सत्र में कुल चार बैठकें होंगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को कुल 3 सौ 16 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 2 सौ 48 तारांकित और 68 अतारांकित प्रश्न हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा 15 बिल भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन्हें चर्चा के बाद पारित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि इस सत्र में हिमाचल विधानसभा के इतिहास में पहली बार जीरो आवर की शुरुआत की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सता पक्ष व विपक्ष के सदस्य जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने के अलावा सत्र संचालन में अपना रचनात्मक सहयोग देंगे। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
*******
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ और राजस्थान में आज अलग-अलग स्थानों में शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया है। जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बालटिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी अगले दो से तीन दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने के आसार हैं। वहीं दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुबह और रात के समय धुंध और हल्के से मध्यम कोहरे के साथ शीत लहर बनी रहने की संभावना है।
*******
टी-20 अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के दूसरे मैच में वेस्ट इंडीज ने भारत को नौ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में एक–एक से बराबर कर ली है। यह मैच कल रात नवी मुंबई के डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। वेस्ट इंडीज ने 26 गेंद शेष रहते 160 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान हेली मैथ्यूज 85 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इससे पहले भारत ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर एक सौ 59 रन बनाए। भारत के लिए स्मृति मंधाना ने सर्वाधिक 62 रन बनाए। तीसरा और अंतिम टी-20 मैच कल खेला जाएगा। बैडमिंटन में, ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला जोड़ी ने विश्व बैडमिंटन महासंघ की विश्व रैंकिंग में 11वीं रैंकिंग हासिल की है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की एकमात्र भारतीय जोड़ी ने सभी श्रेणियों में दुनिया के 10 शीर्ष में स्थान बनाया है। ये वर्तमान में दुनिया में नौवें पायदान पर हैं। लक्ष्य सेन पुरुष सिंगल्स में 12वीं रेंकिंग पर हैं। वहीं, महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु विश्व में 15वें स्थान पर हैं। उधर शतरंज के नए विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने आगामी विश्व रैपिड और ब्लिट्ज चैंपियनशिप से नाम वापस ले लिया है। इस चैंपियनशिप में अर्जुन एरिगैसी और आर. प्रज्ञानंद भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये चैंपियनशिप 26 से 31 दिसंबर को न्यूयॉर्क में आयोजित की जाएगी।
*******
ब्रिस्बेन में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के साथ तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के आज अंतिम दिन के खेल में वर्षा और खराब मौसम के कारण विलंब हो रहा है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के चार सौ 45 रन के जवाब में भारतीय टीम अपनी पहली पारी में दो सौ 60 रन पर सिमट गई।
*******
धन्यवाद फरहत, लोकसभा में एक देश-एक चुनाव से संबंधित विधेयक पेश होने का समाचार आज सभी समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर हैं। हिन्दुस्तान लिखता है-लोकसभा में कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने विधेयक पेश किया। एक देश-एक चुनाव बिल जेपीसी को भेजा जायेगा। हरिभूमि की सुर्खी है- विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच लोकसभा में पेश हुआ एक देश-एक चुनाव विधेयक। चौतरफा बिकवाली से सूचकांक 81 हजार के नीचे आया, निफ्टी 332 अंक लुडका। जनसत्ता की खबर है- पत्र लिखता है- शेयर बाजार में गिरावट से निवेशकों के चार लाख 92 हजार करोड रुपये डूबे। कश्मीर में बारामूला के तंगमर्ग में जमे हुए झरनों की खूबसूरत तस्वीर अमर उजाला ने प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- कश्मीर में कडा़के की ठंड, जमने लगे जलाश्य। दैनिक जागरण ने कोहरे का येलो एलर्ट जारी किया है। तीन दिन हो सकता है मध्यम या घना कोहरा, एयरपोर्ट पर कम दृश्यता के बीच यात्रियों को दी गई सलाह। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है- सर्दी की रफ्तार में गिरा पारा। हवा फिर हुई जहरीली, वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार, जनसत्ता की खबर है- पत्र लिखता है लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ आंखों में हो रही है जलन। चिडो तूफान से भारी तबाही, फ्रांस ने क्फर्यू लगाया, दैनिक भास्कर ने मायोट द्वीप की तस्वीर सहित ये खबर प्रकाशित की है। कम आय और सोशल मीडिया कर रहे कर्मचारियों को मानसिक रूप से बीमार, राजस्थान पत्रिका ने नई महामारी शीर्षक से ये खबर प्रकाशित की है।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- सरकार एक देश – एक चुनाव विधेयक व्यापक परामर्श के लिए संयुक्त संसदीय समिति को भेजने पर सहमत।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक भाजपा शासित राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करेगी।
- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी अगले वर्ष से केवल शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित करेगी, भर्ती परीक्षा नहीं।
- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आज पेइचिंग में भारत-चीन विशेष प्रतिनिधि वार्ता में भाग लेंगे।
- श्रीलंका अगले महीने से भारतीयों को वीज़ा मुक्त यात्रा की सुविधा देगा।
- महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में, वेस्टइंडीज ने नवी मुंबई में दूसरे मैच में भारत को नौ विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला एक-एक से बराबर की।
*******