मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर राजस्थान में 46 हजार करोड रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
- राज्यसभा में संविधान के 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा आज दूसरे दिन जारी रहेगी; प्रधानमंत्री मोदी सदन में जवाब देंगे।
- लोकसभा में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर दो विधेयक पेश किये जाएंगे।
- मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक उत्तरी राज्यों में शीत लहर की स्थिति बने रहने का अनुमान व्यक्त किया।
- फ्रांस के मेयोट द्वीप में चक्रवात चिडो के कहर से सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका।
- क्रिकेट में, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत की।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में राजस्थान सरकार के एक वर्ष पूरा होने पर कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे इस अवसर पर 46 हजार 300 करोड़ की लागत वाली ऊर्जा, सड़क, रेलवे और जलापूर्ति से जुड़ी 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री वहां विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें नवनेरा बैराज, स्मार्ट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन नेटवर्क, एसेट मैनेजमेंट सिस्टम परियोजनाएं और भीलड़ी-जोधपुर-डेगाना-रतनगढ़ सेक्शन का रेलवे विद्युतीकरण शामिल हैं। प्रधानमंत्री 9 हजार 4 सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से चंबल नदी पर एक्वाडक्ट के माध्यम से नवनेरा बैराज से बीसलपुर बांध और ईसरदा बांध तक पानी पहुंचाने की प्रणाली और रामगढ़ बैराज और महलपुर बैराज के निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री पूगल में 2 हजार मेगावाट के एक सोलर पार्क और एक हजार मेगावाट के दो चरणों के सोलर पार्कों के विकास की आधारशिला भी रखेंगे। आज, लूनी-समदड़ी-भीलड़ी, अजमेर-चंदेरिया और जयपुर-सवाई माधोपुर रेलवे लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं से संबंधित कार्यों की आधारशिला भी रखी जायेगी। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
****
राज्यसभा में आज संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सदन में चर्चा का जवाब देंगे। कल संविधान पर 2 दिनों की विशेष चर्चा की शुरूआत करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संविधान सभा के सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विशेष रूप से संविधान सभा की पंद्रह महिला सदस्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संविधान की रक्षा के मुद्दों पर विपक्ष पर निशाना साधाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को मजबूत करने के बजाय केवल एक परिवार की मदद और सत्ताधारियों के संरक्षण के लिए संविधान में संशोधन करती रही है।
चर्चा में भाग लेते हुए विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर संविधान को खोखला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही वह दल है जिसने सभी वयस्कों को मतदान का अधिकार दिया।
****
एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित दो विधेयक आज लोकसभा में पेश किए जाएंगे। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सदन में संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। दोनों विधेयकों को सदन की कार्यवाही में सूचीबद्ध किया गया है। हाल ही में सरकार ने देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर विचार के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों को स्वीकार किया है। एक बार जब यह कानून बन जाएगा, तो इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में, लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होंगे और पंचायत जैसे स्थानीय निकाय चुनाव, आम चुनाव के सौ दिनों के भीतर कराए जाएंगे।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को आज सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है।
****
मध्य प्रदेश के भोपाल में 10वां अंतर्राष्ट्रीय वन महोत्सव आज से शुरू हो रहा है। 23 दिसंबर तक चलने वाला यह महोत्सव वन संपदा से जुड़े उत्पादकों, व्यापारियों, उद्यमियों, वैज्ञानिकों, प्रशासकों और नीति निर्माताओं के बीच संवाद का एक व्यापक मंच प्रदान करेगा। एक रिपोर्ट-
अंतर्राष्ट्रीय वन मेले का उद्घाटन आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। मेले में श्रीलंका, नेपाल और ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। मध्य प्रदेश के वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने बताया कि इस साल वन मेला “लघु वनोपज से महिला सशक्तिकरण” विषय पर आधारित होगा। इसका कारण मध्य प्रदेश में लघु वनोपज प्रबंधन में महिलाओं की 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी होना है। वन मेले में करीब तीन सौ स्टॉल लगाये जा रहे हैं। मेले में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। मेले में ओपीडी का संचालन होगा, जिसमें प्रतिदिन आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया जायेगा। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल रात राष्ट्रपति भवन में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति भवन में श्री दिसानायक और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने उन्हें श्रीलंका में हाल ही में हुए चुनावों में जीत पर बधाई दी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि श्रीलंका भारत की पड़ोसी प्रथम और सागर विजन का महत्वपूर्ण अंग है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत, एक करीबी और विश्वसनीय भागीदार के रूप में श्रीलंका के सतत आर्थिक विकास के लिए उनकी सरकार के प्रयासों का समर्थन जारी रखेगा।
राष्ट्रपति मुर्मु ने यह भी कहा कि दोनों देशों के नागरिकों के बीच ऐतिहासिक संबंध द्विपक्षीय सहयोग का मूलभूत और महत्वपूर्ण आधार है। दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से द्विपक्षीय संबंधों में प्रगाढता आएगी और शांति तथा समृद्धि को गति मिलेगी।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास के लिए आज शाम हैदराबाद पहुंचेंगी। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीसरी बार दक्षिण प्रवास के लिए हैदराबाद आ रही हैं। राष्ट्रपति निलयम की इमारत का निर्माण 1860 में सिकंदराबाद में ब्रिटिश रेजिडेंट के कंट्री हाउस के रूप में किया गया था और 1948 में हैदराबाद राज्य के भारत में विलय के बाद यह राष्ट्रपति का निवास स्थान बन गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को सिकंदराबाद में रक्षा प्रबंधन कॉलेज को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान करेंगी। इस दौरान निलयम में की गई कई पहलों का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगी। प्रवास के दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित लोगों, कलाकारों और विभिन्न समुदायों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। लक्ष्मी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
****
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कल शाम छत्तीसगढ़ के रायुपर में वामपंथी उग्रवाद की स्थिति पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान गृहमंत्री ने सभी बलों और एजेंसियों से कहा कि वे मार्च 2026 तक वामपंथी उग्रवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करे। उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों ने पिछले एक वर्ष में नक्सलवाद पर नकेल कसी है और यह एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि अभी इस दिशा में बहुत कुछ करना बाकी है और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
****
केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली में ‘फिट इंडिया साइक्लिंग मंगलवार’ पहल को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने इस दौरान अच्छे स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया और कहा कि केवल एक स्वस्थ समाज ही एक समृद्ध राष्ट्र का विकास कर सकता है। श्री मांडविया ने कहा है कि इस पहल का उद्देश्य वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में सुधार के प्रति जागरूकता के साथ स्वस्थ और हरित भारत का निर्माण करना है।
फिट इंडिया साइक्लिंग ट्यूजडेज़’ फिट इंडिया आंदोलन के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे 2019 में प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुरू किया था।
****
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता अत्यंत गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। दिल्ली में आज सुबह 6 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक चार सौ 18 दर्ज किया गया। प्रदूषण के स्तर में अत्यंत वृद्धि को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप का चतुर्थ चरण लागू कर दिया है।
वहीं, प्रदूषण के बढते स्तर को देखते हुए दिल्ली के प्राथमिक विद्यालयों में अगले आदेश तक हाइब्रिड तरीके से पढा़ई होगी। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने इस सिलसिले में आदेश जारी किया है। इसके अंतर्गत स्कूलों को पांचवीं तक की कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन या ऑफ लाइन तरीके में से जो भी संभव हो उस तरह से कराने को कहा गया है।
****
कराईकल के 18 मछुआरे श्रीलंका की हिरासत से रिहा होने के बाद कल अपने परिवार के पास पहुंच गए। मछुआरों को इस महीने की शुरूआत में श्रीलंका की नौसेना ने हिरासत में लिया था। श्रीलंका में भारतीय उच्चायोग के कूटनीतिक प्रयासों के बाद उन मछुआरों को पिछले सप्ताह रिहा किया गया था। कल शाम वे चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। कराईकल मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने उनकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था की और उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया। मछुआरों को इस महीने की 2 तारीख को कथित रूप से समुद्री सीमा पार करने के बाद श्रीलंका की नौसेना ने पकड़ लिया था।
****
तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजा नरसिम्हा ने कहा है कि राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों में छात्रों को पढाई पूरी करने के लिए समय सीमा में छूट दिये जाने की नीति एक वर्ष और बढाने पर विचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन के साथ बैठक करेगी जिसमें छात्रों को पढाई के लिए समय सीमा में छूट देने, क्रेडिट, दोबारा परीक्षा कराने, स्वायत्तता, फिर से दाखिला और फीस वापसी से जुडे मुद्दों पर चर्चा की जायेगी।
****
फ्रांस के मेयोट द्वीप पर हिंद महासागर में आए तूफान चिडो से बडे पैमाने पर हुई तबाही के बीच सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका है। अभी तक वहां बीस लोगों की मृत्यु की पुष्टि की गई है लेकिन स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या सैकड़ों या हजारों में हो सकती है। प्रशासन ने इस सिलसिले में चेतावनी भी जारी की है। माना यह जा रहा है कि इस द्वीप पर 90 वर्षों में यह सबसे भयानक तूफान है। मेडागास्कर और मोजांबिक तट के पास स्थित इस द्वीप पर तूफान आने के बाद से बिजली गुल है और राहत सहायता की मांग की जा रही है।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि वे तूफान से हुए नुकसान को देखते हुए राष्ट्रीय शोक घोषित करेंगे।
****
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान समेत उत्तरी राज्यों में आज मध्यम से भीषण शीत लहर की स्थिति का अनुमान व्यक्त किया है। इन क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों के दौरान शीत लहर की संभावना है। विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों के दौरान रात और सुबह के समय सिक्किम, असम और मेघालय समेत देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज सुबह और रात के समय धुंध और हल्के से मध्यम कोहरे के साथ शीत लहर की संभावना है।
****
ब्रिसबेन के गाबा में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने ताजा समाचार मिलने तक अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 156 रन बना लिए हैं।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी पहली पारी में 445 रन पर आउट हो गई। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 6 और सिराज ने 2 विकेट लिए। नितीश रेड्डी और आकाशदीप को एक-एक विकेट मिला।
****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।
- प्रख्यात तबला वादक जाकिर हुसैन के निधन का समाचार आज सभी अखबारों के पहले पन्ने पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- सम पर जिंदगी… थम गई थाप। दैनिक भास्कर लिखता है- तबले ने अपना उस्ताद खोया, थम गई थिरकन। हिन्दुस्तान की खबर है- तबले के उस्ताद जाकिर हुसैन नहीं रहे।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुर कुमार दिसानायक की मुलाकात की खबर सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित की है। जनसत्ता लिखता है- दिसानायक ने कहा श्रीलंका में नहीं होने देंगे भारत विरोधी गतिविधियां। हरिभूमि की खबर है- मछुआरों के मुद्दे का हिंसा से इतर मानवीय दृष्टिकोण से समाधान ढूंढने पर सहमत भारत-श्रीलंका।
- दिल्ली एनसीआर की हवा में फिर घुला जहर, एक्यूआई चार सौ के पार, ग्रैप-4 की पाबंदियां लागू। राष्ट्रीय सहारा सहित अधिकतर अखबारों की खबर है। राजस्थान पत्रिका लिखता है- अब पूरे देश की प्रदूषण समस्या पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, केंद्र से मांगा प्रदूषित शहरों का ब्यौरा।
- दैनिक भास्कर ने बर्फ से ढके केदारनाथ धाम की मनमोहक तस्वीर प्रकाशित की है। पत्र लिखता है- आठ दिन में एक फीट बर्फ गिरी, चारों ओर सफेदी, तीव्र बर्फबारी का दौर 22 दिसंबर के बाद। हिन्दुस्तान लिखता है- कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली में दो दिन का येलो अलर्ट जारी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर राजस्थान में 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
- राज्यसभा में संविधान के 75 साल की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा आज दूसरे दिन जारी रहेगी; प्रधानमंत्री मोदी सदन में जवाब देंगे।
- लोकसभा में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर दो विधेयक पेश किये जाएंगे।
- मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक उत्तरी राज्यों में शीत लहर की स्थिति बने रहने का अनुमान व्यक्त किया।
- फ्रांस के मेयोट द्वीप में चक्रवात चिडो के कहर से सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका।
- क्रिकेट में, बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत की।
****