मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से उद्यमों के विकास के लिए माहौल बनाने और आमजनों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था सरल बनाने को कहा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
- संविधान पर दो दिन की विशेष चर्चा आज से राज्यसभा में शुरू होगी।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों और नक्सली हिंसा से प्रभावितों के लिए व्यापक योजना बनाने की तैयारी कर रही है।
- महान तबला वादक जाकिर हुसैन का अमरीका के सैन फ्रांसिस्को में निधन।
- हॉकी में भारत ने मस्कट में चीन को 3-2 से हराकर महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से छोटे शहरों में उद्यमियों के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने और उन्हें सुविधा प्रदान करने के लिए पहल करने को कहा है। कल नई दिल्ली में राज्यों के मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में श्री मोदी ने प्रशासनिक व्यवस्था को सरल बनाने को कहा ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मुख्य सचिवों से राज्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए शासन मॉडल में सुधार करने को भी कहा। श्री मोदी ने यह भी कहा कि सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही आम लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में सूचित करना भी महत्वपूर्ण है।
सर्कुलर इकोनॉमी के बारे में प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात की सराहना की कि गोबरधन कार्यक्रम को अब बड़े ऊर्जा संसाधन के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल अपशिष्ट को धन में परिवर्तित करने के साथ ही वृद्ध मवेशियों को दायित्व के बजाय संपत्ति बनाती है। उन्होंने राज्यों को निर्देश दिये कि ई-कचरे री-साईकिलिंग के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण की अवधारणाओं का पता लगाऐं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत मोटापे को देश में बड़ी चुनौती के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिट और स्वस्थ भारत ही विकसित राष्ट्र हो सकता है। उन्होंने कहा कि 2025 के अंत तक भारत को टीबी मुक्त बनाया जा सकता है। श्री मोदी ने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस लक्ष्य को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। दिल्ली में आयोजित मुख्य सचिवों के 13 से 15 दिसंबर तक तीन दिवसीय सम्मेलन में इस बात पर चर्चा की गई कि भारत के सेवा क्षेत्र के लिए एक बहुआयामी दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
*****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों नेता आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
श्रीलंका में हाल ही में संपन्न राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव के बाद राष्ट्रपति दिसानायके की यह पहली भारत यात्रा है। उनके इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय और आपसी सहयोग मजबूत होंगे। राष्ट्रपति दिसानायके भारत और श्रीलंका के बीच निवेश और वाणिज्यिक संपर्कों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में एक कारोबारी कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। दोनों देशों के बीच 2023-24 में व्यापार 5 दशमलव 5 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। श्रीलंका क्षेत्र में भारत का निकटतम समुद्री पड़ोसी है और यह प्रधानमंत्री मोदी के सागर के दृष्टिकोण और भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
श्रीलंका के राष्ट्रपति भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे। जहां सूचना और प्रसारण राज्यमंत्री डॉ. एल मुरुगन ने उनका स्वागत किया। वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगे। श्री दिसानायके बिहार के बोधगया भी जाएंगे।
*****
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कल नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि श्रीलंका भारत की पडोसी प्रथम नीति और सागर आउटलुक दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। डॉ. जयशंकर ने विश्वास जताया किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बातचीत से दोनों देशों के संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे तथा विश्वास और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
*****
श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भी कहा है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन, विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के साथ अपनी बातचीत को उन्होंने सार्थक बताया है। श्री दिसानायके ने कहा कि बातचीत के केंद्र में भारत-श्रीलंका आर्थिक सहयोग को मजबूत करने, निवेश के अवसर बढ़ाने, क्षेत्रीय सुरक्षा को प्रोत्साहित करने और पर्यटन तथा ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रगति के मुद्दे रहे। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि इस बातचीत से दोनों देशों के बीच साझेदारी प्रगाढ़ करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।
*****
विदेशी निवेशकों ने इस महीने के पहले दो सप्ताह में भारतीय पूंजी बाज़ारों में लगभग 28 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया हैं। आंकड़ों के अनुसार, विदेश पोर्टफोलियो निवेशकों और एफपीआई ने भारतीय इक्विटी बाज़ारों में 22 हजार सात सौ 66 करोड़ रुपए और ऋण बाज़ारों में 4 हजार आठ सौ 14 करोड़ रुपए का निवेश किया हैं। इस साल अब तक एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाज़ारों में एक लाख 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया है।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
देश में 26 जनवरी, 1950 को संविधान अंगीकार किए जाने के अगले साल 75 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में दो दिन की विशेष चर्चा आज से राज्यसभा में शुरू होगी। शुक्रवार और शनिवार को लोकसभा में इस पर विशेष चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल राज्यसभा में संविधान पर चर्चा पर बयान देने की संभावना है। एक रिपोर्ट –
26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने औपचारिक रूप से वर्तमान संविधान को अपनाया, जिसे 26 जनवरी, 1950 को देश में लागू किया गया और जिसने भारत को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। 2015 में, मोदी सरकार ने औपचारिक रूप से 1949 में भारतीय संविधान को अपनाने की याद में 26 नवंबर को हर वर्ष संविधान दिवस मनाने की घोषणा की थी। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के अपने सभी सदस्यों को व्हिप जारी कर चर्चा के दौरान आज और कल सदन में उपस्थित रहने को कहा है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
*****
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों के साथ-साथ नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों के कल्याण के लिए एक व्यापक योजना बना रही है।
छत्तीसगढ़ दौरे पर कल बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों और उनके परिवारों से बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने यह बात कही।
भारत सरकार सरेंडर युवाओं का जीवन के कल्याण के लिए अब जो नक्सलवाद या हिंसा से पीड़ित लोग उनके कल्याण की समग्रता से योजना भी 15 हजार मकान भारत सरकार अपने खर्चे के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बना रहा है।
ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
केंद्रीय गृह मंत्री अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आज जगदलपुर में स्थित अमर वाटिका में नक्सली हिंसा में अब तक शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वे शहीद जवानों के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री आज शाम रायपुर में एक उच्च स्तरीय बैठक लेकर नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा करने के साथ ही माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में चलाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की भी जानकारी लेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए रायपुर से मैं विकल्प शुक्ला।
*****
महाराष्ट्र विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से नागपुर में शुरू हो रहा है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सत्र में मंत्रिपरिषद में शामिल किये गये नये मंत्रियों का परिचय होगा। और इस वर्ष के लिए अनुपूरक अनुदानों को पेश किया जाएगा।
सत्तारूढ़ महायुति सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार कल हुआ, जिसमें 39 मंत्रियों ने शपथ ली। भाजपा ने 16 कैबिनेट मंत्रियों के साथ कैबिनेट मंत्री पद की संख्या में शीर्ष स्थान हासिल किया, उसके बाद शिवसेना के 9 कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 8 कैबिनेट मंत्री हैं। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि इस सत्र में कुल 20 विधेयक पेश किए जाएंगे। विपक्ष के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी ने परभणी और बीड में हिंसक घटनाओं के साथ-साथ संविदा रोजगार और विधानसभा सत्र के छोटे कार्यकाल जैसे मुद्दों को लेकर कल सरकार द्वारा आयोजित पारंपरिक चाय पार्टी का बहिष्कार किया है। धनंजय वानखेड़े, आकाशवाणी समाचार, नागपुर।
*****
छत्तीगढ़ में विधानसभा का सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र की चार बैठकें होंगी और यह 20 दिसंबर तक चलेगा।
*****
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “उपभोक्ता जागरूकता- अधिकार और जिम्मेदारियां” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में उपभोक्ता कार्य विभाग की सचिव निधि खरे भाग लेंगी। कार्यक्रम के दौरान श्रोता उपभोक्ता अधिकारों और जिम्मेदारियों से जुड़े प्रश्न टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर पूछ सकते हैं। श्रोता हमारे वाट्सऐप नंबर 92-89-09-40-44 पर भी सवाल पूछ सकते हैं। सोशल मीडिया साइट एक्स पर हैशटैग आस्क ए.आई.आर. के साथ भी सवाल पोस्ट किये जा सकेंगे।
*****
1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत की याद में आज पूरा देश विजय दिवस मना रहा है। युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जा रही है।
*****
महान तबला वादक जाकिर हुसैन का कल रात अमरीका में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वे रक्तचाप संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इससे पहले उन्हें हृदय संबंधी समस्याओं के कारण सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह दशकों के करियर में, उन्होंने विश्व स्तर पर पाँच ग्रैमी पुरस्कार जीते, जिनमें से तीन इस साल की शुरुआत में 66वें ग्रैमी पुरस्कार में जीते। जाकिर हुसैन ने कई प्रसिद्ध भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों के साथ काम किया। गिटारवादक जॉन मैकलॉघलिन, वायलिन वादक एल शंकर और तालवादक टी.एच. ‘विक्कू’ विनायकराम के साथ जुगलबंदी उनकी एक अभूतपूर्व उपलब्धि थी। इस जुगलबंदी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को जैज़ के साथ मिला दिया, जिसने एक अनूठे संगीत को जन्म दिया, जो पहले कभी नहीं सुनी गई थी।
उस्ताद हुसैन को 1988 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया।
*****
भारत ने महिला जूनियर एशिया कप हॉकी चैंपियनशिप जीत ली है। कल रात ओमान की राजधानी मस्कत में फाइनल में भारत ने चीन को 3-2 से पराजित किया। शूटआउट में साक्षी राणा, इशिका और सुनेलिता टोप्पो ने गोल किए जबकि भारतीय गोलकीपर निधि ने पेनल्टी शूटआउट में तीन गोल बचाए। इससे पहले जिनझुआंग ने चीन के लिए मैच का पहला गोल किया।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स@AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अखतर।
- माओवाद मुक्त भारत पर गृहमंत्री का बयान, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची और ईवीएम पर उमर अब्दुल्ला का बयान सभी प्रमुख अखबरों के पहले पन्ने की सुर्खी है।
- अमर उजाला ने गृहमंत्री अमित शाह के बयान को विस्तार से दिया है- नक्सली आत्मसमर्पण करें या कड़ी कार्रवाई के लिए रहें तैयार, बोले अमित शाह- राष्ट्रीय सहारा में है।
- केजरीवाल नई दिल्ली सीट से ही लड़ेंगे चुनाव, सीएम आतिशी कालका जी सीट से मैदान में- दैनिक जागरण में है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से उद्यमों के विकास के लिए माहौल बनाने और आमजनों को परेशानी से बचाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था सरल बनाने को कहा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
- संविधान पर दो दिन की विशेष चर्चा आज से राज्यसभा में शुरू होगी।
- गृह मंत्री अमित शाह ने कहा – सरकार आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों और नक्सली हिंसा से प्रभावितों के लिए व्यापक योजना बनाने की तैयारी कर रही है।
- हॉकी में भारत ने मस्कट में चीन को 3-2 से हराकर महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता।
*****