मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
- एक राष्ट्र-एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों को कल लोकसभा में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
- गृहमंत्री अमित शाह ने इस आरोप को खारिज कर दिया है कि एक राष्ट्र-एक चुनाव विधेयक संघवाद के सिद्धांत को कमजोर करता है।
- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग-सीएक्यूएम ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और आस-पास के इलाकों में कड़े ग्रैप नियम जारी किये।
- श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच रहे हैं।
- और मस्कत में महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में आज भारत का मुकाबला चीन से होगा।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। श्री मोदी ने कल कार्यक्रम की अध्यक्षता की थी। तीन दिवसीय यह सम्मेलन शुक्रवार को शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य राज्यों के सहयोग से साझा विकास एजेंडे का मूल्यांकन और कार्यान्वयन करना है। केंद्र और राज्य सरकारों की भागीदारी को सुदृढ़ करने और सहकारी संघवाद, तेज आर्थिक वृद्धि और विकास में बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिव, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
मुख्य सचिवों का सम्मेलन केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की प्रमुख पहल है। सम्मेलन का मुख्य विषय प्रोमोटिंग इंटरप्रेनुअरशिप, इम्प्लॉयमेंट एंड स्किलिंग-लेवरेजिंग द डेमोग्राफिक डिविडेंड है। इसके अंतर्गत छह प्रमुख क्षेत्र-विनिर्माण, सेवा, ग्रामीण, गैर खेती, शहर, नवीनीकरण ऊर्जा और चक्रीय अर्थव्यवस्था है।
*******
सरकार ने एक राष्ट्र, एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों को कल लोकसभा में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पेश करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों को एक साथ कराने की अवधारणा को लागू करने के लिए संवैधानिक संशोधन विधेयक को स्वीकृति दी थी।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के नेतृत्व में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर बनी उच्च स्तरीय समिति ने देश में लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की सिफारिश की थी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने इस आरोपों को खारिज कर दिया है कि एक राष्ट्र, एक चुनाव विधेयक संघवाद के सिद्धांतों को कमजोर करता है। नई दिल्ली में निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होना कोई नई बात नहीं है।
इस देश में तीन चुनाव वन नेशन वन इलेक्शन के तहत। बावन में सभी चुनाव एक साथ हुए, 57 में कई चुनाव अलग हो रहे थे, तो आठ राज्यों की एसेंबली भंग कर दी गई और चुनाव एक साथ कराए। इसका तीसरा चुनाव भी कमोवेश वन नेशन वन इलेक्शन हुआ। ये टूटा कहां, टूट वहां कि जब जवाहरलाल नेहरू ने केरल में एक सरकार तोड दी, कम्यूनिस्ट पार्टी नंबूदरीपाद की सरकार थी उसको तोड़ दिया और जो इंदिरा गांधी ने तो सरकार तोडने के सारे रिकार्ड तोड दिए। तो मिडटर्म इलेक्शन शुरू हुए और 71 में चुनाव जीतने के लिए लोकसभा का भी विसर्जन समय से पहले हो गया, वहां से मिसमैच हुआ है।
श्री अमित शाह ने 2014 और 2019 में ओडिशा में एक साथ हुए विधानसभा और लोकसभा चुनाव का उदारहण देते हुए कहा-
14 में भी मोदीजी थे, ओडिसा में चुनाव एक साथ हुआ, एसेंबली में हम हार गये थे। 19 में भी मोदीजी थे, वहां एक साथ चुनाव हुआ, हम हार गये थे। 19 में पूरे देश में प्रचंड बहुमत मिला था, आंध्रप्रदेश में हम हार गये थे। ऐसा नहीं होता है आप जनता को क्या समझते हैं। जनता क्षीर-नीर करने की क्षमता सबसे ज्यादा अगर किसी में दुनिया भर की जनता में है, तो भारत की जनता में है। वह अच्छे से एक्सचेंज नही करती, इसपर भरोसा करना चाहिए।
*******
लोकसभा में भारत के संविधान के 75 वर्षों की यात्रा पर लोकसभा में 15 घंटों से अधिक चर्चा की गई। चर्चा में विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों ने भाग लिया। दो दिनों तक चली इस चर्चा की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। चर्चा के दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संविधान निर्माण में डॉ. भीम राव अंबेडकर के योगदान की सराहना की। इसमें भाजपा, कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना, जनता दल यूनाइटेड और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों के सदस्यों ने संविधान के अलग-अलग प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल सदन में हुई इस चर्चा का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि संविधान देश में एकता का मुख्य स्तंभ है। प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को भी याद किया और कहा कि पिछले वर्ष संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया। श्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि इस पार्टी ने संविधान को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोडी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन के दौरान संविधान में 75 बार बदलाव हुए।
वहीं, चर्चा में भाग लेते हुए नेता विपक्ष कांग्रेस के राहुल गांधी ने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, किसानों और महिलाओं के खिलाफ कथित अत्याचारों के मुद्दों पर सवाल उठाए।
*******
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने संविधान को अपनाने के 75 वर्ष पूरे होने पर लोकसभा में चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वक्तव्य की सराहना की। संविधान के 75 वर्षों की इस यात्रा पर राज्यसभा में चर्चा की शुरूआत कल श्री नड्डा करेंगे। इसके लिए 16 और 17 दिसम्बर का समय निर्धारित किया गया है।
*******
वायु गुणवत्ता प्रबंधन कमीशन ने दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण से निपटने के लिए एक संशोधित योजना जारी की है। वायु गुणवत्ता को चार चरणों में वर्गीकृत किया गया है। पहला चरण एक्यूआई 201 और 300 के बीच खराब श्रेणी, दूसरा चरण 301 से 400 बहुत खराब श्रेणी, तीसरा चरण 401 से 450 गंभीर श्रेणी और चौथा चरण एक्यूआई 450 से ऊपर अति गंभीर होने पर लागू किया जाता है। संशोधित योजना के अनुसार अब दूसरे चरण एक्यूआई 301 और 400 के बीच होने पर एनसीआर से आने वाली अंतर्राज्यीय बसों, इलेक्ट्रॉनिक वाहनों और सीएनजी या बीएस-6 बसों को छोडकर इस श्रेणी में आने वाले अन्य वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
*******
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद ये उनकी पहली भारत यात्रा है। वे मंगलवार तक भारत में रहेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच बहु-आयामी और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को और मजबूत करने के रूप में देखी जा रही है। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति दिसानायका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। श्री दिसानायका दोनों देशों के बीच निवेश को बढावा देने और वाणिज्यिक संबंधों को बढाने के लिए दिल्ली में एक व्यवसायिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त वे बोधगया का दौरा करेंगे जो भारत और श्रीलंका के बीच साझा सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण तत्व माना जाता है। अहमद मुईन फार्रूखी आकाशवाणी समाचार कोलंबो।
*******
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आज रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट-
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस को प्रेसीडेंट कलर अवॉर्ड से सम्मानित करेंगे। यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस को सत्यनिष्ठा, मानवीय गरिमा और पिछले चौबीस वर्षों के शानदार रिकॉर्ड के लिए दिया जाएगा। प्रेसीडेंट कलर अवॉर्ड, जिसे निशान भी कहा जाता है, देश की किसी भी सैन्य इकाई को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान होता है। केन्द्रीय गृहमंत्री आज बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वे आत्मसमर्पण कर, समाज की मुख्यधारा में शामिल हुए पूर्व माओवादियों से भी मुलाकात करेंगे। श्री शाह जगदलपुर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और वामपंथी उग्रवाद से पीड़ित परिवारों से भी मिलेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए रायपुर से मैं विकल्प शुक्ला
*******
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तपेदिक जागरूकता मैत्री क्रिकेट मैच के मुख्य अतिथि होंगे। इसमें सभी राजनीतिक दलों के चुनिन्दा सांसद भाग लेंगे। बीस ओवर का ये मैच आज सुबह नौ बजे से दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खेला जायेगा। इसका प्रसारण दूरदर्शन के खेल चैनल और संसद टीवी से किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष एकादश टीम के कप्तान अनुराग सिंह ठाकुर और राज्यसभा सभापति एकादश की टीम के कप्तान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू होंगे।
*******
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में जम्मू-पुंछ-मेंढर को जोड़ने वाले हेलीकॉप्टर मार्ग को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय सचिव, नागरिक उड्डयन विभाग, जम्मू-कश्मीर द्वारा मेंढर के दूरदराज के क्षेत्र को सीधे शीतकालीन राजधानी जम्मू से जोड़ने के लिए प्रस्तुत एक प्रस्ताव के बाद लिया गया है।
*******
बॉर्डर गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने ताजा समाचार मिलने तक 3 विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिए हैं। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। बारिश के कारण कल पहले दिन का खेल बाधित हो गया। पांच मैचों की श्रृंखला फिलहाल एक-एक से बराबरी पर है।
*******
और अब खेल जगत के अन्य खबरों से:
मस्कट में महिला जूनियर एशिया कप के फाइनल में आज भारत और चीन आमने-सामने होंगे। मौजूदा चैंपियन भारत अपना खिताब बरकरार रखने की दमदार स्थिति में है। कल, भारत ने जापान को तीन-एक से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। उधर विश्व स्क्वैश टीम चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष टीम ने कल प्लेऑफ में मेजबान हांगकांग, चीन को दो-शून्य से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम अपने अंतिम मैच में फ्रांस पर दो-एक से जीत हासिल करने के बाद सातवें स्थान पर रही। वहीं, सैयद मुश्ताक अली क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल में आज मुकाबला मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच होगा। मैच शाम साढ़े चार बजे शुरू होगा। बात करे इंडियन सुपर लीग फुटबॉल की तो आज शाम कोलकाता में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब का मुकाबला मुंबई सिटी फुटबॉल क्लब से होगा। मैच शाम 07:30 बजे शुरू होगा। मोहम्मडन एससी फिलहाल अंक तालिका में केवल 5 अंकों के साथ 13वें स्थान पर है, जबकि मुंबई सिटी एफसी 14 अंकों के साथ 9वें स्थान पर है और प्रो कबड्डी लीग में जयपुर पिंक पैंथर्स का मुकाबला आज तमिल थलाइवाज से होगा। पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह मैच रात 8 बजे शुरू होगा। इसके बाद इसी मैदान पर एक मैच रात 9 बजे यू मुंबा और यूपी योद्धा के बीच होगा।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से:
संविधान के 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री का ये बयान कि प्रमुख विपक्षी दल ने संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड किया, को हिन्दुस्तान ने पहली खबर बनाया है। राष्ट्रीय सहारा की सुर्खी है- प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि संविधान को चोट पहुंचाने में नहीं छोडी कसर।
रिजर्व बैंक द्वारा किसानों के लिए बिना किसी जमानत के ऋण की सीमा एक लाख साठ हजार से बढ़ाकर दो लाख करने को हरिभूमि सहित अधिकतर अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। पत्र आगे लिखता है- बैंको को निर्देश दिया गया है कि वे दिशानिर्देशों को शीघ्रता से लागू करें और ऋण प्रावधानों के बारे में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करें।
भारतीय सेना को मिले चार सौ छप्पन युवा अवसर अमर उजाला की खबर है। पत्र में पासिंग आउट परेड के बाद देश की सेवा को तत्पर युवा अफसरों के खुशी बनाते चित्र को दिया है।
प्रदूषण से निपटने को स्कूल-बसों पर नियम सख्त नवभारत टाइम्स की पहली खबर है। पत्र ने इन नियम की जानकारी विस्तार से देते हुए लिखा है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर ग्रैप में बदलाव किया गया है। दैनिक जागरण की सुर्खी है कि वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए ग्रैप-2 में ही सडकों पर प्रतिदिन करना होगा पानी का छिड़काव।
मध्य प्रदेश में सर्दी ने तोडा रिकॉर्ड शिमला और देहरादून में भी ठंड बढ़ने को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से देते हुए मौसम विभाग के हवाले से लिखा है- बर्फीली हवाओं ने बढाई सर्दी। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है – पहाडों में हुई कडाके की ठंड कश्मीर में ठंड के बीच पर्यटकों के तंगमर्ग में जमे हुए झरने के चित्र दिये हैं।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
- एक राष्ट्र-एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों को कल लोकसभा में पेश करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
- गृहमंत्री अमित शाह ने उस आरोप को खारिज कर दिया है कि एक राष्ट्र-एक चुनाव विधेयक संघवाद के सिद्धांत को कमजोर करता है।
- वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और आस-पास के इलाकों में कड़े ग्रैप नियम जारी किये।
- श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायका भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर आज दिल्ली पहुंच रहे हैं।
- और मस्कत में महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के फाइनल में आज भारत का मुकाबला चीन से होगा।
*******