Download
Mobile App

android apple
signal

December 13, 2024 10:03 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी प्रयागराज में महाकुंभ मेले से पहले आज सात हजार करोड रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
  • संविधान की मंजूरी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज से लोकसभा में संविधान पर दो दिन की चर्चा शुरू होगी।
  • विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और संयुक्‍त राष्‍ट्र अमीरात के विदेश मंत्री आज नई दिल्ली में 15वीं भारत-यूएई संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
  • खुदरा मुद्रास्फीति दर नवंबर में घटकर पांच दशमलव 8 प्रतिशत हुई। देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर तीन दशमलव पांच प्रतिशत।
  • हॉकी में, भारत ने मस्कट में थाईलैंड को नौ शून्‍य से हराकर महिला जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। साथ ही चिली में होने वाले एफआईएच जूनियर विश्व कप 2025 के लिए भी क्वालीफाई किया।

**************

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज प्रयागराज में महाकुंभ मेले से पहले  सात हजार करोड रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कुंभ मेला अगले वर्ष 13 जनवरी से शुरू होकर 26 फरवरी तक चलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब सवा बारह बजे प्रयागराज पहुंचेंगे और संगम स्थल पर पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजकर 40 मिनट पर प्रधानमंत्री अक्षय वट वृक्ष स्थल पर पूजा करेंगे। उसके बाद वे हनुमान मंदिर और सरस्वती कूप में दर्शन और पूजन करेंगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वे महाकुंभ प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे प्रयागराज में लगभग सात सौ करोड़ रुपये से ज्‍यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का प्रधानमंत्री उद्घाटन और शुभारंभ करेंगे। इनमें प्रयागराज में आधारभूत सुविधाओं को बढ़ावा देने और निर्बाध संपर्क प्रदान करने के लिए 10 नए रोड ओवर ब्रिज, स्थायी घाट और रिवरफ्रंट सड़कें जैसी विभिन्न रेल और सड़क परियोजनाएं शामिल होंगी। प्रधानमंत्री मंदिर के कुछ प्रमुख गलियारों का भी उद्घाटन करेंगे। इनमें भारद्वाज आश्रम, श्रृंगवेरपुर धाम गलियारा, अक्षयवट गलियारा, हनुमान मंदिर गलियारा आदि शामिल हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री कुंभ मेला क्षेत्र में एक रैली को भी संबोधित करेंगे। सुशील चन्‍द्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

**************

लोकसभा में आज संविधान पर दो दिन की चर्चा शुरू होगी। भारतीय संविधान की स्वीकृति के 75वें वर्ष के अवसर पर यह बहस शुरू हो रही है। लोकसभा के सूचीबद्ध कार्यों के अनुसार प्रश्‍नकाल के बाद भारत में संविधान स्वीकृति की 75वीं वर्षगांठ पर विशेष चर्चा होगी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह चर्चा की शुरूआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दो दिन की चर्चा पर कल अपना मत रखेंगे।  एक रिपोर्ट –

चर्चा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल कार्यनीतिक बैठक की। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्‍यक्ष जे.पी. नड्डा शामिल हुए। इससे पहले श्री अमित शाह ने स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जे.पी. नड्डा, वाणिज्‍य मंत्री पीयूष गोयल और संसदीय कार्यमंत्री किरेण रिजिजू सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेताओं के साथ बैठक की। राज्‍यसभा में संविधान पर चर्चा 16 और 17 दिसम्‍बर को होगी। आशा है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 17 दिसम्‍बर को ही इसका उत्‍तर देंगे। संविधान पर चर्चा संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्ष की मुख्‍य मांग रही है। भारतीय संविधान सभा ने 26 नवम्‍बर 1949 को संविधान को स्‍वीकृति दी थी और 26 जनवरी 1950 से इसे लागू किया गया। वर्ष 2015 में मोदी सरकार ने भारतीय संविधान को स्‍वीकृति के सम्‍मान में 26 नवम्‍बर को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया। समाचार कक्ष से, वैष्‍णवी।

**************

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्ली में संयुक्‍त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नह्यान के साथ 15वीं भारत-यूएई संयुक्‍त आयोग की बैठक की सह-अध्‍यक्षता करेंगे।

नई दिल्‍ली में कल दोनों नेताओं ने चौथी भारत – संयुक्त अरब अमीरात रणनीतिक वार्ता की सह-अध्‍यक्षता की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि रणनीतिक वार्ता प्रभावी मंच है जो नेतृत्व मार्गदर्शन को वास्तविकता में बदलने में मदद करता है।

**************

सरकार ने कहा है कि फलीस्तीन के प्रति भारत की नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है और उसने हमेशा बातचीत के जरिए द्वि-राष्ट्र समाधान का समर्थन किया है। इससे सुरक्षित और मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर संप्रभु और स्वतंत्र फलीस्तीन की स्थापना होगी तथा इजरायल के साथ शांतिपूर्ण अस्तित्व संभव होगा। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कल राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि भारत ने पिछले वर्ष 7 अक्तूबर को इजरायल पर हुए आतंकवादी हमले और इजरायल-हमास संघर्ष में लोगों के मारे जाने की कड़ी निंदा की है। भारत सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंतित है और उसने युद्धविराम, सभी बंधकों की रिहाई तथा बातचीत और कूटनीति के जरिए संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भारत ने फलीस्तीन के लोगों को समय पर मानवीय सहायता पहुंचाने पर भी बल दिया है।

**************

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

**************

देश में खुदरा मुद्रास्‍फीति में इस वर्ष नवम्‍बर महीने में कमी आई है। खुदरा मुद्रास्फीति दर पिछले महीने के छह दशमलव दो प्रतिशत से घटकर नवम्बर में पांच दशमलव चार प्रतिशत हो गयी है। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यन्‍वयन मंत्रालय से जारी आंकडों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में यह दर पांच दशमलव नौ-पांच प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में चार दशमलव आठ-तीन प्रतिशत रही।

**************

वहीं, देश के औद्योगिक उत्‍पादन की वृद्धि दर इस वर्ष अक्‍तूबर माह में तीन दशमलव पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सांख्‍यिकी और कार्यक्रम कार्यन्‍वयन मंत्रालय से जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्‍त माह में मामूली कमी के बाद सितंबर और अक्‍तूबर में लगातार औद्योगिक उत्‍पादन बढा है।

**************

मध्‍य प्रदेश में डॉक्‍टर मोहन यादव के नेतृत्‍व में भारतीय जनता पार्टी सरकार का आज एक वर्ष पूरा हो रहा है। मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने एक वर्ष के अपने कार्यकाल को राज्‍य की प्रगति और निवासियों का जीवन स्‍तर उन्नत करने में समर्पित बताया। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से..

मध्य प्रदेश सरकार के एक साल पूरा होने पर प्रदेश में 11 दिसंबर से 26 जनवरी 2025 तक जनकल्याण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि उनकी सरकार ने बीते वर्ष में न सिर्फ मौजूदा चुनौतियों का समाधान किया है, बल्कि जनकल्याण और विकास के कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की नींव भी रखी है। उन्होंने महिलाओं को 35 फीसदी आरक्षण देने को एक बड़ी उपलब्धि बताया।

श्री यादव ने बताया कि युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी तो दी ही जाएगी, इसी के साथ ढाई लाख नौकरियों के अवसर भी सृजित किए गए हैं। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

**************

कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 21 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने बादली विधानसभा क्षेत्र से प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव और नई दिल्ली विधानसभा सीट से संदीप दीक्षित, को उम्मीदवार बनाया है।

**************

भारतीय लाइट टैंक ने 4 हजार 200 मीटर से अधिक की ऊंचाई पर विभिन्न रेंजों पर अचूक गोलाबारी कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि लाइट टैंक को अधिक ऊंचाई वाले स्‍थानों पर सशस्त्र बलों की आवश्यकता पूरी करने के लिए 25 टन वर्ग के बख्तरबंद लड़ाकू वाहन के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसे चेन्‍नई स्थित रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन की प्रयोगशाला में लड़ाकू वाहन अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान ने डिजाइन और विकसित किया है।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने लाइट टैंक की एयरलिफ्ट क्षमता का भी प्रदर्शन किया है। इस क्षमता से टैंक को उन दुर्गम स्‍थानों पर भी तैनात किया जा सकेगा जहां तक सड़क या रेलमार्ग से पंहुचना कठिन है। मंत्रालय ने कहा कि टैंक की व्यापक तैनाती से पहले कुछ और परीक्षण किए जा रहे हैं।

**************

राष्‍ट्र आज वर्ष 2001 में 13 दिसम्‍बर को संसद भवन पर आतंकी हमले में शहीद हुए सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। संसद भवन में उपराष्‍ट्रपति और राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला, केन्‍द्रीय मंत्री और अन्‍य सांसद शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

**************

भारतीय सेना की वज्र कोर आज से अमृतसर में विजय दिवस मना रही है। विजय दिवस पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध में 16 दिसंबर को मिली जीत के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस युद्ध के बाद ही स्वतंत्र बांग्लादेश का उदय हुआ था।

विजय दिवस की 53वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में आज और कल पंजाब राज्य युद्ध नायक स्मारक में आम जनता के लिए हथियार और युद्ध सामग्री प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।

**************

स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के 7वें संस्करण का ग्रैंड फिनाले कल श्रीनगर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान-एन.आई.टी. में संपन्न हुआ।  एन.आई.टी. हैकाथॉन के नोडल अधिकारी डॉ एच.एस. पाली ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में युवा प्रतिभाओं से नए विचार और समाधान सामने आये।

पूरी दुनिया में इतना बड़ा हैकाथॉन 51 सेंटर्स पर एक साथ हजारों बच्‍चों ने हैकाथॉन किया। इस हैकाथॉन की तारीफ कल हमारे जो ऐजुकेशन मिनिस्‍टर धर्मेन्‍द्र प्रधान जी थे, जिससे एन.आई.टी. श्रीनगर को बहुत बड़ा एक्‍नॉलेजमेंट मिला। हमारी टीम के पार्टीसिपेंस बहुत उससे उत्‍साहित थे। ओवर ऑल इट इज़ द ग्रेट अपॉर्च्‍युनिटी फोर द जम्‍मू-कश्‍मीर रीज़न, पर्टिकुलर्ली द श्रीनगर।

**************

रोमानिया और बुल्गारिया अगले वर्ष पहली जनवरी से यूरोपीय संघ के सीमा-मुक्त शेंगेन क्षेत्र में पूरी तरह शामिल होने को तैयार हैं। यूरोपीय संसद की अध्यक्ष रॉबर्टा मेट्सोला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दोनों देशों के लोगों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मजबूत शेंगेन अधिक सुरक्षित और  एकजुट यूरोप का प्रतीक है।

सीमा-मुक्त शेंगेन क्षेत्र 42 लाख 50 हजार से अधिक यूरोपीय संघ के नागरिकों, तथा गैर यूरोपीय संघ नागरिकों और वहां आने वाले पर्यटकों को मुक्‍त आवाजाही की गांरटी देता है।

**************

मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो-तीन दिन के दौरान शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में आज ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी रविवार तक रात के समय और सवेरे कोहरा छाये रहने का अनुमान है।   मौसम विभाग ने तमिलनाडु, लक्षद्वीप, कराईकल और अंडमान-निकोबार द्वीप में आज तेज़ वर्षा की संभावना व्यक्त की है।

**************

भारतीय ग्रैंडमास्‍टर डी.गुकेश वर्तमान चैम्पियन चीन के डिंग लिजेन को हराकर विश्‍व शतरंज चैम्पियन बन गए है। डी.गुकेश ने 18 वर्ष की आयु में यह खिताब देश के नाम किया। सिद्धार्थ सिंह की रिपोर्ट – 

भारत के ग्रैंडमास्‍टर डी गुकेश ने शतरंज में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया है। उन्‍होंने सिंगापुर में 14 गेम के मैच में वर्तमान चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराकर विश्व चैंपियन का खिताब जीता। गुकेश ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कहा कि विश्‍व चैंपियनशिप जीतकर उनका सपना पूरा हुआ है –

गुकेश की जीत का जश्‍न पूरे भारत में मनाया जा रहा है। डी गुकेश को विश्‍व चैंपियन बनने पर पूरे देश की बधाई।

**************

अन्‍य खेल खबरों के साथ है शक्ति प्रताप सिंह-

हॉकी में ओमान के मस्‍कट में महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में भारत ने कल रात थाईलैंड को नौ-शून्‍य से हरा दिया। इस जीत के साथ, भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है और चिली में अगले वर्ष होने वाले एफ.आई.एच. जूनियर विश्‍व कप में अपनी जगह पक्‍की कर ली है। कल सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला जापान से होगा। उधर बैडमिंटन में चीन के हांग्‍ज़ो में बैडमिंटन वर्ल्‍ड फेडरेशन-वर्ल्‍ड टूर फाइनल्‍स में आज भारतीय जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला जापान से होगा। भारतीय जोड़ी ने कल मलेशिया को 21-19 और 21-19 से हराया था।

**************

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

 **************

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– देवेन्‍द्र त्रिपाठी।

  • भारत के 18 वर्षीय डी. गुकेश के शतरंज का विश्‍व चैंपियन खिताब जीतने की खबर आज सभी समाचार-पत्रों ने सचित्र प्रकाशित की है। राजस्‍थान पत्रिका लिखता है- मुस्‍कुराए, रोए और किया नमस्‍कार, चीनी खिलाडी लिजेन को दी मात। दैनिक जागरण की सुर्खी है- डी. गुकेश ने रचा इतिहास, बने सबसे युवा विश्‍व शतरंज चैंपियन।
  • एक देश एक चुनाव विधेयक पर कैबिनेट की मोहर, इसी सत्र में आएगा। अमर उजाला सहित कई अखबारों की सुर्खी है। दैनिक भास्‍कर की सुर्खी है – लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ कराने का बिल कैबिनेट से मंजूर।
  • जनसत्ता ने औद्योगिक उत्‍पादन की वृद्धि दर मे सरकारी आंकडे प्रकाशित किये हैं। पत्र लिखता है- औद्योगिक उत्‍पादन गिरा, पर महंगाई दर में हुआ सुधार। वहीं, हिन्‍दुस्‍तान ने लिखा है – नवम्‍बर में खुदरा महंगाई ने दी कुछ राहत, चुनौती अब भी बरकरार।
  • पहाडों पर बर्फबारी से पश्चिमोत्तर भारत में शीत लहर, हरियाणा और पंजाब में कडाके की ठंड का आगाज। दिल्ली में लुढका पारा। जनसत्ता की खबर है।

**************

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी प्रयागराज में महाकुंभ मेले से पहले आज सात हजार करोड रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
  • संविधान की मंजूरी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज से लोकसभा में संविधान पर दो दिन की चर्चा शुरू होगी।
  • विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर और संयुक्‍त राष्‍ट्र अमीरात के विदेश मंत्री आज नई दिल्ली में 15वीं भारत-यूएई संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
  • खुदरा मुद्रास्फीति दर नवंबर में घटकर पांच दशमलव 8 प्रतिशत पर आ गयी। देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर अक्टूबर में बढ़कर तीन दशमलव पांच प्रतिशत हुई।
  • हॉकी में, भारत ने मस्कट में थाईलैंड को नौ शून्‍य से हराकर महिला जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई। साथ ही चिली में होने वाले एफआईएच जूनियर विश्व कप 2025 के लिए भी क्वालीफाई किया।

**************