Download
Mobile App

android apple
signal

December 12, 2024 9:29 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा– सरकार सुधारों के माध्यम से युवाओं में जिज्ञासा और विश्वास को बढ़ाने के लिए सभी बाधाओं को दूर कर रही है।
  • पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा – एक राष्ट्र-एक चुनाव से देश की सकल घरेलू उत्पाद में एक से ढे़ड प्रतिशत तक की वृद्धि होगी।
  • वर्ष 2035 तक भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन होगा और वर्ष 2040 तक भारतीय नागरिक चांद पर उतरेगा।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे।
  • मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म – व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वैश्विक स्तर पर बड़ी रुकावटें आईं हैं।
  • खेलो इंडिया शीतकालीन खेल-2025 का आयोजन जनवरी और फरवरी में लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर में किया जाएगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सरकार सुधार के जरिए युवाओं के रास्‍ते में आने वाली बाधाओं को दूर करके उनकी जिज्ञासा और दृढ़ विश्‍वास को समर्थन दे रही है। स्‍मार्ट इंडिया हैकथॉन के ग्रैंड फिनाले के दौरान नवाचारियों के साथ बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि देश के समक्ष आई चुनौतियों पर काबू पाने के उपाय तलाशने की दिशा में आज के युवा स्‍वामित्‍व की भावना विकसित कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व का भविष्‍य ज्ञान और नवाचार से संचालित होने जा रहा है। बदलती परिस्थितियों में भारत के युवा इसकी आशा और आकांक्षा हैं।

आज देश की युवा सरकार के साथ मिलकर देश के विकास के लि,ए देश के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए काम कर रहे हैं। इसमें उनमें देश की समस्याओं के समाधान को लेकर देश के विकास को लेकर एक ऑनरशिप की भावना आ रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के करियर के हर चरण पर उनके साथ है और उनकी आवश्‍यकताओं के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सामग्री सृजन और गेमिंग जैसे क्षेत्र एक दशक पहले अच्‍छी तरह से विकसित नहीं थे, लेकिन अब ये क्षेत्र भारत में तेजी से विकसित हो रहे हैं। सातवां स्‍मार्ट इंडिया हैकथॉन कल पूरे राष्‍ट्र में एकसाथ 51 केन्‍द्रों पर शुरू हुआ।

*******

वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि भारत के बैंकिंग क्षेत्र, विशेष रूप से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कार्यकाल में एक उल्लेखनीय बदलाव देखा है। उन्होंने धोखेबाजों द्वारा धन के असीमित स्रोत के रूप में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का इस्तेमाल करने के कांग्रेस नेता के आरोप को निराधार बताया। वित्तमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों पर केंद्रित शासन मोदी सरकार का मूल सिद्धांत है। वित्तमंत्री ने इस बात का उल्‍लेख किया कि विभिन्न प्रमुख वित्तीय समावेशन योजनाओं के अंतर्गत 54 करोड़ जन-धन खाते और 52 करोड़ से अधिक जमानत-मुक्त ऋण मंजूर किए गए हैं। पीएम मुद्रा योजना के तहत 68 प्रतिशत और पीएम-स्वनिधि योजना के तहत 44 प्रतिशत लाभार्थी केवल महिलाएं हैं।

*******

लोकसभा में ध्‍वनि मत से रेलवे संशोधन विधेयक 2024 पारित कर दिया गया है। विधेयक में रेलवे अधिनियम उन्नीस सौ नवासी में संशोधन और रेलवे बोर्ड तथा उसके स्‍वतंत्र रूप से कार्य निष्‍पादन के अधिकार को बढाने के प्रावधान हैं। भारतीय रेलवे बोर्ड अधिनियम 1905 के सभी प्रावधान इस विधेयक के माध्‍यम से रेलवे अधिनियम उन्नीस सौ नवासी में समाहित करने का प्रस्‍ताव है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा कि इस विधेयक को लाने का उद्देश्‍य रेलवे में कानूनी ढांचे को सरल बनाना है।

*******

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने कहा है कि एक राष्ट्र, एक चुनाव से देश की सकल घरेलू उत्‍पाद-जीडीपी एक से डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ सकती है। एक राष्ट्र-एक चुनाव समिति के अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रपति ने इसकी वकालत करते हुए कहा कि देश के लिए परिवर्तनकारी होगा। श्री कोविंद ने कानपुर में संवाददताओं को बताया कि देश में राज्य विधानसभाओं और लोकसभा के लिए एक साथ चुनाव कराना राष्ट्र के हित में है।

मैं केंद्र सरकार को विशेष सर्वानुमति डेवलप करनी पड़ेगी। सभी पॉलीटिकल पार्टी यह मुद्दा है किसी पॉलिटिकल पार्टी के हित-अहित का नहीं है ये देश के हित का है। इसलिए मुझे लगता है अन्‍तोगत्‍वा सभी राजनीतिक दल जो है इस पर सहमत हो। मैं इसको चैलेंज नहीं मानता हूं मैं इसको मानता हूं कि इट विल वर्क एज ए गेम चेंजर। भारत की अर्थव्यवस्था आज जो है वह आपकी अराउंड 6.5 या 7 प्रसेंट। जब ये आ जाएगा एक से डेढ प्रसेंट जो है ऑटोमेटेकली इस देश की जीडीपी बढ़ जाएगी।

इस वर्ष सितंबर में, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पहल को मंजूरी दे दी थी, जिसमें लोकसभा, विधानसभा, शहरी निकायों और पंचायतों के लिए समवर्ती चुनाव को 100 दिनों की समय सीमा के भीतर आयोजित करने का प्रस्ताव था।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि वर्ष 2035 तक भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन ‘भारत अंतरिक्ष स्टेशन’ होगा, जबकि वर्ष 2040 तक कोई भारतीय नागरिक चांद पर उतरेगा। नई दिल्ली में ‘सभी विज्ञान मंत्रालयों की उपलब्धियों’ पर आयोजित एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा लाए गए अंतरिक्ष सुधारों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में अवसरों को उजागर किया है।

केन्‍द्रीय मंत्री ने विज्ञान के प्रति बहु-विषयक दृष्टिकोण के लिए सरकार के दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया।

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे। श्री नहयान दोपहर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। वे चौथी रणनीतिक वार्ता और 15वीं भारत-यूएई संयुक्‍त आयोग की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्‍ली पहुंच चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रंणधीर जयसवाल ने संयुक्‍त अरब अमीरात के नेता का स्‍वागत करते हुए एक पोस्‍ट में कहा कि उनके इस दौरे से भारत और यूएई के बीच बहुआयामी और व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी। हमारे संवददाता ने बताया कि भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच सदियों से व्यापारिक संबंध रहे हैं। इस पश्चिम एशियाई देश में 35 लाख से अधिक भारतीय हैं और अमीरात के लोग भारतीय संस्कृति से काफी परिचित होने के साथ ही उसके प्रति संवेदनशील भी हैं।

*******

सोशल मीडिया मंच प्रदान करने वाली कंपनी-मेटा ने पुष्टि की है कि तकनीकी समस्या के चलते इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप उपयोगकर्ताओं को एप के इस्तेमाल में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मेटा ने एक्स पर एक बयान में पुष्टि की है कि कम्‍पनी को पता है कि इस तकनीकी समस्या के कारण कुछ उपयोगकर्ताओं को ऐप्स का इस्‍तेमाल करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा है कि वह सामान्य सेवा जल्द बहाल करने के लिए काम कर रही है।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रसिद्ध फिल्‍मकार राजकपूर की 14 दिसम्‍बर को उनकी 100वीं जयंती समारोह के पहले उनके जीवन और विरासत को याद करने के लिए कल नई दिल्‍ली में उनके परिवार से  मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने देश के लिए राजकपूर के योगदान की सराहना की।

राज साहब का सौवां जन्मदिन यानी हिंदुस्तान की फिल्म दूसरे की स्वर्णिम यात्रा का कालखंड है। डिप्लो‍मैटिक वर्ल्‍ड में, सॉफ्ट पावर इसकी बहुत चर्चा होती है। जिस जमाने में सॉफ्ट पावर शब्द का जन्म नहीं हुआ होगा राज कपूर साहब ने दुनिया में भारत के सॉफ्ट पावर की ताकत को एस्टेब्लिश कर दिया था। एक बहुत बड़ी भारत को उनकी सेवा थी।

यह समारोह 13 से 15 दिसंबर के बीच चालीस शहरों में आयोजित किया जायेगा, जिसमें राजकपूर की प्रसिद्ध फिल्‍में दिखाई जायेंगी।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध गुजराती गायक पुरूषोत्तम उपाध्याय के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में श्री मोदी ने कहा कि यह कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पुरुषोत्‍तम उपाध्‍याय ने अपने सरल संगीत के माध्‍यम से दुनियाभर में गुजराती भाषा को जीवित रखा। पुरुषोत्‍तम उपाध्‍याय ने 20 से अधिक फिल्‍मों और 30 से अधिक नाटकों के लिये संगीत तैयार किया।

*******

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधीन दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग आज से नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट के पास 22वें दिव्य कला मेले का आयोजन कर रहा है। इसमें पूरे भारत के दिव्यांग कारीगर, उद्यमी और कलाकारों की प्रतिभा के साथ ही उनकी रचनात्मकता और उद्यमशीलता की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा। मेले में 100 से अधिक दिव्यांग उद्यमी और कारीगर अपने उत्पादों और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की क्षमता, दृढ़ संकल्प और कौशल को प्रदर्शित करना है।

*******

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आज से विश्व आयुर्वेद कांग्रेस और आयुर्वेद एक्सपो की शुरुआत हो रही है। परेड मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम आयुर्वेद के क्षेत्र में शोध, विकास और नई खोजों के लिए एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-

इस बार का आयोजन ‘‘डिजिटल स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक दृष्टिकोण‘‘ विषय पर आधारित है, जो आयुर्वेद को नई तकनीकों से जोड़ने पर जोर देगा। इस चार दिवसीय आयोजन में साढे पांच हजार से अधिक भारतीय और तीन सौ पचास से अधिक विदेशी प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान, विशेष रूप से, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑगमेंटेड रियलिटी और ब्लॉकचेन जैसी नई तकनीकों को आयुर्वेद के साथ एकीकृत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इस प्रदर्शनी में भारत और विदेशों के प्रमुख आयुर्वेदिक संस्थान अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस आयोजन को आयुष मंत्रालय, उत्तराखंड सरकार और अन्य सहयोगी राज्यों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय आयुर्वेदिक उत्पादों को प्रमुखता देने का आह्वान किया है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

*******

खेल खबरों के साथ हैं- अभिषेक कपिल-

खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2025 का आयोजन लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में दो अलग-अलग चरणों में होगा। आइस हॉकी और आइस स्केटिंग जैसी बर्फ पर खेली जाने वाली प्रतियोगिताएं केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 23 से 27 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। हॉकी में, भारत आज मस्कत में खेले जा रहे महिला जूनियर एशिया कप के अपने चौथे और अंतिम लीग मैच में थाईलैंड से मुकाबला करेगा। कल, भारत को अपने तीसरे मैच में चीन से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। इस जीत के साथ, चीन नौ अंकों के साथ पूल-ए में शीर्ष पर है, जबकि भारत छह अंकों के साथ मलेशिया के साथ दूसरे स्थान पर है। स्‍कवॉश टीम चैम्पियनशिप 2024 के क्‍वार्टर फाइनल में आज हांगकांग में भारतीय पुरुष टीम का मुकाबला फ्रांस से होगा। यह मैच आज भारतीय समयानुसार दोपहर बारह बजे शुरू होगा। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ-फीफा ने घोषणा की है कि वर्ष 2034 में पुरुष फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी सऊदी अरब करेगा, जबकि स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को संयुक्त रूप से वर्ष 2030 में विश्‍व कप की मेजबानी करेंगे।

*******

मौसम विभाग ने आज राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ और पंजाब के कुछ हिस्सों में शीत लहर चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

*******

इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता ख़राब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह छह बजे औसत वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 249 दर्ज किया गया।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रवि कपूर।

  • सभापति जगदीप धनखड के खिलाफ विपक्ष द्वारा अविश्‍वास प्रस्‍ताव के नोटिस पर राज्‍यसभा में जमकर हंगामा होने की ख़बर आज सभी अख़बारों की पहली सुर्खी बनी है। अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर संग्राम, सरकार बोली, विपक्ष ने सदन की गरिमा गिराई- अमर उजाला की सुर्खी है। वहीं, हिन्‍दुस्‍तान लिखता है- अविश्‍वास प्रस्‍ताव पर हंगामा, राज्‍यसभा ठप। 28 साल बाद शीतलहर का स्‍वागत, 12 और 13 दिसम्‍बर को येलो अलर्ट घोषित किया गया- नवभारत टाइम्‍स की सुर्खी है। वहीं, दैनिक जागरण ने जम्‍मू-कश्‍मीर के कठुआ में गिरी बर्फ की मनमोहक तस्‍वीरें प्रकाशित की हैं। नए शब्‍दकोश में 2047 के लिए 47 शब्‍दों की पहचान- जनसत्‍ता में है। पत्र लिखता है- भविष्‍य के भारत के लिए नई शब्‍दावली, समावेशिता, स्थिरता और तकनीकी उन्‍नति को करेंगे परिभाषित।
  • शतरंज में आखिरी बाजी आज, गुकेश जीते तो बन जाएंगे सबसे युवा वर्ल्‍ड चैम्पियन- दैनिक भास्‍कर ने यह ख़बर अपने खेल पन्‍ने पर प्रकाशित की है।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- सरकार सुधारों के माध्यम से युवाओं में जिज्ञासा और विश्वास को बढ़ाने के लिए सभी बाधाओं को दूर कर रही है।
  • पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा – एक राष्ट्र-एक चुनाव से देश की सकल घरेलू उत्पाद में एक से ढे़ड प्रतिशत तक की वृद्धि होगी।
  • वर्ष 2035 तक भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन होगा और वर्ष 2040 तक भारतीय नागरिक चांद पर उतरेगा।
  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर आज नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नहयान के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे।
  • मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म – व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वैश्विक स्तर पर बड़ी रुकावटें आईं हैं।
  • खेलो इंडिया शीतकालीन खेल-2025 का आयोजन जनवरी और फरवरी में लद्दाख तथा जम्मू-कश्मीर में किया जाएगा।

*******