मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मुम्बई में भारतीय रिजर्व बैंक के 90 वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा भारत की अध्यक्षता में जी-20 आयोजन राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में नये सिरे से संतुलन बनाने का उदाहरण।
- पश्चिम बंगाल के जलपाई गुडी जिले में भीषण तूफान से चार लोगों की मौत और एक सौ से अधिक घायल।
- ईटली के यानिक सिनर ने मयामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरूष सिंगल्स का खिताब जीता।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में डेल्ही कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 20 रन से हराया।
****
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मुंबई में भारतीय रिजर्व बैंक के 90 वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होंगे। भारतीय रिज़र्व बैंक ने पहली अप्रैल 1935 से काम करना शुरू किया था और आज इसके 90 वर्ष पूरा हो रहे हैं। इस अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारामन, वित्त राज्य मंत्री भागवत किशनराव कराड तथा पंकज चौधरी भी हिस्सा लेंगे रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार, विभिन्न बैंकों और उद्योगों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
****
विदेश मंत्री सुब्रह्मणयम जयशंकर ने भारत की अध्यक्षता में जी-20 आयोजन को राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में नये सिरे से संतुलन बनाने का उदाहरण बताया है। कल सभ्यता फाउंडेशन के दिल्ली विरासत कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पूरे देश ने जी20 की भारत की अध्यक्षता का जश्न मनाया।
एक रिपोर्ट..
जी-20 कार्यक्रम कई मायनों में राजनीतिक और आर्थिक पुनर्संतुलन का एक उदाहरण था, जहां दुनिया को चलाने वाले, दुनिया को प्रभावित करने वाले या दुनिया पर व्यापक प्रभुत्व वाले कुछ देशों के बजाय, इसका दायरा व्यापक हो गया है। इसमें साफ तौर पर भारत की भूमिका को पहचान मिली। विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि जी20 कार्यक्रम में ‘राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में नये सिरे से संतुलन बनाने‘ के बाद अब ध्यान ‘सांस्कृतिक पुनर्संतुलन‘ पर केंद्रित हो गया है। उन्होंने कहा कि अब लड़ाई सांस्कृतिक पुनर्संतुलन की है, और इसीलिए आज हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम अपनी विरासत, अपनी सभ्यता, अपनी संस्कृति, अपनी जीवन शैली, अपनी आस्था और अपनी मान्यताओं को सामने रखें। यह कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में पारंपरिक राजनीति की तरह ही महत्वपूर्ण है। आकाशवाणी समाचार के लिए समाचार कक्ष से सकलेन अख्तर।
****
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल उत्तर प्रदेश के मेरठ से लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरूआत की। श्री मोदी ने एक जनसभा में कहा कि वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव केवल सरकार बनाने के लिए नहीं है बल्कि भारत को विकसित राष्ट्र और दुनिया की तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे देश को भ्रष्टाचार से बचाने के लिए बडी लडाई लड रहे हैं और इसी कारण बडे भ्रष्ट लोग सलाखों के पीछे हैं। श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्ष में एक रैंक, एक पेंशन योजना, तीन तलाक के विरूद्ध सख्त कानून और लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे कई ऐसे काम किये गये, जिन्हें असंभव माना जाता था।
****
भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह दो दिन के राजस्थान दौरे पर हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जयपुर में संगठन के साथ बैठकें की। श्री अमित शाह ने जयपुर में पार्टी नेताओं की बैठक में पांच लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों – दौसा, करौली-धोलपुर, नागौर, चुरू और झुंझुनू में पार्टी की चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
****
विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए ने कल दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली की। यह रैली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन के लिए की गई। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर विपक्षी दलों को धमकाने के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।
****
उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की आठ सीटों पर मतदान होगा। इनमें मुजफ्फरनगर की हाईप्रोफाइल सीट भी शामिल है जहां से भाजपा ने लगातार दो बार सांसद रहे केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान को तीसरी बार मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक और बहुजन समाज पार्टी के दारा सिंह प्रजापति मैदान में हैं। आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। एक रिपोर्ट.
मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा सीटें शामिल है। इनमें चार विधानसभा मुजफ्फरनगर जनपद की बुढाना, चरथावल, खतौली और मुजफ्फरनगर शामिल है। वहीं मेरठ जिले की एक विधानसभा क्षेत्र सरधना भी इसमें शामिल है। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर मतदाताओं की संख्या 18 लाख 10 हजार 6 सौ 28 है। इनमें नौ लाख 65 हजार 3 सौ 74 मतदाता पुरूष हैं और आठ लाख 45 हजार 1 सौ 6 मतदाता महिलाएं हैं। लोकसभा क्षेत्र में 1 सौ 48 मतदाता थर्ड जेंडर के भी हैं। भाजपा ने तीसरी बार केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में वह इस सीट से जीत हासिल कर चुके हैं। समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक को प्रत्याशी घोषित किया है। बहुजन समाज पार्टी ने दारा सिंह प्रजापति को मैदान में उतारा है। इस बार राष्ट्रीय लोकदल भाजपा के साथ आ गया है। भाजपा और रालोद के संयुक्त प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान है। समाजवादी पार्टी ने हरेंद्र मलिक को मैदान में उतारा है। बहुजन समाज पार्टी भी इस बार अलग से चुनावी मैदान में है और उसके दारा सिंह प्रजापति चुनाव लड़ रहे हैं। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आकाशवाणी समाचार के लिए सुशील चन्द्र तिवारी।
****
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की छह सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट हो चुके हैं। इन सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दूसरे चरण के लिए नामांकन की शुरूआत हो चुकी है। इसके साथ ही प्रचार ने भी गति पकड ली है।
मध्य प्रदेश में, लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिये छह सीटों पर कुल 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुछ प्रमुख उम्मीदवारों में मंडला से केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुल नाथ शामिल हैं। मध्यप्रदेश में दूसरे चरण में अब तक 8 नामांकन पत्र भरे गए हैं। राज्य में पहले चरण के लिए 19 अप्रैल को और दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने राज्य में 19 अप्रैल की सुबह 7 बजे से एक जून की शाम 6:30 बजे तक निर्वाचन के संबंध में किसी भी प्रकार के एग्जिट पोल अथवा किसी भी अन्य तरीके से इसका प्रचार–प्रसार करने पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
****
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुडी जिले के कुछ हिस्सों में कल आये चक्रवाती तूफान में चार लोगों की मृत्यु हो गई और एक सौ से अधिक घायल हो गये हैं। उत्तर बंगाल के इस तूफान में जलपाईगुडी शहर और मैनागुडी के कई क्षेत्रों में कई घर ढह गये और कई पेड उखड गए। एक रिपोर्ट…
पूर्वोत्तर भारत में मौसम की खराब स्थिति के कारण सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ। असम में तेज बारिश के कारण गुवाहाटी हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा गिर गया। खराब मौसम के कारण उडान परिचालन भी प्रभावित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना में मरने वालों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उनकी सहानुभूति इस तूफान से प्रभावित लोगों के प्रति है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुडी–मैनागुडी क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति पर भी चिंता प्रकट की है। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से इस घटना से प्रभावित लोगों को उचित सहायता देने को कहा है। इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि पांच अप्रैल तक दो पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकते हैं। विभाग ने बताया कि छह अप्रैल तक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इन शहरों में बर्फबारी या कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ जैसे राज्य इस महीने की पांच तारीख तक पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित रहेंगे। समाचार कक्ष से, स्पर्श सक्सेना।
****
उधर, मणिपुर तथा पूर्वोत्तर राज्यों में तेज वर्षा हो रही है। जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान हुआ है।
****
केरल में कल शाम तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा और त्रिशूर जिलों के समुद्र तटों पर ऊंची लहरों के कारण क्षेत्र में पानी भर गया। इसके मद्देनजर प्रशासन सतर्क है। लोगों को समुद्र तटों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
****
खेल जगत की खबरों के साथ हैं सरफिरोजी
टेनिस में इटली के यानिक सिनर ने कल रात अमेरिका में मियामी ओपन टूर्नामेंट का पुरुष सिंगल्स खिताब जीत लिया। दूसरी वरीयता प्राप्त सिन्नर ने फाइनल में बुल्गारियाई खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव को 6-3, 6-1 से हराया। गैर वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी डेनिएल कोलिन्स ने महिला सिगल्स का खिताब जीता। इससे पहले, भारत के रोहन बोपन्ना और उनके ऑस्ट्रेलियाई साथी मैथ्यू एबडेन ने ऐतिहासिक पुरुष डबल्स खिताब जीता था। वही आईपीएल क्रिकेट में दिल्ली कैपिटल्स ने कल रात विशाखापट्टनम में चेन्नई सुपर किंग्स को 20 रन से हरा दिया। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 191 रन बनाए। डेविड वार्नर ने सबसे अधिक 52 और कप्तान ऋषभ पंत ने 51 रन बनाए। चेन्नई सुपर किंग्स निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी। आज मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियन का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
****
पंजाब में रबी मौसम के लिए गेहूं की खरीद प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस खरीद को सुचारू तरीके से संचालित करने के लिए सरकार ने सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं।
राज्य में इस बार 35.07 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बुवाई की गई है और 161.30 लाख मीट्रिक टन गेहूँ की पैदावार की उम्मीद है। खरीद के लिए 30,776. 36 करोड़ रुपए नकद कर्ज सीमा की ज़रूरत हैI इसमें से 27 हजार करोड़ रुपए से अधिक अप्रैल महीने के लिए मिल गए हैं जबकि मई महीने के लिए शेष रकम जल्द मिल जाएगी। सरकार ने डिप्टी कमिशनरों को कहा है कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी किस्म की कोई दिक्कत पेश न आए। किसानों को खरीद के उपरांत तुरंत भुगतान किया जाए। शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
****
आकाशवाणी तिरूवनंतपुरम केंद्र आज अपनी स्थापना का 75वां वर्ष मना रहा है। इस केन्द्र की स्थापना ट्रैवनकोर रेडियो स्टेशन के रूप में 1943 में हुई थी और पहली अप्रैल 1950 को यह आकाशवाणी का हिस्सा बना। इस अवसर पर तिरूवनंतपुरम केन्द्र सालभर के समारोह आयोजित करेगा जो आज से शुरू हो रहे हैं।
****
आकाशवाणी से आज रात साढे नौ बजे प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम- पब्लिक स्पीक का विषय रहेगा- आयकर रिटर्न प्रक्रिया का सरलीकरण। आयकर आयुक्त धर्मवीर सिंह श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे। श्रोता आयकर रिटर्न भरने, नई और पुरानी कर प्रणाली और अन्य संबंधित विषयों को लेकर प्रश्न पूछ सकते हैं।
टेलीफोन नम्बर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 , 2 3 3 1 4 4 4 4. तथा व्हाट्सअप नम्बर – 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4. पर सवाल पूछे जा सकते हैं।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
****
अब की समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– सिद्धार्थ सिंह।
आज प्रकाशित जनसत्ता ने प्रधानमंत्री की इस घोषणा को शीर्षक बनाया है कि तीसरे कार्यकाल के पहले सौ दिन में होंगे बडे काम। मेरठ में मोदी का शंखनाद, लिखा है राजस्थान पत्रिका ने। हिन्दुस्तान का शीर्षक है-महा-रैलियों में चुनावी महा-संग्राम का आगाज़। दैनिक ट्रिब्यून ने शीर्षक दिया है-भ्रष्टाचारी कान खोलकर सुन ले, एक्शन जरूर होगा। दैनिक जागरण का शीर्षक है-विपक्ष का वार मोदी का प्रहार। पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित करती राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के चित्र भी कई अखबारों ने पहले पन्ने पर सबसे ऊपर दिये हैं। आकाश मिसाइल प्रणाली का सफल परीक्षण भी कुछ अखबारों के पहले पन्ने पर है। राजस्थान पत्रिका की खबर है-आज से बदलेंगे आरटीआई से लेकर ईपीएफ तक के नियम। इलैक्ट्रॉनिक फॉरमेट में जारी होंगी बीमा पॉलिसी। नवभारत टाइम्स की खबर है-फर्जी लोन देने वाले ऐप पर आरबीआई कसेगा नकेल। अमर उजाला की खबर है- पांच राज्यों में तूफान ने मचाई तबाही, पांच की मौत, सौ से अधिक घायल। गुवाहाटी हवाई अड्डे पर छह उडानें प्रभावित। हरिभूमि ने लिखा है-अचानक बारिश, तूफान और ओलावृष्टि से पूर्वोत्तर के कई इलाकों में मौसम का प्रकोप। देशबंधु लिखता है-मौसम में दिख रहा अजब बदलाव, मैदान में बढा़ पारा, पहाड़ पर बर्फबारी।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज मुम्बई में भारतीय रिजर्व बैंक के 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करेंगे।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा भारत की अध्यक्षता में जी-20 आयोजन राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में नये सिरे से संतुलन बनाने का उदाहरण।
- पश्चिम बंगाल के जलपाई गुडी जिले में भीषण तूफान से पांच लोगों की मौत और सौ से अधिक घायल।
- ईटली के यानिक सिनर ने मयामी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में पुरूष सिंगल्स का खिताब जीता।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में डेल्ही कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 20 रन से पराजित किया।
****