मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में यातायात संपर्क को मजबूत करेगा।
- सरकार की अगले तीन वर्ष में दो लाख बीमा सखियों की नियुक्ति की योजना।
- देशभर में आज मानवाधिकार दिवस मनाया जा रहा है; इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव आज मास्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- भारत ने मस्कट में हॉकी महिला जूनियर एशिया कप में मलेशिया को पांच-शून्य से हराया।
- भारत ने दिल्ली में बधिर द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला में श्रीलंका को पांच-शून्य से पराजित किया।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में यातायात संपर्क को मजबूत करेगा और इससे लोगों को काफी आसानी होगी। सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आम लोगों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे का निर्माण हो और वे समृद्धि बढाने के लिए संपर्क सुविधा की शक्ति का लाभ उठा सकें। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल पहला विमान सफलतापूर्वक उतारा गया। दिल्ली से यह उडान कल दोपहर डेढ बजे पहुंची। विमान में भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ सवार थे। हवाई अड्डे की तैयारी के परीक्षण के दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम था। यह परीक्षण 15 दिसंबर तक जारी रहेंगे। नोएडा हवाई अड्डे से पहली व्यवसायिक उडान अप्रैल 2025 में शुरू होने की संभावना है। अपराजिता के रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से, अमन यादव।
*****
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि सरकार की योजना अगले तीन वर्षों में बीमा सखी या बीमा अभिकर्ताओं की नियुक्ति करने की है। पानीपत में बीमा सखी योजना के शुभारंभ के अवसर पर उन्होंने कहा कि इस वर्ष 25 हजार बीमा सखियों की नियुक्ति की जाएगी।
इन तीन सालों में दो लाख बीमा सखी का नियुक्त करने के लिए हम कोशिश करेंगे 2 लाख पूरे देशभर में से महिला ही नियुक्त होंगे। उम्र इसमें कोई हमें रोक नहीं सकते हैं 18 साल उम्र से 70 साल तक की महिला इसमें भर्ती हो सकते हैं। स्टाइफन मिलेगा, कमीशन भी मिलेगा अब बीमा सखी भी होंगे मगर उसके बाद अगर आप एक छोटा सा परीक्षा लिखकर उसमें पास हो जाते हैं, कुछ नंबर अच्छा मिलता है। आप आगे जाकर के कमेंट डवलपमेंट एजेंट भी बना भी सकते हैं, परमानेंटली एलआईसी में।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल हरियाणा के पानीपत में एक समारोह में महत्वाकांक्षी बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया। भारतीय जीवन बीमा निगम की इस पहल का उद्देश्य दसवीं कक्षा तक पढाई पूरी कर चुकी 18 से 70 वर्ष तक की महिलाओं को सशक्त बनाना है।
*****
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण-एनएएलएसए के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति बी आर गवई ने कहा है कि इस वर्ष तीन राष्ट्रीय लोक अदालतों के आयोजन से सात करोड़ 70 लाख से अधिक मामलों का निपटारा हुआ है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित इन लोक अदालतों में लंबित मामलों और कानूनी विवादों का समाधान किया गया। मानवाधिकार दिवस के उपलक्ष्य में एक साक्षात्कार में न्यायमूर्ति बी आर गवई ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण वर्ष में तीन बार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन करता है जिसमें कई वर्षों से न्यायालयों में लंबित मामलों का सौहार्द्रपूर्ण ढंग से निपटारा किया जाता है।
न्यायमूर्ति बी. आर. गवई ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में अन्य विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करते हैं। साथ ही, वे मानवाधिकारों के संरक्षण की दिशा में भी सक्रिय कदम उठाते हैं।
मानव अधिकारों को सुरक्षा के लिए नालसा सक्रिय कदम उठाता है। 2012 में नालसा ने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के अधिकारों के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक मुकदमा दायर किया था जिसके परिणामस्वरूप एक इतिहास संज्ञान में आया। इसमें ट्रांसजेंडर को थर्ड जेंडर के रूप में मान्यता दी गई।
न्यायमूर्ति बी आर गवई का पूरा साक्षात्कार आकाशवाणी पर आज शाम 7 बजकर दस मिनट पर सुर्खियों में कार्यक्रम में सुना जा सकता है।
*****
देशभर में आज मानवाधिकार दिवस मनाया जा रहा है। प्रतिवर्ष दस दिसंबर को मानवाधिकारों के संबंध में संयुक्त राष्ट्र की घोषणा के संदर्भ में मानवाधिकार दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र आम सभा ने वर्ष 1948 में मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा को अपनाया और लागू किया था। इसे संपूर्ण विश्व में मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए साझा मानक मानदंड के रूप में अपनाया गया। इस वर्ष का विषय है- हमारे अधिकार, हमारा भविष्य, अभी।
*****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में मानवाधिकार दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि इस वर्ष मानवाधिकार दिवस के कार्यक्रम के बाद एक दिन का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा, जिसका विषय है- मानसिक सेहत- कक्षा से कार्यस्थल तक तनाव से निपटना। मानवाधिकार आयोग के गठन के बाद से अब तक मानवाधिकार के उल्लंघन के 23 लाख से अधिक मामले दर्ज किये गये हैं और पीडि़तों को लगभग 256 करोड रुपये की आर्थिक सहायता की सिफारिश की गई है।
*****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*****
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव आज मास्को में सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर-राजकीय आयोग की 21वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। दोनों नेता रक्षा के क्षेत्र में आपसी सैन्य और औद्योगिक सहयोग सहित बहुपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे।
मॉस्को में रक्षा मंत्री द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सोवियत सैनिकों के सम्मान में अज्ञात सैनिकों की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। वे वहां भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात करेंगे।
*****
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का सातवां संस्करण कल से शुरू होगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
छत्तीसगढ़ में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज में इस कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉक्टर हुमा खान ने बताया कि स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का उद्देश्य दैनिक जीवन में आने वाली समस्याओं का नवाचार, उद्यमशीलता और रचनात्मकता के जरिए समाधान निकालने के लिए विद्यार्थियों को एक मंच प्रदान करना है।
हैकाथॉन के आयोजन के दौरान प्रतिभागी एक टीम में काम करते हैं और एक निश्चित समयसीमा के भीतर एक परियोजना या उत्पाद बनाने का प्रयास करते हैं। हैकाथॉन के अंत में टीमें अपनी परियोजनाओं को प्रस्तुत करती हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।
*****
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जम्मू भी कल से शुरू हो रहे हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले की मेजबानी करने जा रहा है।
आईआईटी जम्मू के निर्देशित प्रोफेसर मनोज कुमार गौड़ ने बताया कि जम्मू में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन है 2024 ग्रैंड फिनाले की मेजबानी करने पर उन्हें बेहद गर्व है और इस दौरान 11 दिसंबर से देश के विभिन्न हिस्सों से सबसे प्रतिभाशाली लोग आईआईटी जम्मू में आकर व्हाट इंडिया हैकाथॉन के अंतर्गत अभूतपूर्व समाधान और नवीन विचारों का दर्शन करेंगे। देश के विभिन्न संस्थानों से आईआईटी जम्मू पहुंची 30 टीमों के सदस्यों का 10 दिसंबर को पंजीकरण किया जाएगा और 11 दिसंबर से तकरीबन 32 घंटे की अंतिम दौर की चुनौतियां शुरू होगी। आकाशवाणी समाचार लिए जम्मू से मैं एन. गुलशन रैना।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस हैकाथॉन-2024 के ग्रैंड फिनाले में युवा नवोन्मेषकों से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।
*****
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण-पीएम पोषण योजना के अन्तर्गत खाद्य सामग्री के खर्च में 13 दशमलव सात प्रतिशत की वृद्धि की है। संशोधित दर इस महीने की एक तारीख से लागू हो जाएगी।
*****
जयपुर में राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। आज इस सम्मेलन के अंतर्गत प्रवासी राजस्थानी कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
प्रवासी कॉन्क्लेव के अलावा सम्मेलन में आज विभिन्न् क्षेत्रों पर आधारित सात सत्र आयोजित होंगे। स्टार्टअप्, शिक्षा, कृषि-उद्योग, स्वास्थ्य और सप्लाई चैन जैसे विषयों पर आधारित सत्रों में विषय विशेषज्ञ, उद्योग संगठनों और राज्य सरकार के प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे। इसके अलावा, अमेरिका, मलेशिया, जर्मनी, सिंगापुर तथा कोरिया देशों पर केंद्रित सत्रों में प्रदेश में इन देशों के लिए निवेश की संभावनाओं के बारे में विस्तार से मंथन होगा। कल एमएसएमई कॉन्क्लेव आयोजित किया जायेगा। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर
*****
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में 11 से 26 दिसंबर तक राज्य भर में जन कल्याण पर्व मनाया जाएगा। डॉक्टर मोहन यादव ने नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान के अन्तर्गत युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के विकास और कल्याण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
जनकल्याण पर्व के माध्यम से हमारी बड़ी-बड़ी योजनाओं को निर्देश के स्तर पर हमने कुछ कार्यक्रम बनाया है जिसमें लगभग 18354 करोड़ के विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण अलग-अलग अवधि में किया जाना प्रस्तावित किया गया है।
*****
खेल खबरों के साथ हैं मुकेश कुमार बल–
ओमान के मस्कट में महिलाओं की जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने मलेशिया को पांच-शून्य से हराकर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। इस प्रतियोगिता में मलेशिया के विरूद्ध यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को 13-1 से हराया था। अब भारत का मुकाबला कल चीन से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात साढे आठ बजे से खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता की शीर्ष पांच टीमें हॉकी विश्व कप में अपनी जगह पक्की करेंगी। भारतीय बधिर क्रिकेट टीम ने द्विपक्षीय एकदिवसीय बधिर क्रिकेट श्रृंखला में श्रीलंका के खिलाफ पांच-शून्य से क्लीन स्वीप किया है। यह श्रृंखला 2 से 8 दिसंबर तक दिल्ली में खेली गई। श्रृंखला का अंतिम मैच भारत ने 13 रन से जीता। साई आकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। श्रृंखला में सर्वाधिक 12 विकेट हासिल करने वाले श्रीलंका के एलनरोज़ कालेप को मैन ऑफ द सीरीज़ चुना गया। ओडिशा मास्टर्स 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट की आज कटक में शुरूआत होगी। यह टूर्नामेंट 15 दिसंबर तक चलेगा। पुरुष सिग्ल्स के राउंड 64 में शाश्वत दलाल, चिराग सेन और वरुण कपूर चुनौति पेश करेंगे। नितिन एच.वी. और अनघा पाई की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स के राउंड 32 में ध्रुव रावत और राधिका शर्मा के साथ मुकाबला करेगी। प्रो कबड्डी लीग में कल पुणे में दबंग दिल्ली और हरियाणा स्टीलर्स ने अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। एक अन्य मैच में हरियाणा स्टीलर्स ने तेलुगु टाइटन्स को हराया।
*****
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है। हिमाचल प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी ऐसी स्थिति बनी रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत में शीत लहर का अनुमान व्यक्त किया है।
*****
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में है। आज सुबह 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 215 के स्तर पर रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के स्तर को पार कर गया।
*****
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।
सोरोस और अडानी मुद्दों पर नहीं चली संसद, आमने-सामने सत्ता पक्ष और विपक्ष, जमकर हंगामा। जनसत्ता सहित सभी अखबारों की सुर्खी है। हिन्दुस्तान ने आरक्षण पर हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ, सुप्रीम कोर्ट का कथन प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- पश्चिम बंगाल में ओबीसी दर्जा देने के मामले में सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने की टिप्पणी। धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दे सकते। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन भी कई अखबारों ने प्रकाशित किया है। अमर उजाला लिखता है- पीएम ने कहा-भारत ने सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मंत्र से हर क्षेत्र में किया विकास। हिंद को मिला नया योद्धा, ‘आईएनएस तुशिल’ रडार को देगा चकमा, शत्रुओं का बनेगा काल। रूस के तटीय शहर कैलिनिनग्राद के तट पर भारतीय नौसेना को सौंपा गया जहाज, दैनिक जागरण की खबर है। शतरंज में 9 साल के आरित कपिल द्वारा 66 साल के ग्रैंड मास्टर को हराने की खबर आज सभी अखबारों की सुर्खी बनी है। दैनिक भास्कर लिखता है- छोटी उम्र, बड़ा कमाल, ग्रैंड मास्टर को हराने वाले पहले भारतीय बने आरित। पहाड़ों ने पर्यटकों को बुलाया, बर्फबारी से मैदानों में हल्की शीतलहर आज से। राजस्थान पत्रिका ने हुस्न पहाड़ों का शीर्षक से शिमला की मनमोहक तस्वीरों के साथ यह खबर प्रकाशित की है।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर प्रदेश में यातायात संपर्क को मजबूत करेगा।
- सरकार की अगले तीन वर्ष में दो लाख बीमा सखियों की नियुक्ति की योजना।
- देशभर में आज मानवाधिकार दिवस मनाया जा रहा है; इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रे बेलौसोव आज मास्को में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे।
- भारत ने मस्कट में हॉकी महिला जूनियर एशिया कप में मलेशिया को पांच-शून्य से हराया।
- भारत ने दिल्ली में बधिर द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला में श्रीलंका को पांच-शून्य से पराजित किया।
*****