मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज दोपहर हरियाणा के पानीपत में महिलाओं में वित्तीय साक्षरता और बीमा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बीमा सखी योजना का भी शुभारंभ करेंगे।
- विदेश सचिव विक्रम मिस्री ढाका में विदेश कार्यालय परामर्श के अंतर्गत एक बैठक में शामिल होने के लिए आज बांग्लादेश जायेंगे।
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज रूस के कलिनिनग्राद में भारतीय नौसेना के नवीनतम बहु-उद्देशीय स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट ‘आईएनएस तुशील’ का जलावतरण करेंगे।
- रूस ने सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनके परिवार को मॉस्को में शरण दी।
- भारत ने मस्कत में जूनियर महिला एशिया कप हॉकी के पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 13-1 से हराया।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में राईजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। जयपुर एग्जिबिशन और कन्वेन्शन सेंटर में आयोजित तीन दिन के इस सम्मेलन में श्री मोदी उद्घाटन भाषण देंगे। सम्मेलन में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में व्यापार जगत के पांच हजार से अधिक प्रतिनिधि, राजनयिक, निवेशक और अन्य भागीदार शामिल होंगे। आज उद्घाटन समारोह के बाद कार्यक्रम में कई सत्र होंगे जिनमें विभिन्न क्षेत्रों में विकास के विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन के दूसरे दिन कल प्रवासी राजस्थानी कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा जबकि, बुधवार को सम्मेलन के समापन वाले दिन एमएसएमई कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
इस समिट में 32 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में निवेश और उद्योगों को बढ़ावा देना तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ऊर्जा, एमएसएमई, पर्यटन और खनन समेत 9 नई नीतियां जारी की हैं। राज्य सरकार ने अगले 5 साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दोगुना कर 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।-जितेंद्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारतीय जीवन बीमा निगम-एलआईसी की बीमा सखी योजना का शुभारंभ करेंगे और हरियाणा के पानीपत में महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की आधारशिला रखेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से :
महिला सशक्तिकरण और वित्तय समावेशन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पानीपत में बीमा सखी योजना का शुभारंभ करेंगे। भारतीय बीमा जीवन निगम-एलआईसी की यह पहल 18 से 70 वर्ष की आयु की उन महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए बनाई गई है जो 10वीं कक्षा पास हैं। पहले तीन वर्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण और वृत्तिका दी जाएगी। आज प्रधानमंत्री भावी बीमा सखियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र भी वितृत करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय करनाल के मुख्य परिषर की नीव भी रखेंगे। अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार पानीपत।
******
विदेश सचिव विक्रम मिस्री के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल आज भारत-बांग्लादेश विदेश कार्यालय परामर्श-एफओसी के अगले चरण में ढाका का दौरा करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया को संबोधित करते हुए बताया था कि विदेश सचिव ढाका में वहां के विदेश सचिव के साथ बातचीत करने के अलावा अन्य बैठकों में भाग लेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
विदेश सचिवों के नेतृत्व वाली एफओसी भारत-बांगलादेश के बीच एक संरक्षित जुडाव है। यात्रा के दौरान भारतीय विदेश सचिव के बांगलादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्म्द तोहिद हुसैन से शिष्टाचार मुलाकात करने की उम्मीद है। इससे पहले रविवार को ढाका में एक समीनार को संबोधित करते हुए तोहिद हुसैन ने कहा कि यात्रा के दौरान द्विपक्षीय व्यापार मुद्दों और आपसी चिंता के अन्य मामले पर चर्चा होने की उम्मीद है। नवलसिंह प्रमार आकाशवाणी समाचार ढाका।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज रूस में कालिनिनग्राद के यंत्रा शिपयार्ड में नवीनतम बहुउद्देशिय मिसाइल स्टेल्थ फ्रिगेट आईएनएस तुशील को भारतीय नौसेना में शामिल करेंगे। नौसेना प्रमुख ए़डमिरल दिनेश के त्रिपाठी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।
रक्षा मंत्री रूस की तीन दिन की यात्रा पर कल रात मॉस्को पहुंचे। वे कल वहां रूस के रक्षा मंत्री अंद्रेई बेलुवसोव के साथ सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग के संबंध में भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सह-अध्यक्षता भी करेंगे।
दोनों नेता रक्षा क्षेत्र में आपसी सैन्य और औद्योगिक सहयोग सहित बहुपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। वे आपसी हितों के समसामयिक, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
रक्षा मंत्री द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सोवियत सैनिकों के सम्मान में मॉस्को में अज्ञात सैनिकों की समाधि पर श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। वे वहां भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात करेंगे।
******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
******
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने नॉर्वे और भारत के व्यापार संबंधों को बढ़ावा देने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा करते हुए दोनों देशों के बीच एक स्टार्टअप सेतु शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में वृद्धि के लिए संबंधित मंत्रालयों के साथ मिलकर इससे जुड़ी चिंताओं को सामूहिक रूप से दूर करने के संबंध में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। वे उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के सहयोग से भारतीय उद्योग परिसंघ-सीआईआई की ओर से मुंबई में आयोजित भारत-नॉर्वे बिजनेस फोरम को संबोधित कर रहे थे।
******
सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद पश्चिम एशिया से भागकर अपने परिवार के साथ मॉस्को पहुंच गए हैं। रूस के राष्ट्रपति भवन-क्रेमलिन के सूत्रों के अनुसार वहां उन्हें मानवीय आधार पर शरण दी गई है। बशर अल असद को राजधानी दमिश्क का नियंत्रण अबू मुहम्मद अल-जोलानी के नेतृत्व में विद्रोही गुटों के हाथों में आने के बाद देश छोड़ना पड़ा। इसके साथ ही, सीरिया में दशकों से चला आ रहा असद का शासन समाप्त हो गया।
रूस के राष्ट्रपति भवन क्रेमलिन ने कल बशर अल असद के मास्को में पनाह लेने की पुष्टि कर दी है। असद सरकार का पतन लंबे समय से चले आ रहे मजबूत क्षेत्रीय शक्तियों में बडे बदलावों का प्रतिक है। विपक्षी ताकतों द्वारा सीरियाई राजधानी दमिश्क में बडी तेजी से हमला किया गया, जिसका समापन प्रमुख सरकारी संस्थानों और कुख्यात सैदनाया जेल पर कबजे के रूप में हुआ। दमिश्क की ऐतिहासिक उमय्यद मस्जिद में, विद्रोही नेता अल-जोलानी ने इसे पूरे इस्लामी राष्ट्र की जीत की घोषणा की। इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी अल-जलाली ने देश में स्वतंत्र चुनाव कराने का आह्वान किया है। उन्होंने देश में सत्ता परिवर्तन के बीच इस संबंध में अल-जोलानी के साथ चल रही वार्ता की पुष्ठि भी की है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
सीरिया की राजनीतिक स्थिति में तेजी से हुए बदलाव ने क्षेत्रीय स्थिरता में अरब देशों की चिंता बढ़ा दी है। इस्राइल पर 7 अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व में हुए हमले और उसके बाद गज़ा में संघर्ष से पैदा तनाव के बीच यह चिंता और भी गंभीर हो गई है।
******
झारखंड विधानसभा का चार दिनों का विशेष सत्र आज से रांची में शुरु हो रहा है। इस दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा, उसके बाद हेमंत सोरेन सरकार विश्वास मत प्राप्त करेगी।
******
पुड्डूचेरी के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता एमडीआर रामचंद्रन का कल रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 90 वर्ष के थे।
श्री रामचंद्रन 1980 से 1983 और 1990 से 1991 तक पुड्डूचेरी के मुख्यमंत्री थे।
******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिंदी और अंग्रेजी में अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे़ नौ बजे “तपेदिक मुक्त भारत” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। परिचर्चा में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में उप महानिदेशक (टीबी) प्रोफेसर उर्वशी बी. सिंह और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में पल्मोनरी मेडिसिन के प्रोफेसर डॉक्टर विजय हड्डा भाग लेंगे।
श्रोता तपेदिक की पहचान और उसके उपचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हमारे विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान श्रोता टेलीफोन नंबर 011-23 42 10 50 और 011-23 31 44 44 पर विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं।
******
ओमान के मस्कत में कल रात महिला जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत ने बांग्लादेश को 13-1 के बड़े अंतर हरा दिया।
ओमान की राजधानी मस्कत में कल रात महिलाओं की जूनियर एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने बांग्लादेश पर 13-1 से शानदार जीत हासिल की। भारत की ओर से मुमताज खान ने 4 बेहतरीन गोल किए। अपने ग्रुप में भारत का अगला मुकाबला आज मलेशिया से होगा।
******
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
******
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में क्लाउड कंप्यूटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल गवर्नेंस में नवाचारों द्वारा संचालित भारत की विकसित डिजिटल अर्थव्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा है कि भारत के डिजिटल बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अखतर।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज राजस्थान के जयपुर में राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट की शुरूआत करने, पानीपत में बीमा सखी योजना लॉन्च करने, और सीरिया में तख्ता पलट जैसी खबरें समाचार पत्रों की सुर्खियां बनी हुई हैं।
- लबालब हो निवेश, मजबूत हो आर्थिक नींव, शीर्षक से राजस्थान पत्रिका लिखता है कि- समृद्धि के आसमान में तेजी से उड़ान भर रहे राजस्थान की अर्थ व्यवस्था में एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है।
- प्रधानमंत्री आज पानीपत में लॉन्च करेंगे बीमा सखी योजना– इस शीर्षक से दैनिक ट्रिब्यून लिखता है कि केन्द्रीय योजनाओं के लिए हरियाणा पहली पसंद बनता जा रहा है और श्री मोदी ने 2015 में राष्ट्रव्यापी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं की शुरूआत भी पानीपत से ही की थी।
- सीरिया में तख्ता पलट पर भी अखबारों की नजर रही है। जनसत्ता की सुर्खी है- सीरिया में असद परिवार 50 साल का शासन खत्म, जबकि दैनिक भास्कर लिखता है कि सीरिया में नया युग शुरू, असद भागे, देश विद्रोहियों के कब्जे में, राष्ट्रपति भवन लूटा।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज दोपहर हरियाणा के पानीपत में महिलाओं में वित्तीय साक्षरता और बीमा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए बीमा सखी योजना का भी शुभारंभ करेंगे।
- विदेश सचिव विक्रम मिस्री ढाका में विदेश कार्यालय परामर्श के अंतर्गत एक बैठक में शामिल होने के लिए आज बांग्लादेश जायेंगे।
- रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज रूस के कलिनिनग्राद में भारतीय नौसेना के नवीनतम बहु-उद्देशीय स्टील्थ गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट ‘आईएनएस तुशील’ का जलावतरण करेंगे।
- रूस ने सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनके परिवार को मॉस्को में शरण दी।
- भारत ने मस्कत में जूनियर महिला एशिया कप हॉकी के पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 13-1 से हराया।
******