मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने की ताकत बनने का आह्वान किया।
- केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, भारत 2047 तक दुनिया के शीर्ष 10 समुद्री व्यापारी देशों में होगा।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा – अमरीकी डॉलर से प्रतिस्पर्धा के लिए नई ब्रिक्स मुद्रा शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं।
- विद्रोही सेना ने सीरिया के प्रमुख शहर होम्स पर कब्जे के बाद राजधानी दमिश्क को घेरना शुरू किया।
- और, ओमान के मस्कत में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट में आज भारत का सामना बांग्लादेश से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के अभियान की ऊर्जा-शक्ति बनने का आहवान किया है। श्री मोदी ने कहा कि अगले महीने विकसित भारत युवा नेता संवाद आयोजित किया जायेगा, जो युवाओं को विचारों के आदान-प्रदान का मंच देगा।
युवा विचारों को नए अवसर देने के लिए कुछ ही सप्ताह बाद जनवरी में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग उसका भी आयोजन होगा। इसमें हमारी युवा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए अपने आइडियाज देंगे, अपने योगदान की रूपरेखा तैयार करेंगे, सभी युवा कार्यक्रम इससे भी जुड़ सकते हैं।
प्रधानमंत्री कल शाम अहमदाबाद में बोचा सण्वासी अक्षर पुरूषोत्तम स्वामीनारायण संस्था के स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यकर सुवर्ण महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देशवासी कई राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।
आज जब देश विकसित भारत का लक्ष्य लेकर चल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन हो, नेचुरल फार्मिंग हो, या पर्यावरण को लेकर जागरूकता की बात हो, बेटियों की शिक्षा हो, या आदिवासी कल्याण का विषय हो, देश के लोग आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण की यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान पूरे विश्व में लोकप्रिय हुआ है और यह पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढावा दे रहा है। उन्होंने भुज भूकंप, केरल बाढ़, उत्तराखंड भूस्खलन और कोविड संकट के दौरान निस्वार्थ सेवा के लिए संस्था के स्वयंसेवकों की सराहना की।
*******
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत वर्ष 2047 तक विश्व के शीर्ष दस समुद्रतटीय बंदरगाह गतिविधियों वाले देशों में शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत बंदरगाहों में माल ढुलाई के लिए कार्गो प्रबंधन क्षमता तेजी से बढा रहा है। श्री सोनोवाल कल चेन्नई में कामराजार पोर्ट ट्रस्ट के रजत जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कामराजार बंदरगाह पर पांच सौ 45 करोड रूपये की लागत से बनने वाले कैपिटल ड्रेजिंग, एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र की आधारशिला भी रखी। श्री सोनोवाल दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा के 83वें दीक्षांत समारोह में भी शामिल हुए।
*******
विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि अमरीकी डॉलर से प्रतिस्पर्धा के लिए नई ब्रिक्स करेंसी शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। कतर में दोहा फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अमरीकी डॉलर को कमजोर करने का ब्रिक्स देशों का कोई इरादा नहीं है।
डॉ जयशंकर ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर ब्रिक्स देश एकमत नहीं हैं। एक सप्ताह पहले ही अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रम्प ने साझा करेंसी योजना शुरू करने पर ब्रिक्स देशों को सौ प्रतिशत सीमा शुल्क लगाने की चेतावनी दी थी।
*******
विदेशमंत्री एस.जयशंकर मनामा संवाद में भाग लेने के लिए कल रात बहरीन की राजधानी मनामा पहुंचे। बहरीन के विदेशमंत्री डॉ. अब्दुल लतीफ बिन राशिद अल ज़ायानी ने श्री जयशंकर की अगवानी की। एक रिपोर्ट-
दोहा की यात्रा के दौरान, विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जयशंकर ने दोहा फोरम 2024 में “नए युग में संघर्षों के समाधान के लिए मध्यस्थता” शीर्षक से चर्चा में भाग लिया। उन्होंने लाल सागर में बढ़ते तनाव और एशियाई जहाजरानी मार्ग पर उसके असर पर चिंता व्यक्त की और भारतीय हितों पर इसके प्रत्यक्ष प्रभावों पर चर्चा की। श्री जयशंकर ने कतर के प्रधानमंत्री और नॉर्वे के विदेशमंत्री के साथ बातचीत में इसराइल और ईरान के बीच जारी तनाव और वैश्विक संघर्षों पर विचार विमर्श किया। डॉ जयशंकर ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेशमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी के साथ गजा और सीरिया में जारी संघर्ष और द्विपक्षीय हितों के मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कतर के वाणिज्य और उद्योग मंत्री के साथ भी बैठक की। बहरीन में श्री जयशंकर चौथे भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग की सह-अध्यक्षता करेंगे। बैठक का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशना है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
विदेशमंत्री डॉ. जयशंकर अंतर्राष्ट्रीय रणनीतिक अध्ययन संस्थान द्वारा आयोजित मनामा संवाद की 21वीं कडी में भाग लेंगे।
*******
नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को संरक्षित करना है। तीन दिन के इस कार्यक्रम का समापन आज होगा। एक रिपोर्ट –
इस महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत के प्रसिद्ध मूंगा और एजीसीएल को समर्पित मंडप का निर्माण किया गया है। मेले में बनाया गया ग्राम हाट बाजार आकर्षण का बना केंद्र बनकर उभर रहा है, जिसमें पूर्वोत्तर भारत के 320 किसान और कारीगर अपनी उत्पादन और कला का प्रदर्शन कर रहे हैं आज एक तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर के सभी राज्यों को अपनी विशेषताओं को निखारने और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने में मदद कर रही है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत करते हुए मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है की अष्टलक्ष्मी महोत्सव सभी हितधारकों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अष्टलक्ष्मी महोत्सव न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक सुंदरता को प्रदर्शित कर रहा है। बल्कि आर्थिक अवसर भी उपलब्ध करा रहा है। आदर्श के साथ सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
सीमा सुरक्षा बल आज जोधपुर में साठवां स्थापना दिवस मना रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। पहली बार जोधपुर में सीमा सुरक्षा बल राजस्थान सीमांत मुख्यालय स्थापना दिवस परेड की मेजबानी कर रहा है। यह वर्ष सीमा सुरक्षा बल का हीरक जयंती वर्ष भी है।
सीमा सुरक्षा बल के प्रशिक्षण केंद्र मैदान में आयोजित होने वाले समारोह में बल के देश भर के जवान हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में जवान क्षमता और शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। महिला टुकड़ी भी परेड में शामिल होगी। इसके साथ ही 7 जवानों को गेलेंट्री अवॉर्ड से सम्मानित किया जायेगा। मुख्य परेड में स्वदेशी हेलीकॉप्टर ध्रुव व एमआई 17 शामिल भी होंगे।– जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जयपुर में ‘राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन 2024’ का उद्घाटन करेंगे करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस सम्मेलन में दुनिया भर के प्रमुख उद्योगपति, राजनयिक, व्यापार प्रतिनिधि और निवेशक भाग लेंगे।
*******
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज से रूस की तीन दिन की यात्रा पर होंगे। इस दौरान वे मॉस्को में रूस के रक्षामंत्री आंद्रे बेलोसोव के साथ सेना और सैन्य तकनीकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सहअध्यक्षता करेंगे। दोनों नेता सैन्य और औद्योगिक सहयोग सहित दोनों देशों के रक्षा संबंधों की समीक्षा करेंगे।
*******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज मुंबई में नॉर्वे की राजदूत मे–एलिन स्टेनर के नेतृत्व में नॉर्वे के उद्योग प्रतिनिधिमंडल से मिलेंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के देशों के बीच हाल में हुए मुक्त व्यापार समझौते पर चर्चा होगी।
*******
प्रसारभारती के अध्यक्ष नवनीत सहगल ने कहा है कि दूरदर्शन का वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म परिवार के हर सदस्य के लिए स्वस्थ मनोरंजन उपलब्ध कराएगा। अहमदाबाद दूरदर्शन केंद्र् के दौरे में उन्होंने कहा कि वेव ओटीटी प्लेटफार्म से दर्शकों को दूरदर्शन के पुराने शास्त्रीय और लोकप्रिय कार्यक्रमों का आनन्द उठाने का भी अवसर मिलेगा।
दूरदर्शन ने अपना ओ.टी.टी. वेव्स अभी लॉन्च किया है। उसका मुख्य आधार है कि हम ऐसअ पब्लिक ब्रॉडकास्टर साफ सुथरा मनोरंजन आमजन को देना चाहते हैं और यह पहली बार किसी ओ.टी.टी. प्लेटफॉर्म पर न्यूज़ चैनल्स को भी जोड़ा गया है।
*******
सीरिया में विद्रोही सेना ने प्रमुख शहर होम्स पर कब्जा करने के बाद राजधानी दमिश्क को घेरना शुरू कर दिया है। विद्रोहियों ने सरकारी सेना के खिलाफ हमला तेज कर दिया है और एक दिन में ही चार शहरों पर कब्जा कर लिया है। इस बीच, सीरिया राष्ट्रपति कार्यालय ने राष्ट्रपति बशर अल असद के दमिश्क छोड कर जाने की खबरों का खंडन किया है।
*******
और अब खेल समाचारों से
ओमान के मस्कत में हो रहे जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट में आज भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। प्रतियोगिता में कल ग्रुप ए के मुकाबले में चीन ने बांग्लादेश को बुरी तरह 19-0 से पराजित किया वहीं, मलेशिया ने थाईलैंड को तीन–शून्य से हराया था। ग्रुप बी में जापान ने श्रीलंका को 15-0 से शिकस्त दी। प्रतियोगिता में शीर्ष पांच पर रहने वाली टीमें अगले वर्ष चिली में होने वाले एफआईएच जूनियर विश्व कप की क्वालिफाइंग करेंगी। वहीं क्रिकेट में एडिलेट ओवल में ऑस्ट्रेलिया के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत आज अपनी दूसरी पारी में आगे खेलना शुरू करेगा। भारतीय टीम ने कल स्टम्स के समय तक पांच विकेट पर 128 रन बना लिए थे। भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 29 रन पीछे है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय रिषभ पंत और निशीत रेड्डी क्रीज पर थे। इससे पहले, ऑस्ट्रलिया ने अपनी पहली पारी में तीन सौ 37 रन का स्कोर खडा किया और भारत पर 157 रन की बढत बनाई थी। बार्डर–गावस्कर ट्रॉफी में पांच क्रिकेट टेस्ट मैचों की श्रंखला में भारत एक–शून्य से आगे है।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में आ गयी है। आज सुबह सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 263 दर्ज किया गया।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
अखबारों ने आज अलग-अलग खबरों को प्राथमिकता दी है। केंद्र सरकार मेसेज की निगरानी पर लाएगी नए नियम – नवभारत टाइम्स में प्रमुखता से है। पत्र के अनुसार किसी व्यक्ति के मेसेज की निगरानी अब अधिकतम छह महीने तक की जा सकेगी।
भारत की पहल पर 21 दिसंबर को मनाया जाएगा विश्व ध्यान दिवस। हिन्दुस्तान सहित अधिकतर अखबारों में है। पत्र के अनुसार भारत कि विशेष प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। हवाई अड्डों पर लागू होंगे विश्वस्तरीय सुरक्षा मानक अमर उजाला की खबर है। पत्र के अनुसार केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने आंतरिक गुणवत्ता नियत्रंण इकाई की स्थापना की। अनुभवी टीम की रहेगी नजर।
दैनिक भास्कर की पहली खबर है हिमाचल और उत्तराखंड में शुरू नहीं हुई बर्फबारी, कश्मीर, लद्दाख में भी तो औसत भी नहीं। पत्र ने इसे बर्फ का सूखा बताते हुए लिखा है कि गंगा से लगे पहाड़ों पर बर्फ का स्तर पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत से कम है। हिन्दी सिनेमा के शोमैन राजकपूर की जन्म शताब्दी पर एक सौ 35 थियेएटर पर फिर रिलीज होगी राजकपूर की दस सुपरहिट फिल्में। राजस्थान पत्रिका में प्रमुखता से है। पत्र कहता है कि ये उत्सव 13 से 15 दिसंबर तक रहेगा।
*******
और, अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने की ताकत बनने का आह्वान किया।
- केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, भारत 2047 तक दुनिया के शीर्ष 10 समुद्री व्यापारी देशों में होगा।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा – अमरीकी डॉलर से प्रतिस्पर्धा के लिए नई ब्रिक्स मुद्रा शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं।
- विद्रोही सेना ने सीरिया के प्रमुख शहर होम्स पर कब्जे के बाद राजधानी दमिश्क को घेरना शुरू किया।
- और, ओमान के मस्कत में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट में आज भारत का सामना बांग्लादेश से।
*******