मुख्य समाचार:
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा में तीन रेल लाइन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम अहमदाबाद में बोचासंन्यासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था-बाप्स के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करेंगे।
- केंद्र ने चक्रवात फेंजल से प्रभावित तमिलनाडु के लिए नौ सौ 44 करोड़ रुपये मंजूर किए। केंद्रीय दल की रिपोर्ट के बाद और अधिक सहायता दी जाएगी।
- भारत पहली बार संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ नियंत्रण आयोग के 68वें सत्र की अध्यक्षता करेगा।
- भारत ने बढती हिंसा के बीच अपने नागरिकों को सीरिया की यात्रा फिलहाल न करने की सलाह दी है।
- भारत का विदेशी मुद्रा भंडार डेढ अरब डॉलर बढ़कर छह सौ 58 बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है।
- जूनियर महिला हॉकी एशिया कप आज से ओमान की राजधानी मस्कट में शुरू हो रहा है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा में तीन रेल लाइनों की आधारशिला रखेंगी। इनमें बांगड़ीपोसी से गौमाहीसानी, बड़मपहाड़ से केंदूझारगढ़ और बुडामोरा से चाकुलिया रेल लाइनें शामिल हैं। ये रेल लाइनें मयूरभंज ज़िले के बांगरीपोसी में हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इन रेल लाइनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने मंजूरी दी थी।
राष्ट्रपति द्रौपदि मुर्मू आज 86 किलोमीटर लंबी बंग्रीपोसी-गुरूमहिसानी रेल लाइन की आधारशिला रखेंगी। जो उड़ीसा के मयूरभंज जिले के भीतर संपर्क को बढ़ाएगी। इस परियोजना की अनुमानित निर्माण लागत 2549 करोड रुपए होगी और यह यात्रियों और माल की आवाजाही को सुगम बनाएगी। जिससे क्षेत्रीय आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा। 82 किलोमीटर लंबी बादामपहाड़ केंदुझाड़गढ रेल लाइन का निर्माण अनुमानित दो हजार 106 करोड रुपए की लागत से किया जाएगा 60 किलोमीटर लंबी बुरामारा-चाकुलिया रेल लाइन उड़ीसा के मयूरभंज जिले और झारखंड के पूर्व सिंघभूम जिले को जोड़ेगी और इसे बनाने की अनुमानित लागत 1639 करोड रुपए होगी। इस नई रेल लाइन के शुरू होने से बेहतर कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों में नए व्यावसायिक अवसर खुलेंगे और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उड़ीसा के मयूरभंज और क्योंझर जिले के पिछड़े क्षेत्र के विकास को भी बढावा मिलेगी। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, बंग्रीपोसी।
राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार से पांच दिन के ओडिशा दौरे के बाद आज दिल्ली लौटेंगी।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अहमदाबाद में बोचासंन्यासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था–बाप्स के स्वर्णजयंती समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इस अवसर पर गृहमंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस कार्यक्रम में एक लाख बाप्स स्वयंसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
बोचासणवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था द्वारा स्वयं सेवकों की सेवा को सम्मानित करने के लिए साल भर चलने वाले कार्यकर्ता स्वर्ण महोत्सव का उद्घाटन 28 जनवरी 2024 को सूरत में महान स्वामी जी ने किया था। इस भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का समापन आज नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। इस कार्यक्रम में दुनियाभर के 30 देशों के एक लाख से अधिक स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। 1972 में ब्रह्म स्वरूप प्रमुख स्वामी महाराज ने कार्यकरों के लिए एक संगठित ढांचा तैयार किया था। जो अब पूरे विश्व में सेवा कार्य में जुड़ा है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
*******
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज एक दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे अहमदाबाद में ग्लोबल हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे और गुजरात लोक सेवा ट्रस्ट के वार्षिक महोत्सव में भी शामिल होंगे।
*******
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज बिहार में पूर्वी चंपारण ज़िले के मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। वे स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों के सफल विद्यार्थियों को पदक और उपाधि भी प्रदान करेंगे।
*******
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पांच हजार 872 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से देश में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने और कर्नाटक के शिवमोग्गा के केंद्रीय विद्यालय के विस्तार को मंजूरी दे दी है। कल नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन नए केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से देश में सस्ती और उच्च गुणात्मक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
85 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे और एक केंद्रीय विद्यालय को एक्सपेंड करने का अप्रूवल मिला है और इसमें 82 थाऊजेंड 560 स्टूडेंट्स को इसका बेनिफिट मिलेगा और नया एमप्लॉएमेंट भी क्रिएट होगा 5388 रेगुलर जॉब्स क्रिएट होंगे इसमें और अप्रूव्ड अमाउंट है केंद्रीय विद्यालय के लिए जो आज के कैबिनेट में हमारे प्रधानमंत्री जी ने अप्रूव किया है 5872 करोड़।
*******
गृह मंत्रालय ने चक्रवात फेंजल से प्रभावित तमिलनाडु को राज्य आपदा राहत कोष से 944 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि जारी करने की मंजूरी दे दी है। अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल की रिपोर्ट के बाद अन्य प्रभावित राज्यों को भी सहायता दी जाएगी। चक्रवात से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय दल को तमिलनाडु और पुद्दुचेरी भेजा गया है। गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फेंजल से निपटने में केंद्र सरकार तमिलनाडु के साथ खड़ी है।
*******
महाराष्ट्र विधानसभा का तीन दिन का विशेष सत्र आज से मुंबई में शुरू हो रहा है। इसमें नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी और विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा। नव-निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाने का काम कल भी जारी रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव सोमवार को होगा। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महायुति सरकार विश्वास-मत हासिल करेगी।
*******
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा देश भर में तपेदिक यानी टीबी के मामलों से निपटने के लिए आज हरियाणा के पंचकुला से 100 दिन के अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में दिल्ली तपेदिकरोधी सम्मेलन में देश को टीबी-मुक्त करने का संकल्प लिया था।
*******
मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल पंचमढ़ी का होटल एमपीटी अमलतास राज्य का ऐसा पहला होटल बन गया है जो पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित है। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कल ही इसका उद्घाटन किया है। राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अन्य परियोजनाओं में भी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
हमने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए होटल अमलतास का पूरा संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किये जाने की योजना बनाई है। इसके लिए 23 स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षित कर नियुक्त किया गया है अब ये महिला कर्मचारी होटल अमलतास का संचालन करेंगी।
*******
भारत, संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ नियंत्रण आयोग के 68वें सत्र की अध्यक्षता करेगा। आस्ट्रिया की राजधानी वियना में, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि शंभु कुमारन ने कल आयोग के अध्यक्ष का पदभार संभाला। यह पहली बार है जब भारत को संयुक्त राष्ट्र की इस महत्वपूर्ण संस्था की अध्यक्षता के लिए नामित किया गया है। इस आयोग के कार्यों में वैश्विक नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की निगरानी करना और नीतियां बनाने में सदस्य देशों का सहयोग करना शामिल हैं।
*******
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को फिलहाल सीरिया की यात्रा न करने की सलाह दी है। यह कदम सीरिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उठाया गया है।
विदेश मंत्रालय ने सीरिया में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से राजधानी दमिश्क स्थित भारतीय दूतावास के सम्पर्क में रहने को कहा है। दूतावास का आपात हेल्पलाइन नम्बर है- + 9 6 3 9 9 3 3 8 5 9 7 3 और ई-मेल आई.डी. है- hoc.damascus@mea.gov.in विदेश मंत्रालय ने लोगों को तुरंत सीरिया छोड़ने की सलाह भी दी है। लोगों से अपनी सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने और आवाजाही बेहद सीमित रखने की सलाह भी दी गई है। सुपर्णा सैकिया की रिपोर्ट के साथ समाचार, कक्ष से जया भारती।
*******
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर आज कतर में दोहा फोरम में भाग लेंगे। इस वर्ष के दोहा फोरम का विषय है- अनिवार्य नवोन्मेष। डॉक्टर जयशंकर कल बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लातीफ बिन राशिद अल जायनी के साथ चौथे भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग की सह-अध्यक्षता भी करेंगे।
*******
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 29 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 1 अरब 51 करोड़ डॉलर बढ़कर 658 अरब 9 करोड़ डॉलर हो गया। यह बढोत्तरी खासकर विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में वृद्धि के कारण हुई है जो अब 568 अरब 85 करोड़ डॉलर हो गई है। रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बताया कि विदेशी मुद्रा भंडार महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका उपयोग असामान्य परिस्थितियों से निपटने, बाज़ार में विश्वास तथा समग्र वित्तीय स्थिरता बनाए रखने के लिए किया जाता है।
*******
जूनियर महिला एशिया हॉकी कप टूर्नामेंट आज से ओमान की राजधानी मस्कट में शुरू हो रहा है। ज्योति सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम कल पहला मुकाबला बांग्लादेश से करेगी। टूर्नामेंट का फाइनल 15 दिसम्बर को होगा।
*******
आस्ट्रेलिया में एडिलेड में, भारत के साथ दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन आज ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलेगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा।
*******
नेपाल में सप्ताहभर चला बिबाह पंचमी महोत्सव रामकलेका रस्म से बरातियों को विदा करने के साथ ही आज सम्पन्न हो जाएगा।
सीताराम बिबाह पंचमी कल मनाई गई जिसमें लाखों श्रद्धालु तराई के जनकपुरधाम में दर्शन के लिए आये थे। विवाह पंचमी भारत और नेपाल के बीच लोगों के संबंध मजबूत कर रही है और यह उत्सव साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। नेपाल के उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव ने विश्वास व्यक्त किया है कि बिबाह पंचमी उत्सव सामाजिक और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देगा।
*******
आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई हिमालयी क्षेत्रों में रात के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। कल पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के साथ पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
*******
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता एक बार फिर ख़राब श्रेणी में पहुंच गई हैं। आज सुबह सात बजे औसत वायु गुणवत्ता 215 दर्ज किया गया। शहर के कुछ इलाक़ों में वायु प्रदूषण का स्तर 142 से 301 के बीच दर्ज किया गया।
*******
अब आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों से
संसद में कृषि मंत्री का बयान दैनिक जागरण की पहली खबर है। पत्र लिखता है- सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेगी केंद्र सरकार। हरिभूमि ने लिखा है- राज्यसभा में बोले केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान- पचास प्रतिशत से ज्यादा का एम.एस.पी. तय करने के साथ किसानों की उपज भी खरीदेंगे। अमर उजाला ने किसानों को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक की घोषणा प्रकाशित की है- किसानों को बिना गारंटी दो लाख तक कर्ज। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी की सीट के पास पांच सौ रुपये के नोटों की गड्डी मिलने की ख़बर अख़बारों में छायी हुई है। हिन्दुस्तान ने इस मामले को अभूतपूर्व बताते हुए लिखा है- नोट मिलने से सियासी उबाल। राजस्थान पत्रिका लिखता है- कांग्रेस ने जे.पी.सी. जांच की मांग की। दिल्ली मैट्रो के चौथे चरण में रिठाला-कुंडली मैट्रो कॉरिडोर के निर्माण को मोदी कैबिनेट की मंजूरी मिलने की ख़बर भी अख़बारों में है। राष्ट्रीय सहारा ने बताया है- चार वर्ष में बनकर तैयार होगा, इस खण्ड में 21 स्टेशन होंगे। पंजाब केसरी ने 85 सेंट्रल और 28 नवोदय स्कूल खोलने की भी मंजूरी मिलने को प्रमुखता दी है। जनवरी से मारुति, सुजुकी और महिंद्रा वाहनों के दाम बढ़ाएगी- दैनिक भास्कर में है। नवभारत टाइम्स ने एशिया कप के फाइनल में भारत के पहुंचने को पहले पन्ने पर जगह दी है। जनसत्ता ने अध्ययन शीर्षक से लिखा है- निजी अस्पतालों में होती है सबसे ज्यादा प्रसव सर्जरी। देश में हर पांच में से एक शिशु का जन्म सामान्य प्रसव से नहीं।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ओडिशा में तीन रेल लाइन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम अहमदाबाद में बोचासंन्यासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था-बाप्स के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करेंगे।
- केंद्र ने चक्रवात फेंजल से प्रभावित तमिलनाडु के लिए नौ सौ 44 करोड़ रुपये मंजूर किए। केंद्रीय दल की रिपोर्ट के बाद और अधिक सहायता दी जाएगी।
- भारत पहली बार संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ नियंत्रण आयोग के 68वें सत्र की अध्यक्षता करेगा।
- भारत ने बढती हिंसा के बीच अपने नागरिकों को सीरिया की यात्रा फिलहाल न करने की सलाह दी है।
- भारत का विदेशी मुद्रा भंडार डेढ अरब डॉलर बढ़कर छह सौ 58 बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है।
- जूनियर महिला हॉकी एशिया कप आज से ओमान की राजधानी मस्कट में शुरू हो रहा है।
*******