मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे, महोत्सव में पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
- केंद्र और एशियाई विकास बैंक ने मेघालय में जलवायु अनुकूल जल संग्रहण परियोजना के लिए 50 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- भारतीय रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति के निर्णयों की घोषणा करेगा।
- कृतज्ञ राष्ट्र आज भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- क्रिकेट में, आज सुबह शारजाह में पुरूष अंडर-19 एक दिवसीय एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से।
- बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच आज एडिलेड ओवल में शुरू होगा।
**************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। तीन दिन के महोत्सव में पूर्वोत्तर का सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक ताना-बाना प्रदर्शित किया जाएगा। एक रिपोर्ट –
अष्ट लक्ष्मी महोत्सव में पूर्वोत्तर राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित किया जाएगा इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर भारत के प्रसिद्ध मोगा और एरी सिल्क को समर्पित मंडप हस्तशिल्प के लाइव प्रदर्शन और पूर्वोत्तर क्षेत्र के उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे। इसमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के कारिगरों, बुनकरो और उद्यमियों के लिए नई अवसरों का सृजन होगा। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण ग्रामीण हाट बाजार होगा, जिसमें पूर्वोत्तर के 320 किसान अपनी उपज और कारीगर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। दीपेंद्र कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
इसके पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वोत्तर राज्यों की संस्कृति और कौशल के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।
इस अष्टलक्ष्मी को भारत की ताकत मानते हैं। नॉर्थ ईस्ट का कल्चर, यहां का यंग टैलेंट और यहां के रिसोर्सेस नॉर्थ ईस्ट के ही काम आए। इसके लिए हमने काम शुरू किया है। हमने दिल्ली को भी कनेक्ट किया है और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से गांवों और शहरों को भी कनेक्ट किया है।
**************
केंद्र और एशियाई विकास बैंक -एडीबी ने मेघालय में जलवायु-अनुकूल जल संग्रहण परियोजना के लिए पांच करोड डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। आर्थिक मामलों के विभाग में संयुक्त सचिव जूही मुखर्जी और एडीबी के भारतीय मिशन के कंट्री डायरेक्टर मियो ओका ने कल जलवायु-अनुकूल समुदाय-आधारित जल-संग्रहण परियोजना के लिए ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह परियोजना 12 जिलों में 532 छोटी जल-भंडारण सुविधाओं के निर्माण में सहायता करेगी। ये सुविधाएं भारी वर्षा और अचानक आने वाली बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए जलवायु-अनुकूल डिज़ाइन तैयार करेंगी।
इस परियोजना के तहत किसानों के लिए तीन हज़ार हेक्टेयर कमांड क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके अलावा गारो, जैंतिया और खासी क्षेत्रों में जलवायु डेटा एकत्र करने और निगरानी करने के लिए 50 मौसम केंद्र और सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली भी स्थापित करेगा।
एशियाई विकास बैंक मेघालय राज्य जलग्रहण एवं बंजर भूमि विकास एजेंसी तथा मृदा एवं जल संरक्षण विभाग की जल प्रबंधन क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगा।
**************
भारतीय रिजर्व बैंक-आरबीआई आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति के बारे में लिये गये फैसलों की घोषणा करेगा। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता में गठित समिति मौद्रिक नीति पर बुधवार से विचार-विमर्श कर रही थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि रिजर्व बैंक रेपो दर पर यथास्थिति बनाए रखने की संभावना है, लेकिन नकद आरक्षित अनुपात- सीआरआर को समायोजित करने पर विचार कर सकता है।
**************
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
**************
भारत रत्न बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर के 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर आज कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। एक रिपोर्ट….
भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, और अन्य नेता संसद भवन में स्थित प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। भारत रत्न डॉक्टर अंबेडकर एक न्यायविद, विचारक, अर्थशास्त्री और समाज सुधारक थे। जिन्होंने अपना जीवन समानता की वकालत करने और जाति आधारित भेदभाव को मिटाने के लिए समर्पित कर दिया। बाबासाहेब को 1990 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
**************
इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज भुवनेश्वर में डॉक्टर भीमराव आम्बेडकर को श्रृद्धांजलि अर्पित करेंगी। हमारे संवाददाता ने बताया कि राष्ट्रपति दोपहर बाद अपने पैतृक गांव मयूरभंज ज़िले के उपरबेड़ा भी जाएंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उस गांव में वापस जाने वाली हैं जिसने उनके शुरुआती वर्षों को आकार दिया। राष्ट्रपति के लिए यह अपनी जड़ों की ओर लौटने की एक गहरी निजी यात्रा है। रायरंगपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति रायरंगपुर उप मंडलीय अस्पताल को एक एंबुलेंस सौंपेंगी बाद में वह रायरंगपुर महिला महाविद्यालय जायेंगी जहां शंकाएं और छात्रों से बातचीत करेगी। अपनी यात्रा में सांस्कृतिक स्पर्श पर जोड़ते हुए पूरा रायरंगपुर के पूर्णेश्वरी महादेव मंदिर में एक नव स्थापित गणेश प्रतिमा का अनावरण करेंगीं प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।
राष्ट्रपति अपने गृह राज्य ओडिशा के 5 दिन के दौरे पर मंगलवार को भुवनेश्वर पहुँची थीं।
**************
इस मौके पर महाराष्ट्र के मुंबई में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अंतिम विश्राम स्थल चैत्य भूमि पर आने वाली भारी भीड़ को संभालने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। देश भर से लाखों लोगों के यहा पर एकत्रित होने की संभावना है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
बीएमसी ने 1 लाख वर्गफुट क्षेत्र में पंडाल और शेल्टर की व्यवस्था की है नियंत्रण कक्ष, एंबुलेंस, पोर्टेबल शौचालय, पेयजल आदि की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा कुर्ला एलटीटी टर्मिनस और वडाला में डॉक्टर अंबेडकर कॉलेज में भी यातायात और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। मध्य रेलवे ने कुछ विशेष अनारक्षित ट्रेनों की व्यवस्था भी की है। प्रार्थना आकाशवाणी समाचार मुंबई।
**************
महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाबा साहेब के जन्म स्थान महू में उन्हें श्रृंद्धांजलि अर्पित की जा रही है। महू आम्बेडकर पंचतीर्थों में से एक तीर्थ है।
**************
12वां पुद्दुचेरी अंतरराष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्म महोत्सव आज से केंद्र शासित प्रदेश में शुरू हो रहा है। पांडिचेरी विश्वविद्यालय में आयोजित इस महोत्सव में दुनिया भर की 35 लघु फिल्में और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएंगी। यह महोत्सव विश्वविद्यालय, भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम, तमिलनाडु प्रोग्रेसिव राइटर्स आर्टिस्ट एसोसिएशन और पुद्दुचेरी फिल्म फोरम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। एक रिपोर्ट …
प्रसिद्ध भारतीय वृत्तचित्र फिल्म निर्माता आनंद पटवर्धन पोंडिचेरी विश्वविद्यालय में आज इस फिल्म महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। पहले दिन आनंद पटवर्धन की फिल्म वसुधेव कुटुम्बकम की स्क्रीनिंग और चर्चा होगी। इसके अलावा दस अन्य फिल्में भी दिखाई जाएंगी। कल फिल्म निर्माता शिवकुमार मोहनन स्वतंत्र सिनेमा के लिए चेक लिस्ट पर एक मास्टर क्लास का नेतृत्व करेंगे। संपादक बी. लेनिन, फिल्म निर्माता वी. पक्किरसामी, तमिलनाडु प्रोगेसिव रायटर्स एंड आर्टिस्ट्स एसोसिएशन के महासचिव अधवन देचन्या, लेखक एस. तमिलसेल्वन और फिल्म कलाकार रोहिणी जैसी प्रमुख हस्तियां भी महोत्सव में भाग लेंगी। पुद्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से चंद्रशेखर शर्मा।
**************
संसद ने भारतीय वायुयान विधेयक 2024 पारित कर दिया है। विधेयक केंद्र सरकार को किसी भी विमान के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव, बिक्री, निर्यात या आयात को विनियमित करने और विमान संचालन की सुरक्षा के लिए नियम बनाने का अधिकार देता है।
विधेयक पर हुई चर्चा का उत्तर देते हुए नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडु ने कहा कि सरकार नागर विमानन क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और वह देश को नागर विमानन का एक प्रमुख केंद्र बनाना चाहती है।
**************
लोकसभा की कल की कार्यवाही भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर आरोप के बाद विपक्ष के हंगामे के कारण कल दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। शून्यकाल के दौरान दुबे ने एक फ्रांसीसी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी ताकतें भारतीय संसद और देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। कांग्रेस, डीएमके और अन्य दलों के सदस्यों ने एक प्रमुख व्यापारिक संगठन पर कथित रिश्वतखोरी के आरोपों और संभल हिंसा के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया।
**************
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने कल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार ने उप-मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
**************
उधर, झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के नवनियुक्त मंत्रियों ने कल शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची में राजभवन में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
**************
भारत और चीन ने दोनों सरकारों के बीच प्रासंगिक द्विपक्षीय समझौतों, प्रोटोकॉल और सहमति के अनुसार प्रभावी सीमा प्रबंधन और शांति बनाए रखने की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की है। भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र डब्ल्यूएमसीसी की 32वीं बैठक कल नई दिल्ली में आयोजित की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव -पूर्वी एशिया गौरांगलाल दास और चीन विदेश मंत्रालय के सीमा और महासागरीय मामलों के विभाग के महानिदेशक हांग लियांग ने चीन का नेतृत्व किया।
दोनों पक्षों ने हाल ही में हुए विघटन समझौते के कार्यान्वयन की सकारात्मक रूप से पुष्टि की, जिसने 2020 में उभरे मुद्दों का समाधान किया।
**************
अमरीका के उत्तरी कैलिफोर्निया में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता सात मापी गई है। भूकंप के चलते सुनामी की चेतावनी जारी की गई।
अमरीका भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप हम्बोल्ट काउंटी के फेरंडेल शहर के पश्चिम में आया था। भूकंप के तेज़ झटकों के बाद कैलिफोर्निया में 53 लाख लोगों के लिए सुनामी की चेतावनी दी गई। भूकंप से किसी भी तरह की जनहानि के समाचार नहीं हैं।
**************
खेल समाचारों के साथ शक्ति प्रताप सिंह –
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा क्रिकेट टेस्ट मैच आज से एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। यह मैच दिन रात का होगा और गुलाबी गेंद से खेला जाएगा। वहीं शारजहां में चल रहे अंदर-19 एक दिवसीय क्रिकेट एशिया कप के सेमीफाइनल में आज भारत और श्रीलंका का मुकाबला होगा यह मैच भारतीय समय अनुसार सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा। एक अन्य सेमीफाइनल में आज पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा शतरंज में सिंगापुर में फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के डी. गुकेश और मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन के बीच नौवीं बाज़ी भी ड्रॉ रही। दोनों खिलाड़ी 54 चालों के बाद बाजी ड्रा करने पर सहमत हुए। अब दोनों खिलाड़ियों के साढे चार अंक हो गए हैं जबकि चैंपियनशिप जीतने के लिए साढे सात अंक की आवश्यकता है और कुश्ती में सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप आज से कर्नाटक में शुरू होगी। इसमें कुल 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उधर, बहरीन में आज से शुरू हो रही विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में तीन भारतीय महिला खिलाड़ी भाग लेंगी।
**************
वहीं, मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी औऱ कराईकल के कुछ स्थानों पर आज तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान की सम्भावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से और सोमालिया तट पर तूफान की स्थिति बनने की बात कही है। विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
**************
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है और आज सुबह 7 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक-एक्यूआई 186 रहा।
**************
ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
**************
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– मुकेश कुमार।
- आज सभी समाचार पत्रों के पहले पन्ने पर अलग-अलग खबरें हैं। जहां एक तरफ इसरो के दो उपग्रहों को प्रक्षेपित करने का समाचार सचित्र दिया गया है वहीं महाराष्ट्र में नई सरकार गठन की खबर भी प्रकाशित की गई है। दिल्ली में प्रदूषण कम होने और सुप्रीम कोर्ट का निर्देश भी सुर्खी बनी है। रूस के राष्ट्रपति का भारत में निवेश बढ़ाने का ऐलान भी कई समाचार पत्रों में है।
- जनसत्ता की सुर्खी है- महाराष्ट्र में महा अदल-बदल फडणवीस मुख्यमंत्री, शिदें उपमुख्यमंत्री। हिन्दुस्तान ने ताजपोशी शीर्षक से लिखा है- महाराष्ट्र में महायुति सरकार के शपथ ग्रहण में राजग का महाजुटान। अमर उजाला की खबर है- इसरों की एक और कामयाबी, प्रोबा-3 कक्षा में स्थापित।
- दैनिक भास्कर ने सुर्खी बनाई है- दिल्ली एन.सी.आर. की हवा में सुधार, सुप्रीम कोर्ट ने ग्रैप-3 और 4 के प्रतिबंधों में छूट की अनुमति दी।
- पुतिन का भारत में निवेश बढ़ाने का एलान, पीएम मोदी के मेक इन इंडिया को सराहा, जयशंकर की मांग, रूस खोले बाजार। दैनिक जागरण की सुर्खी है।
- आत्मनिर्भर बनी हजारों आदिवासी महिलाएं, गढ़ रही नई तस्वीर, राजस्थान पत्रिका की खबर है। पत्र लिखता है- प्रदेश में वन-धन विकास केन्द्रों से जुड़ी एक लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा रोजगार।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में अष्टलक्ष्मी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे, महोत्सव में पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।
- केंद्र और एशियाई विकास बैंक ने मेघालय में जलवायु अनुकूल जल संग्रहण परियोजना के लिए 50 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- भारतीय रिजर्व बैंक आज अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति के निर्णयों की घोषणा करेगा।
- कृतज्ञ राष्ट्र आज भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- क्रिकेट में, आज सुबह शारजाह में पुरूष अंडर-19 एक दिवसीय एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से।
- बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच आज एडिलेड ओवल में शुरू होगा।
**************