Download
Mobile App

android apple
signal

December 3, 2024 9:24 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज चंडीगढ़ में तीन नये अपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन की प्रगति से राष्‍ट्र को अवगत कराएंगे।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में अंतरराष्‍ट्रीय दिव्‍यांगजन दिवस के अवसर पर तैंतीस व्यक्तियों औऱ संस्थाओं को दिव्‍यांगजनों सशक्‍तिकरण के लिए राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान करेंगी।
  • विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने निवेश सहित सभी महत्‍वपूर्ण आर्थिक निर्णयों को राष्‍ट्रीय सुरक्षा के नज़रिए से देखे जाने की आवश्‍यकता पर बल दिया।
  • इस वर्ष अप्रैल से सितम्बर माह के दौरान भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश- एफडीआई, 45 प्रतिशत बढ़कर 29 अरब उन्‍नासी करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
  • केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा-खेलो इंडिया योजना में 21 खेलों के दो हजार सात सौ से अधिक एथलीटों की पहचान की गई है और उन्‍हें आवश्‍यक सहायता प्रदान की जा रही है।
  • ओमान के मस्‍कट में आज शाम पुरूषों के हॉकी जूनियर एशिया कप के सेमी फाइनल में भारत का सामना मलेशिया से होगा।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज चंडीगढ में तीन नये अपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन की प्रगति से राष्‍ट्र को अवगत कराएंगे। ये कानून हैं- भारतीय न्‍याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्‍य अधिनियम। इस वर्ष पहली जुलाई से देशभर में लागू किए गए, इन कानूनों का उद्देश्‍य विधि प्रणाली को अधिक पारदर्शी, कुशल और समकालीन समाज की जरूरतों के अनुकूल बनाना है। कार्यक्रम का विषय है – दंड से न्‍याय के परिप्रेक्ष्‍य में सुरक्षित और विकसित भारत। कार्यक्रम के दौरान नए कानूनों के व्‍यावहारिक पहलुओं पर चर्चा होगी।

*****

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में अंतरराष्‍ट्रीय दिव्‍यांगजन दिवस 2024 के अवसर पर तैंतीस व्यक्तियों औऱ संस्थाओं को दिव्‍यांगजनों के सशक्तीकरण में असाधारण योगदान के लिए राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान करेंगी। इस अवसर पर सामाजिक न्‍याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्‍द्र कुमार दिव्‍यांगजन के जीवन को समृद्ध करने के लिए 16 परिवर्तनकारी उपायों का शुभारंभ करेंगे।

*****

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज पांच दिन की यात्रा पर ओडिशा रवाना होंगी। राष्ट्रपति इस यात्रा के दौरान पंडित रघुनाथ मुर्मु की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और भुवनेश्वर में आदिम ओवार जरपा जाहेर का दौरा करेंगी। वे पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गोपबंधु आयुर्वेद महाविद्यालय की 75वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगी तथा ब्लू फ्लैग बीच पर नौसेना दिवस समारोह और परिचालन प्रदर्शन में भी शामिल होंगी।

राष्ट्रपति पांच दिसंबर को भुवनेश्वर में ओडिशा कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 40वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। वे भुवनेश्वर में नए न्यायालय परिसर का भी उद्घाटन करेंगी।

*****

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ आज एक दिन के दौरे पर मुंबई जाएंगे। वे केंद्रीय कपास प्रौद्योगिकी अनुसंधान संस्‍थान के शताब्‍दी स्‍थापना दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि होंगे और शताब्‍दी स्‍तम्‍भ का भी उद्घाटन करेंगे।

*****

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने निवेश सहित सभी महत्‍वपूर्ण आर्थिक निर्णयों को राष्‍ट्रीय सुरक्षा के नज़रिए से देखे जाने की आवश्‍यकता पर बल दिया है। नई दिल्‍ली में भारतीय उद्योग परिसंघ सीआईआई साझेदारी सम्‍मेलन 2024 को संबोधित करते हुए डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि यदि हम शस्‍त्रीकरण के युग में नहीं हैं तो तेजी से लाभ उठाने के युग में हैं। इसलिए नीति निर्माताओं को निवेश सहित सभी आर्थिक निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के नज़रिए से लेने होंगे। विदेश मंत्री ने यह टिप्‍पणी चीन की आक्रामक व्यापार शैली के प्रति बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच की है।

*****

प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश – एफडीआई ने इस वर्ष अप्रैल से सितंबर की छमाही में, पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 45 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस दौरान 29 अरब डॉलर से अधिक का निवेश हुआ। उद्योग और आंतरिक व्‍यापार संवर्द्धन विभाग के अनुसार एफडीआई का लाभ मुख्‍य रूप से सेवा क्षेत्र, कंप्‍यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर, दूरसंचार, ऑटोमोबाइल, फार्मास्‍युटिक्‍लस और रसायन क्षेत्र को हुआ है।

*****

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने भूमि के क्षरण और बंजर होने जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए भारत के व्‍यापक प्रयासों को रेखांकित किया है। सऊदी अरब के रियाद में कल जलवायु परिवर्तन सम्‍मेलन कॉप 16 के अंतर्गत भ‍ूमि को बंजर होने से बचाने के लिए संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में सूखे की स्थिति का सामना करने के संबंध में मंत्री स्‍तरीय संवाद के दौरान भारत की ओर से दिये गये बयान में उन्‍होंने यह जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि इस दिशा में भारत की यात्रा परिवर्तनकारी प्रतिबद्धता, नवाचार और सतत विकास के रूप में चल रही है। उन्‍होंने यह भी कहा किया कि जलवायु परिवर्तन सम्‍मेलन के सभी सदस्‍य देश इस यात्रा में बराबर के साझेदार हैं।

*****

केन्‍द्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज से नागालैंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे किसामा के नागा हेरिटेज विलेज में 25वें हॉर्नबिल महोत्‍सव 2024 के कल्चरल कनेक्ट कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

*****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

संसद के दोनों सदनों में गतिरोध समाप्‍त करने के लिए सरकार और विपक्षी दलों के बीच सहमति बन गई है। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कल संसद भवन में विभिन्‍न दलों के नेताओं के साथ बैठक की। श्री बिरला ने सभी सदस्‍यों से सदन के सुचारू संचालन का अनुरोध किया। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजि‍जू ने कहा कि सुचारू रूप से संसद चलेगी और दोनों सदनों में संविधान के मुद्दे पर एक विशेष चर्चा होगी।

सुचारू रूप से पार्लियामेंट चलेगा ऐसा एग्री हुआ है और ऐसा ही चलेगा मुझे पूरा उम्मीद है और सबसे अपील है कि हम जो रि‍मेनिंग हमारा शीतकालीन सत्र का जो समय हमारे पास है। हम अच्‍छी तरह से प्रयोग करेंगे। कांग्रेस पार्टी, टीएमसी सब मुद्दे रखना चाहती है। वो अपना जो नोटिस देंगे और स्‍पीकर साहब विचार करेंगे या चेयरमैन राज्‍य सभा में विचार करेंगे।

*****

महाराष्‍ट्र में नये मुख्‍यमंत्री को लेकर हलचल जारी है। राज्‍य में भारतीय जनता पार्टी ने वित्‍तमंत्री निर्मला सीतारामन और गुजरात के पूर्व मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी को केन्‍द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों नेता मुंबई में आज भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे। श्री रूपाणी ने कहा कि बैठक में सबका मत जानने का प्रयास किया जायेगा।

महाराष्ट्र में पार्टी के नेता चुनने की जो प्रक्रिया है, वहां एज ए ओब्‍जर्वर हम दोनों जा रहे हैं। संसदीय दल की बैठक होती है, उसमें सबका मत जानने की कोशिश करते हैं। जो जो प्रस्ताव आएंगे उसे पर विचार होगा और बाद में सर्वानु‍मति बताएंगे तो उसको ही हम नेता के तौर पर डिक्‍लेयर कर देंगे।

पार्टी विधायक दल की बैठक 4 दिसंबर को होगी।

*****

बिहार में बड़े पैमाने पर पेपर लीक होने और अन्‍य धांधलियों के चलते सामुद‍ायिक स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों के साढे चार हजार पद भरने के लिए आयोजित की गई कंप्‍यूटर आधारित परीक्षा रद्द कर दी गई है। बिहार राज्‍य स्‍वास्‍थ्‍य समिति ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। यह परीक्षा रविवार और सोमवार को पटना में 12 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

*****

दुनिया की सबसे घातक औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक भोपाल गैस त्रासदी की आज 40वीं बरसी है। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। प्रार्थना सभा में राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में भोपाल गैस त्रासदी में दिवंगत हुए गैस पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी। एक रिपोर्ट-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भोपाल गैस पीड़ितों और उनके बच्चों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा रहे हैं। नवम्बर माह तक 20 हजार से ज्यादा गैस पीड़ितों के आयुष्मान कार्ड बन गए हैं। इसके फलस्वरूप गैस पीड़ित मरीजों को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के अधीन संचालित 6 अस्पतालों और 9 औषधालयों के साथ प्रदेश के सभी अनुबंधित अस्पतालों में भी नि:शुल्क उपचार मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड मिलने से गैस पीड़ित चाँद भाई और मोहम्मद साबिर के लिए भी इलाज आसान हो गया है।

जो गैस पीडितों के लिए आयुष्‍मान कार्ड जो बने हैं अब उससे ये होगा की आदमी वहीं भी प्राइवेट में जहां भी उसकी मर्जी आई वो इलाज करवा लेगा। उससे ये फायदा है। फायदा ये है कि भाई मतलब ये कहीं भी आप ईलाज करवा सकते हैं, किसी भी बड़े हॉस्‍पि‍टल में अगर आपके पास पैसा नहीं है तो वो तो गरीब को मतलब एक सहायता मिली, आयुष्‍मान है तो कोई दिक्‍कत ही नहीं है उसमें। उधर, राज्य शासन से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करीब 4 हजार 406 गैस पीड़ित विधवाओं को पेंशन राशि के अलावा भोपाल गैस राहत विभाग द्वारा एक हजार रूपये प्रतिमाह अतिरिक्त पेंशन भी दी जा रही है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

*****

पाकिस्‍तान में आतंकवाद रोधी न्‍यायालय ने पाकिस्‍तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के संस्‍थापक इमरान खान, उनकी पत्‍नी बुशरा बीबी, खैबर पख्‍तूनख्‍वा के मुख्‍यमंत्री अली अमीन गंडापुर और 93 अन्‍य नेताओं के विरूद्ध गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। उन पर इस्‍लामाबाद में हाल में हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और दंगों के आरोप हैं।

इमरान खान की ओर से 24 नवंबर को प्रदर्शन का आह्वान किया गया था।

*****

मौसम विभाग ने केरल, उत्तरी तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, लक्षद्वीप, तटीय और दक्षिण कर्नाटक में आज तेज से बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। केरल, कर्नाटक, गोवा तट, लक्षद्वीप, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन क्षेत्र में तूफानी मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

*****

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन आज सुबह 7 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 274 के साथ यह खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 300 के पार चला गया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले दो दिनों में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रात और सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

*****

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि खेलो इंडिया योजना में 21 खेलों के दो हजार सात सौ 81 एथलीटों की पहचान की गई है जिनमें पैरा एथलीट भी शामिल हैं। योजना के अंतर्गत खेलो इंडिया प्रतिभा विकास कार्यक्रम के एक भाग के रूप में इन एथलीटों को आवश्‍यक सहायता प्रदान की जा रही है। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में श्री मांडविया ने कहा कि खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत खेलो इंडिया प्रतिभा विकास कार्यक्रम के माध्‍यम से प्रतिभाओं की पहचान की जाती है और उन्‍हें आगे बढ़ने में मदद की जाती है।

*****

खेल खबरों के साथ है – मुकेश कुमार बल

ओमान के मस्‍कट में आज पुरूषों के हॉकी जूनियर एशिया कप 2024 के सेमीफाइनल में पूर्व विजेता भारत का सामना मलेशिया से होगा। यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार रात साढ़े आठ बजे शुरू होगा। इस प्रतियोगिता का एक और सेमी फाइनल आज ही पाकिस्‍तान और जापान के बीच खेला जाएगा। प्रो कबड्डी लीग का अंतिम चरण आज से पुणे में शुरू हो रहा है। यह 24 दिसंबर तक चलेगा। बेंगलुरु बुल्स आज रात 8 बजे गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी। दूसरी ओर पुणेरी पल्टन का मुकाबला आज रात 9 बजे चिर-प्रतिद्वंद्वी यू मुंबा से होगा। फुटबॉल की इंडियन सुपर लीग में जमशेदपुर फुटबॉल क्लब ने कल मोहम्मडन स्पोर्ट्स क्लब पर 3-1 की शानदार जीत के साथ जीत की राह पर वापसी की। आगामी मुकाबलों में हैदराबाद फुटबॉल क्लब का सामना कल हैदराबाद में गोवा फुटबॉल क्लब से होगा। विश्व शतरंज चैंपियनशिप में भारत के ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और मौजूदा चैंपियन चीन के डिंग लीरेन सिंगापुर में अपना सातवीं बाजी फिर से खेलेंगे। यह मुकाबला आज दोपहर भारतीय समयानुसार दो बजकर तीस मिनट पर शुरू होगा। शारजहां में अंडर-19 एशिया कप एकदिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत ने जापान को 211 रन से हरा दिया है। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को संयुक्‍त अरब अमीरात से होगा।

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।

  • सरकार और विपक्ष के बीच संसद में जारी गतिरोध समाप्‍त होने को आज के सभी अखबारों ने मुख पृष्‍ठ पर दिया है। अमर उजाला की सुर्खी है- सत्ता और विपक्ष के बीच पिघली बर्फ, आज से बिना बाधा चलेगी संसद। लोकसभा अध्‍यक्ष की पहल पर सर्वदलीय बैठक में गतिरोध समाप्त करने पर बनी सहमति।
  • दिल्‍ली में प्रदूषण रोकने के लिए पाबंदिया लागू रहेंगी। हिन्‍दुस्‍तान ने लिखा है- सुप्रीम कोर्ट ने ग्रैप-4 की सख्तियों में किसी भी तरह की ढील देने से किया इनकार। शीर्ष न्‍यायालय ने कहा- इस समस्‍या का स्‍थाई समाधान खोजना होगा।
  • जमीन अधिग्रहण के लिए ज्‍यादा मुआवजे और अन्‍य मांगों को लेकर किसानों के दिल्‍ली कूच को स्‍थगित करने की खबर को अखबारों ने प्रमुखता दी है। नवभारत टाइम्‍स ने लिखा है- किसानों के कूच पर हफ्तेभर ब्रेक। यूपी सरकार से मिला वार्ता का आश्‍वासन।
  • पाकिस्‍तानी नौसेना को मजबूत बनाने में जुटा चीन- नौसेना प्रमुख का यह बयान राष्‍ट्रीय सहारा में है। नौसेना दिवस से पहले एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा- भारत किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार।
  • कॉर्बोनेटैड पेय पदार्थ, सिगरेट और तंबाकू पर लगेगा 35 प्रतिशत जीएसटी। दैनिक जागरण का कहना है जीएसटी दरों को तर्कसंगत बनाने वाले मं‍त्रिसमूह ने लिया फैसला।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज चंडीगढ़ में तीन नये अपराधिक कानूनों के कार्यान्‍वयन की प्रगति से राष्‍ट्र को अवगत कराएंगे।
  • राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली में अंतरराष्‍ट्रीय दिव्‍यांगजन दिवस के अवसर पर तैंतीस व्यक्तियों औऱ संस्थाओं को दिव्‍यांगजनों सशक्‍तिकरण के लिए राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान करेंगी।
  • विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने निवेश सहित सभी महत्‍वपूर्ण आर्थिक निर्णयों को राष्‍ट्रीय सुरक्षा के नज़रिए से देखे जाने की आवश्‍यकता पर बल दिया।
  • इस वर्ष अप्रैल से सितम्बर माह के दौरान भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 45 प्रतिशत बढ़कर 29 अरब उन्‍नासी करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
  • केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा-खेलो इंडिया योजना में 21 खेलों के दो हजार सात सौ से अधिक एथलीटों की पहचान की गई।
  • ओमान के मस्‍कट में आज शाम पुरूषों के हॉकी जूनियर एशिया कप के सेमी फाइनल में भारत का सामना मलेशिया से होगा।

*****