Download
Mobile App

android apple
signal

November 30, 2024 10:13 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल होंगे।
  • भारत ने बांग्लादेश में बढते कट्टरपंथी बयानों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की।
  • चक्रवाती तूफान फेंजल के आज दोपहर बाद पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम तट से टकराने की संभावना। पुडुचेरी और तमिलनाडु तेज बारिश से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर।
  • नाइजीरिया में नाइजर नदी में नाव पलटने से 27 लोगों की मौत और 100 से अधिक लोग लापता।
  • लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैंडमिंटन चैंपियनशिप में पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन आज सिंगल्‍स स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले खेलेंगे।
  • दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट में, भारत आज सुबह अपने पहले मैच में पाकिस्तान से खेलेगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज ओडिशा के भुवनेश्‍वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्‍मेलन में भाग लेंगे। तीन दिन के इस सम्‍मेलन का कल केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उद्घाटन किया। श्री मोदी कल भी इस सम्‍मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद से मुकाबला, तटीय सुरक्षा, साइबर अपराध, नए आपराधिक कानून और मादक पदार्थों की तस्‍करी से निपटने सहित राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर ध्‍यान केन्द्रित किया जा रहा है। इस दौरान विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी प्रदान किए जाएंगे।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सुलाहकार अजि‍त डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा और केन्‍द्रीय गृह सचिव सहित कई गणमान्‍य व्‍यक्ति इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।  

प्रधानमंत्री आज सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर सम्मेलन के दूसरे दिन शामिल होंगे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों और महानिदेशकों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख के साथ पूरे दिन विचार विमर्श में भाग लेंगे। इस बीच सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री के भुवनेश्वर प्रवास के मद्देनजर ओड़ीसा सरकार ने व्यापक सुरक्षा उपाय किए हैं। पुलिस ने भुवनेश्वर में पांच स्थानों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है प्रकाशदास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी तीन दिन के ओडिशा दौरे पर कल शाम भुवनेश्वर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक जनसभा को संबोधित किया। उन्‍होंने हवाई अड्डे से राजभवन तक रोड शो भी किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सवा सौ साल से पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्‍मेलन का आयोजन हो रहा है। 

और अभी मैं यहां डीजीपी कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने आया हूं और आप पहले से बहुत लोगों को आश्चर्य था कि मीडिया के लोगों को भी आश्चर्य होगा। हमारे देश में लगभग सवा सौ साल से यह डीजीपी कांफ्रेंस चल रहा है हर वर्ष हो रहा है। सौ सवा सौ साल से अंग्रेजों के जमाने से चल रहा है 100 सवा 100 साल से डीजीपी कांफ्रेंस चल रहा है, उड़ीसा में पहली बार हो रहा है, देश भर के इस क्षेत्र के जो प्रमुख लोग हैं वह दो दिन यहां बैठ कर के महाप्रभु जी की इस पवित्र धरती से प्रेरणा लेकर के अपने-अपने क्षेत्र में जाने वाले हैं।

श्री मोदी ने राज्य भाजपा मुख्यालय में सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और पार्टी नेताओं से मुलाकात की।

*******

भारत ने बांग्लादेश से आग्रह किया है कि वह अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्‍यक कदम उठाए। कल नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश के साथ हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर खतरों और लक्षित हमलों के मामलों को लगातार दृढ़ता से उठाया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में भारत की स्थिति स्पष्ट है कि अंतरिम सरकार को सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि इस्कॉन विश्‍व स्‍तर पर सामाजिक सेवा से जुड़ा प्रतिष्ठित संगठन है। चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के बारे में उन्‍होंने कहा कि कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। भारत को उम्मीद है कि ये प्रक्रियाएं न्यायसंगत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीकों से निपटेंगी।

श्री जायसवाल ने चिन्मय कृष्ण द्वारा गिरफ्तारी के बारे में कहा कि कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। भारत को उम्मीद है कि ये प्रक्रियाएं न्यायसंगत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होंगी।

*******

भारत ने बांग्लादेश से आग्रह किया है कि वह अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्‍यक कदम उठाए। कल नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश के साथ हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर खतरों और लक्षित हमलों के मामलों को लगातार दृढ़ता से उठाया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में भारत की स्थिति स्पष्ट है कि अंतरिम सरकार को सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि इस्कॉन विश्‍व स्‍तर पर सामाजिक सेवा से जुड़ा प्रतिष्ठित संगठन है। चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के बारे में उन्‍होंने कहा कि कानूनी प्रक्रियाएं चल रही हैं। भारत को उम्मीद है कि ये प्रक्रियाएं न्यायसंगत, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीकों से निपटेंगी।

*******

केन्‍दीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन आज बिहार के मधुबनी जिले में ऋण आउटरीच कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान श्रीमती सीतारामन विभिन्‍न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत भी करेगी। दौरे के दूसरे और अंतिम दिन, वित्त मंत्री स्‍वयं सहायता समूहों, रोजगार सृजन योजनाओं ओर अन्‍य क्षेत्रों के लाभार्थियों को एक हजार करोड रुपये से अधिक के ऋण स्‍वीकृति पत्र वितरित करेंगी।

*******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 दिसम्‍बर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में तीन दिवसीय अष्टलक्ष्मी महोत्सव 2024 का उद्घाटन करेंगे। इस महोत्सव में पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों – अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा तथा सिक्किम की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और शिल्प संपदा का प्रदर्शन किया जाएगा। कल नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह आयोजन पूर्वोत्तर भारत और देश के बाकी हिस्सों के बीच सांस्कृतिक सेतु बनेगा और आर्थिक गतिविधियों को बढावा देगा।

इस अष्टलक्ष्मी महोत्सव के द्वारा क्षेत्र की परंपरा हो, क्षेत्र का हस्तशिल्पी हो, कारीगरी हो संस्कृति हो इन सभी विरासतों का समन्वय संगम और प्रदर्शन इस तीन दिवसीय महोत्सव के द्वारा किया जाएगा और मुझे विश्वास है कि जो हमारे उत्तर पूर्वी राज्यों का महत्व है वह इस महोत्सव के द्वारा राष्ट्रपटल पर केवल नहीं लेकिन विश्व पटल पर उजागर होगा।

*******

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में एक निजी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। श्री कोविंद राज्य के दो दिन के दौरे पर कल विजयवाड़ा पहुंचे।

*******

के‍न्‍द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्‍वनी वैष्‍णव आज गुजरात की एक दिन की यात्रा पर रहेंगे। वे सूरत के किम में बुलेट ट्रेन ट्रैक स्लैब विनिर्माण संयंत्र का दौरा करेंगे और वडोदरा में प्‍लास्‍सर (Plasser) इंडिया फैक्‍टरी भी जाएंगे। बाद में वे वडोदरा में गति शक्ति विश्‍वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में भी भाग लेंगे।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाडी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान फेंजल के आज दोपहर बाद उत्‍तरी तमिलनाडु के तट को पार करने और पुडुचेरी के पास कराईकल तथा महाबलीपुरम तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की गति बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।

तूफान कल आधी रात नागापटण्णम से 230 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व और चेन्‍नई से 210 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव कल चक्रवाती तूफान में बदल गया है।

तूफान संभावित क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। तूफान की आशंका के मद्देनजर पुद्दुचेरी प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर है। पूरे केंद्र शासित प्रदेश में व्यापक आपदाप्रबंधन उपाय किए गए हैं। स्‍थानीय प्रशासन ने लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी है। सभी समुद्र तट और पर्यटन स्‍थल आज बंद रहेंगे। चक्रवात से जुड़ी समस्‍याओं के लिए लोग टोल-फ्री हेल्‍पलाइन नम्‍बर 1 1 2 और 1 0 7 7 पर सम्‍पर्क कर सकते हैं या मोबाइल नम्‍बर 9 4 8 8 9 8 1 0 7 0  पर व्‍हाट्एप के जरिए संदेश भेज सकते हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षा के लिए राहत शिविरिों में जाने की सलाह दी गई है। मत्‍स्‍य पालन विभाग ने पुद्दुचेरी और कराइकल में मछुआरों से अपनी नौकाओं और उपकरणों को सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाने की अपील की है। तमिलनाडु में दोपहर बाद पूर्वी तट रोड और पुराने महाबलीपुरम रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेंगी। राज्‍य सरकार ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। पुद्दुचेरी से टी.सिवा कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।

 *******

केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा है कि कपड़ा उद्योग में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कल नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्‍होंने बताया कि सरकार की समर्थ योजना (कपड़ा क्षेत्र में क्षमता निर्माण योजना) से तीन लाख 60 हजार  महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। श्री मार्गेरिटा ने बताया कि हाल ही में दो लाख करोड़ रूपये के परिव्यय से पीएम इंटर्नशिप योजना शुरू की गई है, इसका उद्देश्‍य एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप प्रदान करना है।

इट्स ए वर्ल्ड रिकॉर्ड एक दशमलव पांच-छह करोड़ लोगों को हम अपस्किलिंग किए हैं और उनमें से 50% से भी ज्यादा 15 से 29 सालों के बीच का जो ऐज ग्रुप है युवा हैं उनको दिए हैं और नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम भी है अपना इसके तहत हम 36 लाख 81 हजार अप्रेंटिस को बेनिफिट मिला है।

*******

नाइजीरिया में कल नाइजर नदी के किनारे लोगों से भरी नाव पलटने से 27 लोगों की मृत्‍यु हो गई और 100 से अधिक लापता हो गए। नाइजर राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि नाव पर लगभग 200 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकतर महिलाएँ थीं, जो कोगी राज्य से पड़ोसी राज्य नाइजर जा रही थी। बचाव दल ने 27 शव निकाल लिये हैं और गोताखोर अभी भी जीवित बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

*******

अगले वर्ष होने वाले आई.सी.सी. चैम्पियन ट्रॉफी टूर्नामेंट से जुड़े मुद्दे पर अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट परिषद बोर्ड के सदस्‍यों की कल वर्चुअल बैठक हुई। मीडिया की ख़बरों में कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से भारतीय टीम के पाकिस्‍तान नहीं जाने के भारत के दृढ़ रुख का आई.सी.सी. बोर्ड के सदस्‍यों ने समर्थन किया।

बी.सी.सी.आई. के उपाध्‍यक्ष राजीव शुक्‍ला ने कहा है कि भारतीय खिलाडियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में श्री शुक्‍ला ने कहा कि आई.सी.सी. और पाकिस्‍तान क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत जारी है। उन्‍होंने कहा कि बी.सी.सी.आई. भारत सरकार के आदेश के अनुसार काम करेगा।

बात चल रही है अभी पाकिस्तान बोर्ड से सभी बात चल रही है। आईसीसी अपना प्रयास कर रही है। हमारी पोजिशन बडी क्लीयर है कि जो भी हमें गवर्मेंट कहेगी वो हम करेंगे।

*******

दुबई में, ए.सी.सी. अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में आज ग्रुप-ए के मैच में भारत का सामना पाकिस्‍तान से होगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह साढे दस बजे शुरू होगा। भारतीय टीम की कप्‍तानी मोहम्‍मद अमान कर रहे हैं।

आज ग्रुप-ए के दूसरे मुकाबले में संयुक्‍त अरब अमीरात का सामना जापान से होगा। ये मैच भी सुबह साढ़े दस बजे शुरू होगा।

*******

आज लखनऊ में सैयद मोदी अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। महिला एकल में, शीर्ष भारतीय खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का मुकाबला उन्नति हुड्डा से होगा। पुरुष एकल में, लक्ष्य सेन का सामना जापान के शोगो ओगावा और दूसरी वरीयता प्राप्‍त प्रियांशु राजावत का मुकाबला सिंगापुर के चौथे वरीयता प्राप्‍त जिया हेंग जेसन तेह से होगा।

*******

ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में भारतीय क्रिकेट टीम और प्राइम मिनिस्‍टर इलेवन के बीच दो दिन का   अभ्यास मैच आज से गुलाबी गेंद से खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा।

*******

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।

  • जी.डी.पी. दर घटकर पांच दशमलव चार प्रतिशत होने की ख़बर अमर उजाला और नवभारत टाइम्‍स की पहली सुर्खी है। नवभारत टाइम्‍स लिखता है- जी.डी.पी. ग्रोथ दो साल बाद इतनी नीचे पहुंची। अब भी सबसे तेज इकोनॉमी। अमर उजाला ने लिखा है- सुस्‍ती के बावजूद भारत दुनिया में दूसरी तिमाही में सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍था।
  • सम्‍भल मस्जिद मामले पर उत्‍तर प्रदेश सरकार को शांति और सद्भाव बनाए रखने का सर्वोच्‍च न्‍यायालय का निर्देश दैनिक भास्‍कर की पहली सुर्खी है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय के आदेश पर वीर अर्जुन की सुर्खी है- निचली अदालत की कार्रवाई पर रोक। राजस्‍थान पत्रिका की हेडलाइन है- सर्वेक्षण रिपोर्ट को सीलबंद रखने का निर्देश।
  • दैनिक जागरण ने बांग्‍लादेश में हिन्‍दुओं पर हमले को पहली ख़बर बनाते हुए लिखा है- भारत चिंतित। 
  • महाराष्‍ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम पर पंजाब केसरी ने लिखा है- महायुति की बैठक रद्द। नाराज शिंदे चले गए गांव। राष्‍ट्रीय सहारा ने कार्यवाहक मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे का बयान दिया है- सी.एम. पर फैसला एक दो दिन में।
  • दैनिक जागरण ने सर्वोच्‍च न्‍यायालय द्वारा दिल्‍ली में पेड़ों की गिनती करने की जरूरत बताने को पहले पन्‍ने पर दिया है। अमर उजाला लिखता है -शीर्ष कोर्ट ने कहा- वृक्ष संरक्षण कानून सख्‍ती से लागू करें। वृक्ष अधिकारी के काम की निगरानी के लिए बने प्राधिकरण।
  • जनसत्‍ता ने बताया है- दिल्‍ली में पांच साल में इस बार का नवम्‍बर सबसे गर्म।
  • पंजाब केसरी के पहले पन्‍ने की ख़बर है- पाकिस्‍तान से छिन सकती है चैम्पियन्‍स ट्रॉफी। पत्र ने साथ ही लिखा है- पाकिस्‍तान नहीं जाएगी भारतीय क्रिकेट टीम।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन में शामिल होंगे।
  • भारत ने बांग्लादेश में बढते कट्टरपंथी बयानों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा में वृद्धि पर चिंता व्यक्त की।
  • चक्रवाती तूफान फेंजल के आज दोपहर बाद पुडुचेरी के पास कराईकल और महाबलीपुरम तट से टकराने की संभावना। पुडुचेरी और तमिलनाडु तेज बारिश से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर।

*******