मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से ओडिशा के भुवनेश्वर में शुरू हो रहे तीन दिन के अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन में भाग लेंगे।
- लोकसभा ने वक्फ विधेयक संबंधी संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल बजट सत्र 2025 तक बढाया।
- महायुति के नेताओं ने महाराष्ट्र में सरकार गठन पर चर्चा के लिए गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने संभल में हाल की हिसंक घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए।
- सरकार ने महत्वपूर्ण संसाधनों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए अपतटीय खनिज ब्लॉक की पहली नीलामी शुरू की।
- ओमान में जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत ने जापान को 3-2 से हराया।
**************
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से तीन दिन के ओडिशा दौरे पर रहेंगे। वे राजधानी भुवनेश्वर में पुलिस महानिदेशकों और पुलिस महानिरीक्षकों के अखिल भारतीय सम्मेलन सहित कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। तीन दिन का यह सम्मेलन आज से लोक सेवा भवन में शुरू हो रहा है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों और पुलिस बलों की उभरती जिम्मेदारियों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, साइबर अपराध, माओवादी खतरे, यांत्रिक बुद्धिमत्ता और ड्रोन जैसी उभरती तकनीकों के कारण पेश आ रही चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि आतंकवाद से निपटने पर भी चर्चा होगी।
सम्मेलन में भाग लेने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और सीआरपीएफ, रॉ, एनएसजी, खुफिया ब्यूरो और एसपीजी के प्रमुख भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दोपहर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री आज शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे और कल और परसों सम्मेलन में भाग लेंगे। अपने आगमन के तुरंत बाद प्रधानमंत्री का बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक जनसभा को संबोधित करने और फिर हवाई अड्डे से राजभवन तक एक रोड शो में भाग लेने का कार्यक्रम है। श्री मोदी आज भाजपा के राज्य कार्यालय का दौरा करेंगे, जहां वह पार्टी के संगठनात्मक प्रदर्शन और ओडिसा के नवनिर्वाचित विधायओं के द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक करेंगे। इस बीच सम्मेलन की तैयारी के लिए ओडिसा सरकार ने व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने भुवनेश्वर में काम से कम पांच स्थानों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। प्रकाश दास आकाशवाणी समाचार भुवनेश्वर ।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस सम्मेलन के अपने राज्य में आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
हम बहुत खुश हैं, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ओडिसा आ रहे हैं। वहां हमारा 3 दिन के लिए डीजी और आईजी का कॉन्फ्रेंस हो रहा है और कॉन्फ्रेंस में आते हुए उनका उन्बोधन रहेगा और देश का सुरक्षा के लिए वो कितना सीरियस हैं और काम कर रहे हैं इसके लिए उनका मार्गदर्शन रहेगा,
निश्चित रूप से देश के लिए बहुत अच्छा काम होगा हमारा भुवनेश्वर से।
**************
लोकसभा ने वक़्फ संशोधन विधेयक संबंधी संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल वर्ष 2025 के बजट सत्र के अंतिम दिन तक बढ़ा दिया है। समिति के अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के सांसद जगदम्बिका पाल के प्रस्ताव को सदन ने ध्वनि-मत से पारित कर दिया।
वक़्फ संशोधन विधेयक-2024 में कई महत्वपूर्ण सुधारों का प्रस्ताव किया गया है। इनमें रिकॉर्डों को डिजिटाइज करना, उचित लेखापरीक्षा, पारदर्शिता में वृद्धि और गैर-क़ानूनी तरीक़े से बनाई गई वक़्फ संपत्ति को वापस लेने संबंधी कानूनी व्यवस्था शामिल हैं। विधेयक का उद्देश्य देशभऱ में वक़्फ संपत्तियों के प्रबंधन में सुधार और उनका विनियमन करना है।
संयुक्त संसदीय समिति विभिन्न राज्यों के सरकारी अधिकारियों, कानूनी विशेषज्ञों, वक़्फ बोर्ड के सदस्यों और सामुदायिक प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कर रही है।
**************
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेन्द्र फडणवीस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजीत पवार ने कल गृहमंत्री अमित शाह से भेंट कर राज्य में सरकार गठन पर चर्चा की। नई दिल्ली में हुई इस बैठक में भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी मौजूद थे।
श्री एकनाथ शिंदे पहले ही कह चुके हैं कि वे राज्य सरकार के गठन में बाधा नहीं बनेंगे और मुख्यमंत्री पद के संबंध में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करेंगे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति ने शानदार जीत दर्ज की है।
**************
उत्तरप्रदेश सरकार ने संभल में हुई हिंसक घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी। उच्च न्यायालय के अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश देवेंद्र कुमार अरोड़ा की अध्यक्षता में तीन सदस्यों की समिति मामले की जांच करेगी और दो महीने में रिपोर्ट देगी। इसमें भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी अमित मोहन प्रसाद और भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अरविंद कुमार जैन भी शामिल हैं। समिति यह जांच करेगी कि जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद में, न्यायालय द्वारा आदेशित सर्वेक्षण के दौरान 24 नवंबर को हुई हिंसा पूर्व-नियोजित साजिश थी या यह कोई सामान्य आपराधिक घटना थी।
इस बीच, सर्वोच्च न्यायालय सर्वेक्षण के संबंध में जिला न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुनवाई करेगा।
**************
खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कल नई दिल्ली में अपतटीय खनिज ब्लॉकों की पहली खेप की नीलामी की शुरूआत की।
श्री रेड्डी ने इस अवसर पर कहा कि भारत अब दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जो अपतटीय खनन का विकल्प चुन रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने खनिजों की खोज के लिए अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया में पीएसयू काबिल की स्थापना की है।
भारत का माइनिंग सेक्टर के इतिहास में यह पहला हिस्टोरिकल इनीशिएटिव है जो अनलाकिंग ब्लू इकॉनमी के नाम पर हम 13 ब्लॉक्स को ऑक्शन में लगाया। आने वाला दिन में ऑप्शन का और ब्लॉक्स भी एक्सप्लोरेशन करने के लिए निर्णय किया है। गवर्नमेंट ऑफ इंडिया माइनिंग के द्वारा कोई इनकम नहीं लेते हैं। हंड्रेड परसेंट हम स्टेट गवर्नमेंट की इकोनॉमी में उनका शेयर देते हैं।
**************
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक देश के वस्त्र उद्योग के कारोबार को 350 अरब डॉलर तक पहुंचाने का है। सूरत में कल शाम उन्होंने केंद्र तथा राज्य सरकारों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की और नवसारी में निर्मित होने जा रहे प्रधानमंत्री मित्र पार्क की प्रगति का भी जायजा लिया।
नवसारी में मेगा इंटीग्रेटेड अपैरल पार्क से गुजरात तथा देश के कपड़ा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और पूरे दक्षिण गुजरात में रोजगार के बड़े अवसर सृजित होंगे।
**************
सरकार ने देश में प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए लगभग 3 हजार 300 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। 23 राज्यों में फैली इन परियोजनाओं के लिए राज्यों को विशेष सहायता दी जाएगी जिस पर 50 वर्ष तक कोई ब्याज नहीं देना होगा।
परियोजना में, पर्यटन स्थलों पर भीड़-भाड़ को नियंत्रित करना, पर्यटन स्थलों को उन्नत तकनीकों से लैस करना तथा आगंतुकों के अनुभव को बढ़ाने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी को प्रोत्साहित करना शामिल हैं।
संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के कई अवसर सृजित होंगे।
**************
वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन का बिहार का दो दिन का दौरा आज से शुरु हो रहा है। वे दरभंगा और मधुबनी जिलों में दो क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रमों में भाग लेंगी। श्रीमती सीतारामन आज पटना में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की समीक्षा बैठक भी करेंगी। वे दरभंगा में बैंक-प्रायोजित योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र भी वितरित करेंगी।
**************
पंजाब में नाबालिगों के नशा करने के मामले चिंताजनक होते जा रहे हैं। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के एक सर्वेक्षण के अनुसार, राज्य में 10 से 17 वर्ष के सवा छह लाख से अधिक नाबालिगों में नशे की भारी लत है। इसके अलावा 63 लाख साठ हज़ार से अधिक वयस्कों में भी नशे की समस्या गंभीर है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मंत्रालय ने यह सर्वेक्षण नेशनल ड्रग डिपेंडेंस एंड ट्रीटमेंट सेंटर और एम्स के सहयोग से किया है।
यह जानकारी गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय ने हाल ही में राज्यसभा में दी है, यह पहली बार है कि देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मादक द्रव्यों के सेवन का अध्ययन और दस्तावेजीकरण किया गया है। सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार मादक द्रव्यों के सेवन के अलावा पंजाब देश के उन शीर्ष दस राज्यों में दूसरे स्थान पर है जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोग नशीली दावों का सेवन इंजेक्शन द्वारा कर रहे हैं। वहीं हरियाणा छठे नंबर पर आता है। श्री नित्यानंद राय ने यह भी कहा कि सरकार ने पंजाब में नशीले पदार्थों के संकट से निपटने के लिए कई उपाय किए हैं, उनमें से एक पंजाब राज्य में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए एक सलाहकार बोर्ड का गठन किया गया है। राजेश बाली आकाशवाणी समाचार जालंधर।
**************
वित्त मंत्रालय ने लद्दाख में स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देने के, पहले से स्वीकृत नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना के उद्देश्य से 103 पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय ने लेह में मौजूदा 200 बिस्तरों वाले एस.एन.एम. अस्पताल के विस्तार के लिए 142 अतिरिक्त पदों के सृजन को भी स्वीकृति दी।
**************
भारत और बोस्निया-हेर्जेगोविना के बीच कल साराजेवो में चौथा संवाद आयोजित हुआ। बैठक में दोनों देशों ने आपसी, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों की व्यापक समीक्षा की। दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक संबंधों, व्यापार और निवेश, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी में सहयोग, सांस्कृतिक संबंधों और पर्यटन में हुई प्रगति पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने ब्रिक्स, संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ और निर्गुट आंदोलन पर भी विमर्श किया। दोनों पक्ष अगला संवाद नई दिल्ली में आयोजित करने पर भी सहमत हुए। अगले वर्ष भारत और बोस्निया-हेर्जेगोविना के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 30 साल पूरे हो रहे हैं।
**************
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरे दबाव का क्षेत्र कल आधी रात के बाद से तमिलनाडु में नागपत्तिनम से 330 किलोमीटर पूर्व में केंद्रित है। यह तूफान नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के कल सुबह महाबलीपुरम और पुद्दुचेरी के बीच से गुजरने की संभावना है। राज्य के तटीय जिलों में अगले 24 घंटों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिसे देखते हुए आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखे गए हैं। आज और कल तटों के पास तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। चेन्नई कुड्डालोर और नागपट्टिनम सहित नौ बंदरगाहों पर तूफान से खतरे की तीसरे स्तर की चेतावनी प्रदर्शित की गई है। कुछ इलाकों में समुद्र में उथल-पुथल और 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मछुआरों को 2 दिसंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और तटरक्षक बल को सतर्क कर दिया गया है। वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती।
**************
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में कम दबाव का क्षेत्र बनने से श्रीलंका में बारह लोगों की मृत्यु
हो गई है और दो लोग लापता हैं। कल रात साढे ग्यारह बजे यह तूफान त्रिंकोमाली से 240 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था और अब इसके उत्तर-पश्चिम तमिलनाडु की ओर बढ़ने की संभावना है।
**************
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु की गुणवत्ता अत्यधिक खराब बनी हुई है। आज सुबह वायु प्रदूषण का औसत 333 मापा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर के कई इलाक़ों में प्रदूषण का स्तर 400 को पार कर गया है।
**************
ओमान की राजधानी मस्कट में, पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में, कल मौजूदा चैंपियन भारत ने जापान को तीन-दो से हरा दिया। यह प्रतियोगिता में भारत की लगातार दूसरी जीत है। भारत की ओर से थोकचोम किंगसन सिंह, रोहित और अरायजीत सिंह हुंडल ने गोल किए।
इससे पहले, भारत ने 11-शून्य से थाईलैंड पर एकतरफा जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम कल चीनी ताइपे के साथ और रविवार को कोरिया से ग्रुप चरण के आखिरी मैच खेलेगी।
**************
प्रो कबड्डी लीग में, कल तेलुगु टाइटन्स ने यू मुंबा को 41-35 से हरा दिया। यह प्रतियोगिता में तेलुगु की नौवीं जीत थी।
**************
सिंगापुर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप में, आज चौथे गेम में डी. गुकेश का मुक़ाबला डिंग लिरेन से होगा। उन्होंने तीसरा गेम जीतकर श्रृंखला में डेढ-डेढ अंक से बराबरी कर ली है।
**************
सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे। ये मैच लखनऊ में दोपहर 12 बजे के बाद शुरु होंगे।
**************
धन्यवाद निखिल, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी और राष्ट्रीय सहारा सहित कई अखबारों ने वायु प्रदूषण से निपटने में ग्रैप-4 की पाबंदियां दो दिसम्बर तक लागू रहने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को प्रमुखता दी है।
महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के नाम पर चल रहे मंथन को जनसत्ता और हिन्दुस्तान ने पहले पन्ने पर स्थान दिया है। हरिभूमि ने अनुमान लगाया है- एकनाथ शिंदे के बेटे और अजीत पवार बन सकते हैं- डिप्टी सीएम। वीर अर्जुन और दैनिक ट्रिब्यून ने संसद में विपक्ष के हंगामे से उत्पन्न व्यवधान के कारण बने गतिरोध को सुर्खी बनाया है।
अमर उजाला की खबर है- विद्यार्थी तय करेंगे, कितने समय में पूरी करनी है स्नातक की डिग्री, यूजीसी की नई व्यवस्था अगले सत्र में लागू होगी।
दैनिक भास्कर ने ट्राई के हवाले से लिखा है- ओटीपी के मैसेज समय पर ही मिलेंगे, घबराएं नहीं।
राष्ट्रीय सहारा और दैनिक जागरण के अनुसार 3500 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण सफल।
बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर है- अक्तूबर में साढ़े 55 प्रतिशत दोपहिया वाहन और 39 प्रतिशत कारें ग्रामीण इलाकों में बिकी।
इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार जुलाई से सितम्बर तिमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े आज जारी होंगे।
और, राजस्थान पत्रिका की खबर है- किस्मत के खेल, नोएडा से अपहरण के तीस साल बाद अपने परिवार से मिला बेटा, बधुआ मजदूर की तरह रहा।
**************
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से ओडिशा के भुवनेश्वर में शुरू हो रहे तीन दिन के अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन में भाग लेंगे।
- लोकसभा ने वक्फ विधेयक संबंधी संयुक्त संसदीय समिति का कार्यकाल बजट सत्र 2025 तक बढाया।
- महायुति के नेताओं ने महाराष्ट्र में सरकार गठन पर चर्चा के लिए गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
- उत्तर प्रदेश सरकार ने संभल में हाल की हिसंक घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए।
- सरकार ने महत्वपूर्ण संसाधनों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए अपतटीय खनिज ब्लॉक की पहली नीलामी शुरू की।
- ओमान में जूनियर एशिया कप हॉकी में भारत ने जापान को 3-2 से हराया।
**************