मुख्य समाचार :
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए सख्त कानून बनाने पर जोर दिया।
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान फेंगल में परिवर्तित हो सकता है।
- गोवा में 55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह आज संपन्न हो रहा है।
- अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सेवानिवृत्त जनरल कीथ केलॉग को यूक्रेन और रूस का विशेष दूत नामित किया।
- ओमान में पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी में, मौजूदा चैंपियन भारत ने पहले मैच में थाईलैंड पर 11-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।
******
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री पर अंकुश लगाने के लिए मौजूदा क़ानूनों को और अधिक सख़्त बनाए जाने की आवश्यकता है। श्री वैष्णव ने लोकसभा में कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति की आजादी का एक बड़ा माध्यम है, लेकिन संपादकीय नियंत्रण न होने के कारण सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री का निर्बाध प्रसार हो रहा है। ओटीटी सामग्री के बारे में श्री वैष्णव ने कहा कि ये प्लेटफॉर्म जिन देशों से आए हैं, उनकी और भारत की संस्कृति में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि संसदीय समिति को इस मामले को देखना चाहिए।
आज सोशल मीडिया एक तरफ तो फ्रीडम ऑफ टेस्ट का बहुत बड़ा माध्यम है, लेकिन साथ ही साथ दूसरी तरफ एक अनकंट्रोल लॉ एक्सप्रेशन, जिसमें कई तरह के वलगर कंटेट वगैरह भी आते है। अभी जो एग्जिस्टिंग कानून है बने है मान्यवर अध्यक्ष जी इसको निश्चित तौर पर और कड़ा करने की जरूरत है और मैं निवेदन करूंगा इसके ऊपर एक सेंसरशिप बने।
श्री वैष्णव ने कहा कि सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी नियमावली में ओटीटी मंचों के लिए आचार-संहिता बनाई है। इसमें ऐसी किसी भी सामग्री के प्रसारण की अनुमति नहीं है जो कानूनन प्रतिबंधित हो। ओटीटी के लिए यह प्रावधान भी किए गए है कि वे ऐसी सामग्री के प्रसारण में पर्याप्त ध्यान रखेंगे जो बच्चों के देखने के लिए उपयुक्त न हो।
श्री वैष्णव ने बताया कि इस वर्ष मार्च में, मंत्रालय ने अश्लील और अभद्र सामग्री प्रसारित करने वाले 18 ओटीटी प्लेटफार्मों को बंद करवा दिया है।
******
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार दोपहर बाद 4 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में श्री सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। श्री सोरेन ने रांची में कहा कि उन्होंने समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को भी आमंत्रित किया है।
हेमंत सोरेन आज चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के अलावा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आरजेडी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव भी समारोह के सहभागी बनेंगे। मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने की संभावना है। रांची से शिल्पी के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए कृष्ण कुमार लाल।
******
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिव सेना नेता एकनाथ शिंदे ने कहा है कि उनकी पार्टी राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के फैसले का समर्थन करेगी। श्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में संवाददाताओं से कहा कि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से मिलने के बाद मुख्यमंत्री को लेकर निर्णय लिया जायेगा।
******
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल के खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव अगले 12 घंटों में फेंगल नामक तूफ़ान में बदल जाएगा। शनिवार सुबह कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तरी तमिलनाडु-पुद्दुचेरी तटों को पार कर जाएगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि दबाव उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा और 30 नवंबर की सुबह ये गहरे दबाव के रूप में कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तरी तमिलनाडु और पुदुचेरी तट को पार करेगा। जिसमें 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। आने वाले दिनों के लिए उत्तरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चेतावनी जारी रहने के कारण तटीय जिलों में एहतियात के तौर पर शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
******
बंगाल की खाड़ी में हवा के कम दबाव के कारण तेलंगाना में कई जगहों पर तापमान में बड़ी गिरावट हुई है।
******
केंद्र सरकार डाय-अमोनियम फॉस्फेट- डीएपी उर्वरक की उपलब्धता बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यों, रेलवे और उर्वरक कंपनियों के साथ तालमेल बनाए हुए है। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में, 17 लाख टन से अधिक आयातित डीएपी राज्यों को उपलब्ध कराई गई।
मंत्रालय के अनुसार, भू-राजनीतिक कारणों से डीएपी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
******
तटरक्षक बल की 11वीं समुद्री खोज और बचाव अभ्यास कार्यशाला आज से केरल के कोच्चि में शुरू हो रही है। दो दिन की इस कार्यशाला का उद्घाटन रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। इस कार्यशाला का आयोजन राष्ट्रीय समुद्री खोज तथा बचाव बोर्ड की 22वीं बैठक के साथ किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में अब तक के सबसे बड़े रियल टाइम सिमुलेशन का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री हितधारकों के बीच प्रभावी खोज और बचाव कार्यों और सहयोगात्मक प्रयासों के लिए कौशल को निखारना है। समुद्र में बड़े पैमाने पर होने वाली आकस्मिकताओं के लिए प्रतिक्रिया अभियान SAREX के वर्तमान संस्करण का सार होगा, जिसका विषय है- “क्षेत्रीय सहयोग के माध्यम से खोज और बचाव क्षमताओं को बढ़ाना”। आज, टेबल टॉप अभ्यास, कार्यशाला और सेमिनार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कल, कोच्चि के तट पर दो बड़े पैमाने की आकस्मिकताओं से संबंधित समुद्री अभ्यास किया जाएगा, जिसमें तटरक्षक, नौसेना, वायु सेना, कोचीन बंदरगाह प्राधिकरण और सीमा शुल्क के जहाज, विमान और नौकाएं भाग लेंगी। कोच्चि से राज मोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार से शक्ति सिंह।
******
सशस्त्र बलों और उद्योग के बीच सहयोग को मज़बूत करने के लिए आज से नई दिल्ली में दो दिन के रक्षा साझेदारी दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकार और व्यापारियों के बीच तथा व्यापारिक समुदाय के बीच के संबंधों को प्रगाढ करना है।
******
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने फ्रांस और एशिया-प्रशांत भागीदारों से तीन क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपील की है। इनमें द्विपक्षीय समझौतों और बहुपक्षीय मंचों के माध्यम से व्यापारिक संबंधों को बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीकी सहयोग को मजबूत करना और सांस्कृतिक तथा शैक्षिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना शामिल हैं। श्री गोयल ने नई दिल्ली में एशिया- प्रशांत क्षेत्र के लिए फ्रांसीसी विदेश व्यापार आयुक्तों के वार्षिक सम्मेलन में कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और फ्रांस का व्यापार 15 अरब डॉलर तक पहुँच जाएगा।
श्री गोयल ने कहा कि दोनों देश कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, एयरोस्पेस, रक्षा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाश रहे हैं।
श्री गोयल ने कहा कि अगले तीन दशकों में विश्व में हवाई जहाजों की सबसे बड़ी मांग भारत से ही होगी। उन्होंने 2029 तक देश में 75 नए हवाई अड्डे बनाए जाने की भी बात कही। श्री गोयल ने लड़ाकू विमानों के सह-निर्माण तथा साइबर सुरक्षा, यांत्रिक बुद्धिमत्ता, ई-कॉमर्स और क्वांटम प्रौद्योगिकियों में स्टार्टअप को बढ़ावा देने की इच्छा व्यक्त की।
श्री गोयल ने फ्रांस की विदेश व्यापार मंत्री सोफी प्राइमस के साथ भी चर्चा की।
******
महाराष्ट्र सरकार ने माल ढुलाई करने वाली हल्की गाड़ियों के वितरकों के ऑनलाइन, फेसलेस पंजीकरण की सुविधा शुरू की है। यह सुविधा राज्य के सभी परिवहन कार्यालयों में उपलब्ध होगी। इसके लिए वाहन वितरकों को वेबसाइट परिवहन डॉट जीओवी डॉट इन पर मालिकों की ओर से वाहन पंजीकरण के लिए आवेदन करना होगा।
******
55वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह आज संपन्न हो रहा है। समारोह के अंतिम दिन फिल्म निर्माता रमेश सिप्पी एक सत्र को संबोधित करेंगे। सत्र का विषय है– सिनेमा में रचनात्मक भविष्य के लिए युवाओं का सशक्तिकरण। बाद में, श्री सिप्पी मोहित सोनी के साथ उत्कृष्टता के लिए जुनून विषय पर रमेश सिप्पी के साथ बातचीत करेंगे।
समारोह में आज, पहली बार निर्देशन करने वाले भारतीय निर्देशकों में से एक मनोहर के. की फिल्म मिक्का बन्नाडा हक्की को दिखाया जाएगा। समापन फिल्म ड्राई सीजन दो सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
गोवा में आज शाम उत्साह के साथ भारत के 55वें अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव की क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इस वर्ष महोत्सव में विभिन्न भाषाओं और विधाओं की लगभग 180 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। भारतीय सिनेमा के दिग्गजों द्वारा आयोजित मास्टर क्लास सत्र भी चर्चा का केंद्र रहे। इस वर्ष युवा फिल्म मेकर्स पर खास ध्यान दिया गया। आज जब महोत्सव अपने अंतिम चरण में है तो कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी, जिसमें गोल्डन पीकॉक अवार्ड भी शामिल है। ओम वेद उपाध्याय के साथ दुर्गेश भदोरिया आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
******
बिहार की राजधानी पटना में ज्ञान भवन सभागार में, आज राष्ट्रीय डाक प्रदर्शनी का आयोजन हो रहा है। इसमें 153 डाक टिकट संग्रहकर्ता करीब 20 हजार डाक टिकटों का प्रदर्शन करेंगे। बिहार की डाक संस्कृति के समृद्ध इतिहास पर आधारित तीन दिन की इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर करेंगे।
******
हैदराबाद मेट्रो में पिछले सात वर्ष में 63 करोड़ 40 लाख से अधिक लोगों ने यात्रा की है। इसका उद्धाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2017 में किया था। हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना तीन कॉरिडोर में चल रही है। यह रेल 69 किलोमीटर में फैले 57 स्टेशनों को जोड़ती है।
******
अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सेवानिवृत्त जनरल कीथ केलॉग को रूस और यूक्रेन का विशेष दूत नामित किया है। श्री ट्रम्प ने कहा कि जनरल कीथ यूक्रेन और रूस के लिए राष्ट्रपति के विशेष दूत होंगे। जनरल कीथ श्री ट्रम्प के पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पदों पर तैनात रहे है।
एक अन्य फैसले में, श्री ट्रम्प ने भारतीय मूल के डॉक्टर जय भट्टाचार्य को राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान का प्रमुख नियुक्त किया है।
इस बीच, श्री ट्रम्प द्वारा नामित कुछ अधिकारियों ने कहा है कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। इनमें संयुक्त राष्ट्र के दूत और पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के प्रमुख शामिल हैं।
******
ओमान की राजधानी मस्कट में, पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी के पहले मैच में, भारत ने कल थाईलैंड को 11-शून्य से हरा दिया। भारत की ओर से अरजीत सिंह हुंदल, सौरभ आनंद कुशवाहा और गुरजोत सिंह ने दो-दो गोल किए।
प्रतियोगिता में आज भारत का सामना जापान से होगा।
******
लखनऊ में चल रहे सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सिंगल्स में, पी.वी. सिंधु और लक्ष्य सेन अगले दौर में पहुंच गए हैं। उनके अलावा मालविका बंसोड़, उन्नति हुडा, तस्नीम मीर और महिला डबल्स के अश्विनी पोनप्पा-तनिषा क्रैस्टो तथा तृषा जॉली-गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। फुटबॉल में, इंडियन सुपर लीग में, कल बेंगलुरु एफसी ने मोहम्मडन एससी को 2-1 से हरा दिया। आज केरला ब्लास्टर्स एफसी का सामना एफसी गोवा से होगा। उधर प्रो-कबड्डी लीग में, हरियाणा स्टीलर्स ने पुनेरी पल्टन को हरा दिया है। एक अन्य मैच में, गुजरात जायंट्स ने बंगाल वॉरियर्स को हराया। प्रतियोगिता में आज यूपी योद्धा का सामना जयपुर पिंक पैंथर्स से और यू मुंबा का तेलुगु टाइटंस से होगा।
******
दिल्ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह छह बजे सूचकांक 304 रहा।
******
महाराष्ट्र में सी.एम. पद को लेकर संशय खत्म होने को अधिकांश अख़बारों ने अपने पहले पन्ने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है। अमर उजाला की टिप्पणी है- शिंदे बोले मुख्यमंत्री पर मोदी-शाह का फैसला मंजूर। दैनिक भास्कर की टिप्पणी है- शिंदे पीछे हटे, भाजपा का सी.एम. बनने का रास्ता साफ। जनसत्ता लिखता है- एकनाथ शिंदे ने दावेदारी छोड़ी।
उधर, झारखण्ड में नई सरकार के गठन को लोकसत्य ने सुर्खी दी है- हेमंत अकेले लेंगे शपथ, मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में।
संसद में सरकार और विपक्ष में तनातनी भी अख़बारों के पहले पन्ने पर है। जनसत्ता लिखता है- विपक्ष का हंगामा, नहीं चली संसद। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- अडाणी-सम्भल मुद्दे पर विपक्ष हमलावर, संसद फिर ठप्प।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- राजनेताओं के खिलाफ दर्ज हर मामला दुर्भावनापूर्ण नहीं होता, नकदी के बदले नौकरी मामले में पार्थ चटर्जी की जमानत पर शीर्ष अदालत की टिप्पणी- अमर उजाला में है।
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया और ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए सख्त कानून बनाने पर जोर दिया।
- झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन आज झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहरा दबाव अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान फेंगल में परिवर्तित हो सकता है।
- गोवा में 55वां भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह आज संपन्न हो रहा है।
- अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सेवानिवृत्त जनरल कीथ केलॉग को यूक्रेन और रूस का विशेष दूत नामित किया।
- ओमान में पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी में, मौजूदा चैंपियन भारत ने पहले मैच में थाईलैंड पर 11-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।