Download
Mobile App

android apple
signal

November 27, 2024 9:28 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

 

  • इस्राइल की सरकार ने लेबनान में हिजबुल्‍ला के साथ संघर्ष विराम समझौते का अनुमोदन किया।
  • केंद्र सरकार आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय अभियान- बाल विवाह मुक्‍त भारत का शुभारंभ करेंगी।
  • मौसम विभाग ने चक्रवात फेंगल से पहले तमिलनाडु के तीन जिलों मयिलादुतुरई, नागापटिटनम और तिरूवरूर तथा पुद्दुचेरी के कराईकल जिले में आज तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
  • भारत और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन ने फिजी, कोमोरोस, मेडागास्कर और सेशेल्स में नई सौर परियोजनाओं के कार्यान्वयन समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  • राष्‍ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने तोक्‍यो ओलंपिक कांस्‍य पदक विजेता बजरंग पुनिया पर डोपिंग टेस्ट के लिए सैंपल देने से इंकार करने पर चार वर्ष का निलंबन आदेश लागू किया।
  • इटली में अंडर-8 वर्ल्ड कैडेट शतरंज चैंपियनशिप में दिविथ रेड्डी विश्व चैंपियन बने।

 

*******

 

इस्राइल की सरकार ने लेबनान में हिजबुल्‍ला के साथ संघर्ष विराम समझौते का अनुमोदन कर दिया है। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू के कार्यालय ने कल रात यह घोषणा की। अमरीका और फ्रांस की मध्‍यस्‍थता में तय समझौते से युद्ध रूकने की संभावना है। युद्ध में लेबनान में लगभग तीन हजार आठ सौ लोग मारे जा चुके हैं और 16 हजार से अधिक घायल हुए हैं। इस्राइली मंत्रिमंडल के अनुमोदन के बाद फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और अमरीका के राष्‍ट्रपति जो. बाइडन ने संयुक्‍त वक्‍तव्‍य जारी कर समझौता लागू करने और इसका पालन सुनिश्चित करने के लिए इस्राइल और लेबनान के साथ काम करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। एक रिपोर्ट…

 

                              

समझौते के अनुसार इस्राइली सेना और हिजबुल्‍ला को अगले साठ दिन के दौरान दक्षिणी लेबनान से हटना होगा। हिजबुल्‍ला के लडाकों को लितानी नदी के उत्तरी क्षेत्र में सीमा से लगभग तीस किलोमीटर पीछे जाना होगा। इस स्‍थान पर लेबनान की राष्ट्रीय सेना और संयुक्‍त राष्‍ट्र शांति सैनिकों की तैनाती रहेगी। लेबनान के विदेश मंत्री पहले ही समझौते का समर्थन कर चुके हैं। इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्‍याहू ने इस बात पर जोर दिया है कि इस्राइल को सैन्‍य कार्रवाई की पूरी आजादी रहेगी। उन्‍होंने हिजबुल्‍ला द्वारा संघर्ष विराम समझौते के किसी भी उल्‍लंघन के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की चेतावनी दी। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ  समाचार कक्ष से मनोज।

 

*******

 

केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्‍नपूर्णा देवी आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय अभियान- बाल विवाह मुक्‍त भारत का शुभारंभ करेंगी। अभियान का प्राथमिक लक्ष्‍य देश को बाल विवाह की कुप्रथा से मुक्‍ति दिलाना है। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह मुक्‍त भारत पोर्टल भी शुरू किया जाएगा। इस ऑनलाइन प्‍लेटफॉर्म की शुरूआत जागरूकता बढाने, बाल विवाह रोकने और ऐसी घटनाओं की तुरंत सूचना देने के मिशन में सहयोग के लिए की गई है। महिला और बाल विकास मंत्री इस अवसर पर बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्‍प दिलाएंगी।

 

*******

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से तमिलनाडु की चार दिन की यात्रा पर रहेंगी। वे आज वेलिंगटन के रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज के संकाय सदस्‍यों और छात्र संघ के अधिकारियों को सम्‍बोधित करेंगी। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल उडगमंडलम स्थित राजभवन में नीलगिरि जिले के जनजातीय महिला स्‍व-सहायता समूह  और जनजातीय समुदाय के प्रमुख सदस्‍यों से बातचीत करेंगी। शुक्रवार को वे तिरुवरूर में तमिलनाडु  केंद्रीय विश्‍वविद्यायल के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

 

*******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नागरिकों से संविधान के आदर्शों को अपनाने, अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य करने का आग्रह किया है। संविधान दिवस के अवसर पर कल नई दिल्ली में संविधान सदन के केन्‍द्रीय कक्ष में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारतीय संविधान को जीवंत और प्रगतिशील दस्तावेज बताया।

 

*******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की सुरक्षा को चुनौती देने वाले किसी भी आतंकी संगठन को मुंहतोड़ जवाब देने के भारत के संकल्प पर बल दिया है। श्री मोदी ने कल नई दिल्‍ली में सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह में यह बात कही। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारतीय न्‍यायपालिा की वार्षिक रिपोर्ट 2023-24 भी जारी की।

 

*******

 

निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की छह सीटों के लिए उपचुनाव की कल घोषणा कर दी। इनमें से तीन सीटें आंध्र प्रदेश में हैं, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हरियाणा में एक-एक सीट है। उपचुनाव के लिए मतदान और मतगणना 20 दिसंबर को होगी।

 

*******

 

कार्मिक, जनशिकायत और पेंशन राज्‍यमंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने कहा है कि पेंशन धारकों और वरिष्‍ठ नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र व्‍यवस्‍था ने अपने तीसरे चरण में रिकॉर्ड एक करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्‍होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्णिकोण के अनुरूप वरिष्‍ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनायेगा।

 

*******

 

भारत और अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन ने फिजी, कोमोरॉस, मेडागास्‍कर और सेशेल्‍स में नई सौर परियोजनाओं के समझौते पर हस्‍ताक्षर किए हैं। विदेश मंत्रालय और अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन के बीच कल नई दिल्‍ली में परियोजना कार्यान्‍वयन संधि पर हस्‍ताक्षर हुआ। भारत हिंद- प्रशांत क्षेत्र के इन देशों में नई सौर परियोजनाओं के लिए 20 लाख डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त कर चुका है। परियोजना कार्यान्‍वयन एजेंसी के रूप में अंतरराष्‍ट्रीय सौर गठबंधन कोमोरॉस, फिजी, मेडागास्‍कर और सेशेल्‍स के लिए भारत से वित्तीय सहायता उपलब्‍ध कराएगा। परियोजनाओं के सफल कार्यान्‍वयन से ऊर्जा अपूर्ति बढने, रोजगार के अवसर सृजित होने और हिंद प्रशांत क्षेत्र के इन देशों में गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होने की आशा है। सौर ऊर्जा से इन देशों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। इन देशों में स्‍वच्‍छ ऊर्जा के लिए भारत के निवेश से जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने की क्‍वाड संगठन की प्रतिबद्धताएं पूरी करने में मदद मिलेगी।

 

*******

 

55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव. का कल अंतिम दिन है। महोत्‍सव में आज तपन सिन्हा की फिल्म हारमोनियम सहित लगभग सत्तर फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।

 

इस वर्ष फिल्म महोत्सव में भारतीय सिनेमा की चार प्रतिष्ठित हस्तियों-राज कपूर, मोहम्मद रफ़ी, तपन सिन्हा और अक्किनेनी नागेश्वर राव की जन्म शताब्दी भी मनाय़ी जा रही है। व्यौरा हमारे संवाददाता से…

 

आज के दिन का एक मुख्य आकर्षण लता मंगेशकर स्मृति व्‍याखान भारत में संगीत रंग-मंच रहेगा। जिसमें प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान, फिल्‍म प्रत्‍येक नमन रामचन्‍द्रन के साथ संवाद करेंगे। ए. आर. रहमान भारत में संगीत रंग-मंच के बदलते परिदृश्य का विश्‍लेषण करेंगे और स्‍वर कोकिला लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। आज पिक्चर टाइम स्क्रीनिंग और ओपन एयर स्क्रीनिंग में तीन-तीन फिल्में प्रदर्श‍ित की जाएंगी। आज फिल्‍म प्रदर्शनी का आखिरी मुख्‍य दिन होगा। क्‍योंकि अं‍तिम दिन यानी कल केवल क्‍लोजिंग फिल्‍म की ही स्‍क्रीनिंग होगी। ओमवेश उपाध्याय के दुर्गेश भदौरिया आकाशवाणी समाचार गोवा।

 

*******

 

केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय आज यूनेस्‍को विश्‍व धरोहर स्‍थल असम के काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में 12वें अंतरराष्‍ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन कर रहा है। यह आयोजन पर्यटन व्‍यवसाय से जुड़े लोगों और उद्यमियों को साथ लाने का महत्‍वपूर्ण अवसर साबित होगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…

 

आठ उत्तर पूर्वी राज्यों के पर्यटन क्षमता को उजागर करने के लिए, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व के कोहोरा रेंज में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन किया है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज सुबह मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की उपस्थिति में इस वार्षिक कार्यक्रम के 12वें संस्करण का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। काजीरंगा से आकाशवाणी समाचार अमीनुल हक जवादर।

 

*******

 

मौसम विभाग ने चक्रवात फेंगल के पहले तमिलनाडु के तीन जिलों और पुद्दुचेरी के एक जिले में आज तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु के मयिलादुतुरई, नागापटिटनम और तिरूवरूर जिलों तथा पुद्दुचेरी के कराईकल के लिये अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु और पु्द्दुचेरी में अचानक बाढ आने की चेतावनी भी दी गयी है। मौसम विभाग ने बंगाल के दक्षिण-पश्‍चिम खाडी पर बने गहरे दबाव के आज चक्रवात फेंगल में बदलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। इसके असर से तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के अनेक स्‍थानों पर आज और कल मूसलाधार वर्षा होने की आशंका है। बृहस्‍पतिवार से शनिवार तक आन्‍ध्र प्रदेश में तेज वर्षा होने की संभावना व्‍यक्‍त की गई है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल की सात टीमें तमिलनाउु और पुद्दुचेरी भेजी गई हैं। इन्‍हें कराईकल, तंजावुर, तिरूवरूर, नागापटि्टनम और माइलादुतुरई सहित अन्‍य आशंकित जिलों में राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात किया जाएगा।

 

*******

 

इसी बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ और उत्तर प्रदेश में अगले दो-तीन दिन तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले 24 घंटों में पश्चिम हिमालय क्षेत्र में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।

 

*******

 

इधर राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 301 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शहर के कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में है।

 

*******

 

भारत के आठ वर्षीय दिविथ रेड्डी ने इटली में अंडर-8 विश्‍व कैडेट शतरंज चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। तेलंगाना के दिविथ ने अधिकतम 11 में से नौ अंक हासिल किए। उनका यह स्‍कोर भारतीय खिलाड़ी सात्विक स्वैन के बराबर था, लेकिन दिविथ ने अपने बेहतर टाईब्रेकर स्कोर के आधार पर स्वर्ण पदक हासिल किया। सात्विक को रजत और चीन के जिमिंग गुओ को कांस्य पदक मिला। इधर, प्रो-कबड्डी लीग में नोएडा के इंडोर स्‍टेडियम में दबंग दिल्‍ली और पटना पायरेट्स के बीच कल रोमांचक मैच 39-39 से ड्रॉ रहा। एक अन्‍य मैच में तमिल थलाईवाज़ ने यूपी योद्धाज़ को 40-26 से आसानी से हराया। आज हरियाणा स्‍टीलर्स का मुकाबला पुनेरी पलटन से और बंगाल वॉरियर्स का सामना गुजरात जाइंट्स से होगा। हरियाणा स्‍टीलर्स 51 अंकों के साथ अभी अं‍क तालिका में शीर्ष पर है। इंडियन सुपर लीग फुटबॉल मुकाबले में कल पंजाब फुटबॉल क्लब ने मुंबई सिटी फुटबॉल क्लब पर तीन-शून्य से जीत हासिल की। आज कोलकाता में मोहम्मडन स्पोर्टिग क्लब का सामना बेंगलुरु फुटबॉल क्लब से होगा। यह मैच शाम 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा।

 

*******

 

भारत की राष्‍ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने तोक्‍यो ओलंपिक के कांस्‍य पदक विजेता बजरंग पुनिया पर चार वर्ष का निलंबन आदेश लागू किया है। बजरंग पुनिया ने राष्‍ट्रीय टीम चयन ट्रायल के दौरान 10 मार्च को डोपिंग टेस्‍ट के लिए सैंपल देने से इंकार कर दिया था। एजेंसी ने 23 अप्रैल को बजरंग पुनिया को अस्‍थाई तौर पर निलंबित किया था। चार वर्ष की पाबंदी से बजरंग पुनिया कुश्‍ती प्रतियोगिताओं में वापसी नहीं कर पाएंगे और अंतरराष्‍ट्रीय कोचिंग की भूमिका के लिए आवेदन करने से भी वंचित रहेंगे।

 

*******

 

धन्‍यवाद विशाल, संविधान को अंगीकार किए जाने की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर संसद के दोनों सदनों की संयुक्‍त बैठक में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संबोधन आज के सभी समाचार पत्रों के मुख पृष्‍ठ पर है। अमर उजाला ने राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शब्‍दों को दिया है- हमारा संविधान जीवंत और प्रगतिशील दस्‍तावेज, संविधान लोकतंत्र की सुदृढ आधारशिला।

 

वहीं, हिन्‍दुस्‍तान ने संविधान दिवस पर सुप्रीम कोर्ट में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कथन को प्रमुखता दी है कि संविधान सामाजिक न्‍याय का जरिया है।

 

चुनाव जीत जाएं तो ईवीएम सही, हार जाएं तो छेड़छाड़ की गई। सर्वोच्‍च न्‍यायालय की यह टिप्‍पणी जनसत्‍ता में है। चुनावों में ईवीएम के बजाय मतपत्रों के जरिए मतदान कराने संबंधी याचिका शीर्ष न्‍यायालय ने खारिज की।

 

क्‍यूआर कोड से लैस होंगे नए पैन कार्ड। राष्‍ट्रीय सहारा के अनुसार सरकार ने नए पैन कार्ड जारी करने की परियोजना को दी मंजूरी, आसान होगी नकली पैन कार्ड की पहचान।

 

बांग्‍लादेश में इस्‍कॉन मंदिर के पुजारी चिन्‍मय कृष्‍ण दास की गिरफ्तारी पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया हरिभूमि ने बॉक्‍स में दी है। मंत्रालय ने गंभीर चिंता जताते हुए बांग्‍लादेश सरकार से हिन्‍दुओं सहित सभी अल्‍पसंख्‍यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

 

पड़ोसी देश पाकिस्‍तान में अराजकता जैसी स्थिति को राजस्‍थान पत्रिका ने सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है- राजधानी इस्‍लामाबाद में इमरान समर्थकों का बवाल, नौ की मौत, सेना भी तैनात।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • इस्राइल की सरकार ने लेबनान में हिजबुल्‍ला के साथ संघर्ष विराम समझौते का अनुमोदन किया।
  • केंद्र सरकार आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रीय अभियान- बाल विवाह मुक्‍त भारत का शुभारंभ करेंगी।
  • मौसम विभाग ने चक्रवात फेंगल से पहले तमिलनाडु के तीन जिलों मयिलादुतुरई, नागापट्टिनम और तिरूवरूर तथा पुद्दुचेरी के कराईकल में आज तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
  • भारत और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन ने फिजी, कोमोरोस, मेडागास्कर और सेशेल्स में नई सौर परियोजनाओं के कार्यान्वयन समझौते पर हस्ताक्षर किए।
  • राष्‍ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी ने तोक्‍यो ओलंपिक कांस्‍य पदक विजेता बजरंग पुनिया पर डोपिंग टेस्ट के लिए सैंपल देने से इंकार करने पर चार वर्ष का निलंबन आदेश लागू किया।
  • इटली में अंडर-8 वर्ल्ड कैडेट शतरंज चैंपियनशिप में दिविथ रेड्डी विश्व चैंपियन बने।