Download
Mobile App

android apple
signal

November 26, 2024 9:07 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • आज संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संसद के दोनों सदनों की संयुक्‍त बैठक को संबोधित करेंगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह में शामिल होंगे।
  • केंद्र सरकार ने आयकर विभाग की पैन परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दी। यह एक एकीकृत प्‍लेटफॉर्म होगा।
  • सरकार एक हजार नौ सौ 39 करोड़ रुपये के निवेश से अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में हीओ पनबिजली परियोजना स्थापित करेगी।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से दिल्ली-एनसीआर में शिक्षा संस्थानों में कक्षाओं पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार करने को कहा।
  • 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के लिए अनुबंधित होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।

****

राष्‍ट्र आज संविधान अंगीकार किए जाने की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज ही के दिन संविधान को अंगीकार किया गया था। सरकार ने इस अवसर पर आज से एक वर्ष तक चलने वाले समारोह की शुरूआत की है। यह समारोह 26 नवम्‍बर, 2025 तक देशभर में आयोजित किए जाएंगे।
आज संविधान दिवस के अवसर पर दिल्‍ली में संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में एक भव्‍य समारोह का आयोजित किया जाएगा जहां राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। इस अवसर पर उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिड़ला और दिल्ली स्थित दूतावासों के प्रमुख भी उपस्थित होंगे।
संविधान दिवस पर एक स्‍मारक सिक्‍का और डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। इस अवसर पर दो पुस्‍तकें भी जारी की जाएंगी। इनके नाम हैं- ”मेकिंग ऑफ द कंस्‍टीट्यूशन ऑफ इंडिया: ए गिल्म्‍पस” और ”मेकिंग ऑफ द कंस्‍टीट्यूशन ऑफ इंडिया एण्‍ड इट्स ग्‍लोरियस जर्नी”। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर संविधान का संस्‍कृत और मैथिली संस्‍करण भी जारी किया जाएगा।
इन समारोह का आयोजन हमारा संविधान हमारा स्वाभिमान, अभियान की टैगलाइन के तहत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य संविधान निर्माताओं के योगदान का सम्मान करना और संविधान में निहित मूल मूल्यों को दोहराना है। संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में स्कूल, दफ्तर, गांव और शहरों में बड़ी संख्या में लोग एक साथ संविधान की प्रस्तावना पढ़ेंगे। संविधान की विरासत से नागरिकों को जोड़ने के लिए एक विशेष वेबसाइट कॉन्स्टिट्यूशन 75 डॉट कॉम भी बनाई गई है। आनंद कुमार के साथ सुपर्णा आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सर्वोच्च न्‍यायालय में सविधान दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन सर्वोच्च न्‍यायालय द्वारा किया जा रहा है। श्री मोदी न्‍यायपालिका की वार्षिक रिपोर्ट भी जारी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मुख्‍य न्‍यायाधीश न्‍यायमूर्ति संजीव खन्‍ना और सर्वोच्च न्‍यायालय के अन्‍य न्‍यायाधीश भी उपस्थित रहेंगे।

****

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आयकर विभाग की पैन परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर 1 हजार 435 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस चरण में पूरे मौजूदा तंत्र को संवर्धित किया जाएगा और पोर्टल को एकीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पैन के दूसरे चरण में मजबूत साइबर सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
श्री वैष्णव ने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा पैन नम्‍बर बने रहेंगे।
एक्जिस्टिंग सिस्टम को पूरी तरह से अपग्रेड किया जाएगा। पूरा उसका जो डिजिटल बैकबोन है पीछे वह कंप्लीट नए तरीके से की जाएगी। कॉमन बिजनेस आईडेंटिफायर का मिशन इसमें प्रयास किया जाएगा एक यूनिफाइड पोर्टल रहेगा। इसमें बहुत फॉक्स दिया जाएगा ग्रीवेंस रिड्रेसल सिस्टम पर भी।

****

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में हियो पनबिजली परियोजना के लिए एक हजार नौ 39 करोड़ रुपये के निवेश को भी मंजूरी दी है।
श्री वैष्णव ने बताया कि दौ सौ 40 मेगावाट की स्थापित क्षमता वाली इस परियोजना से एक हजार मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इससे अरुणाचल प्रदेश में बिजली आपूर्ति को बेहतर करने और राष्ट्रीय ग्रिड को संतुलित करने में मदद मिलेगी।
एग्जीक्यूशन इसका निपको करेगा। अरुणाचल प्रदेश को बहुत बड़ा बेनिफिट मिलेगा 12 प्रसेंट पावर फ्री मिलेगा, जो अरुणाचल प्रदेश की इक्विटी है उसे इक्विटी पर रिटर्न भी आएगा। इस प्रोजेक्ट में 1940 करोड़ का इन्वेस्टमेंट रहेगा और बहुत इंपॉर्टेंट प्रोजेक्ट है अरुणाचल के लिए भी, पूरे नॉर्थ ईस्ट के लिए भी और भारत की जो ग्रीन एनर्जी की ट्रांजिशन है उसमें भी बहुत बड़ा इसका रोल रहेगा।
समिति ने अरुणाचल प्रदेश के शियोमी जिले में एक सौ 86 मेगावाट की टाटो-वन पनबिजली परियोजना के लिए निवेश प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है।

****

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने रेल मंत्रालय की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनपर लगभग सात हजार नौ 27 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन परियोजनाओं में मनमाड-जलगांव रेल लाइन, भुसावल-खंडवा रेललाइन और प्रयागराज-मानिकपुर रेललाइन शामिल हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मनमाड-जलगांव परियोजना से महाराष्ट्र के बंदरगाहों से माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी।
एक सौ साठ किलोमीटर का यह रूट है। दो हजार सात सौ 73 करोड़ रुपये का इसमें इंवैस्‍टमेंट आएगा। मुंबई, कोलकाता और मुंबई से वाराणसी यह दोनों के दोनों रूट इससे डीकंजेस्‍ट हो जाएंगे और यहां की कपैसिटी बढ़ेगी नई गाडियां चलाई जा सकती है। कन्‍टेनर जल्‍दी से तेजी से मूव होंगे।

****

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अपनी प्रमुख पहल अटल इनोवेशन मिशन-एआईएम को 31 मार्च, 2028 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए दो हजार सात सौ 50 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। मिशन का दूसरा चरण देश में नवाचार और उद्यमिता के वातावरण को विस्तार, मजबूती और गहराई प्रदान करेगा।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, उत्तर-पूर्व, आकांक्षी जिलों और प्रखंडों में दो हजार पांच सौ नई प्रयोगशालाएं खोली जाएंगी।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

****

ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई चेतना के तीसरे चरण में, कल 13 राज्यों में 227 जेंडर रिसोर्स सेंटर्स का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। श्री चौहान ने लोगों से देश में महिलाओं पर हो रही हिंसा को दूर करने के लिए आवाज उठाने की अपील की।
हर गांव में चेतना जागृत करने का प्रयत्न होगा सेल्‍फ हेल्‍प ग्रुप के माध्यम से। बहन और बेटी के खिलाफ हिंसा ना हो और अगर कहीं होती है तो चुप ना रहे, आवाज उठाएं और जो जिम्‍मेदार, जवाबदार है उसको सजा दिलवाए। हिंसा मुक्‍त वातावरण में हमारी बहन और बेटियां जीएं।

इस अवसर पर महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य हर किसी के भीतर से हिंसा के भय को समाप्‍त करना है।
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और विभिन्न जेंडरों के व्यक्तियों के अधिकारों को आगे बढ़ाना तथा उनके जीवन को भय और जेंडर आधारित भेदभाव से मुक्त करना है, ताकि महिलाएं अपने साथ हुई हिंसा के बारे में वह रिपोर्ट भी कर सके और जी सके।

****

प्रसार भारती, रेलटेल और प्लेबॉक्स टीवी रेलवायर ब्रॉडबैंड पर फ्रीडम प्लान शुरू करेगा। प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी तथा रेलटेल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने कल नई दिल्ली में इसकी शुरूआत की। इसका उद्देश्य पारंपरिक और आधुनिक प्रसारण के बीच की दूरी को कम करना तथा निर्बाध कनेक्टिविटी और उत्‍कृष्‍ट मनोरंजन उपलब्ध कराना है।
श्री द्विवेदी ने कहा कि देश डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ रहा है और वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म प्रसार भारती के लिए एक बड़ी छलांग है।
प्रसार भारती में ग्रामीण और शहरी का ये कोई भेद नहीं है। हमारा जो दायित्व है वह यह है कि भारत के हर नागरिक तक हमें सेवाएं पहुंचानी है। हमारे एक प्रयास है कि एक कंसोलिडेटेड डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हम लोगों तक समाचार जो जानकारियां है जो एंटरटेनमेंट प्रोग्राम्स है पहुंचा सके।

****

गोवा में चल रहे भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आज छठे दिन 70 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एक्सेसिबल इंडिया-एक्सेसिबल फिल्म्स खंड में फिल्मों को ऑडियो विवरण और भारतीय सांकेतिक भाषा के साथ प्रदर्शित किया गया है। जिससे दृष्टिबाधित और वधिर दर्शक भी इन फिल्‍मों का आनन्‍द ले सकेंगे।
माइग्रेशन ब्रह्मास्त्र पार्ट1 और द सेक्रेट लाइफ का पेट्स टू जैसी फिल्मों की स्क्रीनिंग शहर के विभिन्न समुद्र तटों पर की जाएगी। आज मास्टर क्लास में क्रिस ग्रीसपो स्टीफन बूले और सेंथिल कुमार के सत्र आयोजित किए जाएंगे आज शाम शताब्दी सत्र में आसमान से आया फरिश्ता, मोहम्मद रफी द किंग ऑफ मेलोडी का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक उत्सव इफ्फीयेस्‍टा में देश विदेश के सिने प्रेमियों का जामवड़ा रहेगा। ओमवेश उपाध्‍याय के साथ दुर्गेश भदौरिया, आकाशवाणी समाचार गोवा।

****

आज से 13वां संयुक्त राष्ट्र वैश्विक जियोस्पैशिएल सूचना प्रबंधन एशिया-प्रशांत सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। नई दिल्ली में भारत मंडपम में शुरु हो रहे चार दिन के इस सम्मेलन में भारत के 120 प्रतिनिधियों समेत 30 देशों के 90 प्रतिनिधि शामिल होंगे। जियो स्पैशिएल डेटा स्थान विशेष का समय-आधारित डेटा होता है। देश के महासर्वेक्षक हितेश कुमार एस. मकवाना ने बताया कि भारत जियो स्पैशिएल के मामले में एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त कर रहा है।

****

आज राष्‍ट्रीय दुग्‍ध दिवस है। यह दिवस देश में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीस कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस अवसर पर नई दिल्‍ली में एक कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य-पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह पशुधन तथा डेयरी क्षेत्र के लिए गोपाल रत्न पुरस्कार प्रदान करेंगे।

****

देश में श्वेत क्रांति का उद्गम स्थल माने जाने वाले गुजरात में पिछले कुछ वर्षों में दुग्‍ध उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले 22 वर्षों में राज्य में दुग्‍ध उत्पादन में औसतन 10 दशमलव 23 प्रतिशत की दर से 119 लाख 63 हज़ार मीट्रिक टन की वृद्धि हुई है।
भारत के कुल दूध उत्पादन में राज्य का योगदान 7.49 प्रतिशत है। केवल 6 सदस्य यूनियन और 49 करोड़ के टर्नओवर के साथ शुरू हुए अमूल फेडरेशन,की वर्तमान में गुजरात में 18 सदस्य संघ हैं जिनके माध्यम से, अमूल फेडरेशन द्वारा हर दिन राज्य भर से 3 करोड़ लीटर से अधिक दूध एकत्रित किया जाता और इससे विभिन्न उत्पाद तैयार किये जाते है, जो पूरे भारत और लगभग 50 विभिन्न देशों में बेचे जाते हैं। गुजरात सरकार का पाटन में “सेक्सड सीमेन प्रयोगशाला” स्थापित करने का निर्णय भी अच्छी गुणवत्ता वाले पशुधन को सुनिश्चित करने के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

****

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग को दिल्ली सहित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शिक्षा संस्थानों में कक्षाओं पर जारी प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार करने का निर्देश दिया है। न्‍यायाधीश अभय एस. ओका और ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों की संख्या काफी अधिक है जिनके घर में एयर प्यूरीफायर नहीं है। इसलिए, घर पर रहने वाले बच्चों और स्कूल जाने वाले बच्चों के बीच कोई विशेष अंतर नहीं है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने यह भी कहा कि कुछ छात्रों को मध्याह्न भोजन की सुविधा से वंचित किया जा रहा है और ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लेने के लिए उनके पास पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं।

****

इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता की श्रेणी बहुत खराब बनी हुई है। आज सुबह 6 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता 396 थी।

****

13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इंडियन प्रीमियर लीग- आईपीएल के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। आईपीएल-2025 के लिए राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें एक करोड़ दस लाख रुपये की कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया।

****

ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नवीन सक्‍सेना।
संसद के शीतकालीन सत्र की हंगामेदार शुरुआत आज के सभी समाचार पत्रों के मुख पृष्‍ठ पर है। राष्‍ट्रीय सहारा की सुर्खी है- अदाणी मुद्दे पर हंगामे की भेंट चढ़ा सत्र का पहला दिन। वहीं वीर अर्जुन में सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के बयान को दिया है- जनता से खारिज लोग हुड़दंगबाजी से संसद को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं। देश के विद्यार्थियों को दुनियाभर के शोध और आलेख अब एक ही मंच पर होंगे उपलब्‍ध। राजस्‍थान पत्रिका के अनुसार- केन्‍द्र सरकार ने वन नेशन, वन सब्‍सक्रिप्‍शन योजना को मंजूरी दी है। संविधान में धर्मनिरपेक्ष और समाजवाद शब्‍द बने रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला नवभारत टाइम्‍स सहित कई अखबारों में है। बॉर्डर गावस्‍कर ट्रॉफी के पहले टेस्‍ट मैच में भारत की शानदार जीत को दैनिक भास्‍कर ने सचित्र देते हुए लिखा है-भारत की ऑस्‍ट्रेलिया में सबसे बड़ी जीत, पर्थ का किला भेदकर 295 रन के रिकॉर्ड अंतर से जीता पहला टेस्‍ट।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-

  • आज संविधान दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु संसद के दोनों सदनों की संयुक्‍त बैठक को संबोधित करेंगी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम सर्वोच्‍च न्‍यायालय में संविधान दिवस समारोह में शामिल होंगे।
  • केंद्र सरकार ने आयकर विभाग की पैन परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दी। यह एक एकीकृत प्‍लेटफॉर्म होगा।
  • सरकार एक हजार नौ सौ 39 करोड़ रुपये के निवेश से अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में हीओ पनबिजली परियोजना स्थापित करेगी।
  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से दिल्ली-एनसीआर में शिक्षा संस्थानों में कक्षाओं पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने पर विचार करने को कहा।
  • 13 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के लिए अनुबंधित होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।

****