Download
Mobile App

android apple
signal

November 24, 2024 9:09 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्‍ली में ओडिशा पर्ब-2024 में भाग लेंगे।
  • महाराष्‍ट्र में भाजपा के नेतृत्‍व वाले महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की, झारखंड में जेएमएम के नेतृत्‍व में इंडिया ब्‍लॉक की सत्‍ता में वापसी।
  • इंडिया ब्‍लॉक के नवनिर्वाचित विधायक आज रांची में करेंगे नये नेता का चुनाव।
  • संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • टेनिस में इटली में खेले गये एटीपी चैलेंजर टूर में एन श्रीराम बालाजी और ऋत्विक बोलिपल्ली ने पुरूष डब्‍ल्‍स का खिताब जीता।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 116वीं कड़ी होगी। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और news on air मोबाइल ऐप पर प्रसारित किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यूट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा। हिंदी में प्रसारण के तुरंत बाद क्षेत्रीय भाषाओं में भी इस कार्यक्रम को प्रसारण होगा। 

*****

प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में ‘ओडिशा पर्ब’ कार्यक्रम में भाग लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे। ओडिया विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए ओडिशा पर्ब का आयोजन 22 से 24 नवंबर के बीच किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ओडिशा की समृद्ध विरासत के रंग-बिरंगे सांस्कृतिक रूपों को दर्शाते हुए राज्य के जीवंत सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक लोकाचार को प्रदर्शित किया गया है। ओडिशा पर्ब का आज समापन होगा।

*****

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कल शाम नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुशासन और विकास की जीत है। उन्‍होंने कहा कि चुनाव परिणाम नकारात्‍मक राजनीति की हार है।

 

आज महाराष्ट्र में विकासवाद की जीत हुई है। महाराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई है। महाराष्ट्र में सच्चे सामाजिक न्याय की विजय हुई। आज महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत किया। मैं देश भर के भाजपा के, एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं बहुत-बहुत बधाई।

श्री मोदी ने कहा कि कई राज्‍यों में हुए उपचुनावों में भी लोगों ने भाजपा के प्रति भरोसा जताया है। श्री मोदी ने कहा कि यह जीत दिखाती है कि लोग केवल विकास चाहते हैं। श्री मोदी ने पार्टी पर अपना विश्‍वास व्‍यक्‍त करने के लिए महिलाओं, किसानों और युवाओं के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया।

     

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का ध्‍यान केवल और केवल परिवार पर है और नागरिकों के बजाए परिवार को प्राथमिकता देने वाली पार्टी लोकतंत्र के लिए खतरा है।

 

संविधान में वक्‍फ कानून का कोई स्थान ही नहीं है लेकिन फिर भी कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए वक्‍फ बोर्ड जैसी व्यवस्था पैदा कर दी। ये इसलिए किया गया ताकि कांग्रेस के परिवार का वोट बैंक बढ़ सके। सच्ची पंथनिरपेक्षता को कांग्रेस ने एक तरह से मृत्यु दंड देने की कोशिश की है।

*****

भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। झारखंड में, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्‍व में इंडिया गठबंधन ने सत्ता बरकरार रखी है।

     

महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटों में से महायुति में शामिल दलों में से भाजपा को 132, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 41 सीटों पर जीत हासिल हुई हैं।

     

विपक्षी महाविकास अघाडी गठबंधन में, कांग्रेस ने 16, शरद पवार के नेतृत्‍व वाली राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 10 और उद्धव ठाकरे के नेतृत्‍व वाली शिवसेना ने 20 सीट पर जीत हासिल की है। अन्य ने 12 सीटें जीती हैं।

     

झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों में से सत्तारूढ़ इंडिया ब्‍लॉक में शामिल दलों में से झारखंड मुक्ति मोर्चा को 34, कांग्रेस को 16 और राष्‍ट्रीय जनता दल को चार सीटों पर जीत मिली है। भारतीय जनता पार्टी ने 21 सीटें जीतीं हैं। अन्‍य के खाते में छह सीटें गई हैं।

*****

लोकसभा की 2 सीटों और 13 राज्यों की 46 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे भी आ गये हैं। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने 4 लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है। महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

     

46 विधानसभा सीटों में से राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की झोली में 25 सीटें गई हैं।

*****

महाराष्ट्र में सरकार बनाने पर बोलते हुए शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा कि महायुति के सभी घटक दल भविष्य की रणनीति के बारे में आपस में चर्चा करेंगे।

 

हमारी तीनों पार्टियां बैठेगी। हम आज जैसे आपको बताते हैं, जैसे हमने सीटों का बंटवारा हुआ हमें कोई मतभेद हमारे में नहीं थे। आज भी कोई मतभेद नहीं है। हम हमारे वरिष्‍ठ और हम लोग बैठकर इसके ऊपर निर्णय लेंगे।

*****

उधर, झारखंड में सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इंडिया ब्लॉक के नवनिर्वाचित विधायक आज अपना नेता चुनने के लिए रांची में बैठक करेंगे।

 

झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस आरजेडी और सीपीआई एमएल के नवनिर्वाचित विधायक आज की बैठक में शामिल होंगे। हेमंत सोरेन को इंडिया ब्लॉक के विधायक दल का नेता चुना जाना तय माना जा रहा है। इसके बाद हेमंत सोरेन नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 81 सदस्यों की झारखंड विधानसभा में इंडिया ब्लॉक को 56 सीटों पर सफलता मिली जबकि एनडीए को 24 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा को एक सीट पर कामयाबी मिली। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से कृष्ण कुमार लाल।

*****

सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक में सरकार सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा में सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगेगी।

     

संसद का शीतकालीन सत्र कल से शुरू होगा और 20 दिसंबर तक चलेगा। 26 नवम्‍बर को संविधान दिवस के अवसर पर संसद की बैठक नहीं होगी।     

*****

आज शहीदी दिवस मनाया जा रहा है। सिखों के नौवें गुरू श्री गुरु तेग बहादुर के बलिदान को हर वर्ष शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।  

     

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस अवसर पर श्री गुरु तेग बहादुर को श्रद्धांजलि अर्पित की है। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर ने मानवता और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।

*****

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि भारत के प्रति दुनिया की सोच बदली है। 8वें इंडिया आइडियाज कॉन्क्लेव को वर्चुअल माध्‍यम से संबोधित करते हुए डॉक्‍टर जयशंकर ने कहा कि पिछले दशक में एक बड़ा परिवर्तन देखा गया है और अब भारत में व्‍यापार करना काफी सुगम माना जाता है। उन्‍होंने कहा कि मेक इन इंडिया आकांक्षा से दृढ़ता में परिवर्तित हो चुका है।

*****

गोवा में 55वें भारत अंतरराष्‍ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी में युवा बड़ी संख्‍या में भाग ले रहे हैं। इस वर्ष महोत्‍सव की थीम है- युवा फिल्‍म निर्माता- भविष्‍य अभी है

     

अरुणाचल प्रदेश से प्रतिभागी और उभरती हुई फिल्‍म निर्माता ऐमा ने इस अवसर के लिए आभार व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि ।

     

हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज कई रोचक फिल्‍मों का प्रदर्शन किया जाएगा और अन्‍य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

आज फिल्म महोत्सव में मुख्य आकर्षण होगा क्रिएटिव माइंड्स आफ टुमारो के 48 घंटे लंबे फिल्म चैलेंज के परिणामों की घोषणा। आज के मुख्य सत्रों की बात करें तो नॉलेज सीरीज के कार्यक्रम भी शामिल होंगे जिनमें फिल्म इन इंडिया ए लैंड ऑफ़ सिनेमैटिक अपॉर्च्‍यूनिटीज और नॉस्टैल्जिया मीट्स अपॉर्चुनिटी द पावर ऑफ़ फ्री रिलीजिंग फिल्म जैसे सत्र शामिल हैं। भारतीय सिनेमा की दिग्‍गज राज कपूर की शताब्दी वर्षगांठ के उपलक्ष्‍य में उनकी फिल्म आवारा की प्रीमियर स्‍क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। आज फिल्‍म बाजार का अंतिम दिन भी है जहां देश-विदेश से फिल्म व्यापार के जुड़े लोगों और कलाकारों का जमावड़ा है। आज शाम का समापन इफिएस्‍टा जो फिल्म महोत्सव की सांस्कृतिक शाखा है में एनआईएफटी द्वारा प्रस्तुत एक फैशन शो के साथ होगा। ओमवेश उपाध्‍याय के साथ आकाशवाणी समाचार के लिए दुर्गेश भदौरिया गोवा।

*****

भारत के एन. श्री राम बालाजी और ऋत्विक बोलिपल्ली की जोडी ने ए.टी.पी. टेनिस चैलेंजर टूर में पुरुष डबल्‍स का खिताब जीत लिया है। इटली में, कल फाइनल में बालाजी और बोलिपल्ली की जोड़ी ने फ्रांस के थियो एरिबेज और पुर्तगाल के फ्रांसिस्को कैब्राल की जोड़ी हराया। ऋत्विक बोलिपल्ली ने दूसरी बार ए.टी.पी. चैलेंजर टूर का खिताब जीता है।

*****

क्रिकेट में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत ने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरी पारी में ताजा समाचार मिलने तक बिना किसी नुकसान के 191 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम ने 235 रन की मजबूत बढ़त बना ली है।

*****

इंडियन प्रीमियर लीग-आईपीएल 2025 के लिए सऊदी अरब के जेद्दा में आज और कल नीलामी होगी। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब नीलामी विदेश में आयोजित की जा रही है। आईपीएल 2024 के लिए नीलामी दुबई में आयोजित की गई थी।

*****

जूनियर हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट 26 नवम्‍बर से ओमान के मस्‍कट में शुरू होगा। मौजूदा चैम्पियन भारत, अमिर अली की कप्‍तानी में टूर्नामेंट खेलेगा। पिछले वर्ष फाइनल में भारत ने पाकिस्‍तान को दो-एक से हराकर चौथी बार खिताब जीता था।

*****

दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 370 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली के कुछ इलाकों में ए.क्यू.आई. का स्तर 400 के पार चला गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रात और सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना व्यक्त की है।

     

मौसम विभाग के अनुसार अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज तेज बारिश की संभावना है।

*****

महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन की महाविजय को सभी अखबारों ने पहले पन्ने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है। जनसत्ता की हेडिंग है- महा विजय युति। प्रधानमंत्री के हवाले से पत्र ने लिखा है- झूठ, विश्वासघात की राजनीति हारी, जनता ने विभाजनकारियों को दंडित किया। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- भाजपा महाअगाड़ी; कांग्रेस महापिछाड़ी। अमर उजाला ने लिखा है- महाराष्ट्र में भगवा सुनामी, झारखंड में झामुमो की आंधी। पत्र के अनुसार भाजपा ने हरियाणा की तरह पलट दी बाजी। राजस्थान पत्रिका की सुर्खी है- फिर एक बार वही सरकार : महाराष्ट्र में महायुति तो झारखंड में इंडिया गठबंधन के पक्ष में जनादेश। उपचुनावों से जुड़ी खबरें भी अखबारों में हैं। दैनिक जागरण लिखता है- उत्तर प्रदेश में चला योगी का जादू, 62 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले कुंदरकी में भाजपा की जीत।

 

दिल्ली प्रदूषण पर भी कई अखबारों ने विशेष कवरेज दी है। नवभारत टाइम्स लिखता है- प्रदूषण फिर गंभीर, स्कूल खुलने के आसार कम। हिन्दुस्तान ने सुर्खी दी है- दो दिन मामूली राहत के बाद फिर फूलने लगा दम।

गुटीय हिंसा से दहला खैबर पख्तूनख्वा, 37 की मौत, जान बचाने के लिए सैंकड़ों लोगों ने छोड़ा घर, सभी शैक्षणिक संस्थान बंद, पंजाब केसरी की खबर। 

जनसत्ता ने देश-दुनिया पन्ने पर लिखा है- भौगोलिक सीमाओं से पार हिंदी को मिली वैश्विक पहचान, संयुक्त राष्ट्र में कई देशों के राजदूत बोले।

 

दैनिक जागरण ने खबर दी है- कार्बन मुक्त होने की राह पर लद्दाख, लेह में दौड़ने लगीं ग्रीन हाइड्रोजन बसें।

पहाड़ों पर बर्फबारी से जुड़ी खबरें भी अखबारों में हैं। राजस्थान पत्रिका ने सचित्र लिखा है – रोहतांग : मौसम की पहली बर्फबारी।

पर्थ में खेली जा रही बार्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत का अच्‍छा प्रदर्शन भी अखबारों में विस्तार से है। हिन्दुस्तान लिखता है – जयसवाल – राहुल की बेजोड़ बल्लेबाजी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत का शिकंजा।

*****

और,अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज शाम नई दिल्‍ली में ओडिशा पर्ब-2024 में भाग लेंगे।
  • महाराष्‍ट्र में भाजपा के नेतृत्‍व वाले महायुति गठबंधन ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की, झारखंड में जेएमएम के नेतृत्‍व में इंडिया ब्‍लॉक की सत्‍ता में वापसी।
  • इंडिया ब्‍लॉक के नवनिर्वाचित विधायक आज रांची में करेंगे नये नेता का चुनाव।
  • संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • टेनिस में इटली में खेले गये एटीपी चैलेंजर टूर में एन श्रीराम बालाजी और ऋत्विक बोलिपल्ली ने पुरूष डब्‍ल्‍स का खिताब जीता। 

*****