मुख्य समाचार :
- महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के साथ 46 विधानसभा सीटों और दो संसदीय क्षेत्रों के उप-चुनावों की मतगणना शुरू।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म मंत्र के कारण भारत अब दुनिया के शीर्ष देशों में।
- अमरीका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा प्रलोभन देने के मामले में सजा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया।
- खेलों में, पर्थ में चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष-डबल्स सेमीफाइनल में भारत की शीर्ष जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का मुकाबला आज दक्षिण कोरिया के जिन योंग और सियो सेउंग जे से।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी के टेस्ट मैच में भारत के साथ खेलते हुए आज दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 67 रन से आगे खेलना शुरु किया।
*******
झारखंड में दो चरणों और महाराष्ट्र में एक ही चरण में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना शुरू हो गई है। झारखंड में प्रत्येक मतगणना केन्द्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रविकुमार ने बताया कि राज्य के जिला मुख्यालयों में 24 मतगणना केन्द्र बनाये गए हैं। और अधिक जानकारी के लिए जुडते हैं हमारी संवाददाता शिल्पी से, जो इस समय रांची में मौजूद हैं …
प्रश्न- शिल्पी, चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए व्यापक व्यवस्था की है। आपके पास क्या ताज़ा जानकारी है?
जी नमस्कार रवि, मैं अभी रांची के पंडरा में कृषि बाजार प्रांगण स्थित मतगणना केंद्र पर मौजूद हूँ. अब से थोड़ी देर पहले ही वोटों की गिनती यहाँ शुरू हुई है। सबसे पहले बैलट पत्रों की गिनती चल रही है और उसके बाद ईवीएम में डाले गए वोटो की गिनती होगी। माना जा रहा है कि लगभग साढ़े नौ बजे से रुझान आना शुरू हो जाएंगे। मतगणना स्थल की बात करें तो कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना का कार्य चल रहा है। झारखण्ड के सभी 24 जिलों में मतगणना केंद्र बनाये गए है। यहाँ पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग की ओर से जारी प्राधिकार पत्र के बगैर किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। रांची मतगणना केंद्र पर सात विधानसभा क्षेत्रों रांची हटिया कांके सिल्ली खिजरी माण्डर और तमाड़ की गिनती जारी है, जिनमे सबसे अधिक 23 राउंड की गिनती हटिया क्षेत्र से होगी। आजसू प्रमुख सुदेश महतो के भाग्य का फैसला सिल्ली क्षेत्र के परिणाम के बाद इस मतगणना केंद्र से मिलेगा। झारखंड के परिदृश्य के बारे में बात करे तो सबसे कम 13 राउंड की मतगणना तोरपा विधानसभा क्षेत्र की होगी, जबकि सबसे अधिक 27 राउंड की मतगणना चतरा विधानसभा क्षेत्र की होगी। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद से परिणाम आने शुरू हो जाएंगे।
इस जानकारी के लिए आपका धन्यवाद शिल्पी।
*******
महाराष्ट्र में एक चरण में हुए विधानसभा चुनाव की मतगणना आज हो रही, इसके लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिये गये हैं।
ताजा जानकारी के लिए बात करते हैं- वहां मौजूद हमारी संवाददाता प्रार्थना से—
प्रश्न- प्रार्थना आप हमें मतगणना और वहां के राजनीतिक संस्करण के बारे में बताएं।
जी रवि यहाँ महाराष्ट्र में आज सुबह 8:00 बजे से ही सभी मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना होगी और फिर ईवीएम पर वोटों की गिनती की जाएगी। सभी मतगणना केंद्रों पर रेकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है और सुरक्षा के भी कड़े प्रबंध किए गए हैं। चुनाव आयोग के लिए यहां एक अच्छी खबर ये है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में जो चुनाव हुए हैं वहां मतदान का प्रतिशत बढ़कर लगभग 66% हो गया है। इसके अलावा नांदेड लोकसभा चुनाव भी हुए हैं। वहां उपचुनाव हुए है, नांदेड लोकसभा क्षेत्र में वहां भी वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। इस सीट के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे। महाराष्ट्र के 288 सीटों की बात करें अगर मैं रवि तो चार हजार एक सौ 36 उम्मीदवारों के किस्मत का आज फैसला होगा, जिनमें 2,086 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। महायती गठबंधन में पार्टियों की बात करें तो भाजपा ने 149 सीटों पर मैदान में अपने उम्मीद्वार उतारे हैं। शिवसेना 81 सीटों पर, और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। विपक्षी महा विकास अघाड़ी गठबंधन में कांग्रेस ने 101 शिवसेना (UBT) ने 95 और एनसीपी (SP) ने 86 उम्मीदवार उतारे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद पिछले 5 वर्षों में महाराष्ट्र की राजनीति ने कई बड़े उथल-पुथल देखे हैं और एक तरह से कहें तो आज के नतीजे जो हैं वो नई पार्टियों के भविष्य के लिए निर्णायक साबित होंगे। रवि। इस जानकारी के लिए आपका धन्यवाद प्रार्थना।
*******
13 राज्यों की 46 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी मतगणना शुरू हो गई है। लोकसभा सीट में केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट शामिल हैं। जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा की नौ सीट, राजस्थान की सात, पश्चिम बंगाल की छह, असम की पांच, बिहार और पंजाब की चार-चार, कर्नाटक की तीन, मध्य प्रदेश और केरल की दो-दो, और गुजरात, छत्तीसगढ़, मेघालय तथा उत्तराखंड की एक-एक सीट के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है।
उत्तर प्रदेश की विधानसभा सीटों में मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, शीशमऊ, फूलपुर, कटेहरी और मझावन शामिल हैं। राजस्थान में- झुंझुनू, रामगढ़, दौसा, देवली-उनियारा, खिंवसर, सलूंबर और चोरासी। पश्चिम बंगाल में-सीताई, मदारीहाट, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर, तालडांगरा। असम में- धोलाई, सिडली, बोंगाईगांव, बेहाली और समागुरी। बिहार में-तरारी, रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज। पंजाब में- डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल, गिद्दड़बाहा और बरनाला। कर्नाटक में शिगगांव, संदुर और चन्नपटना। मध्य प्रदेश में- बुधनी और विजयपुर। केरल में पलक्कड़ और चेलक्करा। गुजरात की- वाव। छत्तीसगढ़ की- रायपुर दक्षिण। मेघालय की गम्बेग्रे और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर मतगणना शुरू हो गई है।
सिक्किम में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने दो विधानसभा सीट- सोरेंग-चाखुंग और नामची-सिंघीथांग पर निर्विरोध जीत हासिल कर ली है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले 10 वर्ष में उनकी सरकार द्वारा लागू किए जा रहे रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के कारण दुनिया अब भारत के सामरिक महत्व को स्वीकार कर रही है। प्रधानमंत्री ने जर्मनी के स्टटगार्ट में एक मीडिया हाउस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही।
आज पूरी दुनिया भारत की स्ट्रैटेजिक इंर्पोटेंस को एक्नॉलेज कर रही है! दुनिया की सोच में आए इस परिवर्तन के पीछे भारत में पिछले 10 साल से चल रहे रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफार्म की मंत्र की बड़ी भूमिका रही है।
कार्यक्रम का विषय था भारत-जर्मनी: सतत विकास की रूपरेखा। श्री मोदी ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और हर देश विकास के लिए भारत के साथ सहयोग करना चाहता है। श्री मोदी ने कहा कि जर्मनी का ‘फोकस ऑन इंडिया’ दस्तावेज इसका एक उदाहरण है और यह दर्शाता है कि विश्व किस तरह भारत के सामरिक महत्व को स्वीकार कर रहा है।
*******
अमरीका की कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रम्प के प्रलोभन देने के मामले में सज़ा को 2029 में उनके राष्ट्रपति पद के दूसरे कार्यकाल के समाप्त होने तक स्थगित कर दिया है। न्यायाधीश ने सुझाव दिया कि वे दोषसिद्धि को खारिज कर सकते हैं ताकि ट्रम्प को कानूनी जटिलताओं के बिना जनवरी में पदभार ग्रहण करने की अनुमति मिल सके।
डोनाल्ड ट्रम्प को मई में स्टॉर्मी डेनियल्स के भुगतान को कानूनी खर्च के रूप में गलत तरीके से दर्ज करने का दोषी ठहराया गया था, जिसके परिणामस्वरूप उनपर 34 आरोप लगाए गए थे।
*******
इस बीच, अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अरबपति स्कॉट बेसेंट को वित्त मंत्री के रूप में नामित किया है।
*******
55वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आज का दिन और भी रोचक होने की उम्मीद है। 70 से अधिक फिल्मों के सफल और लोगों को आकर्षित वाले कल के प्रीमियर के बाद, आज 70 अन्य फिल्म दिखाई जाएंगी। इसके अलावा, तीन फिल्म ओपन-एयर स्क्रीनिंग के हिस्से के रूप में दिखाई जाएंगी। हालांकि, आज का प्रमुख आकर्षण क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो-सी.एम.ओ.टी. का आयोजन है, जहां एक नई फिल्म बनाने की 48 घंटे की चुनौती पूरी की जाएगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस वर्ष, सी.एम.ओ.टी. चुनौती के लिए 13 तरह की फिल्म निर्माण कला से सौ होनहार युवा प्रतिभाओं का चयन किया गया है।
क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो इस महोत्सव के सबसे रोमांचक कार्यक्रमों में से एक है। इस साल की प्रतियोगिता में अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी देखने को मिली है, जिसमें 13 क्षेत्रों जैसे निर्देशन, पटकथा लेखन, गायन और संगीत रचना में 100 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। फिल्म बाजार जिसका अंतिम दिन भी होगा वहां बड़ी संख्या में फिल्म निर्देशक, निर्माता और वितरक और संपर्क साधने के लिए जुट रहे हैं। मास्टरक्लास सत्र में कई फिल्मी हस्तियाँ विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी साझा करेंगी। अभिनेता अनुपम खेर आज शाम की द पॉवर ऑफ़ फेलियर नामक सत्र में अपनी बात रखेंगे। दुर्गेश भदौरिया आकाशवाणी समाचार, गोवा।
*******
चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स सेमीफाइनल में भारत की शीर्ष जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का मुकाबला आज दक्षिण कोरियाई जोड़ी जिन योंग और सियो सेउंग जे से होगा। चीन के शेन्ज़ेन में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने कल डेनमार्क के किम एस्ट्रुप और एंडर्स स्कार्प रासमुसेन की जोडी को हराया था।
*******
ऑस्ट्रेलिया ने आज सुबह पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच की पहली पारी में भारत के साथ, 7 विकेट पर 67 रन से आगे खेलना शुरू किया।
ताजा समाचार मिलने तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। लायन 3 और स्टार्क 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।
*******
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 28 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव में तंजानिया भागीदार देश और ओडिशा भागीदार राज्य होगा। चंडीगढ़ में मीडिया को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी दी।
यह आयोजन लगातार 18 दिन तक चलेगा, जैसे शिल्प मेला और सर्स मेला 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक शिल्प और सर्स मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
*******
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- दिव्या तोमर।
- महाराष्ट्र और झारखण्ड के आज आ रहे चुनावी नतीजों पर लगभग सभी समाचार पत्रों की नजर है। राजस्थान पत्रिका का शीर्षक है- किसके सिर ताज, फैसला आज। जबकि हरिभूमि का शीर्षक है- महाराष्ट्र में महायुति या महाअघाडी, झारखण्ड में जे.एम.एम. या भाजपा, आज 11 बजे तक रुख साफ। इसी ख़बर पर दैनिक भास्कर लिखता है- महाराष्ट्र में एन.डी.ए. अगेन या इंडिया रिटर्न, इसी से तय होगी बिहार-दिल्ली के चुनावों की दिशा।
- दैनिक भास्कर ने अडाणी समूह पर समाचार देते हुए शीर्षक दिया है- अडाणी समूह अब सेबी के राडार पर, जवाब मांगा, उल्लंघन की भी जांच। जबकि जनसत्ता लिखता है- अडाणी समूह को बखूबी पता था अमरीकी जांच का, रपट में खुलासा। इसी ख़बर पर अमर उजाला का शीर्षक है- अड़ानी व भतीजे सागर समेत आठ को सौंपने की मांग कर सकता है अमरीका। वीर अर्जुन ने छत्तीसगढ़ में मुठभेड़, दस नक्सली ढ़ेर इस समाचाार को पहले पन्ने पर देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हवाले से लिखा।
*******
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की मतगणना के रूझान मिलने शुरू हो गए हैं। महायुति-4 और महाविकास अघाडी एक सीट पर आगे चल रहे हैं।
*******
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना के रूझान मिलने शुरू हो गए हैं। एनडीए-3, आईएनडीएआईए-2 सीटों पर बढत बनाए हुए है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के साथ 46 विधानसभा सीटों और दो संसदीय क्षेत्रों के उप-चुनावों की मतगणना जारी।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा-रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म मंत्र के कारण भारत अब दुनिया के शीर्ष देशों में।
- अमरीका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा प्रलोभन देने के मामले में सजा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित किया गया।
- खेलों में, चाइना मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष-डबल्स सेमीफाइनल में भारत की शीर्ष जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी का मुकाबला आज दक्षिण कोरिया के जिन योंग और सियो सेउंग जे से।
- पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी के टेस्ट मैच में भारत के साथ खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट पर 75 रन बना लिये हैं।
*******