मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – संस्कृति, खानपान और क्रिकेट भारत और गयाना को मजबूती से जोड़ते हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा- भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करते हुए आधुनिक प्रगति का लक्ष्य प्राप्त कर सकता है।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- सरकार डेटा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए कानूनी ढांचा लाएगी।
- ईपीएफओ की सदस्य संख्या में इस वर्ष सितंबर में 18 लाख 81 हजार नए सदस्य जुड़े।
- भारत और मालदीव ने लेनदेन में स्थानीय मुद्राओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- बिहार अगले साल अप्रैल में खेलो इंडिया यूथ गेम्स और पैरा गेम्स की मेजबानी करेगा।
<><><><><><><><>
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि संस्कृति, खान-पान और क्रिकेट भारत और गयाना को मजबूती से जोड़ते हैं। आज गयाना की राजधानी जॉर्जटाउन में भारतवंशियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये समानताएं और साझा दृष्टिकोण दोनों देशों के संबंधों को प्रगाढ़ करते हैं। श्री मोदी ने गयाना के विकास में भारतवंशियों के योगदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में भारत की प्रगति व्यापक, त्वरित और टिकाऊ रही है। उन्होंने कहा कि भारत जल्दी ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में भारत 10वीं अर्थव्यवस्था वाला देश था लेकिन दस वर्ष में ही इसने पांच पायदान की छलांग लगाई है।
श्री मोदी ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए भारतवंशियों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने भारतवंशियों को स्वदेश की यात्रा के लिए आमंत्रित किया।
गयाना के राष्ट्रपति इरफान अली ने कहा कि श्री मोदी ने भारत के लिए सम्मान और मर्यादा अर्जित की है। उन्होंने कहा कि तकनीक, अनुसंधान और विकास के लिए आज कई चीज़ों के लिए विकसित देश भी भारत की ओर देखते हैं।
श्री मोदी और श्री अली ने जॉर्जटाउन की जानी-मानी क्रिकेट हस्तियों से मुलाक़ात की। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के कारण दोनों देशों के करीबी संबंध हैं और सांस्कृतिक संबंध प्रगाढ हुए हैं।
नाईजीरिया, ब्राज़ील और गयाना की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश के लिए रवाना हो गए हैं।
<><><><><><><><>
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गयाना की संसद- नेशनल असेंबली को संबोधित किया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत की निर्णय प्रक्रिया मानवता प्रथम के सिद्धांत पर आधारित होती है। एक रिपोर्ट –
वैश्विक कूटनीतिक पहुंच में एक और महत्वपूर्ण क्षण को चिन्हित करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गयाना की संसद को संबोधित किया। यह 14वां ऐसा अवसर था, जब प्रधानमंत्री ने विदेश के संसद में भारत के लोगों की ओर से अपना संबोधन रखा। श्री मोदी विदेशी संसदों को सबसे अधिक बार संबोधित करने वाले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। पिछले कुछ वर्षों में श्री मोदी ने अमरीका से लेकर यूरोप, अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया और एशिया तक कई देशों के संसदों में अपना अभिभाषण रखा है। यह भारत का वैश्विक मंच पर बढ़ते प्रभाव को भी दिखता है। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
<><><><><><><><>
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गयाना में सरस्वती विद्या निकेतन स्कूल का दौरा किया।
<><><><><><><><>
विदेश मंत्रालय के सचिव जयदीप मजूमदार ने गयाना की राजधानी जॉर्जटाउन में पिछले डेढ वर्षों में दोनों देशों के बढ़ते संबंधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गयाना यात्रा ने दोनों देशों के बीच व्यापक और प्रगाढ संबंधों के लिए मंच तैयार किया है।
प्रधानमंत्री मोदी और गयाना के राष्ट्रपति डॉ इरफान अली की चर्चा में भारत-गयाना संबंधों के सभी पहलुओं को सम्मिलित किया गया। दोनों देशों के बीच हाइड्रोकार्बन, ऊर्जा, स्वास्थ्य और दवा निर्माण, कृषि, डिजिटल सहयोग, संस्कृति और रक्षा तथा सुरक्षा अध्ययन आदि से संबंधित दस समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
<><><><><><><><>
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए भी आधुनिक प्रगति का लक्ष्य हासिल कर सकता है। हैदराबाद में कोटि दीपोत्सवम में राष्ट्रपति ने समग्र और समावेशी विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमे एकजुट होकर आगे बढना होगा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना होगा। राष्ट्रपति ने इस कार्यक्रम को तेलुगू कला, संस्कृति और विरासत का उत्सव बताया।
कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, केन्द्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना की महिला और बाल कल्याण मंत्री डॉक्टर अनुसूईया भी उपस्थति थी।
राष्ट्रपति मुर्मु आज हैदराबाद के शिल्परामम में चौथे लोक मंथन का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। देश के दक्षिणी राज्यों में पहली बार अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
2016 में इसकी शुरुआत के बाद से लोकमंथन हर 2 साल में एक अलग राज्य में, एक अलग जगह पर प्रज्ञनावाहिनी द्वारा आयोजित किया जा रहा है। देश के दक्षिणी हिस्से में पहली बार हैदराबाद में यह अनोखा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का आतिथ्य दिया जा रहा है। पश्चिम एशिया सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों से कई प्राचीन और संरक्षित धार्मिक समुदाय ये चौथे लोकमंथन में एक-साथ शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जो अभी हैदराबाद की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। आज सुबह औपचारिक रूप से लोकमंथन का उद्घाटन करेंगी। आकाशवाणी समाचार के लिए हैदराबाद से, लक्ष्मी।
<><><><><><><><>
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि सरकार डेटा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाएगी। उन्होंने कहा कि भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार में निवेश का एक प्रमुख देश बनेगा और कानूनी मज़बूती से डेटा को सुरक्षित रखना संभव होगा।
श्री गोयल ने ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद के सम्मेलन में कहा कि डेटा के लिए काफी अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होगी और देश के पावर ग्रिड की इसमें बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल विश्व को टिकाऊ ढांचा दे सकने के मामले में भारत सबसे अच्छी स्थिति में है।
<><><><><><><><>
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
<><><><><><><><>
इस वर्ष सितम्बर महीने में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन से जुडे सदस्यों में नौ दशमलव तीन तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान 18 लाख 81 हजार नए सदस्य जुड़े हैं। इनमें 59 प्रतिशत हिस्सेदारी 18 से 25 वर्ष के आयु समूह के लोगों की है। श्रम और रोजगार मंत्रालय के अनुसार, सदस्य संख्या में यह वृद्धि रोजगार के अवसर बढने, कर्मचारियों को मिलने वाले लाभों के प्रति जागरूकता और संगठन की प्रभावी पहल के कारण हुई है। अस्थायी पे-रोल डेटा के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष के सितम्बर माह में कुल नौ लाख 47 हजार नए सदस्यों का पंजीकरण हुआ है। इनमें 18 से 25 आयु वर्ग के सदस्यों की संख्या कुल सदस्यों के 59 प्रतिशत से भी अधिक है। मंत्रालय ने बताया कि सितम्बर महीने में लगभग दो लाख 47 हजार महिलाएं संगठन से जुडी हैं।
<><><><><><><><>
भारत और मालदीव अब अपनी-अपनी मुद्राओं यानी रूपए और रूफिया में लेन-देन करेंगे। इस आशय के समझौते पर रिज़र्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और मालदीव मॉनेटरी अथॉरिटी के गवर्नर अहमद मुनावर ने मुंबई में हस्ताक्षर किए। इससे आयातकों और निर्यातकों को भी अपनी मुद्रा में बिल भुगतान की सहूलियत होगी और भुगतान जल्दी हो सकेगा। इस समझौते से दोनों देशों के बीच व्यापार में भी वृद्धि होगी।
<><><><><><><><>
झारखंड में दो चरणों में और महाराष्ट्र में एक ही चरण में हुए विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कल की जायेगी। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रविकुमार ने बताया कि 24 मतगणना केंद्र ज़िला मुख्यालयों में स्थापित किए गए हैं। मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्र के साथ शुरु होगी।
काउंटिंग सुबह आठ बजे शुरू होगा। फर्स्ट पोस्टल बैलेट की काउंटिंग शुरू होगी। फिर उसके बाद साढ़े आठ बजे से हम लोग की ईवीएम काउंटिंग प्रारंभ होगी। आपका वो फर्स्ट रिजल्ट निकलने में लगभग अराउंड समय अधिकतर आपका साढ़े नौ बजे लगेगी।
<><><><><><><><>
55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में आज फिल्म स्क्रीनिंग का दूसरा दिन है। इस अवसर पर विभिन्न शैलियों, और भाषाओं में 70 से अधिक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। नागार्जुन अक्किनेनी, विधु विनोद चोपड़ा और मणिरत्नम जैसे फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता दर्शकों से जुड़ने के लिए तैयार हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से:
आज के दिन का सबसे खास और बहु-प्रतिक्षित पल इफ्फी परेड होगी। जो एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा के कार्यालय से कला अकादमी तक सड़कों पर रंग बिखेरती नज़र आएगी। परेड के रास्ते पर होने वाली स्काई लैंटर्न प्रतियोगिता, इस उत्सव में एक जादूई माहौल जोड़ेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वालों के पास नगद पुरस्कार जीतने का मौका भी होगा। दूसरी ओर फिल्म इंडस्ट्री के निर्माताओं, वितरकों और अन्य पेशेवरों के बीच संपर्क और सहयोग का मंच फिल्म बाजार भी जोरों पर होगा। यहां उद्योग से जुड़े सौदे और चर्चाएं होने की भी उम्मीद है। आकाशवाणी समाचार गोवा के लिए, उमेश उपाध्याय के साथ, पंणजी से, दुर्गेश भदोरिया।
<><><><><><><><>
भगवान बिरसा मुंडा की विरासत को याद करने के लिए देशभर के शैक्षिक संस्थानों में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। एक रिपोर्ट –
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय बांस मिशन के माध्यम से आदिवासी परिवारों के लिए बांस की कटाई, प्रसंस्करण और बिक्री के लिए नए रास्ते खोले हैं, जिससे उन्हें आस का एक स्थाई स्रोत मिला है। 45 लाख से अधिक जनजातीय लाभार्थियों को वन-धन विकास केंद्रों से समर्थन मिला है, जिसने उन्हें वन उपज में मूल्य जोड़ने और अपनी आय बढ़ाने में सक्षम बनाया है। पीएम किसान के अंतर्गत लगभग एक करोड़ बीस लाख जनजाति किसानों को कृषि में निवेश करने और उनकी उत्पादकता में सुधार करने के लिए प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता भी प्राप्त हुई है। वर्ष 2014 के बाद से जनजातीय गांव को हजारों किलोमीटर सड़कों से जोड़ा गया है, जिससे वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए नए अवसर बन गए हैं। पल्लवी परमार के साथ, भानु प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
<><><><><><><><>
अगले वर्ष के खेलो इंडिया यूथ गेम्स और पैरा गेम्स बिहार में होंगे। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा है कि बिहार ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता साबित की है।
<><><><><><><><>
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला क्रिकेट टेस्ट मैच आज से पर्थ में जारी है। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। ताजा जानकारी मिलने तक भारत ने एक विकेट पर पांच रन बना लिये हैं।
<><><><><><><><>
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। दिल्ली में आज सुबह 7 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता 371 दर्ज की गई।
<><><><><><><><>
ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।
<><><><><><><><>
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।
- प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी को गयाना और डोमिनिका के सर्वोच्च सम्मान प्रदान करने को सभी समाचार पत्रों ने सचित्र प्रकाशित किया है। लोकसत्य ने सुर्खी दी है- प्रधानमंत्री बोले यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। हरिभूमि लिखता है- कैरिकॉम देशों के साथ अपने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध भारत।
- रूस ने यूक्रेन के शहर निप्रों को निशाना बनाकर कल रात अंतर महाद्वीपीय मिसाइल दागी- ये ख़बर नवभारत टाइम्स सहित कई अखबारों ने सचित्र प्रकाशित की है। दैनिक जागरण ने अपने पहले पृष्ठ पर दिया है, यूक्रेन का दावा रूस ने ICBM दागी। वहीं, पुतिन ने कहा- मध्यम दूरी की नई बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया।
- बच्चों को इंटरनेट मीडिया के गलत प्रभावों से बचाने के लिए ऑस्ट्रेलिया की संसद में बिल पास होने पर राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- ऑस्ट्रेलिया की संसद में दुनिया का अपनी किस्म का पहला विधेयक पेश।
<><><><><><><><>
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – संस्कृति, खानपान और क्रिकेट भारत और गयाना को मजबूती से जोड़ते हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा – भारत अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और संवर्धित करते हुए आधुनिक प्रगति का लक्ष्य प्राप्त कर सकता है।
- केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा – सरकार डेटा की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए कानूनी ढांचा लाएगी।
- ईपीएफओ की सदस्य संख्या में इस वर्ष सितंबर में 18 लाख 81 हजार नए सदस्य जुड़े।
- भारत और मालदीव ने लेनदेन में स्थानीय मुद्राओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- बिहार अगले साल अप्रैल में खेलो इंडिया यूथ गेम्स और पैरा गेम्स की मेजबानी करेगा।
<><><><><><><><>