Download
Mobile App

android apple
signal

November 19, 2024 10:01 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • जी-20 नेताओं ने रियो दी जनेरियो घोषणा पत्र को अपनाया जलवायु परिवर्तन और यूक्रेन तथा पश्चिम-एशिया में युद्ध रोकने पर पहल की अपील की।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन में ब्रिटेन, इटली, फ्रांस और नॉर्वे सहित कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की।
  • इसरो ने अमरीका में स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से अपने सबसे परिष्कृत संचार उपग्रह जीसैट 20 का प्रक्षेपण किया।
  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण तथा महाराष्ट्र में एक ही चरण में कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
  • गृह मंत्री अमित शाह आज गांधीनगर में अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे।
  • चाइना ओपन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से शेन्ज़ेन में शुरू हो रहा है।

*****

जी-20 देशों ने ब्राजील में 19वें शिखर सम्‍मेलन में रियो दी जिनेरियो घोषणा-पत्र को अंगीकृत किया है। इसरो में जलवायु परिवर्तन और यूक्रेन तथा पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्‍त करने के लिए पहल की अपील की गई है।  घोषणा-पत्र का उद्देश्‍य विश्‍व की प्रमुख चुनौतियों का समाधान करना और टिकाऊ तथा समावेशी विकास को बढावा देना है। हमारे संवाददाता ने बताया कि घोषणा पत्र कल रात जारी किया गया।

इस वर्ष का जी-20 घोषणा पत्र सतत विकास, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक स्वास्थ्य, आर्थिक सुधार और बहुपक्षीयता के भविष्य पर ज़ोर डालता है। इसमें जी-20 देशों ने संकल्प लिया कि 2050 तक नेट-जीरो एमिशन लक्ष्य को हासिल किया जाएगा, साथ ही विकासशील देशों को स्वच्छ ऊर्जा के ट्रांजिशन में मदद की जाएगी। इसमें संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है, जिसमें गरीबी, लिंग समानता और सार्वभौमिक शिक्षा तथा स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है। घोषणा पत्र में अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों के सुधार की आवश्यकता पर जोर डाला गया है, ताकि विकासशील देशों को राहत और जलवायु अनुकूलन के लिए वित्तीय सहायता मिल सके। यह घोषणा पत्र वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए बहुपक्षीय कूटनीति के महत्व को फिर से स्थापित करता है और समावेशी और सतत वैश्विक भविष्य की दिशा में एक ठोस कदम है। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, ब्राजील।

*****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य जी-20 ब्राजील शिखर सम्मेलन पिछले साल नई दिल्ली में आयोजित शिखर सम्मेलन की तरह ही प्रासंगिक है। रियो दी  जनेरियो में इस वर्ष सम्मेलन में “सामाजिक समावेश और भुखमरी तथा गरीबी के खिलाफ लड़ाई” सत्र में अपनी टिप्पणी में श्री मोदी ने कहा कि नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान लिए गए जन केंद्रित निर्णयों को ब्राजील की अध्यक्षता में आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने इस बात पर संतोष व्‍यक्‍त किया कि जी-20 ने समावेशी विकास, महिला नेतृत्व और युवा शक्ति की प्राथमिकता पर ध्यान केंद्रित किया है।

*****

प्रधानमंत्री ने ब्राज़ील के रियो डी जेनेरियो में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन, इटली, फ्रांस, नॉर्वे, पुर्तगाल और इंडोनेशिया के नेताओं से मुलाक़ात कर आपसी संबंधों को बेहतर बनाने पर चर्चा की। एक रिपोर्ट..

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टार्मर से भेंट की। उन्‍होंने कहा कि ब्रिटेन के साथ व्‍यापक सामरिक भागीदारी भारत के लिए बहुत महत्‍वपूर्ण है। श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश हरित ऊर्जा, सुरक्षा, नवाचार, प्रौद्योगिकी, व्‍यापार और सांस्‍कृतिक संपर्क के क्षेत्र में मिलकर काम करने के इच्‍छुक हैं। श्री मोदी ने फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मिलकर उन्‍हें पेरिस ओलम्पिक और पैरालंपिक खेलों के सफल आयोजन पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मिलोनी के साथ रक्षा, व्‍यापार, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच संस्‍कृति, शिक्षा तथा अन्‍य क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। श्री मोदी ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्‍टोर के साथ हुई बैठक में खासतौर पर नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और समुद्री अर्थव्‍यवस्‍था में निवेश तथा नवाचार और अनुसंधान बढ़ाने पर चर्चा की। श्री मोदी ने इंडोनेशिया के राष्‍ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात कर वाणिज्‍य, सुरक्षा, स्‍वास्‍थ्य सेवा और दवा निर्माण के क्षेत्रों में संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वर्ष विशेष है क्‍योंकि इस वर्ष दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ है। श्री मोदी ने पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटनीग्रो के साथ आर्थिक संबंधों, नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, रक्षा और जनसंपर्क पर चर्चा की। समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।

*****

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो ने कल रात अमरीका के केप कैनवरल से स्पेस एक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से अत्‍याधुनिक संचार उपग्रह जीसैट20 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने कहा कि ये एक बहुत ही सफल प्रक्षेपण था। यह उपग्रह दूरदराज के इलाकों में ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्‍ध कराएगा और यात्री विमानों में उड़ान के दौरान इंटरनेट सेवा प्रदान करेगा। उन्‍होंने बताया कि यह उपग्रह 14 वर्ष तक कार्य करेगा।

*****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*****

महाराष्‍ट्र में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। राज्‍य में कल एक ही चरण में सभी 288 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। हमारे संवददाता ने बताया है कि निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं।

महाराष्ट्र में चुनाव आयोग स्वीप कार्यक्रम के तहत तरह-तरह की जिंगल गाने आदि के माध्यम से मतदाताओं को प्रोत्साहित करने की कोशिश कर रहा है। इसके अतिरिक्त राज्य में अलग-अलग जिलों में मतदाताओं को जागरुक करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनमें घर-घर जाकर जनजागरूकता फैलाना, मानव श्रृंखलाएं, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, साइकिल और बाइक रैलियाँ, मैराथॉन, मतदाता शपथ एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आदि आयोजित किया जा रहे हैं। केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा एक वोटर अवेयरनेस वैन भी राज्य के 15 जिलों में चलाई गई और इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की जानकारी और मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट आदि के बारे में जागरूकता फैलाना है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

*****

उधर झारखंड में कल होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे तथा अंतिम चरण के मतदान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। हमारे संवददाता ने बताया कि इस चरण में 12 जिलों के  38 निर्वाचन-क्षेत्रों में मतदान होगा।

इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटों पर बड़े नेता चुनावी मैदान में है। बरहेड सीट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं और धनबाद सीट से झारखंड भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी मैदान में है। सिल्‍ली भी एक महत्‍वपूर्ण सीट है, जहां से आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन, गांडेय सीट से और मुख्यमंत्री के भाई बसंत सोरेन अपने परिवार की पारंपरिक सीट दुमका से चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण में 55 महिलाओं समेत पांच सौ 28 उम्मीदवार मैदान में हैं। सुचारु मतदान कराने के लिए 12 जिलों में कुल 14 हजार दो सौ 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और इनमें से सात हजार मतदान केंद्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील हैं। चुनाव कराने के लिए संवेदन इलाकों में केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की छह सौ कंपनियां तैनात की गई हैं। के.के. लाल के साथ भूपेंद्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, रांची।

*****

चार राज्‍यों की 15 विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर भी उप-चुनाव के लिए भी कल वोट डाले जाएंगे। इनमें उत्तर प्रदेश की 9, पंजाब की 4, केरल और उत्तराखण्ड की एक-एक सीट के साथ महाराष्‍ट्र की नांदेड संसदीय सीट शामिल है। मतो की गिनती 23 नवंबर को होगी।

*****

गृहमंत्री अमित शाह आज गुजरात के गांधीनगर में, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी शामिल होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री शाह आज गुजरात में कुछ अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

इस दो दिवसीय सम्मेलन में नए आपराधिक कानून में फोरेंसिक और प्रौद्योगिकी के उपयोग, आपराधिक न्याय प्रणाली में एआई का उपयोग, आपदा जोखिम घटाने में पुलिस की भूमिका और पुलिसिंग में ब्लॉक-चेन टेक्‍नोलॉजी के भविष्य से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इस सम्मेलन में साइबर धोखाधड़ी में धन के निशान का पता लगाने में आती चुनौतियाँ और जेलों में कट्टरपंथ से निपटने की रणनीतियों पर भी विचार विमर्श किया जायेगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और शिक्षणविदों समेत लगभग ढाई सौ से अधिक प्रतिनिधि हिस्‍सा लेने की उम्मीद है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 *****

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि वर्ष 2047 तक बंदरगाह प्रबंधन क्षमता प्रतिवर्ष दस हजार मिलियन मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है। नई दिल्ली में कल पहले सागरमंथन – द ग्रेट ओशंस डायलॉग के अवसर उन्होंने कहा कि बंदरगाह क्षमता, पोत परिवहन, पोत निर्माण और अंतर्देशीय जलमार्ग के क्षेत्र में 80 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

श्री सोनोवाल ने सागरमंथन के अवसर पर ग्रीस के समुद्री और द्वीपीय मामलों के मंत्री क्रिस्टोस स्टाइलियानाइड्स के साथ भी बैठक की।

हमारे भारत का लक्ष्‍य है, दुनिया का हम सबसे बेहतर मेरिटन मिशन बनें।

*****

मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के भाषणों तथा राष्ट्रीय महत्व की प्रमुख गतिविधियों का भीली बोली में अनुवाद किया जा रहा है। अपनी तरह की इस अनूठी पहल में, प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम मन की बात सहित विभिन्न भाषणों का भीली बोली में अनुवाद किया जा चुका है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इनमें विद्यालय स्तर की पाठ्य पुस्तकों का अनुवाद भी शामिल हैं।

झाबुआ जिला कलेक्टर नेहा मीणा ने आकाशवाणी को बताया कि 80 से अधिक शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के एपिसोड का भीली बोली में अनुवाद किया है। माननीय प्रधानमंत्री जी के 10 वर्ष के अभीभाषण, माननीय राष्ट्रपति जी के 12 वर्ष के अभिभाषण तथा मन की बात के एपिसोड्स थे, जिनके अनुवाद का कार्य हमें प्राप्त हुआ था। उनका भी अनुवाद का कार्य पूर्ण किया जाके, सौंप जा चुका है विभाग को।

इसके अलावा कक्षा पहली से पांचवी तक हिंदी विषय और कक्षा तीसरी से पांचवी तक पर्यावरण विषय की किताबों का अनुवाद भी किया गया है। आईआईटी, नई दिल्ली से प्राप्त 60 हजार से अधिक वाक्यों का भी भीली बोली में अनुवाद किया जा चुका है। झाबुआ से हरीश यादव के साथ संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

*****

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु गुणवत्ता बेहद ख़राब हो गई है। आज सुबह सात बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 492 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्‍ली के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्‍ता 500 के करीब दर्ज किया गया। दिल्ली के इन्‍दिरा गांधी अतंर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे, बवाना, आनंद विहार में वायु गुणवत्‍ता सूचकांक 500 दर्ज किया गया।

इस बीच दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने वायु प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार के सभी सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव करने के निर्देश दिये हैं। दिल्ली के सभी स्कूलों में कक्षाएं ऑनलाइन होंगी। साथ ही दिल्ली विश्वविद्यालय में कक्षाएं अगने शनिवार तक ऑनलाइन मोड में संचालित होंगी।

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में आज सुबह कोहरा छाया रहा। अगले दो दिन तक रात और सुबह के समय धुंध और घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

*****

के. संजय मूर्ति को भारत का नियंत्रक और महालेखापरीक्षक-सीएजी नियुक्त किया गया है। श्री मूर्ति फिलहाल में शिक्षा मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं और वे गिरीश चंद्र मुर्मु का स्थान लेंगे।

*****

महिला एशियाई चैंपियंस हॉकी ट्रॉफी का पहला सेमीफाइनल आज चीन और मलेशिया के बीच मलेशिया खेला जाएगा। बिहार में राजगीर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में यह मैच दोपहर दो बजकर 15 मिनट से शुरू होगा। आज ही दूसरा सेमीफाइनल भारत और जापान के बीच शाम चार बजकर 45 मिनट से होगा।

*****

चाइना ओपन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से चीन के शेनजेन में शुरू हो रहा है। अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए मिक्स्ड डबल्स में बी. सुमीत रेड्डी और एन. सिक्की रेड्डी की जोड़ी का मुक़ाबला अमरीका के प्रेस्ली स्मिथ और जेनी गाई की जोड़ी से होगा।

*****

ये समाचार आकाशवाणी से प्रसारित किये जा रहे हैं। ताजा समाचार जानने के लिए आप हमारे सोशल मीडिया हैंडल एक्‍स @AIRNewsHindi को फॉलो कर सकते हैं।

*****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- मुकेश कुमार।

  • अखबारों ने राजधानी में प्रदूषण के खतरनाक स्‍तर और सर्वोच्‍च न्‍यायालय की टिप्‍पणी को प्रमुखता दी है। अमर उजाला का शीर्षक है- और बढा जहर, सुप्रीम कोर्ट की फटकार, सभी स्‍कूल कालेज बंद। हिन्‍दुस्‍तान ने अपनी टिप्‍पणी में लिखा है- डेढ महीने में तीन गुना खराब हुई हवा, कोर्ट ने साफ हवा को लोगों का अधिकार बताया। दैनिक जागरण और जनसत्‍ता की सुर्खी है- सुप्रीम मंजूरी के बगैर नहीं हटेंगे ग्रेप-4 के प्रतिबंध। राष्‍ट्रीय सहारा और देशबंधु के अनुसार दिल्‍ली में 15 उडानों का बदला रूट और सौ से अधिक देरी से संचालित।
  • ब्राजील में जी-20 शिखर सम्‍मेलन में प्रधानमं‍त्री नरेन्‍द्र मोदी के मंत्र एक पृथ्‍वी, एक परिवार, एक भविष्‍य को प्रमुखता दिये जाने को पंजाब केसरी और वीर अर्जुन ने सुर्खी बनाया है। इसी खबर पर हरिभूमि ने लिखा है – ग्‍लोबल साउथ के देशो की चिंताओं और समस्‍याओं की ओर आकर्षित किया दुनिया का ध्‍यान।
  • दैनिक भास्‍कर ने कारोबार पन्‍ने पर लिखा है- स्‍मार्टफोन पीएलआई से बढ़ रहा है सरकारी खजाना, चार साल में 19 गुना राजस्‍व।
  • दैनिक ट्रिब्‍यून के अनुसार हरियाणा में संविदात्‍मक विधेयक पास, पांच वर्षों से कार्यरत कॉन्‍ट्रेक्‍ट कर्मी रिटायर होने तक करेंगे नौकरी। 

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • जी-20 नेताओं ने रियो दी जनेरियो घोषणा पत्र को अपनाया जलवायु परिवर्तन और यूक्रेन तथा पश्चिम-एशिया में युद्ध पर पहल की अपील की।
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी-20 शिखर सम्मेलन में ब्रिटेन, इटली, फ्रांस और नॉर्वे सहित कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात की।
  • इसरो ने अमरीका में स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट से अपने सबसे परिष्कृत संचार उपग्रह जीसैट 20 का प्रक्षेपण किया।
  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण तथा महाराष्ट्र में एक ही चरण में कल होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
  • गृह मंत्री अमित शाह आज गांधीनगर में अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन करेंगे।
  • चाइना ओपन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट आज से शेन्ज़ेन में शुरू हो रहा है।

*****