मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्राजील के शहर रियो डी जनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन से अलग वे विश्व नेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे।
- झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण तथा महाराष्ट्र में एक ही चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त होगा।
- दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का आम आदमी पार्टी से इस्तीफा।
- दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता खराब होने के कारण सख्त प्रदूषण रोधी उपाय ग्रेप-4 लागू।
- बेरूत में इजरायली हवाई हमले में हिजबुल्लाह के मीडिया प्रमुख मोहम्मद अफीफ की मौत।
- क्रिकेट में, भारत के टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा 22 नवंबर से पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती मैच में नहीं खेलेंगे।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ब्राजील के शहर रियो डी जनेरियो में जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। शिखर सम्मेलन से अलग श्री मोदी के विश्व नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करने की भी उम्मीद है। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उन नेताओं में शामिल हैं जो रियो डी जनेरियो में दो दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में आज सुबह ब्राजील पहुंचे।
भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की तिकडी जी-20 शिखर सम्मेलन की चर्चाओं में काफी सक्रिय है। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर भारत की स्थिति प्रस्तुत करेंगे और जी-20 की पिछले वर्ष नई दिल्ली में आयोजित शिखर सम्मेलन में जारी घोषणापत्र के परिणामों के साथ-साथ हाल के वर्षों में भारत द्वारा आयोजित वॉयस ऑफ द ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन के परिणामों पर चर्चा करेंगे। इस वर्ष के जी-20 शिखर सम्मेलन का विषय ‘एक न्यायसंगत विश्व और एक सतत ग्रह का निर्माण‘ है। इस सम्मेलन में ब्राजील द्वारा सामाजिक समावेशन, गरीबी, सतत विकास और वैश्विक शासन संस्थानों के सुधार के मुद्दों को प्राथमिकता देने की संभावना है। यह शिखर सम्मेलन कई मायनो में महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पिछले वर्ष भारत द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगा। समाचार कक्ष से शक्ति प्रताप सिंह।
*******
आकाशवाणी समाचार के साथ बातचीत में जी-20 शिखर सम्मेलन में भारत के शेरपा अमिताभ कांत ने दोहराया कि इसका दृष्टिकोण समावेशी है और इस पर विस्तृत बातचीत अभी भी जारी है।
अमिताभ कांत ने कहा कि ब्राजील की अध्यक्षता की सफलता इस वर्ष घोषणापत्र की प्राथमिकता वाले प्रमुख क्षेत्रों के संबंध में आम सहमति पर निर्भर करेगी।
*******
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू के साथ कल अबूजा में राष्ट्रपति भवन में वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक भागीदारी की समीक्षा की और आपसी संबंधों को बेहतर बनाने के अवसरों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति टीनुबू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई। इस अवसर पर श्री मोदी ने कहा कि भारत नाइजीरिया के साथ अपनी रणनीतिक भागीदारी को काफी महत्व देता है।
नाइजीरिया के साथ अपने स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को हम उच्च प्राथमिकता देते हैं। रक्षा, ऊर्जा, आर्थिक विषय, टेक्नोलॉजी इन एजुकेशन, कल्चर जैसे कई क्षेत्र ऐसे हैं, हमारा सहयोग मजबूत है और अनेक नई संभावनाएं भी हमारे इन संबंधों में जुड़ी हुई है। आतंकवाद, अलगाववाद पायरेसी या ड्रग तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए हम मिलकर काम करते रहे हैं और, और मजबूती से हम आगे भी करते रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने ग्रांड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर से सम्मानित करने के लिए नाइजीरिया के राष्ट्रपति का अभार व्यक्त किया।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 17 वर्षों में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने नाइजीरिया की यात्रा की है।
वार्ता के बाद सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम, सीमा शुल्क और सर्वेक्षण सहयोग पर तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर भी किए गए।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत अब सुविधा में जीने की स्थिति से बाहर निकल कर नवाचार को अपना रहा है और विकास के लिए नए रास्ते बना रहा है, जो उसकी शानदार पहचान बन चुके हैं। नाइजीरिया की राजधानी अबूजा में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश ने नई यात्रा शुरु की है। सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब डेढ़ लाख से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप्स हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दशक में ऐसी एक सौ से ज्यादा स्टार्टअप कंपनियां स्थापित हुई हैं जिनका मोल एक अरब से अधिक है। इससे स्टार्टअप संस्कृति में भारत की सफलता साबित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले दशक में भारत ने सकल घरेलू उत्पाद में 2 लाख करोड़ डॉलर जोड़े है।
बीते एक दशक में भारत ने अपनी जीडीपी में करीब टू-ट्रिलियन डॉलर और जोड़ दिया। दस सालों में भारत की इकोनॉमी का साईज दो गुना हो गया है। आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जब भारत पांच ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बन जाएगा, जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा।
*******
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण तथा महाराष्ट्र में एक ही चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त हो जाएगा। झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। राज्य में दूसरे और अंतिम चरण के तहत बुधवार को होने वाले मतदान की सभी तैयारिया कर ली गई है।
कई दिनों से झारखंड में जारी जोरदार चुनावी प्रचार आज थम जाएगा। राज्य विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में संथाल और कोयलालांचल क्षेत्रों की 38 विधानसभा सीटों में मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए राजनीतिक दल आज पूरी जीजान से कोशिश करेंगे। इस चरण में दुमका, शिकारी पाड़ा, देवघर, लिट्टीपाड़ा जैसी कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर चुनाव होने हैं। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन झामूमो के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वहीं बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और चुनावी रैलियां को संबोधित करेंगे। राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव इंडिया ब्लॉक के पक्ष में और आशु अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो एनडीए गठबंधन के पक्ष में प्रचार करेंगे। केके लाल के साथ भूपेन्द्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, रांची।
*******
झारखंड में विधानसभा चुनाव का प्रचार खत्म होने के बाद निजी वाहनों पर बैनर या बोर्ड लगाने पर रोक रहेगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि जिला अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
सेकंड फेस में टोटल 14 हजार 2 सौ 18 बूथ हैं। किसी बूथ में केवल 31 बूथ में कैंपेन टाइम में वो 4:00 बजे खत्म होगी इसी पोलिंग एरिया में। बाकी सभी बूथों पर 6 बजे आपका कैंपेन पीरियड खत्म होगी। कोई भी बाहर से आया हुआ पॉलिटिकल वर्कर और स्टार कैंपेनर वो पोलिंग एरिया छोड़कर बाहर आना पड़ेगा।
*******
निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला में, आज बात महाराष्ट्र के नंदगांव विधानसभा क्षेत्र की।
नांदगाव विधानसभा क्षेत्र नासिक जिले के 15 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। 1962 में स्थापना के बाद कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी समेत अलग-अलग पार्टियों के उम्मीदवारों ने इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है। इस बार नांदगाव विधानसभा क्षेत्र में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वर्तमान विधायक सुभाष कांदे, गणेश थात्र और नासिक के पूर्व सांसद समीर भुजबल के बीच कड़ा मुकाबला है। वर्तमान विधायक सुभाष कांदे एकनाथ शिंदे की शिवसेना से चुनाव लड़ रहे हैं। गणेश थात्र शिवसेना-यूबीटी के उम्मीदवार हैं और समीर भुजबल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि नंदगांव के मतदाता किसे अपना नेता चुनते हैं। अंकिता आप्टे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता कैलाश गहलोत ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी संयोजक अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में श्री गहलोत ने कहा कि पार्टी आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।
इस बीच, मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप नेता के इस्तीफे को साहसी कदम बताया।
दिल्ली के मंत्री कैलाश गहलोत ने इस्तीफा दिया है। राजनीतिक क्षेत्र में इस्तीफा देना और जॉइनिंग कोई नया विषय नहीं है। लेकिन जो सवाल कैलाश गहलोत ने पूछे हैं। वो जरूर विषय हैं। लगातार हम उन मुद्दों को जनता की आवाज बनकर उठा रहे हैं। जिन मुद्दों का जिक्र कैलाश गहलोत ने अपनी बातों में सिर्फ छुआ भर है। फेहरिस्त बड़ी लंबी है।
वहीं, आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह ने श्री गहलोत के इस्तीफे को भारतीय जनता पार्टी की साजिश का हिस्सा बताया है।
कैलाश गहलोत के ऊपर लगातार भारतीय जनता पार्टी के द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। ईडी, सीबीआई के छापे मारे जा रहे थे। ईडी के दफ्तर में पूछताछ करने के लिए बुलाया जा रहा था। इनकम टैक्स के छापे उनके घर पर मारे जा रहे थे और जैसे ही वो बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, तो सारे आरोपों से बरी हो जाते हैं।
*******
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज सुबह 8 बजे से ग्रेडेड एक्शन रिस्पांस प्लान का चौथा चरण ग्रेप-4 लागू करने का निर्णय लिया है।
वायु गुणवत्ता के गंभीर स्थिति में पहुंचने के कारण यह कदम उठाया गया है। इस व्यवस्था के अंतर्गत दूसरे राज्यों से भारी वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि आवश्यक वस्तुएं और सेवाएं प्रदान करने वाले ट्रकों के प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अलावा सभी सी.एन.जी, इलेक्ट्रिक और बी एस-6 इंधन वाले ट्रकों को भी दिल्ली में प्रवेश की अनुमति रहेगी। दिल्ली सरकार ने स्कूलों में 10वीं और 12वीं को छोड़कर अगले आदेश तक अन्य सभी कक्षाओं को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने का निर्णय लिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने यह जानकारी दी है। समाचार कक्ष से डेविड शर्मा।
*******
इजरायल ने सीरिया की बाथ पार्टी के मध्य बेरूत स्थित कार्यालय पर हवाई हमले किए हैं जिसमें हिज़्बुल्लाह के मीडिया प्रमुख मोहम्मद अफ़िफ़ और तीन अन्य लोग मारे गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इज़राइल के युद्धक विमानों ने रास अल-नबा और सोडेको स्क्वायर वाणिज्यिक केंद्र के बीच स्थित कार्यालय पर मिसाइलों से हमला किया।
*******
श्रीलंका में नये मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह आज राष्ट्रपति सचिवालय में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा।
श्रीलंका में हाल ही में हुए संसदीय चुनाव में शानदार जीत के बाद राष्ट्रपति अनुराग कुमार दिसानायके मंत्रिमंडल की नियुक्ति करेंगे। जिसमें रक्षा और वित्त जैसे प्रमुख विभागों को अपने नेतृत्व में बरकरार रखा जाएगा। श्रीलंका के संविधान के अनुसार कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम अनुमति संख्या 30 तक सीमित है। रिपोर्टों के अनुसार डॉ. हरनिया मूरसूर्या को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया जाएगा। जबकि विजेता हैरत विदेश मंत्री के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेंगे। 10वीं सांसद 23 नवंबर को अपने पहले सत्र के लिए बुलाई जाएगी। सत्ता रूढ़ नेशनल पीपुल्स पावर गठबंधन ने संसदीय चुनाव में 2 सौ 25 में से एक सौ 59 सीटें जीत कर भारी जीत हासिल की। अहमद मुईन फारुखी, आकाशवाणी समाचार, कलम्बो।
*******
भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में शुरु हो रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के प्रारंभिक मुकाबले से बाहर रहेंगे। उनकी जगह उप-कप्तान जसप्रीत बुमराह टीम की कमान संभालेंगे।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग हिन्दी और अंग्रेजी में फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढ़े नौ बजे “डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र” के विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव ध्रुबज्योति सेनगुप्ता और संयुक्त रक्षा लेखा महानियंत्रक (पेंशन) मौली सेनगुप्ता इसमें भाग लेंगे।
श्रोता डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के महत्व, पात्रता और अन्य तकनीकी पहलुओं के संबंध में हमारे विशेषज्ञों से टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर प्रश्न पूछ सकते हैं।
*******
धन्यवाद विशाल, भारत ने रचा इतिहास: हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल परीक्षण। राजस्थान पत्रिका ने लिखा है- राडार को चकमा देकर आवाज से पांच गुना तेज गति से होगा दूर तक वार। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने स्वदेशी रूप से विकसित की बदलते लक्ष्य पर सटीक प्रहार करने में सक्षम मिसाइल।
मणिपुर में फिर हिंसा भड़कने को आज के सभी अख़बारों ने प्रमुखता से दिया है। हिन्दुस्तान की सुर्खी है- मणिपुर में हालात और बिगडे, नेशनल पीपुल्स पार्टी ने राज्य सरकार से समर्थन वापिस लिया।
जलवायु वित्त पर अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रहे अमीर देश। अज़रबैजान के बाकू में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन कॉप-29 में जलवायु वित्त पर कोई सहमति न बनने को लेकर भारत की नाराजगी को अमर उजाला ने दिया है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्राजील के शहर रियो डी जनेरियो में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
- झारखंड में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण तथा महाराष्ट्र में एक ही चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान आज शाम समाप्त होगा।
- दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत का आम आदमी पार्टी से इस्तीफा।
- दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता खराब होने के कारण सख्त प्रदूषण रोधी उपाय ग्रेप-4 लागू।
- बेरूत में इजरायली हवाई हमले में हिजबुल्लाह के मीडिया प्रमुख मोहम्मद अफीफ की मौत।
- क्रिकेट में, भारत के टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा 22 नवंबर से पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के शुरुआती मैच में नहीं खेलेंगे।