मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अबुजा में नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू से वार्ता करेंगे।
- महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर।
- एलन मस्क की कम्पनी स्पेसएक्स मंगलवार को अमरीका के केप कैनावेरल से भारतीय संचार उपग्रह जीसैट-20 का प्रक्षेपण करेगी।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिस राइट को ऊर्जा मंत्री के रूप में नामित किया।
- चीन के जियांग्सू प्रांत में चाकू हमले में आठ लोगों की मौत तथा 17 घायल।
- हॉकी में आज महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का सामना जापान से।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अबुजा में नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू से वार्ता करेंगे। दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के अन्य उपायों पर चर्चा करेंगे। वार्ता के बाद कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की आशा है। हमारी संवाददाता ने बताया कि श्री मोदी नाइजीरिया में भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे।
2007 से रणनीतिक भागीदारी के साथ–साथ भारत और नाइजीरिया बढते आर्थिक, ऊर्जा और रक्षा सहयोग के क्षेत्र में स्थाई साझेदार रहे हैं। दो सौ से अधिक भारतीय कंपनियों ने नाइजीरिया ने महत्वपूर्ण कार्यक्षेत्र में 27 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया है। दोनों देशों के बीच एक मजबूत विकास सहयोग साझेदारी भी है। नाइजीरियाई राष्ट्रपति पिछले साल जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आये थे। नाइजीरिया, अफ्रीका के भीतर एक बहुत बड़ी अर्थव्यवस्था है जो अब ब्रिक्स का भागीदार देश भी बन गया है। भारत और नाइजीरिया दोनों ही देश बहुधार्मिक, बहुजातीय और बहुभाषी है। नाइजीरिया में लगभग 60 हजार भारतीय प्रवासी हैं।
प्रधानमंत्री तीन देशों नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की पांच दिन की यात्रा के पहले चरण में कल रात नाइजीरिया पहुंचे। 17 वर्षों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की यह नाइजीरिया की यह पहली यात्रा है। श्री नरेन्द्र मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, कल ब्राजील जाएंगे, जहां वे जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइस इनासियो लूला दा सिल्वा इस सम्मेलन की मेज़बानी कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे और भारत में आयोजित हुए जी20 तथा वॉयस ऑफ द ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन के परिणामों की भी चर्चा करेंगे। यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में श्री मोदी 19 से 21 नवंबर तक गयाना की राजकीय यात्रा करेंगे।
*******
महाराष्ट्र, झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। सभी राजनीतिक दलों के नेता अपने उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि चुनाव आयोग मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और निर्वाचन सहभागिता–स्वीप के माध्यम से जागरूकता फैला रहा है।
पोलिंग पार्टी का स्वागत रांगोली बनाकर करने से लेकर, दूल्हा–दुल्हन द्वारा मतदाताओं से मतदान करने की अपील करने वाले फ्लेक्स को पकड़े हुए और 75 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड करने वाले गांवों, संस्थानों और हाउसिंग सोसाइटियों को सम्मानित करने तक, यह सब आगामी चुनावी मौसम में देखे जाने वाले कुछ कदम हैं। संगमनेर तालुका के अहिल्यानगर जिले के घुलेवाड़ी में वसुंधरा कृष्णराव डांगे के घर के बाहर रांगोली देखना पोलिंग पार्टी के लिए एक सुखद आश्चर्य था। पोलिंग पार्टी इस 88 वर्षीय महिला के गृह मतदान सुविधा के लिए पहुंची थी। अहिल्यानगर जिले के ज़िला कलेक्टर द्वारा तैयार की गई यह नवीनतम पहल अब शहर में चर्चा का विषय बन गई है। इसके साथ ही इन गांवों, हाउसिंग सोसाइटियों और संस्थानों को ‘लोकतंत्र के वास्तुकार‘ कहा जाएगा।
महाराष्ट्र में एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह आज गढ़चिरौली, वर्धा और नागपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नासिक, अहिल्यानगर और मुंबई में सार्वजनिक बैठकों को संबोधित करेंगे। एनसीपी अध्यक्ष अजीत पवार अहिल्यानगर, पुणे, सतारा और कोल्हापुर में चुनाव प्रचार करेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज नागपुर, कोल्हापुर और सांगली में चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी गढ़चिरौली में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करेंगी और नागपुर में रोड शो करेंगी। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार पुणे और रायगढ़ के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे। शिव सेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पालघर और सतारा में चुनाव प्रचार करेंगे।
उधर, झारखंड में राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं को लुभाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज गोमिया, सिंदरी और नाला में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का राज्य भर में छह रैलियों का कार्यक्रम है। कांग्रेस राज्यभर में कई बैठकें करने वाली है। उधर, राजद नेता तेजस्वी यादव भी धनबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के नेता शिवराज सिंह चौहान, हिमंत बिस्व सरमा और चंपाई सोरेन सहित कई अन्य नेता भी एनडीए के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करेंगे। आजसू पार्टी और वामपंथी दलों के नेता भी झारखंड के विभिन्न हिस्सों में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। महाराष्ट्र में एक ही चरण और झारखंड में दूसरे तथा अंतिम चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा और दोनों राज्यों में मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
*******
विधानसभा चुनाव की विशेष श्रंखला में आज हम चर्चा करेंगे झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार निर्वाचन क्षेत्र की। ब्यौरा हमारे संवाददाता से…
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबु लाल मरांडी धनवार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बाबुलाल मरांडी के खिलाफ निजामुद्दीन अंसारी को चुनाव मैदान में उतारा है। दूसरी ओर इंडिया ब्लॉक के घटक दल सीपीआईएमएल के राजकुमार यादव भी यहां से किस्मत आजमा रहे हैं। इस विधानसभी क्षेत्र में 16 निर्दलीय समेत 24 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अब देखना है कि भाजपा के बाबुलाल मरांडी तीसरी बार चुनाव जीत पाते हैं या झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के निजामुद्दीन अंसारी को कामयाबी मिलती है।
*******
इस बीच, निर्वाचन आयोग ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित शिकायत पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने कल दोपहर एक बजे तक जवाब देने को कहा है।
*******
भारतीय संचार उपग्रह जीसैट-20 का प्रक्षेपण मंगलवार को अमरीका के केप कैनावेरल से किया जाएगा। यह एलन मस्क की कंपनी स्पेस–एक्स के फाल्कन-9 यान से प्रक्षेपित होगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने इसकी जानकारी दी है। 4 हजार 700 किलोग्राम के जीसैट-20 उपग्रह के 14 वर्षों तक परिचालन में रहने की आशा है। यह पूरे भारत में महत्वपूर्ण रूप से इंटरनेट सेवाएं प्रदान करेगा, जिसमें दूरदराज के क्षेत्रों के लिए कनेक्टिविटी भी शामिल है। जीसैट-20 को जीसैट एन-2 भी कहा जाता है और यह भारत के अब तक के सबसे भारी उपग्रहों में से एक है, जिसे अंतरिक्ष में ले जाने के लिए स्पेस–एक्स को चुना गया है।
*******
चीन में जियांग्सू प्रांत में एक स्कूल में चाकू से किए गए हमले में आठ लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। यह हमला यिक्सिंग शहर में कल शाम साढ़े छह बजे के करीब हुआ। घटनास्थल पर एक संदिग्ध को पकड़ा गया है, उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चीन में इस सप्ताह नागरिकों पर होने वाला यह दूसरा हमला है।
*******
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने लिबर्टी एनर्जी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी क्रिस राइट को ऊर्जा विभाग का प्रमुख बनाने की घोषणा की है। क्रिस राइट जीवाश्म ईंधन इस्तेमाल के मुखर समर्थक हैं। संभावना है कि श्री ट्रम्प के तेल और गैस के अधिकतम उत्पादन के लक्ष्यों को वे लागू करेंगे। जलवायु परिवर्तन की चिंताओ को अतिशयोक्तिपूर्ण बताकर खारिज करने वाले राइट ने ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के प्रयासों की तुलना सोवियत साम्यवाद से की है।
*******
तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कल रात मुसी नदी क्षेत्र के 20 स्थानों पर ‘मुसी निद्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यक्रम के तहत पार्टी के नेता नदी के जलग्रहण क्षेत्र में रहने वाले गरीबों के घर में सोए। इस तरह से भाजपा ने राज्य सरकार द्वारा साबरमती परियोजना की तर्ज पर प्रस्तावित मुसी कायाकल्प परियोजना के लिए लोगों के विस्थापन का विरोध किया।
*******
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और केरल में आज गरज के साथ तेज बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। देश के पश्चिमी, उत्तर-पश्चिमी, और मध्य भाग में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
*******
इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है, आज सुबह 7 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 428 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों में दिल्ली और इससे सटे क्षेत्रों में रात और सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
********
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान-ग्रैप को लागू करने वाले अधिकारियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और इससे सटे राज्यों के सभी चिन्हित प्रदूषित स्थानों पर प्रदूषण से प्राथमिकता से निपटने के निर्देश दिए हैं। ग्रैप को सख्ती से लागू कराने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने कल नई दिल्ली में एक समीक्षा बैठक की थी। आयोग ने अधिकारियों से नागरिकों की सभी लंबित शिकायतों का समाधान एक सप्ताह में करने का निर्देश दिया। प्रदूषण नियंत्रण पर निगरानी के लिए सभी एजेंसियों के नोडल अधिकारियों को विभिन्न एजेंसियों और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ तालमेल रखने को भी कहा गया है। आयोग ने ग्रैप स्टेज-3 के तहत किये जाने वाले कार्यों के बारे में दैनिक स्तर पर सूचित करने का भी निर्देश दिया है।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को उपयोगी बनाने में सहायक, सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जनता से पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी मां के सम्मान में एक पेड़ लगाने का आग्रह किया।
*******
फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर को भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2024 के लिए अंतर्राष्ट्रीय जूरी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री गोवारिकर “जोधा अकबर”, “लगान” और “स्वदेश” जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव से जुड़़कर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित होगा। श्री गोवारिकर ने कहा कि समय के साथ लगातार विकसित हो रहे सिनेमा को देखने के लिए इस महोत्सव से बेहतर कोई जगह नहीं है।
*******
महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में भारत का मुकाबला अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में आज जापान से होगा। यह मुकाबला बिहार के राजगीर हॉकी स्टेडियम में शाम 4 बज कर 45 मिनट पर शुरू होगा। भारत ने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार जीत का सिलसिला जारी रखते हुए चीन को 3-0 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही मेजबान भारतीय टीम चार मैचों में 12 अंक हासिल कर पहले पायदान पर पहुंच गई है। उधर, जापान ने अपने पिछले मैच में मलेशिया को 2-1 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी पहली जीत दर्ज की। कोरिया और थाईलैंड के खिलाफ उसका मैच ड्रा रहा जबकि चीन से उसे हार का सामना करना पड़ा था। अन्य मैचों में चीन का मुकाबला दक्षिण कोरिया से और मलेशिया का सामना आज थाईलैंड से होगा।
*******
स्क्वैश में भारत के वीर चोटरानी आज सुबह कोस्टा रिका में कोलंबिया के रोनाल्ड पालोमिनो से एस.ए.सी.सी. कोस्टा रिका ओपन 2024 के फाइनल में 1-3 से हार गए। इससे पहले टूर्नामेंट में वीर चोटरानी इंग्लैंड के सैमुअल ओसबोर्न–वाइल्ड से सेमीफाइनल में जीत के बाद फाइनल में पहुँचे थे।
*******
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि अमरीका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व में यूक्रेन में रूस का हमला जल्दी समाप्त हो सकता है। श्री ज़ेलेंस्की ने युद्ध की कठिन परिस्थिति को स्वीकार करते हुए कहा कि रूस को युद्ध में सैनिकों और हथियारों के मामले में लाभ मिला है। ज़ेलेंस्की ने अगले साल तक कूटनीति के माध्यम से युद्ध समाप्त करने के यूक्रेन के लक्ष्य पर भी बल दिया।नवनिर्वाचित अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने चुनाव अभियान के दौरान कहा था कि वे एक ही दिन में युद्ध को समाप्त कर सकते हैं।
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं
धन्यवाद निखिल, अखबारों ने आज अलग-अलग समाचारों को प्रमुखता दी है। जनसत्ता और अमर उजाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हवाले से लिखा है- ब्राजील में जी-20 सम्मेलन में सार्थक चर्चा होने की उम्मीद। हरि भूमि ने प्रधानमंत्री के इन शब्दों को दिया है, द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। चुनावी और राजनीतिक गतिविधियों पर भी अखबारों की नजर हैं। राष्ट्रीय सहारा ने निर्वाचन आयोग के इस कथन को सुर्खी बनाया है- स्टार प्रचारकों को काबू में रखें, भाजपा और कांग्रेस अध्यक्ष से जवाब-तलब। देश बन्धु, हरिभूमि और दैनिक ट्रिब्यून के अनुसार- सुखबीर सिंह बादल ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। वीर अर्जुन ने वाणिज्य पन्ने पर लिखा है- आयकर विभाग ने कर दाताओं से अपने आई टी आर में उच्च मूल्य की विदेशी आय या संपत्ति का खुलासा करने के लिए अभियान शुरू किया। पंजाब केसरी की खबर है- भारत के जेनेरिक फार्मेसी मॉडल की धूम, 14 देश अपनाने पर कर रहे हैं विचार। मॉरिशस ने शुरू किया। हिन्दुस्तान की खेल पन्ने की सुर्खी है- दिग्गज मुक्केबाज माइक टायसन ने 58 साल की उम्र में 27 साल के जैक पॉल से हार कर भी जीते एक सौ 67 करोड रुपये। नवभारत टाइम्स और दैनिक जागरण के अनुसार- अमरीका ने 14 सौ प्राचीन वस्तुए भारत को लौटाईं।
*******
मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अबुजा में नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू से वार्ता करेंगे।
- महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर।
- एलन मस्क की कम्पनी स्पेसएक्स मंगलवार को अमरीका के केप कैनावेरल से भारतीय संचार उपग्रह जीसैट-20 का प्रक्षेपण करेगी।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्रिस राइट को ऊर्जा मंत्री के रूप में नामित किया।
- चीन के जियांग्सू प्रांत में चाकू हमले में आठ लोगों की मौत और 17 घायल।
- हॉकी में आज महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत का सामना जापान से।