मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के जमुई में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह का शुभारंभ करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में पहले बोडोलैंड महोत्सव का भी उद्घाटन करेंगे।
- दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण ग्रैप-3 प्रदूषण विरोधी उपाय लागू किए गए।
- देशभर में आज गुरु नानक जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- श्रीलंका में संसदीय चुनाव में सत्तारूढ़ एनपीपी ने बड़ी बढ़त बनाई।
- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा और अंतिम टी-20 क्रिकेट मैच आज शाम जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।
<><><><><><><><><><><>
आज जनजातीय गौरव दिवस है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 15 नवम्बर को यह दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के जमुई में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समारोह का शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। वे ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में जनजातीय समुदायों के विकास के लिए छह हजार छह सौ चालीस करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत निर्मित ग्यारह हजार आवासों के गृह प्रवेश में भी शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जमुई के बल्लोपुर में एक बडी जनसभा को भी संबोधित करेंगे और इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनजातीय समुदाय के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे पीएम जनमन अभियान, धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष ग्राम अभियान के लाभार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे। इसके अलावा वे विडियों कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्वाधीनता संग्राम के जनजातीय नायको के जीवन पर आधारित दो संग्राहलयों का लोकार्पण करेंगे और दो अन्य जनजातीय शोध संस्थानों का उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री सभा स्थल पर ही बने ट्राइबल हाट और जनजातीय गौरव दिवस थीम पर आधारित एक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा राज्य सरकार के कई मंत्री और अन्य गणमान्य लोग भाग लेंगे। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, जमुई।
इस कार्यक्रम का आंखों देखा हाल आकाशवाणी के एफएम गोल्ड और इन्द्रप्रथ चैनल पर दिन में साढ़े ग्यारह बजे से प्रसारित किया जाएगा। आकाशवाणी लाइव न्यूज 24X7 चैनल पर भी इसका प्रसारण होगा।
<><><><><><><><><><><>
प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालयों में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित करेंगे और जनमन योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रधानमंत्री के वर्चुअली संबोधन का सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था की गई है। इन आयोजनों में स्थानीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में आज से लेकर 26 नवंबर तक पीएम जनमन और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत शामिल गांव में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। राजधानी रायपुर में कल से दो दिवसीय जनजाति गौरव दिवस और अंतर राज्यीय आदिवासी लोक नृत्य महोत्सव शुरू हो चुका है। इसमें 21 राज्यों के 28 आदिवासी नाटक दल शामिल हो रहे हैं विकल्प शुक्ल आकाशवाणी समाचार रायपुर
<><><><><><><><><><><>
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय गौरव दिवस की पूर्व संध्या पर कल शाम राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय के लोगों का तेजी से विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देश चाहता है कि जनजातीय समुदायों की सदियों पुरानी पहचान बरकरार रहे और साथ ही वे आधुनिक विकास के पथ पर आगे बढ़ते रहें। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले एक दशक में अनुसूचित जातियों के विकास के लिए धन आवंटन कई गुना बढ़ा है।
वर्ष 2024-25 के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 13 हजार करोड रूपये का है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 74 प्रतिशत अधिक है। जब हमारे जनजातीय भाई बहन विकसित होंगे, तभी हमारा देश सही अर्थ में विकसित होगा।
राष्ट्रपति के संदेश का आज सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर शाम साढे 5 बजे एफएम गोल्ड के सभी चैनलों और एफएम रैनबो नेटवर्क सहित विभिन्न स्टेशनों से पुन: प्रसारण किया जाएगा।
<><><><><><><><><><><>
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पहले बोडोलैंड महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। दो दिन के महोत्सव का उद्देश्य बोडोलैंड, असम, पश्चिम बंगाल, नेपाल और पूर्वोत्तर के अंतर्राष्ट्रीय सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले बोडो लोगों को एकीकृत करना है। महोत्सव का विषय है समृद्ध भारत के लिए शांति और सद्भाव। महोत्सव के माध्यम से बोडोलैंड की सांस्कृतिक और भाषाई विरासत, पारिस्थितिक जैव विविधता और पर्यटन से लाभांवित होना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2020 में बोडो शांति समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। इस शांति समझौते से बोडोलैंड में दशकों से चला आ रहा संघर्ष और हिंसा समाप्त हो गया था।
<><><><><><><><><><><>
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
<><><><><><><><><><><>
दिल्ली में वायु प्रदूषण के बढते स्तर को देखते हुए सभी प्राथमिक विद्यालय अगले आदेश तक ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिये चरणबद्ध कार्रवाई योजना का तीसरा चरण आज सुबह से लागू किए जाने की वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की घोषणा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
ग्रेडेड रिस्पंस एक्शन प्लान के चरण थ्री के तहत उपायों में सडकों की मशीन से सफाई और धूल दमन के साथ-साथ पानी का छिडकाव सुनिश्चित करना शामिल है। बोरिंग और ड्रिलिंग कार्यो सहित खुराई और भराई के लिए मिट्टी के काम पर सख्त प्रतिबंध लागू किया जाएगा। सभी तोड-फोड के कार्य, सीवर लाईन और पानी की लाईन बिछाने और ईंट और चिनाई के काम पर प्रतिबंध रहेगा। पूरे एनसीआर में सभी खनन और उससे जुडी गतिविधियां भी बंद रहेगी। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे छोटी दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करें। जिन लोगों के पास घर से काम करने की अनुमति है उन्हें घर से काम करने की सलाह भी दी गई है। सुपर्णा सैकिया की रिपोर्ट के साथ अमन यादव आकाशवाणी समाचार दिल्ली
<><><><><><><><><><><>
झारखण्ड के दूसरे चरण और महाराष्ट्र के एक चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है।
<><><><><><><><><><><>
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री अमित शाह आज महाराष्ट्र में हिंगोली, यवतमाल और चन्द्रपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी गढ़चिरौली, चन्द्रपुर और नागपुर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार गुट के प्रमुख शरद पवार सतारा, कोल्हापुर और सांगली में प्रचार करेंगे। पार्टी सांसद सुप्रिया सुले बीड और अहिल्यानगर में चुनावी सभाएं करेंगी।
<><><><><><><><><><><>
झारखंड में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एन.डी.ए. और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। एक रिपोर्ट ..
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी बोकारो के बेरमो और गोंड्डा जिले के महगमा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि वरिष्ठ भाजपा नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह धनबाद के टुंडी रांची के धुर्वा और गोंड्डा में तीन सभाओ को संबोधित करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नाला, बोरियो और पौडैया हाट में चुनाव प्रचार करेंगे। वरिष्ठ राजद नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव देवघर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। आजसू और वामपंथी दलों के नेता भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में चुनावी रैलिया और रोड शो करेंगे। दूसरे चरण का मतदान इस महीने की 20 तारीख को होगा जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। के.के. लाल के साथ संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार रांची
<><><><><><><><><><><>
निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की श्रृंखला में आज बात झारखंड की दुमका विधानसभा सीट की।
अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित दुमका विधानसभा क्षेत्र से बसंत सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हैं भाजपा ने बसंत सोरेन के खिलाफ पूर्व सांसद सुनील सोरेन को उम्मीदवार बनाया है बीएसपी के बाबूलाल मुर्मु भी यहां से किस्मत आजमा रहे हैं इस विधानसभा क्षेत्र में सात निर्दलीय समेत 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है लेकिन मुख्य मुकाबला जेएमएम के बसंत सोरेन और भाजपा के सुनील सोरेन के बीच है ग्रामीण विकास आदिवासी अधिकार और बुनियादी ढांचे का निर्माण इस क्षेत्र से प्रमुख मुद्दे हैं अब देखना है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के बसंत सोरेन दूसरी बार चुनाव जीत पाते हैं या बीजेपी के सुनील सोरेन कामयाब होते हैं आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से कृष्ण कुमार लाल
<><><><><><><><><><><>
गुरु नानक जयंती आज देश – विदेश में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनायी जा रही है। सिख धर्म की स्थापना करने वाले सिखों के पहले गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती को गुरु पर्व के रूप में भी मनाया जाता है।
इस वर्ष गुरु नानक देव जी की 555वीं जयंती है। इस अवसर पर दुनिया भर में श्रृद्धालु विशेष प्रार्थनाओं में सम्मिलित हो रहे हैं। भारत से ढाई हजार से अधिक सिख तीर्थयात्री गुरु पर्व में शामिल होने के लिए कल लाहौर पहुंचे।
<><><><><><><><><><><>
पंजाब में बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब और अन्य गुरुद्वारों में मत्था टेक रहे हैं। एक रिपोर्ट…
पूरे भारत में गुरुद्वारों को सजाया गया है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब जी की बाणी का पाठ करते हुए नगर कीर्तनों में हिस्सा ले रहे हैं। अमृतसर में श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और गुरुद्वारा बाबा अटल राय में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक गुरु नानक देव जी से सम्बंधित ऐतिहासिक वस्तुएं श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए रखी जाएंगीI गुरबाणी का अमृत संचार श्री अकाल तख्त साहिब से किया जाएगा। शाम को दीपमाला के साथ प्रदूषण रहित आतिशबाजी होगी । कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में भी उत्सव का माहौल हैI यहाँ गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 14 साल बिताए थे। वह पवित्र स्थान अब गुरुद्वारा बेर साहिब के नाम से जाना जाता है। राजेश बाली/आकाशवाणी समाचार/जालंधर
<><><><><><><><><><><>
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
<><><><><><><><><><><>
आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदियों में स्नान कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी में देव दीपावली के उत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, जहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी सम्मिलित होंगे।
<><><><><><><><><><><>
बिहार में भी लाखो श्रद्धालु गंगा, गंडक, कोसी, महानंदा, सरयू, बागमती और अन्य पवित्र नदियों में स्नान कर रहे हैं। राजधानी पटना में गंगा तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विशेष प्रार्थना की और दान-पुण्य किया।
<><><><><><><><><><><>
श्रीलंका में संसदीय चुनाव के बाद मतगणना में सत्तारूढ़ नेशनल पीपल्स पावर-एन.पी.पी. ने भारी बढ़त बना ली है। इस वामपंथी गठबंधन के पक्ष में 60 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े और इसने अब तक घोषित 56 में से 44 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। जबकि, विपक्षी दल साजिथ प्रेमदासा की पार्टी समागी जन बालवेगया के पक्ष में केवल 19 प्रतिशत और पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमासिंघे के नेतृत्व वाले न्यू डेमोक्रेटिक फ्रंट को पांच प्रतिशत वोट मिले हैं।
<><><><><><><><><><><>
खेल समाचार के साथ है शशांक कुमार-
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा और आखिरी टी-टवेंटी क्रिकेट मैच आज रात साढे आठ बजे जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। सेंचुरियन में तीसरे मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को ग्यारह रन से हरा कर श्रृंखला में दो-एक की बढत बना ली थी। उधर, टेनिस में रोहन बोपन्ना और ऑस्ट्रलिया के मैथ्यू एब्डन आज शाम चार बजे से एटीपी फाइनल्स टेनिस में तीसरा और अंतिम ग्रुप मैच खेलेंगे। उनका मुकाबला जर्मनी के केविन क्राविज और टिम प्यूट्ज से होगा। बोपन्ना और एब्डन ने पहले मैच में हार के बाद दूसरे मैच में जीत दर्ज की थी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो जोडिया सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इधर बिहार के राजगीर में एशियाई महिला हॉकी चैपिंयपशिप में कल वर्तमान चैपिंयन भारत ने थाईलैंड को 13-0 शून्य की बडे अंतर से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। प्लेयर ऑफ द मैच दीपिका ने पांच गोल किए। इससे पहले भारत ने मलेशिया को चार-शून्य से और दक्षिण कोरिया को तीन-शून्य से हराया था। कल भारत का मुकाबला चीन से होगा।
<><><><><><><><><><><>
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नवीन सक्सैना ।
- महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव प्रचार पर अखबारों की नजर है। पंजाब केसरी ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक रैली में वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण पर हेडलाइन बनाई है- कश्मीर पर अलग संविधान बनाने के फिराक में कांग्रेस, पीएम ने कहा- कांग्रेस को विकास नहीं बँटवारे पर भरोसा। दैनिक जागरण ने मुंबई में पीएम के भाषण के हवाले से लिखा है- आतंक के आकाओं को पता है, मोदी पाताल में भी नहीं छोडेगा। कहा- मुंबई में अब डर-डरकर नहीं रहना पड़ता।
- नवभारत टाइम्स ने उत्तर प्रदेश में सरकार और छात्रों के बीच टकराव पर विस्तार से खबर दी है। पत्र लिखता है- मांग मानी, पीसीएस-प्री एक ही दिन में, आरओ-एआरओ एग्जाम टला। छात्र बोले आंदोलन जारी रहेगा।
- अब घर बैठे नहीं कर पाएंगे एमफिल और पीएचडी। यूजीसी ने 18 कोर्सेस में ओपन डिस्टेंस को किया बैन। राष्ट्रीय सहारा में है।
- पंजाब केसरी ने कनाडा में खालिस्तानियों के बढ़ते मनोबल से जुड़ी खबर दी है। लिखा है- खालिस्तानी बोले कनाडा हमारा, गोरे जाएं इंग्लैंड। खालिस्तानियों ने पार की हदें,
<><><><><><><><><><><>
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के जमुई में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह का शुभारंभ करेंगे।
- प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में पहले बोडोलैंड महोत्सव का भी उद्घाटन करेंगे।
- दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण प्रदूषण रोधी उपाय ग्रैप-3 लागू।
- देशभर में आज गुरु नानक जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है।
- श्रीलंका में संसदीय चुनाव में सत्तारूढ़ एनपीपी ने बड़ी बढ़त बनाई।
- भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा और अंतिम टी20 क्रिकेट मैच आज शाम जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।
<><><><><><><><><><><>