Download
Mobile App

android apple
signal

November 13, 2024 10:37 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

 

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 43 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी।
  • कई राज्यों में विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज बिहार में 12 हजार करोड रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण करेंगे।
  • अक्टूबर 2023 से भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 13 दशमलव 5 प्रतिशत बढ़कर दो सौ तीन गीगावॉट हुई।
  • वर्ष 2024 के सबसे गर्म वर्ष होने की आशंका, विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने वैश्विक तापमान अस्थायी रूप से एक दशमलव पांच-चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की चेतावनी दी।
  • भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच आज शाम सेंचुरियन में।

 

<><><><><><><><><><> 

     

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में आज 15 जिलों की 43 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। 31 सीटों के नौ सौ पचास संवेदनशील बूथों के अलावा अन्य सभी जगहों पर मतदान शाम 5 बजे खत्म होगा जबकि संवेदनशील बूथों पर शाम 4 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे।  इस चरण में एक करोड़ 37 लाख से अधिक मतदाता 73 महिलाओं समेत छह सौ 83 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। और अब सीधा रूख करते हैं झारखंड से हमारे संवाददाता के के लाल का।

 

निखिल मतदान को लेकर इस बार चुनाव आयोग ने व्यापक इंतजाम किए हैं, बुजुर्ग मतदाताओं को वोट डालने में प्रथमिकता दी जा रही है। वैसे मतदाता जो ज्यादा देर तक खड़े नहीं रह सकते हैं उनके लिए कुर्सी का इंतजाम किया गया है। मैं यह देख रहा हूं व्‍हील चेयर्स का भी प्रबंध किया गया है। वैसे मतदाता जो वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पर नहीं पहुंच सकते हैं उनके लिए वाहन का भी इंतजाम किया गया है निखिल लोगों को वोट डालने के लिए इंतजार ना करना पड़े इसके लिए वोटर इनक्‍यू ऐप है।

 

निखिल पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन सरायकेला से चुनाव मैदान में हैं। वहीं राज्यसभा सांसद महुआ माझी रांची विधानसभा क्षेत्र में जेएमएम की उम्मीद हैं। इसके अलावा 6 मंत्रियों के प्रतिष्ठा दांव पर है वह है रामेश्वर उरांव, रामदास सोरेन, बन्ना गुप्ता, मिथिलेश ठाकुर, दीपक बेरवा और बैद्यनाथ राम।

इस बीच, मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने मतदाताओं से निडर होकर मतदान करने की अपील की है। 

 

सभी वोटरों से आपका माध्यम से अनुरोध है आप परिवार के साथ दोस्त के साथ क्याक्या अपने माताधिका का प्रयोग करें। आम वोटर का पार्टिसिपेशन बहुत जरूरी है। बूथ में सभी व्‍यवस्‍था इस बार किया हुआ है। वहां पर आपका जल्दी से वोटिंग करने के लिए इस बार हम सभी पोलिंग पर टिकट ट्रेनिंग दिया हुआ है पर्याप्‍त सुरक्षा व्‍यवस्‍थ दिया हुआ है।

 

<><><><><><><><><><> 

 

10 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए भी जारी है।

 

<><><><><><><><><><> 

 

बिहार में इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।  मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचआर श्रीनिवास ने बताया कि इमामगंज विधानसभा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर शाम चार बजे तक मतदान समाप्त हो जाएगा।

 

<><><><><><><><><><> 

 

मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इन सीटों पर मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

 

<><><><><><><><><><> 

 

वहीं, गुजरात में बनासकांठा जिले की वाव विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि चुनाव आयोग ने मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

 

वाब सीट पर हो रहे कुल उपचुनाव में कुल तीन लाख दस हजार मतदाता तीन सौ 21 ईवीएम में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपचुनाव में कुल दस उम्मीदवार मैदान में हैं। जिसमें भाजपा नेता स्वरूपजी ठाकोर, कांग्रेस नेता गुलाब सिंह राजपूत और निर्दलीय नेता मावजी पटेल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

 

<><><><><><><><><><> 

 

कर्नाटक की तीन विधानसभा सीटों चन्नापटना, शिगगांव और संदुर पर उप-चुनाव के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हो रहा है।

 

<><><><><><><><><><> 

 

असम में भी पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। राज्य में 9 लाख से अधिक मतदाता 34 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेगें।

 

<><><><><><><><><><> 

 

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। और अब सीधा रूख करते हैं महाराष्‍ट्र से हमारी संवाददाता प्रार्थना का। 

 

जी हां निखिल, अगर हम महायुति के चुनाव प्रचार की बात करें तो केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता अमित शाह आज धुले जलगांव और परभणी में चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी चुनाव प्रचार करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वासिम और ठाणे मैं चुनाव प्रचार करेंगे और निखिल विपाक्षी एमबीए गठबंधन की अगर हम बात करें तो कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, तेलंगाना के मुख्‍यमंत्री रेवंत रेड्डी, राजस्‍थान के सचिन पायलट एनसीपी एसपी के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे, शिव सेना के यूबीटी के नेता इनके अलावा एमएनएस के प्रमुख राज ठाकरे चुनाव प्रचार करेंगे निखिल।

 

<><><><><><><><><><> 

 

महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चार सौ 26 महिला संचालित मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढाना है जिसमें बूथों पर पुलिस से लेकर चुनाव अधिकारियों समेत सभी स्टाफ कर्मी महिलाएं ही होंगी।

 

<><><><><><><><><><> 

 

महाराष्‍ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वाहनों के निरीक्षण और आदर्श आचार संहिता लागू करने पर नजर रखने के लिए 6 हज़ार टीमे तैनात की गई है। मुख्‍य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अभी तक पांच सौ करोड रुपये से अधिक मूल्‍य की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।

 

<><><><><><><><><><> 

 

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज सिलवासा में नामो आयुर्विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान संस्‍थान का दौरा करेंगी। वे फिलहाल केन्‍द्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की तीन दिन की यात्रा पर हैं। राष्‍ट्रपति संस्‍थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करेंगी। बाद में वे सिलवासा में झंडा चौक स्‍कूल का उद्घाटन करेंगी और जनसभा को संबोधित करेंगी। राष्‍ट्रपति दीव में आई.एन.एस खुकरी मेमोरियल भी जाएंगी।

 

<><><><><><><><><><> 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज बिहार के दरभंगा का दौरा करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रधानमंत्री राज्‍य में 12 हजार करोड रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण करेंगे

 

दरभंगा एम्‍स के शिलान्यास के साथसाथ प्रधानमंत्री उत्तर बिहार के लिए रेल और रोड़ कनेक्टिविटी गैस परियोजना तथा जन औषधि परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी पांच हजार करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे देश भर के 18 स्टेशनों पर पीएम जन औषधि केंद्रों का शुभारंभ भी करेंगे।

 

जनता दल यूनाइटेड के राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी के अध्‍यक्ष संजय झा ने कहा कि यह संस्‍थान उत्तरी बिहार के लिए वरदान सिद्ध होगा।

 

मोदी जी बिहार को दूसरा एम्‍स दिया और मुख्यमंत्री जी ने यह तय किया कि दरभंगा में यह एम्‍स बने जिसका शिलान्‍यास हो रहा है। पूरा उत्तर बिहार में सारे एरिया के लोगों को जो इलाज के लिए जाते थे दिल्ली के एम्‍स में या पटना में आते थे अब यह सुविधा हो जाने से वो अपने घर से आकार के इलाज करा कर वापस जा सकते हैं।

 

<><><><><><><><><><> 

 

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्‍यम जयशंकर आज नई दिल्‍ली में सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैस़ल बिन फरहान अल सऊद के साथ बैठक करेंगे। सऊदी अरब के विदेश मंत्री दो दिन की भारत यात्रा पर कल दिल्‍ली पहुंचे।

 

<><><><><><><><><><> 

 

भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में पिछले वर्ष अक्‍तूबर से इस वर्ष अक्‍तूबर तक महत्‍वपूर्ण वृद्धि हुई। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के आंकडों के अनुसार नवीकरणीय ऊर्जा कुल संस्‍थापित क्षमता एक वर्ष में 13 दशमलव पांच शून्‍य प्रतिशत बढकर 24 दशमलव दो शून्‍य गीगावॉट हो गई है। यह अक्‍तूबर 2023 में 178 दशमलव नौ आठ गीगावॉट से बढकर अक्‍तूबर 2024 में 203 दशमलव एक आठ गीगावॉट हो गई।

 

<><><><><><><><><><> 

 

दुनिया भर में औसत मासिक तापमान अत्‍यधिक बढने के कारण 2024 के अब तक का सबसे गर्म वर्ष रहने की आशंका है। कॉप-29 सम्‍मेलन के दौरान जारी विश्‍व मौसम संगठन की रिपोर्ट में कहा गया है कि महत्‍वाकांक्षी पेरिस समझौता गंभीर खतरे में है। पेरिस समझौते का लक्ष्‍य धरती की सतह के दीर्घकालिक औसत तापमान में वृद्धि को दो डिग्री से नीचे रखना है। समझौते में इस तापमान को एक दशमलव पांच-चार डिग्री तक सीमित रखने के प्रयासों पर बल दिया गया है।

 

विश्‍व मौसम संगठन द्वारा प्रयुक्‍त छह अंतरराष्‍ट्रीय आंकडों के विश्‍लेषण के अनुसार जनवरी से सितंबर के दौरान सतह की वायु का वैश्विक औसत तापमान औद्योगिक युग से पहले के औसत तापमान से एक दशमलव पांच चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इस कारण अल नीनो की घटना को प्रोत्‍साहन मिला।

 

<><><><><><><><><><> 

 

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण- एफएसएसएआई ने ई-कॉमर्स क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाने के लिए परामर्श जा‍री किया है। प्राधिकरण ने ई-कॉमर्स खाद्य व्‍यवसाय संचालकों-एफबीओ से कहा है कि उपभोक्‍ताओं को वितरण के समय खाद्य पदार्थों की न्‍यूनतम शेल्‍फ लाइफ 30 प्रतिशत या उपभोग लायक नहीं रहने से पहले 40 दिन रखी जाए। प्राधिकरण ने ई-कॉमर्स एफबीओ के साथ कल दिल्‍ली में बैठक की। जिसमें दो सौ से अधिक प्रतिभागी श‍ामिल हुए।

प्राधिकरण ने एफबीओ को ऑनलाइन प्‍लेटफार्म पर बढा-चढा कर किए जा रहे दावों से बचने के लिए भी सावधान किया।

 

<><><><><><><><><><> 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 16 नवम्‍बर से तीन देशों- नाइजीरिया, ब्राजील और गयाना की यात्रा पर जाएंगे। वे राष्‍ट्रपति बोला अहमद टीनुबु के निमंत्रण पर 16 और 17 नवंबर को नाइजीरिया का दौरा करेंगे।  पिछले 17 वर्षों में किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की यह पहली यात्रा होगी।

 

श्री मोदी ब्राजील में रियो डी जेनेरियो जाएंगे। वे वहां पर 18 और 19 नवंबर को जी20 सम्‍मेलन में हिस्‍सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री वैश्विक महत्‍व के विभिन्‍न मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण रखेंगे। 

 

इसके बाद श्री मोदी 19 और 20 नवम्‍बर को गयाना का दौरा करेंगे। 1968 के बाद गयाना यात्रा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। पिछले वर्ष गयाना के राष्‍ट्रपति डॉक्‍टर मोहम्‍मद इरफान अली भारत आए थे।

 

<><><><><><><><><><> 

 

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चार ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का तीसरा मुकाबला आज शाम होगा। यह मैच सेंचुरियन सुपरस्पोर्ट पार्क में भारतीय समयानुसार रात साढे आठ बजे से शुरू होगा।

 

दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका की तीन विकेट से जीत के बाद सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। इससे पहले, भारत ने पहला मैच 61 रन से जीता था।

 

 <><><><><><><><><><> 

 

जापान में कुमामोतो मास्‍टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के पहले दौर में आज ओलिम्पिक पदक विजेता पी वी सिंधु और लक्ष्‍य सेन के मैच होंगे। महिला सिंगल्‍स में सिंधु का सामना थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान से होगा। लक्ष्य सेन मलेशिया के लियोंग जून हाओ से खेलेंगे।

 

<><><><><><><><><><> 

 

भारत के रोहन बोपन्‍ना और ऑस्‍ट्रेलिया की मैथ्‍यू एब्‍डेन की जोडी एटीपी फाइनल्‍स के अपने दूसरे मैच में आज शाम अल सलवाडोर के मार्सेलो अरवालो और क्रोएशिया के मेट पैविक के साथ खेलेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4 बजे शुरू होगा।

 

<><><><><><><><><><> 

 

मौसम विभाग ने देश के दक्षिणी क्षेत्रों में अगले तीन-चार दिन के दौरान तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराइकल, केरल और माहे में रविवार तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में आज और कल तेज वर्षा हो सकती है। दक्षिण कर्नाटक के भीतरी इलाकों में शुक्रवार तक मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

 

      <><><><><><><><><><>

 

इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्‍ली में वायु गुणवत्ता श्रेणी खराब बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्‍ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक आज सुबह सात बजे तीन सौ 34 दर्ज किया गया। दिल्‍ली और आस-पास के क्षेत्रों में हल्‍का कोहरा छाया रहा।

 

<><><><><><><><><><> 

 

अधिकतर अखबारों ने आज झारखंड मे पहले चरण के चुनाव को प्रमुखता दी है। जनसत्ता ने लिखा है- पूर्व मुख्‍यमंत्री चंपई सोरेन सहित हेमंत सरकार के छह मंत्रियों की प्रतिष्‍ठा दांव पर। दैनिक भास्‍कर ने अपना आकलन दिया है-‍ पहले चरण में सुरक्षित सीटें जीतने वाले की ही सरकार।

 

दैनिक जागरण के अनुसार दिल्‍ली विश्‍वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव के लिए मतगणना 21 नवंबर को होगी। मतदान 27 सितंबर को हुआ था।

 

देशबन्‍धु और वीर अर्जुन की खबर है- अवैध घुसपैठ मामले में झारखंड तथा बंगाल में ईडी की छापेमारी। इसी खबर पर हिन्‍दुस्‍तान और अमर उजाला के शब्‍द हैं- बांग्‍लादेशी घुसपैठियों के मददगारों से बडी संख्‍या में नकली पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद।

 

राष्‍ट्रीय सहारा ने प्रधान न्‍यायाधीश संजीव खन्‍ना के इस कथन को प्रमुखता दी है- मामलों की तत्‍काल सुनवाई के लिए मौखिक आग्रह नहीं चलेगा, ईमेल या पत्र भेजा जाए।

 

राजस्‍थान पत्रिका ने लैंड अटैक क्रूज मिसाइल परीक्षण का समाचार सचित्र दिया है। एक हजार किलोमीटर तक निशाना लगा सकती है।

 

इकोनॉमिक टाइम्‍स की सुर्खी है- पहली छमाही में सरकारी बैंकों का मुनाफा 26 प्रतिशत बढा। पत्र यह भी लिखता है- जीएसटी काउंसिल बैठक 21-22 दिसबंर को।

 

पंजाब केसरी ने एनएलबी सर्विसेज की रिपोर्ट के हवाले से लिखा है- सेमीकंडक्‍टर सेक्‍टर 2026 तक दस लाख नौकरियां देगा और भारत बनेगा सेमीकंडक्‍टर हब।

 

      <><><><><><><><><><>

 

मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

  • झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 43 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी।
  • 10 राज्यों में 31 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी।
  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज बिहार में 12 हजार करोड रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्‍यास और लोकार्पण करेंगे।
  • अक्टूबर 2023 से भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 13 दशमलव 5 प्रतिशत बढ़कर दो सौ तीन गीगावॉट हुई।
  • वर्ष 2024 के सबसे गर्म वर्ष होने की आशंका, विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने वैश्विक तापमान अस्थायी रूप से एक दशमलव पांच-चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की चेतावनी दी।
  • भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच आज शाम सेंचुरियन में।