मुख्य समाचार :
- झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज; विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता आज राज्य में रैलियां करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के तीन दिन के दौरे पर रहेंगी।
- सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल 14 जुलाई, 2026 तक बढ़ाया।
मॉरीशस में नवीन रामगुलाम का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। - शतरंज में, भारत के अरविंद चितांबरम ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स का खिताब जीता।
****
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इस चरण में कुल 43 निर्वाचन क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
झारखंड में कल होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए मतदान दलों को उनके क्षेत्र में रवाना किया जा रहा है। इस चरण के कुल 225 संवेदनशील बूथों में से 194 बूथों पर मतदान दल कल ही पहुंच चुके हैं। शेष 30 बूथों के मतदान अधिकारी आज रवाना होंगे। यह संवेदनशील बूथ पांच जिलों पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहारदागा, गढ़वा और गुमला में है। राज्य भर में कुल 15344 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा बलों की 200 से अधिक कंपनियां तैनात की गई है। के के लाल के साथ संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार, रांची।
****
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता राज्य के विभिन्न जिलों में चुनाव रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी आज चंद्रपुर जिले के चिमुर में, सोलापुर में और पुणे में चुनावी रैलियां को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुंबई में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी लातूर, बीड, जलाना और नागपुर में चुनावी रैलियां को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ अकोला, अमरावती और नागपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस दहानू, विक्रमगढ साइन कोलीवाडा और कल्याण में चुनाव प्रचार करेंगे। दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी बुलढाणा जिले के चिखली और गोंदिया में एमवीए उम्मीदवारों के समर्थन में दो रैलियां को संबोधित करेंगे एनसीपीएसपी प्रमुख शरद पवार नासिक और अहमदनगर में एमवीए उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे। शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे माहे में चुनाव प्रचार करने वाले हैं। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे मुंबई के वर्ली में चुनाव प्रचार करेंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार मुंबई।
****
बिहार में चार विधानसभा क्षेत्रों – इमामगंज, बेलागंज, तरारी और रामगढ़ में उपचुनाव के लिए कल मतदान होगा। 12 लाख से अधिक मतदाता पांच महिला प्रत्याशियों सहित 38 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। गया, भोजपुर और कैमूर जिलों में फैले एक हजार दो सौ 77 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
बिहार विधानसभा की 4 सीटों पर उपचुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ एनडीए गठबंधन और विपक्ष के महागठबंधन के बीच माना जा रहा है। इमामगंज क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पुत्रवधू दीपा कुमारी रामगढ़ से राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र अजीत कुमार सिंह उप चुनाव में प्रमुख उम्मीदवार हैं। बेलागंज की सीट पर सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने अपने पुत्र विश्वनाथ कुमार सिंह तथा पूर्व विधायक सुनील पांडे ने अपने पुत्र विशाल प्रशांत को तरारी निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा है। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार, पटना।
****
विधानसभा चुनाव की इस विशेष श्रंखला में आज हम चर्चा करेंगे झारखंड के रांची ज़िले के सिल्ली निर्वाचन क्षेत्र की। सिल्ली विधानसभा सीट पर दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा।
सिल्ली विधानसभा सीट आजसू पार्टी को दी गई है। यहां से पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अमित कुमार को यहां से उम्मीदवार बनाया है। हालांकि सात निर्दलीय समेत 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है लेकिन मुख्य मुकाबला आजसू पार्टी के सुदेश कुमार महतो और जेएमएम के अमित कुमार के बीच है। दौगिक प्रतिष्ठान की स्थापना सिंचाई और लोगों का पलायन इस क्षेत्र के मुख्य मुद्दे हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से कृष्ण कुमार लाल।
****
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान पहले दिन वे जम्पोर में एवियरी, दमन में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज और निफ्ट परिसर जायेंगी। दूसरे दिन वह सिलवासा में नमो मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा करेंगी।
****
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू), लुधियाना का दौरा करेंगे। वह जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा परिवर्तन के सामने कृषि खाद्य प्रणालियों को बदलने के विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन-2024 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। सम्मेलन में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी उपस्थित रहेंगे।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड से लोकसभा सांसद अनिल बलूनी के नई दिल्ली आवास पर कल आयोजित इगास महोत्सव में भाग लिया। इगास उत्तराखंड का पारंपरिक प्रकाश पर्व है जो दीपावली के 11 दिन बाद मनाया जाता है।
****
ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध हैं
****
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों के साथ उच्च और तकनीकी शिक्षा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्घाटन करेंगे। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के लिए विभिन्न दृष्टिकोणों और पद्धतियों का प्रसार, रूपरेखा और कार्यान्वयन रणनीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करना है।
****
सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री का कार्यकाल 14 जुलाई 2026 तक बढ़ा दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। श्री मिस्री ने इस वर्ष 15 जुलाई को विदेश सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। भारतीय विदेश सेवा के 1989 बैच के अधिकारी विक्रम मिस्री ने विदेश मंत्रालय, प्रधान मंत्री कार्यालय और यूरोप, अफ्रीका, एशिया और उत्तरी अमेरिका में भारतीय मिशनों में विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे।
****
मणिपुर के जिरीबाम जिले में कल सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में दस हथियारबंद उग्रवादी मारे गए। सूत्रों के अनुसार, जिरीबाम जिले के जाकुरधोर और बोरोबेकरा पुलिस थाना स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की चौकी पर कल दोपहर हथियारबंद उग्रवादियों ने हमला किया।
मणिपुर के जिरीबाम जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
****
पश्चिम बंगाल में कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की स्नातकोत्तर प्रशिक्षु डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले की सुनवाई सियालदा कोर्ट में शुरू हो गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो-सीबीआई ने मुख्य आरोपी संजय राय के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। अदालत दैनिक आधार पर मुकदमे की सुनवाई कर रही है।
****
श्रीलंका में आम चुनाव के लिए प्रचार अभियान कल आधी रात को समाप्त हो गया। श्रीलंका में चुनाव कानूनों के अनुसार अब सभी चुनाव प्रचार मतदान के दिन तक प्रतिबंधित रहेंगे। ब्यौरा हमारे कोलंबो संवाददाता से-
श्रीलंका में आम चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे के बीच 13400 से अधिक मतदान केंदो पर होगा। जहां एक करोड़ 70 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 8800 से अधिक उम्मीदवार मैदान में है। चुनाव आयोग ने कहा है की पूरे द्वीप में चुनाव प्रक्रिया के लिए 75 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अहमद मोईन फारूकी आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
****
मॉरिशस में विपक्ष के नेता नवीन रामगुलाम का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है। रामगुलाम के नेतृत्व वाला अलायंस ऑफ चेंज गठबंधन संसदीय चुनावों में भारी जीत की ओर बढ रहा है। हालांकि, अभी अंतिम परिणामों की घोषणा नहीं की गई है। श्री रामगुलाम ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी पार्टी बडी जीत की ओर बढ रही है।
इस बीच, निवर्तमान प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनौथ ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि उनका गठबंधन हार की ओर बढ रहा है।
मॉरिशस में 62 सांसदों के चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ था। जिस पार्टी या गठबंधन को संसद में 50 प्रतिशत से अधिक सीटे मिलेंगी, प्रधानमंत्री उसी पार्टी या गठबंधन से चुना जाएगा। देश में रविवार को हुए मतदान में 80 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
****
मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु, पुदुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में गरज और चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान लगाया है। इन इलाकों में 15 नवंबर तक बारिश जारी रहेगी। आज दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आस-पास के इलाकों सहित श्रीलंका और तमिलनाडु के तटों पर तूफानी मौसम की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।
****
उधर, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक-एक्यूआई तीन सौ 54 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान दिल्ली एनसीआर में रात और सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
****
पहली अक्टूबर से 10 नवंबर तक दशहरा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान दक्षिण-मध्य रेलवे मंडल से करीब तीन करोड़ लोगों ने यात्रा की है। रेल अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब आठ लाख अतिरिक्त लोगों ने यात्रा की है।
****
खेल जगत की खबरों के साथ हैं सरफिरोजी।
शतरंज में ग्रैंड मास्टर अरविंद चिथंबरम ने अमेरिकी ग्रैंडमास्टर लेवोन एरोनियन को कडे मुकाबले में हराकर चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स का खिताब जीत लिया है। वही चैलेंजर्स टाइटल टूर्नामेंट मुकाबले में ग्रैंड मास्टर वी. प्रणव ने अपराजित रहते हुए चैलेंजर्स का खिताब अपने नाम किया। उधर भारत की शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन आज से शुरू हो रहे जापान मास्टर्स सुपर-500 में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। टेनिस में रोहन बोपन्ना और मैथ्यू एब्डेन एटीपी फाइनल 2024 के अपने पहले मैच में जीत हासिल करने में नाकाम रहे। इटली की सिमोन बोलेली और एन्ड्रीया वावस्सोरी की जोड़ी ने भारतीय ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी को ग्रुप स्टेज में सीधे सेटों में हराया। उधर, महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत आज तीन बार के विजेता दक्षिण कोरिया से खेलेगा। बिहार की राजगीर हॉकी स्टेडियम में कल भारत ने अपने पहले मैच में मलेशिया को चार-शून्य से हरा दिया।
****
रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव ने कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार और आर्थिक संबंधों, ऊर्जा, कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया।
श्री मोदी ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए दोनों पक्षों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर श्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह उनके साथ निरंतर आदान-प्रदान के लिए उत्सुक हैं।
****
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- अलका सिंह।
पटाखों के चलते प्रदूषण का समाचार अमर उजाला सहित कई अखबारों के पहले पन्ने पर है। अमर उजाला की सुर्खी है- कोई धर्म प्रदूषण फैलाने की अनुमति नहीं देता, स्वच्छ हवा सबका मौलिक अधिकार। उधर दैनिक जागरण ने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए अपनी सुर्खी में लिखा है पटाखों पर प्रतिबंध के लिए तत्काल स्पेशल सेल गठित करे दिल्ली पुलिस। जबकि हिन्दुस्तान का कहना है- अदालत ने दिल्ली सरकार से कहा-25 तक निर्णय लेकर अवगत कराएं। लोकसत्य ने प्रधानमंत्री के इस वक्तव्य को प्रमुखता दी है कि- कुछ लोग देश को टुकडों में बांटना चाहते हैं। प्रधानमंत्री के हवाले से पत्र लिखता है- संत-महात्माओं ने हमारी पहचान को पुनर्जीवित किया। इस समाचार पर वीर अर्जुन की सुर्खी है- विकसित भारत के लिए एकता जरूरी। प्रधानमंत्री ने कहा राष्ट्र विरोधी लोग समाज को बांटने का कर रहे हैं प्रयास। झारखंड में पहले चरण का प्रचार थमा इस समाचार को सुर्खी देते हुए देशबन्धु लिखता है- पहले चरण में 43 सीटों पर होगा मतदान, छह सौ 83 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, अतिंम दिन सभी पार्टियों ने झोंकी ताकत। लोकसत्य, पंजाब केसरी, नवभारत टाइम्स, राष्ट्रीय सहारा, हिन्दुस्तान आदि समाचार पत्रों ने न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के भारत के 51वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने के समाचार को प्रमुखता दी है। दैनिक भास्कर लिखता है- 51वें सीजेआई बने खन्ना,छह महीने का होगा कार्यकाल। पत्र के अनुसार वे 13 मई 2025 को होगें सेवा निवृत्त।
****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः-
- झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कल होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी।
- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज; विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता आज राज्य में रैलियां करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज से केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव के तीन दिन के दौरे पर रहेंगी।
- सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल 14 जुलाई, 2026 तक बढ़ाया।
- मॉरीशस में नवीन रामगुलाम का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी।
- शतरंज में, भारत के अरविंद चितांबरम ने चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स का खिताब जीता।
****