Download
Mobile App

android apple
signal

November 11, 2024 9:42 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडताल में श्री स्वामीनारायण मंदिर के द्विशताब्‍दी समारोह में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लेंगे।
  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा।
  • न्यायमूर्ति संजीव खन्ना आज भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे।
  • कोलकाता में आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की एक जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आज से विशेष न्यायालय में सुनवाई शुरू होगी।
  • 29वां वार्षिक संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन – COP29 आज से अज़रबैजान के बाकू में।
  • महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता आज से बिहार के राजगीर में शुरू होगी।

****

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडताल में श्री स्वामीनारायण मंदिर के द्विशताब्‍दी समारोह में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लेंगे। वे इस अवसर पर वहां उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे। वडताल स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर कई दशकों से लोगों के सामाजिक और आध्‍यात्‍मिक जीवन की आस्था का केंद्र बना हुआ है।

यह मंदिर कमल के आकार में बना है। जो सभी धर्मों के बीच सद्भाव की भावना का प्रतीक है। हाल ही में वड़ताल मंदिर की 200वीं वर्षगांठ बनाने के लिए द्विशताब्दी महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें भाग लेने के लिए देशभर से हजारों तीर्थयात्री वड़ताल आए हैं। 15 नवंबर तक चलने वाला यह उत्सव 7 नवंबर को पोथी यात्रा और कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ था। इस उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक प्रदर्शन भी आयोजित किया जा रहे हैं। वड़ताल स्‍वामीनारायण मंदिर की स्थापना के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा हाल ही में एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया था। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

****

झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा। इस चरण में 43 विधानसभा सीटों पर 13 नवम्‍बर को वोट डाले जायेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के स्‍टार प्रचारक अपने अपने उम्‍मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए मतदाताओं को रिझाने के सभी प्रयास कर रहे हैं। एक रिपोर्ट –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर साढे़ बारह बजे मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत झारखंड के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। दूसरी और भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के आदित्यपुर स्थित फुटबॉल ग्राउंड में चुनावी सभा करेंगे। इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बांकी और छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चार स्थानों हुसैनाबाद, सरायकेला, इचागढ़ और दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली करेंगे। आर.जे.डी., आजसु और वामपंथी दल के नेता भी राज्य के विभिन्न इलाकों में चुनावी बैठक करेंगे। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से संजीव शर्मा के साथ कृष्ण कुमार लाल।

****

उधर, महाराष्‍ट्र में भी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन जुटाने के लिए पूरे राज्‍य में रैलियां, रोड शो और जनसभाएं कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन गडकरी आज नागपुर में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे जालना में चुनाव प्रचार करेंगे। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस नागपुर, गोंदिया और मुंबई में चुनाव प्रचार करेंगे। उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजीत पवार नंदुरबार, नांदेड़ और अमरावती में चुनाव प्रचार करेंगे। एन.सी.पी. और एस.पी. प्रमुख शरद पवार धुले और जल गांव के पांच निर्वाचन क्षेत्रों में एम.वी.. उम्‍मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। कल शिवसेना यू.बी.टी. प्रमुख उद्धव ठाकरे सोलापुर में चुनाव प्रचार कर रहे थे और आदित्य ठाकरे में भाई कला में चुनाव प्रचार किया। इस बीच महाराष्ट्र कांग्रेस ने आगामी चुनावों से पहले पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 22 विधानसभा क्षेत्रों के 28 बागी उम्मीदवारों को निलंबित किया है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

****

प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की जानकारी की हमारी श्रंखला में आज प्रस्‍तुत है महाराष्‍ट्र की कामठी विधानसभा सीट का लेखा – जोखा। एक रिपोर्ट –

नागपुर ग्रामीण का कामठी विधानसभा क्षेत्र पिछले 15 सालों से भाजपा का गढ़ रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र की मतदर संख्या पांच लाख एक हजार से अधिक है। 2014 के चुनाव में वर्तमान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुने ने कांग्रेस उम्मीदवार राजेंद्र मलिक को हराया था और दूसरे उम्मीदवार टेकचंद सावरकर ने कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश गोयल को हराया। इस विधानसभा चुनाव में भवनकुले, कामठी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश बोयर से होगा। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 19 उम्मीदवार मैदान में है। कामठी विधानसभा क्षेत्र में अतिक्रमण, भारी बारिश के कारण फसलों का नुकसान और बढ़ते अपराध जैसे मुद्दे है। धनंजय वानखेड़े, आकाशवाणी समाचार नागपुर।

****

असम में होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन है। राज्य में 13 नवंबर को पांच विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। हमारे संवाददाता ने बताया है इसके लिए 34 उम्मीदवार मैदान में हैं।

कुल पांच सीटों में से धोलाई में आठ उम्‍मीदवार, सामागुरी में 11 और सिडली सीट पर 3 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर बेहाली में चार उम्मीदवार जबकि बोंगाईगांव सीट पर 8 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमाएंगे। पांचों सीटों पर 10 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। प्रमुख दलों में से कांग्रेस और एनडीए सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए के लिए भाजपा ने तीन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं और असम गण परिषद और यू.पी.पी.एल. एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी।

****

पश्चिम बंगाल में बुधवार को छह विधानसभा सीटों, सीताई, मदारीहाट, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर और तलडांगरा के लिए उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग इन निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रहा है।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

****

न्यायमूर्ति संजीव खन्ना आज देश के 51वें मुख्य़ न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। एक रिपोर्ट-

14 मई 1960 को जन्मे जस्टिस संजीव खन्ना 1983 में दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत हुए। उन्होंने दिल्ली के तीस हजारी जिला न्यायालय, दिल्ली उच्च न्यायालय और कई न्यायाधिकरणों में वकालत की है। न्यायमूर्ति खन्ना को 2005 में दिल्ली उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश और 2006 में साइन न्यायाधीश बनाया गया। जनवरी 2019 में उन्‍हें सर्वोच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। जस्‍टिस संजीव खन्‍ना सर्वोच्‍च न्‍यायालय के कई ऐतिहासिक निर्णयों का हिस्सा रहे हैंजैसे अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के फैसले को बरकरार रखना, चुनावी बॉन्‍ड योजना को को समाप्‍त करना तथा चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन.वी.एम. के उपयोग को बरकरार रखना। उनका कार्यकाल लगभग 6 महीने का होगा। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली। 

****

कोलकाता में आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की एक जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आज से विशेष न्यायालय में सुनवाई शुरू होगी। यह सुनवाई फास्ट-ट्रैक आधार पर होगी। इस अस्पताल परिसर में 9 अगस्त की सुबह जूनियर डॉक्टर का शव मिलने के 94 दिन बाद यह सुनवाई शुरू होने जा रही है।

****

राष्‍ट्रीय मानवाधिकार आयोग आज से विदेश मंत्रालय के सहयोग से नई दिल्‍ली में छह दिन का भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग कार्यकारी क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू करेगा। यह कार्यक्रम सोलह नवम्‍बर तक चलेगा। कार्यक्रम में मालदीव, नेपाल, श्रीलंका और थाइलैंड समेत आठ देशों के राष्‍ट्रीय मानवाधिकार संस्‍थानों के वरिष्‍ठ अधिकारी भाग लेंगे।

****

छत्‍तीसगढ में रायपुर में आयोजित भारतीय सड़क कांग्रेस का वार्षिक अधिवेशन आज सम्‍पन्‍न होगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि अधिवेशन के दौरान सड़कों की गुणवत्ता बेहतर बनाने के साथ ही सड़क क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

भारतीय सड़क कांग्रेस के वार्षिक अधिवेशन में शामिल होने रायपुर आए भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में विशेष सचिव तथा महानिदेशक सड़क विकास धर्मानन्‍द सारंगी ने बताया कि केन्द्र सरकार पिछले तीन साल में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों के आधार पर देश में ब्लैक कॉरीडोर के साथ ही वाइट कॉरीडोर की भी पहचान कर रही है।

बाईटहम अभी एक सिस्टम बना रहे हैं कि जहां पे लास्ट तीन साल में कोई फर्टि‍लिटी नहीं हुआ है। उस तरीके से कॉरीडोर को आइडेंटीफाई करें और उसमें प्रिज़र्वमेटिव मेजर्स लें। ताकि वहां पे फरदर फर्टि‍लिटी न हो। उसको एक नया वार्ड हमने नया फेस कायम किया है वाइट कॉरिडोर। मतलब जहां पे ब्लैक कॉरीडोर वहां पे एक्सीडेंट फर्टि‍लिटी ज्यादा होता है। वाइट कॉरिडोर मिन्स वहां बिल्‍कुल एक्सीडेंटल फर्टि‍लिटी नहीं होता है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

****

संयुक्त राष्ट्र का 29वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आज अजरबैजान के बाकू में शुरु होगा। इसमें भारत सहित 200 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और वैश्विक स्तर पर तापमान में बढ़ोतरी को सीमित करने के लिए पेरिस समझौते को आगे बढ़ाने पर एक साथ मिलकर चर्चा करेंगे।  

****

मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में आज तेज़ वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने कहा कि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में तेज़ वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान पश्चिमी पंजाब और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। विभाग ने दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले दो से तीन दिनों के दौरान धुंध और हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

****

दिल्ली और राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एनसीआर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज सुबह 7 बजे राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक-ए.क्‍यू.आई. तीन सौ 46 दर्ज किया गया।

****

आकाशवाणी के द्विभाषी लाइव फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात 09.30 बजे हम “वायु प्रदूषण- प्रभाव और शमन” पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में हमारे साथ सफदरजंग अस्पताल में श्वसन चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर नीरज गुप्ता और वरिष्ठ पर्यावरणविद् मुकुल सनवाल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान, श्रोता वायु प्रदूषण के संबंध में हमारे विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं। श्रोता टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर अपने प्रश्‍न पूछ सकते हैं।

इसके अलावा, आप अपने प्रश्न व्हाट्सएप के माध्यम से 9289094044 नंबर पर भेज सकते हैं।

****

महिलाओं की एशियाई हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी 2024 प्रतियोगिता आज से बिहार के राजगीर में शुरु हो रही है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के आगाज के साथ अगले 10 दिनों तक चलने वाले महा मुकाबलों का दौर आज से शुरू हो जाएगा। भारत में यह प्रतियोगिता अब तक दो बार जीती है। इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के आयोजन को लेकर राजगीर शहर पूरी तरह से सजधज कर तैयार है। हर दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। करीब तीन हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में दर्शकों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर निशुल्क मैच देखने की अनुमति होगी। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, राजगीर।

प्रतियोगिता का पहला मैच आज दोपहर सवा बारह बजे जापान और कोरिया के बीच खेला जाएगा।

****

दक्षिण अफ़्रीका ने कल रात गक़ेबरहा में टी-ट्वेंटी के रोमांचक मुकाबले में भारत को तीन विकेट से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने भारत के 125 रनों का लक्ष्‍य 19 ओवर में 7 विकेट पर 128 रन बनाकर प्राप्‍त कर लिया।

दक्षिण अफ्रीका की इस जीत से श्रृंखला 1-1 से बराबर हो गई है। श्रृंखला का तीसरा मैच  13 नवंबर को सेंचुरियन में खेला जाएगा।

****

ये समाचार हमारी वेबसाइट www. news on air.gov.in और हमारे News on air मोबाइल App पर भी उपलब्ध हैं

****

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैंसिद्धार्थ सिंह।

  • भारत द्वारा आतंकवादी घोषित अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्‍ला की कनाडा में गिरफ्तारी  सहित कई अखबारों के पहले पन्‍ने पर है। अमर उजाला की सुर्खी है निज्‍जर का करीबी खालिस्‍तान समर्थक आतंकी अर्श डल्‍ला कनाडा में गिरफ्तार। मिल्‍टन शहर में गोलीबारी मामले में हुई गिरफ्तारी। दैनिक भास्‍कर के अनुसार एनआईए की मोस्‍ट वांटेड आतंकी सूची में शामिल डल्‍ला चार साल से कनाडा में था।   
  • महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव में सत्‍तारूढ़ महायुति और विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाडी के घोषणा पत्र जारी होने को भी अखबारों ने प्रमुखता से दिया है। राजस्‍थान पत्रिका की सुर्खी है- महाराष्‍ट्र में खुले लोक लुभावन वादों के पिटारे।
  • दिल्‍ली की बसों में दोबारा होगी दस हजार मार्शलों की नियुक्ति। दैनिक जागरण लिखता है- मंत्रिमंडल की बैठक में हुआ फैसला, प्रस्‍ताव मंजूरी के लिए एलजी को भेजा जाएगा।
  • अब क्‍यूआर कोड से लाइव देखिए रेलवे का किचन। रेल यात्रियों में खान-पान की गुणवत्‍ता के प्रति विश्‍वास बढ़ाने की आई.आर.सी.टी.सी. की इस पहल को राष्‍ट्रीय सहारा ने जगह दी है।
  • ऊसर भूमि में किसानों की आय बढ़ाएगी गेहूं की नई प्रजाति‍। हिन्‍दुस्‍तान ने लिखा है- कानपुर स्थित चन्‍द्रशेखर आजाद कृषि और प्रौद्योगिकी विश्‍वविद्यालय के वैज्ञान‍िकों ने विकसित की नई प्रजाति, अगले साल से किसानों को मिलेंगे बीज।

****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के वडताल में श्री स्वामीनारायण मंदिर के द्विशताब्दी समारोह में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लेंगे।
  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा।
  • न्यायमूर्ति संजीव खन्ना आज भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे।
  • कोलकाता में आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की एक जूनियर महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में आज से विशेष न्यायालय में सुनवाई शुरू होगी।
  • 29वां वार्षिक संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन – COP29 आज से अज़रबैजान के बाकू में।
  • महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी प्रतियोगिता आज से बिहार के राजगीर में शुरू होगी।

****