Download
Mobile App

android apple
signal

November 10, 2024 9:25 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्य समाचार :

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार चरम पर; भाजपा के वरिष्‍ठ नेता तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे और रोड शो में शामिल होंगे।
  • भाजपा और महा विकास अघाड़ी गठबंधन आज मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करेंगे।
  • सात भारतीय संस्थानों ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग-एशिया 2025 के शीर्ष 100 में जगह बनाई; आईआईटी दिल्ली 44वें स्‍थान पर।
  • कनाडा ने भारत सहित 14 देशों के छात्रों के लिए फास्ट-ट्रैक वीज़ा कार्यक्रम समाप्त किया।
  • भारतीय खिलाडियों ने हांगकांग में सीनियर एशियन जूडो ओपन में तीन कांस्य पदक जीते।
  • और सिंड्रेला दास ने इटली में डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर टे‍बल टेनिस में अंडर 15 गर्ल्‍स सिंगल्स का खिताब जीता।

 

——————————————

 

झारखंड और महाराष्‍ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। झारखंड में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक और इंडिया दोनों गठबंधन के प्रमुख प्रचारक मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बोकारो तथा गढ़वा में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे और रांची में एक रोड शो में शामिल होंगे। एक रिपोर्ट-

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली चुनावी सभा बोकारो के चंदन क्‍यारी विधानसभा क्षेत्र के चांदीपुर फुटबॉल मैदान में दोपहर 1 बजे होगी जबकि दूसरी चुनावी सभा गढ़वा के एरोड्रम मैदान में सभा सवा तीन बजे होगी। प्रधानमंत्री शाम सवा पांच बजे रांची में रोड शो भी करेंगे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता हेमेंत सोरेन भवनातपुर, कमाण और खिजरी में कई सभाओं को संबोधित करेंगे। जबकि राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव चतरा के हंटरगंज में लोगों को संबोधित करेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सारढ, देवघर और पोडैया घाट में तीन चुनावी सभा करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इचागढ, तमाण और खरसावां में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के झारखंड चुनाव सहप्रभारी हेमंत बिस्‍व शरमा चतरा और लातेहार में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। के. के. लाल के साथ संजीव शर्मा आकाशवाणी समाचार रांची।

 

——————————————

 

निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफ़ाइल श्रृंखला में आज बात झारखंड के रांची जिले की तमाड़ विधानसभा सीट की।

 

एनडीए के सीट बंटवारे में तमाण सीट जनता दल यूनाइटेड को दी गई है। इस पार्टी के गोपाल कृष्ण पातर यहां से चुनाव मैदान में हैं। यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। जनता दल यूनाइटेड के उम्‍मीदवार दो बार इस विधानसभा क्षेत्र से विजयी हुए हैं जबकि आजसू पार्टी को एक बार सफलता मिली है। वर्ष 2009 में हुए उपचुनाव में गोपाल कृष्ण पातर ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को हराया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने इस बार विकास कुमार मुंडा को टिकट दिया है। श्री मुंडा यहां के निवर्तमान विधायक हैं। हालांकि इस विधानसभा क्षेत्र में 10 निर्दलीय समेत 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला जनता दल यूनाइटेड के गोपाल कृष्ण पातर और झारखंड मुक्ति मोर्चा के विकास कुमार मुंडा के बीच है। बेरोजगारी, पेयजल और अपर्याप्त बिजली आपूर्ति इस क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे हैं। अब ये देखना होगा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के विकास कुमार मुंडा अपनी सीट बरकरार रखते हैं या गोपाल कृष्ण पातर जनता दल यूनाइटेड के तीसरी बार चुनाव जीतने में कामयाब होते हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए रांची से कृष्‍ण कुमार लाल।

 

——————————————

 

उधर, महाराष्‍ट्र में भाजपा और विपक्षी महा विकास अघाड़ी गठबंधन आज अपना घोषणापत्र जारी करेंगे। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के नेता भी प्रचार में जुटे हैं।

 

केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह आज आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र या घोषणापत्र का विमोचन करेंगे। भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रमुख नेता विमोचन के दौरान उपस्थित रहेंगे। इसके बाद, श्री शाह उत्तर महाराष्ट्र और विदर्भ क्षेत्र के जलगांव, बुलढाणा और अमरावती में महायुति के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर और यवतमाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवींस मुंबई, अमरावती और नागपुर में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, विपक्षी महा विकास आघाडी गठबंधन भी आज महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यह घोषणापत्र जारी करेंगे। इस बीच, एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार जालना और अहमदनगर में प्रचार करेंगे। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

——————————————

 

झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में 13 और दूसरे चरण में 20 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। महाराष्‍ट्र की दो सौ 88 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को मतदान होगा। दोनों राज्‍यों में मतगणना 23 नवम्‍बर को होगी।

 

——————————————

 

भारत के सात संस्‍थानों ने क्यू.एस. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग: एशिया 2025 के शीर्ष 100 संस्‍थानों में जगह बनाई है। एक रिपोर्ट-

 

क्यू.एस.यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-आई.आई.टी., दिल्ली ने 44वां स्थान हासिल किया है, जबकि आई.आई.टी., बॉम्बे 48वें स्थान पर है। आई.आई.टी मद्रास, आई.आई.टी. खड़गपुर, आई.आई.टी. कानपुर और दिल्ली विश्वविद्यालय शीर्ष 100 संस्‍थानों में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। आई.आई.टी. गुवाहाटी, आई.आई.टी. रुड़की, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, पेट्रोलियम और ऊजा शिक्षा विश्‍वविद्यालय तथा वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जैसे संस्थान शीर्ष 150 में शामिल किए गए हैं। यह रैंकिंग पूर्वी, दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी और मध्य एशिया के 25 देशों के 984 संस्थानों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से श्रीराम शर्मा। 

 

——————————————

 

शिक्षाविंद डॉक्‍टर संत चौधरी ने आकाशवाणी को बताया कि इस रैकिंग से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में और सुधार होगा।

 

भारतवासियों के लिए सौभाग्य की बात है और गौरव की बात है क्‍यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग का रिजल्ट आया है। एशिया 2025 इंस्टिट्यूट का रैंकिंग 100 के अंदर आया है और यह हमारी शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाता है हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी जो हर समय बोलते हैं कि हमारी गुणवत्ता को और बढ़ाया जाए अब हमारी जो बच्चों का पलायन होता था दूसरे देशों में वह रुकेगा और हमारे छात्रों को अपने ही देश में अच्छे से अच्छे एजुकेशन दिए जाएंगे।

 

——————————————

 

देश में बड़े पैमाने पर खरीफ फसलों की खरीद सुचारू रूप से जारी है। सरकार ने वर्तमान विपणन सत्र में शुक्रवार तक 120 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद की है। इससे पंजाब में 6 लाख 58 हज़ार किसानों को लाभ मिला है। उन्हें 27 हज़ार 995 करोड़ रुपये के न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी का भुगतान किया गया है। उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बताया कि ग्रेड ‘ए’ धान को तय एम.एस.पी. दो हजार 320 रुपये प्रति क्विंटल पर ही खरीदा जा रहा है। केंद्र सरकार ने चालू खरीफ सत्र के लिए धान खरीद का अनुमानित लक्ष्य 185 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया है।

 

——————————————

 

जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के सोपोर कस्बे में कल सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। दो से तीन आतंकवादियों के अभी भी वहां छिपे होने की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि शाम को सोपोर के रामपोरा क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में सूचना मिलने के बाद सेना, सीआरपीएफ और पुलिस बलों ने एक संयुक्त अभियान शुरू किया था।

 

——————————————

 

भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव- इफ्फी ने मनोरंजन की दुनिया को जीवंत तथा और अधिक मनोरंजक बनाने के लिए इफ़िएस्टा आयोजित करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्‍य फिल्मों के प्रभाव,  व्‍यंजन, कला और संवादात्मक अनुभवों के माध्‍यम से लोगों को जोड़ना है। इफ़िएस्टा का आयोजन 21 से 28 नवंबर के दौरान गोवा में पणजी में कला अकादमी में किया जाएगा। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जो दर्शकों को भारतीय संस्कृति, व्‍यंजन, संगीत और सिनेमा की जीवंत विविधताओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।

 

——————————————

 

भारतीय सड़क कांग्रेस के  वार्षिक अधिवेशन में सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा जारी है। यह अधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हो रहा है। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से..

 

भारतीय सड़क कांग्रेस के वार्षिक अधिवेशन में सड़क सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का विकास और बीते एक साल के दौरान सड़क निर्माण के क्षेत्र में हुए प्रौद्योगिकी विकास पर न सिर्फ चर्चा की जा रही है, बल्कि इसे आयोजन स्थल पर लगी प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया भी जा रहा है। भारतीय सड़क कांग्रेस के महासचिव संजय कुमार निर्मल ने बताया कि भारत में अब सड़क निर्माण के क्षेत्र में अवशिष्ट पदार्थों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की कोशिश हो रही है।

 

गर्वमेंट ऑफ इंडिया का टारगेट है कि ग्रीन कंस्‍ट्रक्‍शन हो जो ज्‍यादा से ज्‍यादा रिर्सोस को हम कैसे ऑपटिमाइज करें उसका यूज ताकि ये खत्‍म नहीं हो आगे के लिए तो हमारा एक जो फोकस एरिया रहा है कि इसको लोकली एवेलेबल मैटरियल्‍स को कैसे यूज कर सकते हैं। प्रधानमंत्री जी कहते हैं सर्कुलर इकोनॉमी जो वेस्‍ट को कैसे हम यूज करें रोड कंस्‍ट्रक्‍शन में तो ये एक फोकस एरिया है आईआरसी का रहा है। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

——————————————

 

मौसम विभाग ने आज तमिलनाडु में गरज और चमक के साथ तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। शुक्रवार तक केरल, माहे, पुडुचेरी और कराईकल में वर्षा जारी रहेगी। अगले 2 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, दिल्ली-राष्टरीय राजधानी क्षेत्र में भी रात और सुबह के समय धुंध तथा हल्का कोहरा छाया रह सकता है।

 

——————————————

 

इस बीच, दिल्ली औऱ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र-एनसीआर में वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड –सीपीसीबी के अनुसार आज सुबह 7 बजे राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक-ए.क्‍यू.आई तीन सौ सैंतीस दर्ज किया गया।

 

——————————————

 

कनाडा सरकार ने स्टूडेंट डायरेक्ट स्ट्रीम- एस.डी.एस. कार्यक्रम को बंद करने की घोषणा की है। यह योजना कनाडा में शिक्षा प्राप्‍त करने के इच्‍छुक अंतर्राष्‍ट्रीय विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख साधन है। कनाडा सरकार के इस फैसले से भारत के साथ-साथ दुनियाभर के विद्यार्थी प्रभावित होंगे। ऐसा माना जा रहा है कि देश में चल रही आवास और संसाधनों की कमी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। यह कार्यक्रम वर्ष 2018 में इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा द्वारा शुरू किया गया था। इसे कनाडा में पढ़ाई के लिए आने वाले 14 देशों के विद्यार्थियों की आवेदन प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिए तैयार किया गया था। इन देशों में भारत, ब्राज़ील, चीन, कोलंबिया, कोस्‍टारिका, मोरक्को, पाकिस्तान, पेरु, फिलीपींस और वियतनाम जैसे देश शामिल हैं।

 

——————————————

 

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच नए घटनाक्रम में कतर ने इजराइल और हमास के बीच मध्यस्थ की भूमिका से खुद को अलग करने की घोषणा की है। पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए इसे बड़ा झटका बताया जा रहा है। कतर का कहना है कि दोनों पक्ष पूर्ण विश्वास के साथ बातचीत नहीं कर रहे हैं।

 

——————————————

 

और, अब खेल खबरों के साथ

 

भारत ने हांगकांग में सीनियर एशियन जूडो ओपन में तीन कांस्य पदक जीते हैं। महिलाओं की 48 किलो वर्ग में एंजेल यादव, पुरुषों के 60 किलो वर्ग में जतिन ने और 73 किलो वर्ग में सौरभ ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस बीच, सिंड्रेला दास ने इटली में डब्ल्यू.टी.टी. अंडर 15 टेबल टेनिस सिंगल्स का खिताब जीत लिया है। उन्होंने कल फाइनल में दिव्यांशी भौमिक को 3-2 से हराया। सेमीफाइनल में, सिंड्रेला ने हंसिनी मथन को और दिव्यांशी ने रियाना भूटा को हराया था। भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच आज शाम साढे आठ बजे गकेबरहा में खेला जाएगा। चार मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 61 रन से हराया था। श्रृंखला का तीसरा मैच बुधवार को सैंचुरियन और चौथा मैच शुक्रवार को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा।   

 

——————————————

 

महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2024 कल से बिहार के राजगीर में शुरू होगी। कल भारत और मलेशिया के बीच मैच कल शाम साढ़े सात बजे होगा। एक रिपोट-

 

एशिया की छह टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही है भारत के अलावा चीन, कोरिया, जापान, थाईलैंड और मलेशिया की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। बिहार में इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार हो रहा है नवनिर्मित राजगीर खेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 10 दिनों तक चलने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान खेल से इतर कई कार्यक्रम होंगे इसमें युवा खिलाड़ियों और दर्शकों को विभिन्न टीम उनके कोच से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। धर्मेंद्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

 

——————————————

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

अखबारों ने देश के कई हिस्‍सों में बढ़ते वायु प्रदूषण को प्रमुखता दी है। राष्‍ट्रीय सहारा के शब्‍द हैं- हवा में नहीं कम हो रहा ज़हर, सुबह के समय धुंध की परत। अमर उजाला लिखता है- सांसों पर संकट, दिल्‍ली हवा हुई बहुत खराब। वीर अर्जुन की सुर्खी है- देश के कई हिस्‍सों में वायु गुणवत्‍ता खराब, कुछ स्‍थानों पर स्थिति गंभीर श्रेणी में पहुंची। दैनिक ट्रिब्‍यून के अनुसार एन.जी.टी. की सख्‍ती, पानीपत थर्मल प्‍लांट पर छह करो 93 लाख रुपये का जुर्माना। दैनिक जागरण का अनुमान- अभी छह दिन खराब रहेगी हवा।

 

दैनिक भास्‍कर ने विशेष आलेख में लिखा है- नवम्‍बर का पहला सप्‍ताह बीत गया, पहाड़ों पर मैदानों जैसा हाल, बर्फ नदारद।

 

झारखंड और महाराष्‍ट्र विधानसभा चुनाव भी अखबारों के पहले पन्‍ने पर हैं। हिन्‍दुस्‍तान का शीर्षक है- मोदी की ताबड़तोड़ रैलियों से सियासी तापमान और चढ़ा। देशबन्‍धु ने झारखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को सुर्खी बनाया है- हम नफरत को मोहब्‍बत से हराएंगे।

 

हरिभूमि के अनुसार अयोध्‍या में 14 कोसी परिक्रमा के लिए जुटे करीब 20 लाख रामभक्‍त।

 

राजस्‍थान पत्रिका की पहली खबर है- सावधान, जाने-अनजाने 73 प्रतिशत स्‍कूली बच्‍चे देख रहे हैं अश्‍लील सामग्री। बच्‍चे हो रहे हैं मनोरोगी।

 

——————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार चरम पर; भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे और रोड शो में शामिल होंगे।
  • भाजपा और महा विकास अघाड़ी गठबंधन आज मुंबई में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करेंगे।
  • सात भारतीय संस्थानों ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग-एशिया 2025 के शीर्ष 100 में जगह बनाई; आईआईटी दिल्ली 44वें स्‍थान पर है।
  • कनाडा ने भारत सहित 14 देशों के विद्यार्थियों के लिए फास्ट-ट्रैक वीज़ा कार्यक्रम समाप्त किया।
  • भारतीय खिलाडियों ने हांगकांग में सीनियर एशियन जूडो ओपन में तीन कांस्य पदक जीते।
  • और सिंड्रेला दास ने इटली में डब्ल्यूटीटी यूथ कंटेंडर टे‍बल टेनिस में अंडर 15 गर्ल्‍स सिंगल्स का खिताब जीता।

 

——————————————