मुख्य समाचार:-
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन–इसरो आज अपने स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल डी-3 से अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट ईओएस-08 का प्रक्षेपण करेगा।
- भारतीय चिकित्सा संघ ने कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में देश भर में कल 24 घंटे के हड़ताल की घोषणा की है।
- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न प्रकार के कीटनाशकों के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया।
- राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- स्वीडन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने के बाद एमपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि की।
- टेनिस में, जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव टूर–लेवल में पचास जीत हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
*******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो आज अपने स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल – एस एस एल वी से अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट ESO-08का प्रक्षेपण करेगा। प्रक्षेपण की प्रक्रिया सुबह 9 बजकर 17 पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से शुरू होगी। एक रिपोर्ट
प्रक्षेपण के लिए सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र श्रीहरिकोटा में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसरो के वैज्ञानिक सटीक प्रक्षेपण के लिए आखिरी मिनट की जांच कर रहे हैं। छोटा उपग्रह प्रक्षेपण यान एसएसएलवी डी3 10 से 500 किलोग्राम वजन वाले मिनी, माइक्रो और नैनो उपग्रहों को 500 किमी की कक्षा में लॉन्च करने में सक्षम है। मिशन का उद्देश्य एसएसएलवी वाहन प्रणालियों के दोहराए जाने योग्य उड़ान प्रदर्शन और ईओएस 08 उपग्रह और एसआर-0 डेमोसैट को 475 किलोमीटर गोलाकार कक्षा में स्थापित करना है। रॉकेट में वैश्विक नेविगेशन उपग्रह प्रणाली सहित तीन पेलोड हैं। इसका उपयोग समुद्र की सतह की हवाओं, मिट्टी की नमी, हिमालय क्षेत्र पर क्रायोस्फीयर अनुप्रयोगों की गणना, भूमि जल निकाय का पता लगाने के लिए भी किया जाएगा। जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जसपाल कौर।
*******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार राष्ट्र को मजबूत बनाने और लोगों के जीवन में बदलाव लाने के इरादे से सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है। 78वें स्वतंत्रता दिवस पर कल नई दिल्ली में लालकिले के प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए शासन में सुधार आवश्यक हैं।
*******
भारत ने कल अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर विश्व के नेताओं ने भारत को शुभकामनाएं दीं और आने वाले वर्षों में नई दिल्ली के साथ अपने संबंधों को और सशक्त बनाने पर बल दिया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में स्वतंत्रता दिवस पर सभी भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि मॉस्को नई दिल्ली के साथ रणनीतिक संबंधों को विशेष महत्व देता है और उसके साथ अपने संबंधों को और विकसित करने का इच्छुक है। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सभी भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारत-इटली की रणनीतिक साझेदारी भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण स्तम्भ की तरह है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी इस पावन अवसर पर भारत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कनाडा भारतीय मूल के 13 लाख से अधिक लोगों का घर है। ईरान ने भारत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रों का परस्पर ऐजेंडा अपने समग्र संबंधों को बढाना है। सयुंक्त अरब अमीरात के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम ने अपने संदेश में कहा कि यह शुभ दिन भारत की आसाधारण विकास यात्रा का प्रमाण है।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल शाम राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चन्द्रचूड सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
*******
कोलकाता के सरकारी आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या तथा उसके बाद हुई तोड़फोड़ के विरोध में भारतीय चिकित्सा संघ ने कल सुबह से 24 घंटे के लिए देश भर में गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद रखने की घोषणा की है। चिकित्सा संघ ने कहा है कि सभी आवश्यक और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी
*******
केरल में भी रेजिडेंट डॉक्टर और पी.जी. मेडिकल छात्र आज राज्य के अस्पतालों में हड़ताल पर रहेंगे। केरल मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएट्स एसोसिएशन के अनुसार, पी.जी. डॉक्टर आज ओ.पी.डी. के साथ-साथ वार्डों में ड्यूटी सहित सभी गैर-आपातकालीन सेवाओं का बहिष्कार करेंगे। एसोसिएशन ने बताया कि हड़ताल से अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
*******
गोवा में इस घटना के विरोध में एक हजार से अधिक डॉक्टर कल 24 घंटे के लिए ओ.पी.डी. सेवाओं के लिए उपस्थित नहीं रहेंगे। भारतीय चिकित्सा संघ की गोवा शाखा के अध्यक्ष ने कल इसकी जानकारी की। निजी और सरकारी दोनों अस्पतालों में ओ.पी.डी. सेवाएं कल सुबह 6 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक बंद रहेंगी।
*******
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा इस घटना के विरोध में आज कोलकाता में मौन कैंडल मार्च निकालेगी। यह मार्च पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनती श्रीनिवासन के नेतृत्व में शाम छह बजे आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बाहर निकाला जाएगा। इसमें पार्टी के राज्यसभा सदस्य दर्शन सिंह, पश्चिम बंगाल प्रभारी पूजा कपिल मिश्रा के अलावा संगीता यादव, गीता शाक्य तथा इंदु बाला गोस्वामी जैसे राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।
*******
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली में राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली (एनपीएसएस) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि एनपीएसएस के माध्यम से किसान विभिन्न प्रकार के कीटनाशकों से अपनी फसलों का बचाव कर सकेंगे।
हमको उत्पादन बढाना है, पर हैड। अभी भी हमारा उत्पादन दुनिया के विकसित देशों के मुकाबले कई चीजों में कम है। हम तेजी से बढ रहे हैं, अन्न के भण्डार भर रहे हैं और उत्पादन बढाने के लिए जितनी चीजें हो सकती हैं, सबसे पहली चीज है बीज, नये बीज जो ज्यादा उपज जलवायु के अनुकूल हो। उत्पादन न घटे, उत्पादन बढे। मैं सब फसलों के एक सौ नौ बीजों की नई प्रजातियां तैयार करेंगे, उनके बीज तैयार करेंगे। बाजरे की ऐसी फसल जो सत्तर दिन में आ जाएगी।
इस अवसर पर श्री चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी किसानों से भी बातचीत की।
*******
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई दिल्ली में पीएम श्री स्कूलों के छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और प्रेरणा कार्यक्रमों के पूर्व छात्रों के साथ बातचीत की। इस अवसर पर श्री प्रधान ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता देश की अमृत पीढ़ी को सशक्त बनाना, प्रोत्साहित करना और मूल्यवान प्रदर्शन की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि बातचीत से वे आश्वस्त हैं कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।
*******
प्रसिद्ध मिसाइल वैज्ञानिक डॉक्टर राम नारायण अग्रवाल का कल निधन हो गया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन- डीआरडीओ ने उत्कृष्ट एयरोस्पेस वैज्ञानिक डॉक्टर अग्रवाल के निधन पर दुख व्यक्त किया है। पद्म भूषण से सम्मानित डॉक्टर अग्रवाल ने भारत की लंबी दूरी की मिसाइल – अग्नि के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
*******
राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। नई दिल्ली में अटल बिहारी वाजपेई की समाधि सदैव अटल पर प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया है। एक रिपोर्ट
टूटे हुए सपने की सुने कौन सिसकी, अंतर को चीर व्यथा पलकों पर ठिठकी। हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा, काल के कपाल पर लिखता–मिटाता हूं, गीत नया गाता हूं–गीत नया गाता हूं।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज पुण्यतिथि है। उनका निधन 16 अगस्त 2018 को 93वें वर्ष की आयु में हुआ था। 27 मार्च 2015 को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने स्वयं उनके आवास पर जाकर उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया था। अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री, दो बार राज्यसभा सदस्य तथा 10 बार लोकसभा सदस्य रहें। वे देश के सर्वाधिक लोकप्रिय प्रधानमंत्रियों में से एक थे। 2005 में जब अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी तब तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने ही उन्हें मौजूदा राजनीति का भीष्म पितामह की संज्ञा दी थी। बतौर प्रधानमंत्री उनकी सबसे बडी उपलब्धियों में से 1 मई 1998 में राजस्थान के पोखरण में किया गया परमाणु परीक्षण था जिससे भारत पूरी दुनिया में एक प्रमुख परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में उभरकर सामने आया। समाचार कक्ष से मनोज।
*******
विदेश मंत्री डॉक्टर सुब्रह्मणयम जयशंकर 18 अगस्त को सरकारी यात्रा पर कुवैत जायेंगे। इस दौरान वे वहां के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-यहया से मुलाकात करेंगे। श्री जयशंकर का कुवैत के अन्य नेताओं से भी मिलने का कार्यक्रम है।
डॉक्टर जयशंकर की इस यात्रा से दोनों देशों को राजनीति, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, सुरक्षा और जनसम्पर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करने का अवसर मिलेगा।
*******
भारत कल तीसरे वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इस शिखर सम्मेलन का विषय है- सतत भविष्य के लिए एक सशक्त ग्लोबल साउथ। विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में बताया कि इसमें पिछले सम्मेलनों में विश्व की विभिन्न जटिल चुनौतियों पर हुई चर्चाओं को आगे बढाने का काम किया जाएगा। इन चुनौतियों में संघर्ष, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा संकट तथा जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं से विश्व का प्रभावित होना शामिल है।
*******
स्वीडन में एम-पॉक्स के पहले मामले की पुष्टि हुई है। इससे एक दिन पहले ही विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यूएचओ ने इस संक्रमण को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया था। स्वीडन, अफ्रीकी महाद्वीप के बाहर एम-पॉक्स वायरस के अधिक संक्रामक स्ट्रेन की रिपोर्ट करने वाला पहला देश बन गया है। ऐसा माना जा रहा है कि यह मरीज अफ्रीका के एक ऐसे क्षेत्र की यात्रा के दौरान वायरस से संक्रमित हुआ है, जहां वर्तमान में एम-पॉक्स क्लेड-I का प्रकोप जारी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बुधवार को दो साल के भीतर दूसरी बार एम-पॉक्स को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, जो कांगो में प्रकोप के बाद अन्य देशों में फैल गया है।
*******
टेनिस में जर्मनी के स्टार खिलाडी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने कल रात अमरीका में सिनसिनाटी ओपन टूर्नामेंट में सीधे सेटों में रूस के करेन खाचानोव को हरा दिया। इस जीत के साथ ही ज्वेरेव इस सत्र में 50 टूर-लेवल जीत हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। एटीपी मास्टर्स एक हजार स्पर्धा में ज्वेरेव ने खाचानोव को 6-3, 6-2 से हराया। 2021 में सिनसिनाटी ओपन टूर्नामेंट जीतने वाले ज्वेरेव तीसरे दौर में ऑस्ट्रेलिया के मैक्स परसेल या स्पेन के पाब्लो कैरेनो बुस्टा से खेलेंगे।
*******
भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और सेशेल्स के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रोनी गोविंदेन आज केरल के कोट्टायम में राष्ट्रमंडल कानूनी शिक्षा संघ द्वारा आयोजित “कानून और प्रौद्योगिकी टिकाऊ, परिवहन, पर्यटन और तकनीकी नवाचार” पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे।
*******
मौसम विभाग ने आज पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, रायलसीमा और दक्षिण कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र में कल तक अलग-अलग स्थानों पर बहुत तेज वर्षा की संभावना है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट www. news on air.gov.in और हमारे News on air App पर भी
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं– देवेन्द्र त्रिपाठी।
- देशभर में स्वतंत्रता दिवस मनाये जाने का समाचार और लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन आज हिन्दुस्तान सहित सभी अखबारों ने सचित्र प्रकाशित किया है। पत्र लिखता है- देशभर में तिरंगे को शान से दी गई सलामी। दैनिक जारगण की सुर्खी है- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगातार ग्यारहवीं बार लाल किले पर फहराया तिरंगा, 98 मिनट के संबोधन में तमाम मुद्दो को छुआ।
- फुहारों के बीच आजादी का जश्न, बारिश में भी कम नहीं हुआ उत्साह, कामांडो के घेरे में रहा लाल किला नवभारत टाइम्स की खबर है।
- कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में दुष्कर्म के विरोध में देशभर में आक्रोश की खबर सभी अखबारों में है। कोलकाता के अस्पताल में तोड-फोड, बारह उपद्रवी गिरफ्तार, जनसत्ता की सुर्खी है। नवभारत टाइम्स लिखता है- देशभर में डॉक्टरों का प्रदर्शन तेज, आज भी जारी रहेगी हडताल। हिन्दुस्तान के शब्द हैं- कोलकाता में हमले से गुस्सा बढा, आज इंडिया गेट पर जुटेंगे डॉक्टर।
- आसियान देशों के छात्रों को मिलेगी 50 फेलोशिप, कृषि की उच्च शिक्षा के लिए होगी यह फेलोशिप राष्ट्रीय सहारा की खबर है।
- ऊंची कीमतों से कम हुआ सोने का आयात, सितम्बर से त्योहारी खरीदारी शुरू होने पर बढ सकती है मांग। जनसत्ता की सुर्खी है।
- ग्लोबल महिला प्रवासी कबड्डी लीग में हिस्सा लेंगी 15 टीमें राष्ट्रीय सहारा की खबर है। पत्र लिखता है- महिला कबड्डी को वैश्विक स्तर पर बढावा देने के लिए पहली बार किया जा रहा है आयोजन।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो आज अपने स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल डी-3 से अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट ईओएस-08 का प्रक्षेपण करेगा।
- भारतीय चिकित्सा संघ ने कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में देश भर में कल 24 घंटे के हड़ताल की घोषणा की है।
- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न प्रकार के कीटनाशकों के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली का उद्घाटन किया।
- राष्ट्र आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- स्वीडन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने के बाद एमपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि की।
- टेनिस में, जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव टूर–लेवल में पचास जीत हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
*******