मुख्य समाचार:-
- वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के पलक्कड़ में रोड शो करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोक सेवा अधिकारियों से कुशल और बेहतरीन प्रशासन के लिए नवीनतम तकनीकों का उपयोग करने को कहा।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमरीकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के साथ फोन पर क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर बातचीत की।
- बुल्गारिया के राष्ट्रपति रूमेन राडेव ने अपहृत जहाज एमवी रूएन से अपने नागरिकों को बचाने के लिए भारत को धन्यवाद दिया।
- मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड में अलग–अलग स्थानों पर आज तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- स्विट्जरलैंड में स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दिन लक्ष्य सेन और पी वी सिंधु अपने अभियान की शुरूआत करेंगे।
*******
वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में पलक्कड में एक रोड-शो के साथ केरल के चुनाव अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह रोड-शो पलक्कड में हैड पोस्ट ऑफिस रोड से कोट्टा मैदान तक एक किलोमीटर का होगा। इसके बाद श्री मोदी तमिलनाडु में सेलम के लिए रवाना होंगे। जहां वे आज दोपहर बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कल शाम श्री मोदी ने कोयम्बटूर में एक रोड शो किया था। उन्होंने 1998 में कोयम्बटूर को दहला देने वाले सिलसिलेवार बम विस्फोट के पीडितों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
*******
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की कडी आलोचना की है। कर्नाटक के शिवमोग्गा में एक रैली में श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, लूट और तुष्टिकरण की राजनीति करती है जबकि भाजपा का मतलब है विकास और मजबूत भारत।
पिछले दस वर्षों में देश ने बीजेपी का काम देखा है। बीजेपी की सबसे बडी प्राथमिकताएं हैं– विकास, गरीब कल्याण और सामर्थ्यवान भारत वहीं दूसरी ओर कांग्रेस है– कांग्रेस के पास विकास का एजेंडा नहीं इसलिए वो तरह–तरह के हथकंडे आजमाती है। कांग्रेस का पहला हथकंडा है– झूठ बोलो, बडे–बडे झूठ बोलो।
*******
तेलंगाना में पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव के बाद केंद्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों और राज्य पुलिस ने दो सौ 43 करोड़ रुपये की राशि जब्त की है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने कल शाम हैदराबाद में मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग राज्य में शांतिपूर्ण ढंग से लोकसभा चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र बलों की 40 से अधिक कंपनियां राज्य में आ चुकी हैं और उन्हें राज्य पुलिस बलों के साथ बंदोबस्त ड्यूटी पर विभिन्न जिलों में भेजा गया है।
*******
बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के सहयोगियों ने लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप दे दिया है। गठबंधन के अंतर्गत राज्य में कुल 40 सीटों में से भाजपा 17 सीटों पर, जनता दल युनाइटेड 16 सीटों पर और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाला हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा का राष्ट्रीय लोक मोर्चा राज्य में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कल नई दिल्ली में इसकी घोषणा की।
भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, लोक जनशक्ति पार्टी, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा– एन.डी. गठबंधन बिहार में एक साथ होकर चुनाव लड़ेगा। भले ही पार्टी के अपने–अपने चुनाव चिन्ह, अपनी–अपनी सीटों पर अलग हो, लेकिन सभी चालीस सीटों पर पूरा एनडीए की सभी पार्टियां ताकत लगाएंगी।
*******
मध्यप्रदेश में 29 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया चार चरणों में होगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता पूरी तरह प्रभावी हो गई है जिसका सख्ती से पालन किया जा रहा है। एक रिपोर्ट-
मध्यप्रदेश में पहले चरण के लिए मतदान 19 अप्रैल को, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई और चौथे चरण के लिए मतदान प्रक्रिया 13 मई को सम्पन्न होगी। सभी चरणों की मतगणना के परिणाम एक साथ 4 जून को घोषित किए जाएंगे। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि पात्र नागरिक अभी भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ने की सम्भावना भी व्यक्त की।
प्रदेश के 5 करोड़ 63 लाख 60 हजार से ज्यादा मतदाता इन चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2 करोड़ 89 लाख 51 हजार से ज्यादा पुरुष मतदाता हैं, जबकि 2 करोड़ 73 लाख 87 हजार से ज्यादा महिला मतदाता शामिल हैं. लोकसभा चुनाव में 18 से 19 उम्र के 16 लाख से ज्यादा वोटर पहली बार मतदान करेंगे। भाजपा ने मध्य प्रदेश की सभी 29 सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, जबकि कांग्रेस अभी तक 10 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतार सकी है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोक सेवा अधिकारियों से कुशल और स्मार्ट प्रशासन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता-एआई, ब्लॉकचेन और बिग डाटा एनलेटिक्स जैसी आधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नए विचारों और नई प्रौद्योगिकी के साथ समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव जैसे प्रभावशाली परिवर्तन लाए जा सकते हैं जिनकी कल्पना भी नही की जा सकती।
राष्ट्रपति भवन में कल राज्य लोक सेवा अधिकारियों से यह बात कही। राष्ट्रपति ने कहा कि अधिकारियों को कोई भी विकास कार्य करते समय सतत और समावेशी दृष्टिकोण को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के खतरों का सामना कर रही है। इसलिए यह आवश्यक है कि अधिकारी पर्यावरण अनुकूल परिपाटियों को अपनाने और सतत दृष्टिकोण को प्रोत्साहन देने के नूतन उपाय करें।
*******
तीन दिवसीय स्टार्टअप महाकुंभ कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरु हुआ। यह कार्यक्रम 20 मार्च तक चलेगा। इस आयोजन में विभिन्न स्टार्टअप के अलग-अलग पवेलियन बनाए गए हैं, इनमें एआई, एग्रीटेक, डीपटेक, क्लाईमेट टेक, गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, फिनटेक जैसे विभिन्न पवेलियन शामिल हैं। इस महाकुंभ का उद्देश्य पूंजीपतियों और निवेशकों को भारतीय व्यापार के साथ जोड़ना है।
*******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कल अमरीका के रक्षा मंत्री लॉयड आस्टिन के साथ फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय, क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने पिछले महीने नई दिल्ली में आयोजित इंडस-एक्स शिखर सम्मेलन और दोनों देशों की तीनों सेनाओं के बीच अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ जैसे हाल के द्विपक्षीय आयोजनों की भी समीक्षा की। अमरीकी रक्षा मंत्री ने हिन्द महासागर क्षेत्र में डकैतो के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियानों में भारतीय नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। दोनों मंत्रियों ने पिछले वर्ष तय की गई भारत-अमरीका रक्षा सहयोग की रूपरेखा लागू करने के तौर-तरीकों पर भी चर्चा की। भारतीय शिपयार्ड में अमरीकी नौसेना के पोत की मरम्मत जैसे रक्षा औद्योगिक सहयोग के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
*******
बुल्गारिया के राष्ट्रपति रूमेन राडेव ने बुल्गारिया के अपहृत जहाज एम वी रूएन के बचाव के लिए चलाये गए सफल अभियान के लिए भारतीय नौसेना का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में कल राष्ट्रपति राडेव ने बुल्गारिया के सात नागरिकों सहित चालक दल के सदस्यों का बचाव करने के लिए भारतीय नौसेना को धन्यवाद दिया है। रूएन पोत का पिछले वर्ष दिसम्बर महीने में अरब सागर में समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था। इस जहाज पर बुल्गारिया के सात, म्यामां के नौ और अंगोला का एक नागरिक सवार था।
*******
मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर आज मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने बताया है कि 21 तारीख तक झारखंड, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में गरज और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेलंगाना में अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहां ओलावृष्टि भी हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बृहस्पतिवार तक ओलावृष्टि की भी आशंका है।
*******
स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट-2024 आज स्विट्जरलैंड में शुरू होगा। पुरुष सिंगल्स में, सातवीं वरीयता प्राप्त भारत के लक्ष्य सेन मलेशिया के लिओंग जून हाओ के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। किदांबी श्रीकांत का सामना ताइवान के वांग त्ज़ु-वेई से होगा। महिला सिंगल्स में चौथी वरीयता प्राप्त पी वी सिंधु का सामना जर्मनी की यवोन ली से होगा। महिलाओं के डबल्स में, छठी वरीयता प्राप्त अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रैस्टो की जोड़ी का मुकाबला इंडोनेशिया की मेइलिसा ट्रायस और राचेल एलेस्या की जोड़ी से होगा, जबकि ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी अमरीका की एनी जू और केरी जू की जोड़ी से खेलेंगी। टूर्नामेंट का समापन रविवार को होगा।
*******
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ और देहरादून के बीच एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय किया है। यह वंदे भारत ट्रेन इस महीने की 26 तारीख से शुरू होगी। उत्तर रेलवे की विज्ञप्ति के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह रेलगाडी लखनऊ से चल कर बरेली जंक्शन, मुरादाबाद जंक्शन और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी।
*******
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र अपने 37वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज से नई दिल्ली स्थित परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं – निखिल कुमार।
संविधान पीठ के चुनावी बॉण्ड पर 21 मार्च तक हर आवश्यक जानकारी सुप्रीम कोर्ट को देने के निेर्देश को जनसत्ता, दैनिक ट्रिब्यून, देशबंधु और राजस्थान पत्रिका ने पहली खबर बनाते हुए विस्तार से समाचार दिया है। हिन्दुस्तान ने लिखा है-सुप्रीम कोर्ट ने यूनिक नम्बर का खुलासा न करने पर नाराजगी जताई। छह राज्यों के गृहसचिव और बंगाल के डीजीपी हटाए जाने की खबर भी अखबारों की सुर्खियों में है। अखबारों ने इसे निर्वाचन आयोग का कडा कदम बताया है। हरिभूमि लिखता है-आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव आयोग की बडी कार्रवाई। लोकसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों के भीतर उम्मीदवारी के लिए गहमा-गहमी सहित विभिन्न दलों की गतिविधियों में आई तेजी पर सभी अखबारों की नजर है। मलयालम भाषा के लेखक प्रभा वर्मा को सरस्वती सम्मान दिये जाने की खबर हिन्दुस्तान में है। जनसत्ता ने लिखा है-पत्रकारिता के लिए रामनाथ गोयन्का पुरस्कार आज प्रदान किया जाएगा। समन पर फिर पेश नहीं हुए केजरीवाल लिखा है हिन्दुस्तान ने। रूस में राष्ट्रपति पुतिन के पांचवीं बार के कार्यकाल पर प्रधानमंत्री की बधाई, दैनिक भास्कर के मुखपृष्ठ पर है। नवभारत टाइम्स लिखता है-नई पारी से रिकॉर्ड बनाकर पुतिन गरजे। पत्र ने इसे सत्ता पर पकड कहा है। देशबंधु ने इसे चुनाव में पुतिन की रिकॉर्ड जीत बताया है। हिन्दुस्तान ने कैंसर की नकली दवा मामले में ईडी की छापेमारी को पहले पन्ने पर दिया है। वहीं दैनिक भास्कर ने लिखा है-दिल्ली में मनी लांड्रिंग मामले में केस।
कोलकाता में निर्माणाधीन इमारत ढहने की खबर भी कई अखबारों के मुख्य पृष्ठ पर है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल के पालक्कड़ में रोड शो करेंगे।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोक सेवा अधिकारियों से कुशल और बेहतरीन प्रशासन के लिए नवीनतम तकनीकों का उपयोग करने को कहा।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमरीकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन के साथ फोन पर क्षेत्रीय सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर बातचीत की।
- बुल्गारिया के राष्ट्रपति रूमेन राडेव ने अपहृत जहाज एमवी रूएन से अपने नागरिकों को बचाने के लिए भारत को धन्यवाद दिया।
- मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया।
- स्विट्जरलैंड में स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दिन लक्ष्य सेन, पी वी सिंधु अपने अभियान की शुरूआत करेंगे।
*******