मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ओडिशा में विश्वप्रसिद्ध पुरी रथयात्रा में शामिल होंगी।
- भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर नमक, चीनी और वसा संबंधी जानकारी स्पष्ट अक्षरों में अंकित करने को मंज़ूरी दी।
- तेलंगाना और आंध्रप्रदेश ने विभाजन के बाद से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समितियों के गठन का निर्णय लिया।
- उत्तराखंड में तेज़ वर्षा के अलर्ट के कारण चारधाम यात्रा आज स्थगित।
- जम्मू कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ दो मुठभेड में चार आतंकवादी मारे गये।
- कुश्ती में विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रांड प्रिक्स में, महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण जीता।
—–
ओडिशा में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान सुदर्शन की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा आज पुरी में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी इस वार्षिक उत्सव में भाग लेंगी। यात्रा में दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ओडिशा सरकार ने राष्ट्रपति के दौरे और रथयात्रा का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी की है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार ने रथयात्रा के लिए आज और कल दो दिन के अवकाश की घोषणा की है।
भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान सुदर्शन की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा आमतौर पर एक दिन की होती है, लेकिन विशेष खगोलीय व्यवस्थाओं के कारण से इस साल दो दिन तक चलेगी, जो कि 1971 में आखिरी बार देखी गई दुर्लभ घटना है। रथों को श्री जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार के सामने रखा गया है और उन्हें श्री गुंडिचा मंदिर ले जाने के लिए तैयार किया गया है, जहां वे एक सप्ताह तक रहेंगे। सभी अनुष्ठान समाप्त होने के बाद भक्त आज दोपहर रथों को खीचेंगे। पारंपरिक प्रथा से हटकर, तीन देवताओं भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र से जुड़े कई अनुष्ठान एक ही दिन में किये जाएंगे। इस साल रथ यात्रा और ‘नबजौबन दर्शन‘ और ‘नेत्र उत्सव‘ जैसे संबंधित अनुष्ठान सभी आज होंगे। प्रकाश दास, आकाशवाणी समाचार, पुरी।
——
गुजरात में, भगवान जगन्नाथ की 147वीं रथयात्रा आज कडी सुरक्षा के बीच शुरु हुई। हमारी संवाददाता ने बताया है कि विग्रहों के दर्शन के लिए मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
भगवान जगन्नाथ जी की विश्व प्रसिद्ध वार्षिक रथ यात्रा आज अहमदाबाद में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाहिंद विधि कर के इस 16 किलोमीटर लम्बी यात्रा को हरी झंडी दिखाई। पाहिंद विधि एक प्रतीकात्मक रस्म है जिसमें सोने की झाड़ू से भगवान जी के रथों के लिए रास्ता साफ किया जाता है। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और सुभद्रा जी की मूर्तियों को रथों में विराजमान करने के बाद जय जगन्नाथ की गूंज में यह लंबी यात्रा शुरू हुई। यात्रा से पहले केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज सुबह अहमदाबाद के जमालपुर इलाके में आए जगन्नाथ मंदिर में मंगला आरती में हिस्सा लिया। इस बार यात्रा की सुरक्षा के लिए 18 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।
—–
गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात के दो दिन के दौरे पर हैं। श्री शाह आज अहमदाबाद के नारनपुरा में अत्याधुनिक स्लिम्स अस्पताल और अम्बावाडी में विद्यार्थी भवन का उद्घाटन करेंगे।
—-
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर चीनी, नमक और संतृप्त वसा संबंधी जानकारी स्पष्ट अक्षरों में अंकित करने को मंज़ूरी दे दी है। यह निर्णय खाद्य प्राधिकरण की 44वीं बैठक में कल लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व चंद्र ने की।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पोषक तत्वों की सही जानकारी देना है ताकि वे अपने स्वास्थ्य के हित में निर्णय ले सकें। यह जानकारी हर पैकेट पर बडे अक्षरों में देनी होगी। मंत्रालय ने यह भी कहा कि अधिसूचना के मसौदे को सार्वजनिक किया जाएगा ताकि उस पर सुझाव और आपत्तियां प्राप्त हो सकें। खाद्य पदार्थों में निहित तत्वों की जानकारी सार्वजनिक करने से गैर–संचारी रोगों पर नियंत्रण में सहायता मिलेगी और लोक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा तथा उपभोक्ता अधिक स्वास्थ्यकर विकल्प चुन सकेंगे। इससे उपभोक्ता सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। समाचार कक्ष से मृगनयनी पांडेय।
—–
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष के स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा- नीट के लिए काउंसलिंग की तारीख़ें अभी तय नहीं हुई हैं। चिकित्सा परामर्श समिति परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने और सीट मैट्रिक्स को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इन तारीख़ों की घोषणा वेबसाइट पर करती है। स्नातक सीट मैट्रिक्स इस महीने के तीसरे सप्ताह तक और स्नातकोत्तर सीट मैट्रिक्स अगस्त के मध्य तक तय होने की संभावना है। इसके बाद काउंसलिंग की तारीख़ तय की जाएगी।
—–
तेलंगाना और आंध्रप्रदेश ने विभाजन के बाद से लंबित मु्द्दों के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समितियों के गठन का निर्णय लिया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने लंबित मुद्दों को लेकर कल शाम हैदराबाद में बैठक की।
बैठक में, आंध्रप्रदेश के पुनर्गठन और तेलंगाना के गठन से जुडे सभी लंबित मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा की गई। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. रेवंत रेड्डी और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और तीन अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक समिति के गठन का निर्णय लिया है। यह समिति विभिन्न संस्थानों की परिसंपत्तियों के बंटवारे सहित सभी लंबित मुद्दों को देखेगी। यदि समिति किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पाती है, तो उस मामले को मंत्रियों की समिति के पास भेजा जाएगा। मंत्रियों की समिति में भी मामले का निपटारा न हो पाने की स्थिति में, उस विषय को दोनों मुख्यमंत्रियों के पास भेजा जाएगा। दोनों राज्यों में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारियों की समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया है। बैठक में, तेलंगाना के मंत्री डी. श्रीधर बाबू और पोन्नम प्रभाकर तथा आंध्र प्रदेश के मंत्री के. दुर्गेश, सत्य प्रसाद और बी.सी. जनार्दन रेड्डी के अतिरिक्त, दोनों राज्यों के मुख्य सचिव भी उपस्थित थे। समाचार कक्ष से जया भारती।
——
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिन की यात्रा पर कल रवाना होंगे। यात्रा के पहले चरण में, वे रुस की राजधानी मास्को में 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सम्मेलन में दोनों देशों के बीच व्यापक संबंधों की समीक्षा होगी और आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
भारत और रूस के बीच 22वां वार्षिक शिखर सम्मेलन श्री मोदी और श्री पुतिन को सम्पूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगा। इसमें रक्षा, व्यापार संबंध, निवेश, ऊर्जा सहयोग, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच आदान-प्रदान शामिल हैं। वे आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर भी दृष्टिकोण साझा करेंगे। दोनों पक्ष ब्रिक्स, एससीओ, जी-20, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन और संयुक्त राष्ट्र जैसे समूहों में द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति का भी आंकलन करेंगे। वहीं अपनी यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी वियना में ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वांडेयर वैलेन और चांसलर कॉर्ल नैमर के साथ बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री और चांसलर भारत और ऑस्ट्रिया के शीर्ष उद्योगपतियों को भी संबोधित करेंगे। आनन्द कुमार के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——
ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नैमर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी वियना यात्रा विशेष सम्मान का विषय है और वे इसकी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
पिछले 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ये पहली ऑस्ट्रिया यात्रा होगी। श्री मोदी ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वान डेर बेलेन और चांसलर नैमर के साथ वार्ता करेंगे। श्री मोदी और श्री नैमर भारत और ऑस्ट्रिया के उद्योग जगत के प्रमुखों को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी वियना में भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे।
—–
संसद का बजट सत्र 22 जुलाई से शुरू होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बजट सत्र 12 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट 2024-25 लोकसभा में 23 जुलाई को पेश किया जाएगा। श्री रिजिजू ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केन्द्र सरकार की सिफारिश पर बजट सत्र के लिए दोनों सदनों का सत्र बुलाने के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है।
—–
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा तेज़ वर्षा के अलर्ट के कारण आज स्थगित रहेगी। गढवाल के संभागीय आयुक्त विनय शंकर पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। उन्होंने वर्षा और भूस्खलन के कारण यात्रियों को ऋषिकेश से आगे यात्रा न करने और मौसम साफ होने पर ही आगे बढने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सभी जिलों में आज और कल मूसलाधार वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
—–
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मध्य महाराष्ट्र और दक्षिण कर्नाटक के भीतरी हिस्सों में कई स्थानों पर तेज़ वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में बुधवार तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने, उप–हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मिजोरम, त्रिपुरा और बिहार में, 10 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। तटीय कर्नाटक में भी 9 जुलाई तक भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है। इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मौसम सुहावना बना हुआ है। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——
असम में पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ से छह और लोगों की मृत्यु होने से राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 58 हो गई है। प्रदेश के 29 जिलों में बाढ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगभग 24 लाख लोगों पर बुरा प्रभाव पड़ा है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन बल ने पिछले 24 घंटे के दौरान 218 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
—-
जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में कल दो मुठभेडों में कम से कम चार आतंकी मारे गए। ये मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर जिले के फ्रिसल चिन्नीगाम और मोडरगाम इलाकों में हुईं। अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकियों में आतंकियों का एक कमांडर भी शामिल है।
पहली मुठभेड मोडरगाम गांव में तलाशी अभियान के दौरान हुई। यह अभियान इस गांव में आतंकियों के छिपे होने की खुफिया सूचना के आधार पर शुरु किया गया। दोपहर बाद, एक अन्य मुठभेड फ्रिसल चिन्नी गांव में हुई, जिसमें चार आतंकियों को मार गिराया गया।
अंतिम समाचार मिलने तक मुठभेड जारी थी।
—–
और अब खेल जगत की खबरों के साथ हैं – शशांक कुमार
विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रां प्री कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता है। पचास किलो के फाइनल में उन्होंने रूस की मारिया तिउमेरेकोवा को पराजित किया। इस बीच भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 क्रिकेट मैच आज शाम साढे चार बजे से हरारे में खेला जाएगा। आकाशवाणी से मैच का आखों देखा हाल चार बजे से एफएम रेनबो और अतिरिक्त मीटरों पर प्रसारित किया जाएगा। पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम एक-शून्य से आगे है। कल पहले मैच में, जिम्बाब्वे ने भारत को 13 रन से हराया। उधर, महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी-20 क्रिकेट मैच आज शाम सात बजे से चेन्नई में खेला जायेगा। तीन मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में मेहमान टीम ने भारत को 12 रन से हराया था। उधर, यूरोकप फुटबॉल चैम्पियनशिप में इंग्लैंड और नीदरलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। कल र्क्वाटर फाइनल के रोमांचक मुकाबले में, इग्लैंड ने स्विट्जरलैंड को पेनल्टी में 5-3 से और नीदरलैंड ने तुर्किये को 2-1 से हराया। बुधवार को पहले सेमीफाइनल में स्पेन का मुकाबला फ्रांस से और बृहस्पतिवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड का मुकाबला नीदरलैंड से होगा।
—–
महाराष्ट्र को सर्वश्रेष्ठ कृषि राज्य पुरस्कार-2024 के लिए चुना गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे 10 जुलाई को नई दिल्ली में एक समारोह में यह पुरस्कार प्राप्त करेंगे।
——
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के बीच बातचीत को अधिकतर अखबारों ने अपनी सुर्खी बनाया है।
जनसत्ता लिखता है- भारत-ब्रिटेन में एफटीए पर काम को लेकर बनी सहमति।
हरिभूमि ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के संयुक्त अभियान को प्रमुखता दी है- मुठभेड में चार आतंकी मारे, एक जवान शहीद और एक घायल, ऑपरेशन अभी जारी।
दैनिक जागरण के अनुसार इस माह के अंत तक शुरू होगी नीट- यूजी की काउंसलिंग, शनिवार को होनी थी काउंसलिंग, अब सुप्रीम कोर्ट का रूख देखने के बाद घोषित किया जाएगा कार्यक्रम।
राष्ट्रीय सहारा लिखता है- चुनावी बांड से मिली राशि होगी जब्त। सोलह हजार करोड से अधिक का चन्दा जुटाने वाले दलों से यह रकम जब्त करने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है।
बारिश का कहर शीर्षक से हिन्दुस्तान ने सुर्खी दी है- अमरनाथ, चारधाम यात्रा बाधित।
दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है- उफान पर नदियां, हिमाचल प्रदेश में 150 सडकें बंद।
दैनिक भास्कर मॉनसून ब्रेक शीर्षक से अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में लिखता है- चार धाम सूने, श्रद्धालु अस्सी प्रतिशत घटे।
निचले इलाकों में रहने वाले रहें अलर्ट- नवभारत टाइम्स के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल में हुई बारिश का दिखने लगा है दिल्ली में असर। पत्र के अनुसार कई जगहों पर ए.क्यू.आई. हुआ 65, लोगों ने ली खुली सांस।
हरिभूमि ने केरल में दिमाग खाने वाले अमीबा के चौथे मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
अमर उजाला ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रट की विदाई को प्रथम पृष्ठ पर दिया है।
—–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज ओडिशा में विश्वप्रसिद्ध पुरी रथयात्रा में शामिल होंगी।
- भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर नमक, चीनी और वसा संबंधी जानकारी स्पष्ट अक्षरों में अंकित करने को मंज़ूरी दी।
- तेलंगाना और आंध्रप्रदेश ने विभाजन के बाद से लंबित मुद्दों के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समितियों के गठन का निर्णय लिया।
- उत्तराखंड में तेज़ वर्षा के अलर्ट के कारण चारधाम यात्रा आज स्थगित।
- जम्मू कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ दो मुठभेड में चार आतंकवादी मारे गये।
- कुश्ती में विनेश फोगाट ने स्पेन ग्रांड प्रिक्स में, महिलाओं के 50 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण जीता।
—–