मुख्य समाचार:-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
- नीट पेपर लीक मामले की जांच के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. का दल झारखंड के हजारीबाग पहुंचा।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी.आर.डी.ओ. ने भारतीय नौसेना को मीडियम रेंज-माइक्रोवेव ऑब्स्क्यूरेंट शाफ रॉकेट सौंपा।
- दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की नई स्पेक्ट्रम आवश्यकता को पूरा करने और लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए स्पेक्ट्रम नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न।
- बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती प्रवाह के प्रभाव से ओडिसा में अगले कुछ दिनों में कहीं-कहीं तेज वर्षा की संभावना।
- टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व के पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 57 रन का लक्ष्य दिया।
*******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद दोनों सदनों में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा जिस पर चर्चा में सदस्य भाग लेंगे। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून को आरंभ हुआ, जबकि राज्यसभा का सत्र आज से शुरू हो रहा है।
*******
भारतीय जनता पार्टी सांसद ओम बिरला ध्वनिमत से नई लोकसभा के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। विपक्ष ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के. सुरेश को उम्मीदवार बनाया था लेकिन विपक्ष ने सदन में मत विभाजन की मांग नहीं की। श्री ओम बिरला ने दोबारा सदन के अध्यक्ष के रूप में काम करने का अवसर देने और उन पर विश्वास जताने के लिए सदन के सभी सदस्यों को धन्यवाद करते हुए कहा कि संसदीय मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं को समृद्ध करना उनकी प्राथमिकताएं होंगी।
*******
नीट पेपर लीक मामले की जांच के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. की एक टीम कल झारखंड के हज़ारीबाग स्थित ओएसिस स्कूल पहुंची। सी.बी.आई. के अधिकारियों ने पेपर लीक से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्कूल के प्राचार्य से पूछताछ की। इसके बाद आगे की पूछताछ के लिए सीबीआई उन्हें अपने साथ ले गई। प्राचार्य नीट परीक्षा के लिए हजारीबाग शहर के स्कूलों के समन्वयक थे। सी.बी.आई. टीम ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया-एस.बी.आई. हजारीबाग की शाखा के अधिकारियों से भी पूछताछ की, जहां प्रश्नपत्र रखे गए थे। बिहार की आर्थिक अपराध इकाई ई.ओ.यू. ने पहले कहा था कि पटना के खेमनीचक प्ले स्कूल से आंशिक रूप से जला हुआ प्रश्न पत्र जब्त किया गया था। यह राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी-एनटीए से प्राप्त प्रश्न पत्र से मेल खाता था और इसी प्रश्न पत्र की श्रृंखला हज़ारीबाग़ के कल्लू चौक स्थित ओएसिस स्कूल परीक्षा केंद्र पर भेजी गयी थी।
*******
जम्मू कश्मीर में मतदाता सूचियों के संशोधन की प्रक्रिया कल से शुरू हो गई। बूथ स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे। मतदाता 25 जुलाई से नौ अगस्त के बीच इन सूचियों पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। संशोधित मतदाता सूचियां 19 अगस्त तक प्रकाशित हो जाने की उम्मीद है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुसार केन्द्रशासित प्रदेश में इस वर्ष सितम्बर तक विधानसभा चुनाव कराये जाने हैं।
*******
दिल्ली की एक अदालत ने कल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन दिन की सी.बी.आई. हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तारी से कुछ घंटे पहले ही धन-शोधन से जुड़े एक मामले में सी.बी.आई. ने उन्हें गिरफ्तार किया था। इससे पहले सी.बी.आई. ने केजरीवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में पेश किया। एक अन्य संबंधित घटनाक्रम में श्री केजरीवाल ने सर्वोच्च न्यायालय में दायर अपनी वह अर्जी वापस ले ली जिसमें उन्होंने दिल्ली की आबकारी नीति से जुडे धन-शोधन मामले में जमानत पर अंतरिम रोक लगाने के दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी थी।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार भारत को नशा-मुक्त राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि सरकार ने नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में सभी के साथ बेहतर समन्वय किया है। उन्होंने कहा कि सरकार कतई बर्दाश्त न करने की नीति के अंतर्गत नशे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
*******
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी.आर.डी.ओ. ने कल नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में मध्यम दूरी का माइक्रोवेव ऑब्सक्यूरेंट शाफ रॉकेट भारतीय नौसेना को सौंपा। एक रिपोर्ट-
शाफ रॉकेट एक विशिष्ट प्रौद्योगिकी है जिसे डी.आर.डी.ओ. की जोधपुर स्थित रक्षा प्रयोगशाला में विकसित किया गया है। यह राडार एक माइक्रोवेव ढाल बनाता है, और राडार की खोजबीन को कम कर देता है। मध्यम दूरी के शाफ रॉकेट में विशेष प्रकार के रेशों का संयोजन किया गया है। इस रॉकेट को जब अंतरिक्ष में छोड़ा जाता है तो यह दिखाई नहीं देने वाला सूक्ष्म बादल बनाता है, जो काफी बड़े क्षेत्र में फैल जाता है। सुपर्णा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अमन यादव।
*******
मोबाइल सेवाओं की निरंतरता तथा विकास के लिए दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की नई स्पेक्ट्रम आवश्यकता को पूरा करने और समाप्त हो रहे लाइसेंस के नवीकरण के लिए आयोजित स्पेक्ट्रम नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। संचार मंत्रालय ने कहा कि सभी उपलब्ध स्पेक्ट्रम नीलामी के लिए रखे गए थे। इस साल की नीलामी में नौ सौ मेगाहर्ट्ज, 1800 मेगाहर्ट्ज, 2100 मेगाहर्ट्ज और 2500 मेगाहर्ट्ज बैंड में नीलामी की गई। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक बयान में कहा कि स्पेक्ट्रम नीलामी 2024 पारदर्शी और मजबूत सतत आवंटन प्रक्रिया का हिस्सा थी।
*******
तेलंगाना में जूनियर डाक्टरों ने अपनी तीन दिन की हडताल समाप्त कर दी है। राज्य सरकार द्वारा राज्य के तीन प्रमुख कालेजों में निर्माण कार्यों के लिए आयुर्विज्ञान शिक्षा निदेशालय को दो सौ करोड रूपए आवंटित करने वाले आदेश जारी करने के बाद हडताल समाप्त की गई।
*******
आज विश्व सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम- एम.एस.एम.ई. दिवस मनाया जाएगा। इस सिलसिले में एसोचैम द्वारा लखनऊ में बुधवार से दो दिवसीय एम.एस.एम.ई. सम्मेलन का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक समूहों के साथ-साथ बैंकर्स और स्टार्टअप भी भाग ले रहे हैं। कल सम्मेलन के पहले दिन उत्तरप्रदेश सरकार के एम.एस.एम.ई. मंत्री राकेश सचान ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को दस खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में एम.एस.एम.ई. की बड़ी भूमिका होगी।
*******
जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास कॉन्क्लेव में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर को विश्व के सबसे लोकप्रिय पर्यटक स्थलों में से एक बनाने में प्रशासन के स्थायी पर्यटन मॉडल विकसित करने के प्रयासों का उल्लेख किया। श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में पर्यटन उद्योग, फिल्म, व्यापार और यात्रा प्रबंधन एजेंसियों के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि क्षेत्र में कोविड महामारी के बाद पर्यटन में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी रही है और विदेशों से आने वाले पर्यटकों में प्रतिवर्ष लगभग तीन सौ प्रतिशत वृद्धि हुई है। नई नीतियां, अनुकूल परिवेश, पर्यटन उद्योग को प्रोत्साहन देने और सालों भर रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास से इसमें अपेक्षित सुधार आया है।
टूरीज़्म सेक्टर को सफलता के नए शिखर पर ले जाने के लिए भारत सरकार ने और जम्मू–कश्मीर प्रशासन ने गंभीरता से प्रयत्न किया है और पूरी अर्थव्यवस्था में जो बदलाव आ रहा है, वो अनेक लोगों की कल्पना के परे है। पिछले पांच वर्षों में भारत के आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में रोड़ कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा के हाइवे और टनल के प्रोजेक्ट आज जम्मू–कश्मीर में चल रहे हैं।
उपराज्यपाल ने पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और इससे जुड़े समूहों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति के बदलाव के कई सुझाव दिए। श्री सिन्हा ने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में अधिकतम निजी निवेश के लिए एक रोडमैप तैयार करने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि दशकों बाद घाटी में बॉलीवुड की वापसी हुई है।
*******
कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ने कहा है शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी बायजूस के मामले में चल रही जांच में इस कंपनी को वित्तीय धोखाधड़ी से बरी करने की खबरें गलत और भ्रामक हैं। उसने कहा कि कंपनी अधिनियम के अंतर्गत उसके खिलाफ शुरू की गई कार्यवाही अभी जारी है और इस मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष अभी नहीं निकाला जाना चाहिए।
*******
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कल चंदनवाडी बेस कैंप का दौरा कर श्री अमरनाथ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अमरनाथ यात्रा इस महीने 29 जून से शुरू हो रही है। उपराज्यपाल ने अधिकारियों और सेवा प्रदाताओं के साथ बातचीत की और शिविर तथा यात्रा मार्ग में भोजन और ठहरने के प्रबंध, स्वास्थ्य देखभाल, संपर्क, स्वच्छता, बिजली और पानी की आपूर्ति और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। श्री सिन्हा यात्रा व्यवस्था की निगरानी रख रहे हैं और श्री अमरनाथ वार्षिक यात्रा से पहले प्रशासन, श्राइन बोर्ड, पुलिस और सुरक्षा बलों तथा अन्य पक्षों की तैयारियों का प्रत्यक्ष आकलन कर रहे हैं।
*******
मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में मध्यम बारिश का अनुमान व्यक्त है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से –
मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इन क्षेत्रों में रविवार तक हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। कल से 30 जून तक, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भारी वर्षा होने की उम्मीद है। इस बीच, पश्चिम राजस्थान, पंजाब, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इन क्षेत्रों में ये तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर हैं। रहीसुद्दीन रिहान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
*******
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती प्रवाह के कारण ओडिशा के अलग-अलग स्थानों पर अगले तीन दिनों में तेज वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज गजपति, रायगडा, नवरंगपुर, कालाहंडी, बलंगीर, नौपाडा, मलकानगिरी और कोरापुट जिलों में कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज वर्षा की संभावना व्यक्त की है।
*******
आईसीसी टी-ट्वेन्टी क्रिकेट विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में आज दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को नौ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। अफगानिस्तान के लिए 57 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 9वें ओवर में साठ रन बनाकर हासिल कर लिया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में आज भारत तथा इंग्लैंड के बीच गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में मुकाबला होगा। विश्व कप फाइनल शनिवार को खेला जाएगा।
*******
भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध नेता लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में भर्ती कराया गया है। 96 वर्षीय श्री आडवाणी को एम्स के जरा–चिकित्सा विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
*******
दुबई के सबसे पुराने कला संस्थान दुबई आर्ट सेंटर में इन दिनों भारतीय लोक और जनजातीय कला की मनमोहक प्रदर्शनी चल रही है। हुनर नाम से आयोजित इस प्रदर्शनी में भारत की विभिन्न लोक कलाओं और जनजातीय कला विधाओं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया है।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
*******
आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- रविकपूर।
भाजपा सांसद ओम बिड़ला के दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनने को अखबारों ने सबसे ऊपर प्रकाशित किया है। पंजाब केसरी ने लिखा है- कायम रही परंपरा, ध्वनि मत से बने लोकसभा अध्यक्ष, मोदी और राहुल ने दी बधाई। राजस्थान पत्रिका की टिप्पणी है- अध्यक्ष बनते ही ओम बिरला ने विपक्ष को किया हक्का-बक्का, संविधान खतरे में का करारा जवाब, आपातकाल पर निंदा प्रस्ताव पारित। पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना की जमानत याचिका खारिज होने को देशबन्धु ने पहले पन्ने पर दिया है। एक जुलाई से लागू होने जा रहे नए आपराधिक कानून के बारे में राष्ट्रीय सहारा ने बताया है- महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को थाने आने से छूट, अब होगी जीरो एफआईआर, ऑनलाइन शिकायत, अपराध स्थल की वीडियोग्राफी। अमर उजाला ने भी इसी रिपोर्ट के हवाले से लिखा है- 50 फीसदी भारतीय आलसी, नहीं करते शारीरिक श्रम। राजस्थान पत्रिका लिखता है- पुरूष के मुकाबले महिलाएं ज्यादा निष्क्रिय, बिमारियों का ज्यादा खतरा। घर के कामों के कारण महिलाओं को खुद पर ध्यान देने का कम समय मिलता है। जनसत्ता ने लिखा है- पांच जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाएगा मॉनसून। जल स्रोतों की दूसरी गणना की प्रक्रिया शुरू, गिने जाएंगे झरने भी- दैनिक जागरण में है।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।
- नीट पेपर लीक मामले की जांच के लिए केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सी.बी.आई. का दल झारखंड के हजारीबाग पहुंचा।
- रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डी.आर.डी.ओ. ने भारतीय नौसेना को मीडियम रेंज-माइक्रोवेव ऑब्स्क्यूरेंट शाफ रॉकेट सौंपा।
- दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की नई स्पेक्ट्रम आवश्यकता को पूरा करने और लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए स्पेक्ट्रम नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न।
- बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती प्रवाह के प्रभाव से कारण ओडिशा में अगले कुछ दिनों में कहीं-कहीं तेज वर्षा की संभावना।
- टी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्व के पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 57 रन का लक्ष्य दिया।
*******