मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 जून को आकाशवाणी से ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- भारत और अमरीका के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पहल पर दूसरी वार्षिक बैठक आज नई दिल्ली में शुरू होगी।
- भारतीय जनता पार्टी का केन्द्रीय दल पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा स्थिति की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंचा।
- सिक्किम में फंसे 12 सौ पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का काम आज शुरू हो सकता है।
- देश के कपडा निर्यात में इस वर्ष मई महीने में नौ दशमलव पांच-नौ प्रतिशत की वृद्धि।
- आज ईद-उल-अजहा मनायी जा रही है।
*******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 30 तारीख को आकाशवाणी से ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस रेडियो कार्यक्रम की एक सौ 11वीं कडी होगी। श्री मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद यह पहला मन की बात कार्यक्रम होगा। आप अपने विचार और सुझाव टोल फ्री नंबर 1 8 0 0- 1 1 – 7 8 0 0 के माध्यम से दे सकते हैं। नरेंद्र मोदी ऐप या माई जीओवी ओपन फोरम पर ऑनलाइन भी सुझाव दिये जा सकते हैं। 28 जून तक भेजे गए सुझाव और विचारों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
*******
भारत और अमरीका के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पहल पर दूसरी वार्षिक बैठक आज नई दिल्ली में शुरू होगी। दो दिन की बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलेवन दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों की समीक्षा करेंगे। इसमें तेजस मार्क-टू लडाकू विमानों के लिए जेट इंजन से संबंधित प्रौद्योगिकी का हस्तांतरण भी शामिल है। इसमें द्विपक्षीय रक्षा औद्योगिक सहयोग की नई रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श होगा। भारत के साथ समायोजी सेमी-कंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला बनाने के संयुक्त उपायों पर भी विचार होने की आशा है।
*******
लोकसभा चुनाव के बाद पहले उच्चस्तरीय अमरीका-भारत संवाद के अन्तर्गत दोनों देशों के रणनीतिक साझेदारी फोरम की सातवीं वार्षिक लीडरशिप शिखर बैठक आज शाम वाशिंगटन में शुरू होगी। बैठक में महत्वपूर्ण तकनीकी पहल के अलावा, भारत-अमरीका आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने पर भी विचार होगा।
*******
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रवि शंकर प्रसाद और विप्लव कुमार देब सहित पार्टी के चार सदस्यों का केन्द्रीय दल कल शाम कोलकाता पहुंचा। यह दल लोकसभा चुनावों के बाद पश्चिम बंगाल में पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही हिंसा की स्थिति की समीक्षा करेगा। कल इस दल ने चुनाव बाद की हिंसा से पीड़ित कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, जिन्हें कोलकाता में भाजपा मुख्यालय के निकट एक घर में शरण दी गई है। श्री रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि वे वर्ष-2021 में हुए विधानसभा चुनावों और पंचायत चुनाव के बाद भी पश्चिम बंगाल आए थे। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विप्लब कुमार देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं के साथ खडा़ है और लोकतंत्र को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
*******
संसदीय कार्य मंत्री किरेण रिजिजू ने कल नई दिल्ली में राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि श्री खरगे ने अपने जीवन के अनेक महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष राष्ट्रहित में साथ मिलकर काम करेंगे। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र इस महीने की 24 तारीख से शुरू होगा।
*******
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार आतंकवादियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि मिशन के रूप में समन्वय के साथ काम करते हुए आतंकी गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई करें। इसी बीच प्रमुख रक्षा अध्यक्ष मनोज पांडे ने कल नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
*******
सिक्किम में मौसम अनुकूल होने पर मंगन जिले में फंसे पर्यटकों को निकालने का काम आज शुरू हो सकता है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मंगन के जिला मजिस्ट्रेट हेम कुमार छेत्री ने बताया कि फंसे पर्यटकों को हवाई मार्ग से या सडक मार्ग से निकाला जाएगा।
अभी तक करीब–करीब दो हजार के आसपास टूरिस्ट फंसे हुए हैं, वो सभी सुरक्षित हैं, जहां पर वो फंसे हुए हैं वहां पर ऐसा कुछ नहीं हुआ है। जो हुआ है वो जिला मुख्यालय मंगन के आसपास हुआ है। तो हमारा रेस्क्यू प्लान रेडी है। हम हेलीकॉप्टर से भी निकालने के लिए हमने पूरी तैयारी प्रोसीड कर रखा है और बाई रोड़ निकालने की तैयारी, लेकिन समस्या क्या है कि अभी वैदर हमारा साथ नहीं दे रहा हैं। तो कल भी हमने ट्राई किया था, वो दिनभर बारिश होता रहा। आज भी रात से ही बारिश हो रही है। अब बारिश रुक गई तो और मौसम साफ हुआ तो हम हेलीकॉप्टर से भी निकालने की कोशिश करेंगे और इनकेस हेलीकॉप्टर से निकल नहीं पाए, हम लोग ट्राई करेंगे कि रोड़ से भी उनको निकालेंगे। हम लोगों ने बताया कि टूरिस्ट सब सेफ हैं।
इस बीच, सडक और पुल विभाग के मंत्री एन.बी. दहाल लाचुंग पहुंच चुके हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
सिक्किम में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मंगन जिले में बारह सौ से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। इसी बीच, सीमा सड़क संगठन हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम में बुनियादी ढांचे के संकट को दूर करने में लगा हुआ है। इन बारिशों के कारण कई भूस्खलन और दरारें आई हैं, जिससे संपर्क बुरी तरह बाधित हुआ है। नागा और लंथाखोला के बीच संपर्क बहाल करने के लिए गंगटोक–चुंगथांग सड़क पर भी प्रयास चल रहा हैं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, भारी मशीनरी और कर्मचारी महत्वपूर्ण मार्गों पर अथक परिश्रम कर रहे हैं, जिसका लक्ष्य जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है। आकाशवाणी के लिए गंगटोक से मैं दिली राम दुलाल।
*******
आज ईद-उल-अजहा मनाई जा रही है। इस अवसर पर ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जा रही है। दिल्ली में मुख्य नमाज जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह में हो रही है। उत्तर प्रदेश में भी ईद-उल-अजहा आस्था के साथ मनायी जा रही है। एक रिपोर्ट-
आज की खास नमाज में पूरे मुल्क में अमन चैन और हर किसी की सलामती की दुआ भी मांगी जाएगी। लखनऊ की मशहूर टीले वाली मस्जिद में नमाज सुबह 9 बजे और ऐशबाग मस्जिद में सुबह 10 बजे पढ़ी जाएगी। नमाज के बाद कुर्बानी की रस्म होगी। राज्य सरकार ने पहले ही एक एडवाइजरी जारी कर सभी जिला पुलिस प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि कोई नई परंपरा शुरू न हो और प्रतिबंधित जानवर की कुर्बानी न दी जाए। बकरीद पर कुर्बानी के लिए जगह पहले से ही तय कर ली जाये। इसके अलावा अन्य विवादित और संवेदनशील स्थानों पर कुर्बानी नहीं की जानी चाहिए। मौलवियों और धर्मगुरुओं ने भी, लोगों को सरकार के निर्देश का पालन करने की सलाह दी है। पुलिस संवेदनशील इलाकों पर खास निगरानी रख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद–उल–अजहा के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड ने ईद-उल-अजहा पर लोगों को शुभकामनाएं दी है। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि ईद-उल-अजहा का त्योहार त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड ने मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने की अपील करते हुए कहा कि यह त्योहार साथ मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है।
*******
सउदी अरब में हज यात्रा के दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण जॉर्डन के करीब 14 नागरिकों की मृत्यु हो गई है। जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उसके 14 नागरिक भीषण गर्मी के कारण मारे गए है और 17 लापता हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है।
*******
देश के कपडा़ निर्यात में इस वर्ष मई महीने में नौ दशमलव पांच-नौ प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दुनिया के प्रमुख बाजारों में प्रतिकूल आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद यह वृद्धि दर्ज की गई है। भारतीय कपडा उद्योग परिसंघ की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान भारत से वस्त्र निर्यात में भी नौ दशमलव आठ-चार प्रतिशत की बढोतरी हुई है। मई में भारत का कुल निर्यात बढकर 68 दशमलव दो-नौ अरब अमरीकी डॉलर हो गया। 14 जून को वाणिज्य मंत्रालय से जारी आंकडो़ के अनुसार, इस वर्ष अप्रैल-मई के दौरान भारत से कपडा़ निर्यात में पिछले वर्ष के मुकाबले छह दशमलव शून्य-चार प्रतिशत की वृद्धि रही।
*******
पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत, गहरे समुद्र मिशन वाला छठा देश बनने जा रहा है। नई दिल्ली में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की सौ दिन की योजना पर चर्चा के लिए आयोजित बैठक में जितेंद्र सिंह ने गहन समुद्र मिशन की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह मिशन खनिज अन्वेषण तक ही सीमित नहीं है, इसमें समुद्री विज्ञान का विकास और समुद्री जैव विविधता का संरक्षण भी शामिल है।
*******
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक में आज रात साढे नौ बजे से “स्वास्थ्य और आरोग्य के लिए योग” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। योग विशेषज्ञ डॉक्टर सुरक्षित गोस्वामी और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के योग थेरेपी विभाग के डॉक्टर ईश्वर एन. आचार्य योग के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी देंगे। टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 2 3 3 1 4 4 4 4 पर आप सवाल पूछ सकते हैं। इसके अलावा वाट्सऐप नंबर 9 2 8 9 0 9 4 0 4 4 पर भी सवाल भेजे जा सकते हैं।
*******
वृत्तचित्र, लघु और एनिमेशन फिल्मों का 18वां मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव मुंबई में जारी है। आज फ्रॉम द शैडोज़, डिप्ड इन ब्लैक, संडे मॉर्निंग, हाउस ऑफ एक्ज़िस्टेंस, आवर्स, सिबुक, फ्लावरिंग मैन और द बॉक्स सहित कई फिल्में दिखाई जाएंगी।
*******
मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में आज भीषण गर्मी और गर्म हवा का रेड अलर्ट जारी किया है। कई अन्य राज्यों में भी कल तक गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। इस बीच, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले चार दिन के दौरान तेज बारिश हो सकती है।
*******
आईसीसी क्रिकेट में पाकिस्तान ने आयरलैंड को तीन विकेट से हरा दिया है। पाकिस्तान और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो चुके है।, भारत और अमरीका ग्रुप ए से सुपर आठ में पहुंच गए हैं।
*******
अमरनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए बालताल और पहलगाम दोनों यात्रा मार्गों के लिए यह सुविधा शुरू की गई है। बोर्ड की विज्ञप्ति के अनुसार अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा – रक्षा बंधन पर संपन्न होगी।
*******
ये समाचार हमारी वेबसाइट news on air.gov.in/hindi पर भी उपलब्ध हैं
*******
समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- नईम अख़तर।
हिन्दुस्तान की बडी सुर्खी है- गृहमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा की समीक्षा की, कहा- सेना आतंक का सफाया करे। राष्ट्रीय सहारा के शब्द हैं- जम्मू में भी जीरो टेरर प्लान। राजस्थान पत्रिका ने पहले पन्ने पर उपलब्धि शीर्षक से लिखा है- दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे पुल पर दौडी ट्रायल ट्रेन, जल्दी ही देश को समर्पित किया जाएगा, घाटी के लोगों का आना-जाना आसान होगा। शिक्षामंत्री के इस बयान को जनसत्ता, हिन्दुस्तान और दैनिक जागरण सहित कई अखबारों ने सुर्खियों में दिया है कि गड़बड़ियों के संबध में कोई भी दोषी हो, उसे बख्शेंगे नहीं। नवभारत टाइम्स के शब्द हैं- एनटीए में सुधार की जरूरत। अमर उजाला ने लिखा है शिक्षामंत्री ने माना है कुछ जगह गडबडी हुई। दैनिक जागरण ने शिक्षामंत्री के बयान को दिया है- बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं। जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नवभारत टाइम्स और राजस्थान पत्रिका ने निर्वाचन आयोग के इस बयान को प्रमुखता देते हुए लिखा है कि ईवीएम स्वतंत्र प्रणाली, सुरक्षा के मजबूत उपाय, मोबाइल को लिंक से खारिज किया। अखबारों ने उत्तरी भारत में प्रचंड गर्मी की खबर भी पहले पन्ने पर दी है- जनसत्ता के शब्द हैं- दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में जारी गर्मी का सितम। दैनिक ट्रिब्यून ने लिखा है- जनता जल रही, दिल्ली में जल नहीं, औसत से छह डिग्री आगे चल रहा पारा, पानी पर पहरा। अमर उजाला ने लिखा है- प्रयागराज में 47 डिग्री से पार पहुंचा तापमान। हिन्दुस्तान ने कुछ अलग शीर्षक से पहले पन्ने पर लिखा है- देश में ही हो रहा है रक्षा सामग्रियों का निर्माण, परीक्षण में खरे उतरने पर विदेशों से आयात बंद करने की योजना, डीआरडीओ ने कम दूरी स्वेदशी मिसाइल बनाई है, सेना को सौंपने से पहले परीक्षण करने की तैयारी।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 जून को आकाशवाणी से ‘मन की बात‘ कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे।
- भारत और अमरीका के बीच महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पहल पर दूसरी वार्षिक बैठक आज नई दिल्ली में शुरू होगी।
- भारतीय जनता पार्टी का केन्द्रीय दल पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव बाद हुई हिंसा की स्थिति की समीक्षा के लिए कोलकाता पहुंचा।
- सिक्किम में फंसे 12 सौ पर्यटकों को सुरक्षित निकालने का काम आज शुरू हो सकता है।
- देश के कपडा़ निर्यात में इस वर्ष मई महीने में नौ दशमलव पांच-नौ प्रतिशत की वृद्धि।
- आज ईद-उल-अजहा मनायी जा रही है।
*******