मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत उनके तीसरे कार्यकाल में क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करना जारी रखेगा।
- सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के नेता प्रेम सिंह तमांग आज सिक्किम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- भारतीय जनता पार्टी ने ओडिसा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया।
- जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में आतंकवादी हमले में 10 तीर्थयात्रियों की मौत और 33 घायल।
- फ्रांस के राष्ट्रपति एम्मेनुअल मैकों ने यूरोपीय संसद के मतदान में हार के बाद संसदीय चुनाव समय से पहले कराने का आह्वान किया।
- न्यूयॉर्क में टी-20 क्रिकेट विश्व कप में रोचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह रन से हराया।
———————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत उनके तीसरे कार्यकाल में क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करना जारी रखेगा। श्री मोदी ने क्षेत्र में लोगों के बीच प्रगाढ संबंध और संपर्क बढाने का आह्वान किया। उन्होंने कल रात राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण समारोह के बाद भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के नेताओं से भेंट के दौरान यह बात कही। प्रधानमंत्री ने इन नेताओं को धन्यवाद देते हुए पड़ोसी प्रथम नीति और ‘सागर दृष्टिकोण’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। श्री मोदी ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में ग्लोबल साउथ की आवाज बुलंद करना जारी रखेगा।
समारोह में मॉलदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे सहित भारत के पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के शीर्ष नेताओं ने भाग लिया। वहीं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगनौथ, भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे और सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ भी समारोह में शामिल हुए।
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने कहा है कि शपथ ग्रहण समारोह में नेताओं की भागीदारी पडोसी और हिद महासागर क्षेत्र के देशों के साथ भारत की मित्रता और सहयोग के गहरे संबंधों को उजागर करती है। मंत्रालय ने कहा कि वैश्विक नेताओं ने श्री मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के लिए बधाई दी।
यह नेता कल राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रात्रि भोज में भी शामिल हुए। राष्ट्रपति ने नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया न केवल देश के लोगों के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत भी है।
———————–
कल शाम राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री मोदी और नई मंत्रिपरिषद के सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में 30 कैबिनेट मंत्री, पांच राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और छत्तीस राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, डॉ. एस जयशंकर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतारामण और जगत प्रकाश नड्डा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। पार्टी नेता किरेन रिजिजू, प्रह्लाद जोशी, गिरिराज सिंह, अश्विनी वैष्णव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भूपेन्द्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अन्नपूर्णा देवी, हरदीप सिंह पुरी, डॉ मनसुख मांडविया, जी किशन रेड्डी, सी. आर. पाटिल, डॉ वीरेंद्र कुमार और जुएल ओरांव ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल और सर्बानंद सोनोवाल को भी कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (एस) नेता एच.डी. कुमारस्वामी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तान अवामी मोर्चा प्रमुख जीतन राम मांझी, जनता दल यूनाईटेड के राजीव रंजन सिंह, तेलुगु देशम पार्टी के किंजरापु राम मोहन नायडू और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा नेता राव इंद्रजीत सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह और अर्जुन राम मेघवाल के साथ-साथ शिवसेना के प्रतापराव जाधव और राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ दिलाई गई। समाचार कक्ष जया भारती।
———————–
इस बीच, नवगठित केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज शाम को होने की संभावना है।
———————–
उद्योग मंडल फिक्की और एसोचैम ने श्री नरेंद्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। फिक्की के अध्यक्ष डॉ. अनीश शाह ने कहा कि फिक्की प्रगतिशील नीतियों और उपायों की आशा करता है जिससे आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और ‘विकसित भारत’ के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
वहीं एसोचैम के अध्यक्ष संजय नायर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई पारी की शुरुआत के साथ ही उद्योग, व्यापार और वित्तीय बाजारों का पूरा पारिस्थितिकी तंत्र फिर से सक्रिय हो गया है।
———————–
सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के नेता प्रेम सिंह तमांग आज दूसरी बार सिक्किम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा एसकेएम के अध्यक्ष और इसके विधायक दल के नेता प्रेम सिंह तमांग अपने मंत्री परिषद के साथ शाम चार बजे राजधानी गंगटोक के पाओजोर स्टेडियम में सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य श्री तमांग और उनके मंत्री परिषद को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद भी शामिल हो रहे हैं। श्री तमांग के नेतृत्व वाले सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने सिक्किम विधानसभा चुनाव 2024 में प्रचंड बहुमत के साथ अपने दूसरे कार्यकाल के लिए सत्ता बरकरार रखी। अकाशवाणी समाचार के लिए गंगटोक से इबोम्चा शर्मा।
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए गंगतोक नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे।
———————–
ओडिसा में भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को भुवनेश्वर के जनता मैदान में आयोजित होगा। इससे पहले भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा।
वहीं आंध्र प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार को कृष्णा जिले के गन्नावरम में शपथ लेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सहित कई अन्य प्रमुख व्यक्ति शामिल होंगे। वे चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री बन रहे हैं।
———————–
भारतीय जनता पार्टी ने ओडिसा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी ने कहा है कि संसदीय बोर्ड ने राज्य में विधायक दल के नेता के चुनाव की निगरानी के लिए इन दोनों नेताओं की नियुक्ति की है।
भाजपा विधायक दल की बैठक कल होने की संभावना है। राज्य में शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को भुवनेश्वर के जनता मैदान में होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान और जुएल ओरांव कल नवगठित केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के साथ ही मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गए हैं। वरिष्ठ विधायक सुरेश पुजारी और केवी सिंह देव सहित कई अन्य नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चा में हैं। भाजपा ने 147 सदस्यीय विधानसभा में 78 सीट जीत कर राज्य में पहली बार बहुमत हासिल किया है। इसके साथ ही निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में बीजू जनता दल के 24 वर्षों से अधिक का शासन समाप्त हो गया है।
———————–
केरल विधानसभा का 11वां सत्र आज से शुरू होगा। 28 दिन के इस सत्र में वर्ष 2024-25 की बजट अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा होगी। बजट फरवरी में प्रस्तुत किया गया था। सत्र का समापन 25 जुलाई को होगा।
———————–
जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में तेरयाथ गांव के नजदीक कल शाम आतंकवादी हमले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में दस लोगों की मृत्यु हो गई और अन्य 33 लोग घायल हो गए। रियासी जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है-
इनिशियली जो हमें रिपोर्ट्स आई वो यही है कि मिलिटेंट्स घात लगाये बैठे थे और उन्होंने उस बस के ऊपर फायर किया, जो कि शिवखोड़ी से निकली थी और टूवर्ड्स कटरा जा रही थी। उसकी वजह से जो ड्राइवर है उसका बैलेंस जो है बिगड़ा और बस खाई में चली गई। रैस्क्यू ऑपरेशन कंप्लीट किया जा चुका है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुआ आतंकवादी हमला मानवता के प्रति अपराध है और इसकी कडे शब्दों में निंदा होनी चाहिए। राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और कहा है कि देश पीडित परिवारों के साथ मजबूती से खडा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी हालात की जानकारी ली है और जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा को हालात पर लगातार नजर रखने के लिए कहा है तथा घायल यात्रियों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करने को कहा।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने इस हमले कि निन्दा की है। उन्होंने उपराज्यपाल और जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक से बात कर घटना की जानकारी ली। श्री शाह ने कहा कि इस हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जायेगा।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने इस हमले की कडी निन्दा की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
———————–
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने नई दिल्ली में कल भूटान के प्रधानमंत्री छेरिंग तोबगे से मुलाकात की। इस दौरान श्रीमती हसीना ने भारत के माध्यम से भूटान से पनबिजली आयात करने की इच्छा व्यक्त की। बांग्लादेश और भूटान के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए वे नई दिल्ली आए थे। बांग्लादेश के विदेश मंत्री हसन महमूद ने कहा कि भूटान से पनबिजली आयात करने के लिए भारत को शामिल करते हुए त्रिपक्षीय समझौता करने की आवश्यकता होगी।
———————–
वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने यूरोपीय संसद के मतदान पूर्व सर्वेक्षण में प्रतिद्वंद्वी नेता मरीन ले पेन की नेशनल पार्टी की बड़ी जीत को देखते हुए फ्रांस की संसद को भंग करने की घोषणा की है। इसके साथ ही श्री मैक्रॉ ने देश में समय से पहले संसदीय चुनाव कराने का निर्णय लिया है। यह चुनाव इस महीने के अंत में होंगे। यूरोपीय संसद के लिए हुए मतदान से जुडे पूर्व सर्वेक्षण के अनुसार विपक्षी दल को 32 प्रतिशत मत मिलने की सम्भावना है जो राष्ट्रपति मैक्रॉ की रीनासा पार्टी को मिलने वाले मतों से दोगुने से भी अधिक है। श्री मैक्रॉ ने कहा कि 30 जून और 7 जुलाई को दो दौर का मतदान होगा। श्री मैक्रॉ ने टेलीविज़न संबोधन में इस अप्रत्याशित निर्णय की घोषणा की।
———————–
न्यूयॉर्क में टी-20 क्रिकेट विश्व कप में कल रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की टीम 19 ओवर में एक सौ उन्नीस रन पर आउट हो गई। ऋषभ पंत ने शानदार 42 रन की पारी खेली। एक सौ बीस रन के लक्ष्य के जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में केवल एक सौ तेरह रन ही बना सकी। जसप्रीत बुमराह ने केवल 14 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस बीच, स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने अपना पहला फ्रेंच ओपन खिताब जीत लिया है। पेरिस में कल रात पुरुष सिंगल्स फाइनल में अल्काराज ने जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 2-6, 5-7, 6-1, 6-2 से हरा दिया। अलकराज ने सेमीफाइनल में इटली के जेनिक सिनर को और ज्वेरेव ने नॉर्वे के कैस्पर रूड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। उधर जर्मनी में, भारत के सुमित नागल ने हेइलब्रॉनर नेकरकप टूर्नामेंट जीत लिया है। इस जीत के साथ सुमित ने पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। मुकेश कुमार आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
———————–
मौसम विभाग ने गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आज तेज वर्षा की सम्भावना व्यक्त की है। विभाग ने इसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य कई राज्यों के मौसम में भी बदलाव दिख सकता है।
आईएमडी ने मौसम में इस बदलाव का कारण मराठवाड़ा क्षेत्र में निचले क्षोभमंडल स्तर पर मौजूद एक चक्रवाती परिसंचरण को कहा है। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में हल्की या मध्यम बारिश के अलावा बिजली और तेज़ हवाओं का अनुमान है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिनों तक ऐसी ही स्थिति की आशंका है। वहीँ दूसरी ओर, 13 जून तक पंजाब, हरियाणा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में आने वाले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की उम्मीद है। आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श।
———————–
आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से आज प्रसारित होने वाले साप्ताहिक कार्यक्रम पब्लिक स्पीक का विषय है “स्थायी भविष्य के लिए अपशिष्ट प्रबंधन”। इस विषय पर चर्चा के लिए हमारे स्टुडियो में उपस्थित रहेंगे, सर्कुलर इकोनॉमी विशेषज्ञ डॉ. सुनील पांडे और अपशिष्ट प्रबंधन विशेषज्ञ स्वाति सिंह संब्याल। यह कार्यक्रम एफ एम गोल्ड चैनल और अतिरिक्त मीटरों पर रात साढे नौ बजे से सुना जा सकेगा।
———————–
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की खबर आज सभी अखबारो के पहले पन्ने पर प्रकाशित हुई है। जनसत्ता की सुर्खी है- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में लगातार तीसरी बार सरकार।
नवभारत टाइम्स लिखता है- लगातार तीसरी बार मोदी ने ली पीएम पद की शपथ, नेहरू की बराबरी।
हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को प्रकाशित किया है। प्रधानमात्री ने देश को नई उंचाईयों पर ले जाने का प्रण लिया, मंत्रियों को नसीहत दी।
राष्ट्रीय सहारा की खबर है शपथ से पहले मोदी ने गांधी, वाजपेयी और शहीदों को दी श्रद्धांजलि।
आईआईटी में दाखिले के लिए होने वाले जेईई एडवांस का परिणाम जारी होने के साथ ही दो नए रिकॉर्ड बनने की खबर सभी अखबारों ने आज प्रकाशित की है। दैनिक भास्कर की सुर्खी है- पहली बार 98 दशमलव 61 प्रतिशत अंकों के साथ वेद देश में टॉपर, टॉप 10 की कटऑफ भी 90 प्रतिशत।
मुम्बई में तेज बारिश, दो दिन पहले पहुंचा मॉनसून नवभारत टाईम्स की खबर है।
वहीं अमर उजाला लिखता है- आज से राजधानी दिल्ली में चार दिन के लिए लू का येलो एलर्ट।
कल से स्पेशल बस कराएगी अनछुए हिमाचल की सैर। देश के सबसे लम्बे और रोमांचक रूट पर 9 महीने बाद शुरू हो रही है यह स्पेशल बस सर्विस।
शारीरिक श्रम से डिमेंशिया का खतरा कम, उच्चरक्तचाप से दिमाग की रक्त वाहिकाओं पर होता है असर। हिन्दुस्तान की खबर है।
———————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – भारत उनके तीसरे कार्यकाल में क्षेत्र की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए काम करना जारी रखेगा।
- सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के नेता प्रेम सिंह तमांग आज सिक्किम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
- भारतीय जनता पार्टी ने ओडिसा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेन्द्र यादव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया।
- जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में आतंकवादी हमले में 10 तीर्थयात्रियों की मौत और 33 घायल।
- फ्रांस के राष्ट्रपति एम्मेनुअल मैकों ने यूरोपीय संसद के मतदान में हार के बाद संसदीय चुनाव समय से पहले कराने का आह्वान किया।
- न्यूयॉर्क में टी-20 क्रिकेट विश्व कप में रोचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को छह रन से हराया।
———————–