Download
Mobile App

android apple
signal

January 28, 2025 10:10 PM

printer

समाचार प्रभात समाचार संध्या

मुख्य समाचार :-  

 

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्तराखंड के देहरादून में भव्‍य समारोह में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने खेलों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करने वाला मंच बताया।
  • प्रधानमंत्री ने कहा-भारत, करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं से प्रेरित होकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
  • सरकार ने संसद के बजट सत्र से पहले बृहस्‍पतिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तेजी से विकसित हो रहे वैश्विक परिदृश्य में भारत-पश्चिम एशिया संबंधों के बढ़ते महत्व पर बल दिया।
  • प्रयागराज-महाकुंभ में कल मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए रेलवे 190 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • कुआलालंपुर में – अंडर-19 महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप में भारत ने सुपर सिक्स मुकाबले में स्कॉटलैंड को 150 रन से हराया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्‍तराखंड के देहरादून में एक भव्‍य समारोह में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल सिर्फ आयोजन ही नहीं है बल्कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच है।

 

मॉ गंगा के शुभाशीस के साथ आज नेशनल गेम्‍स शुरू हो रहे हैं। ये वर्ष उत्‍तराखंड के निर्माण का 25वां वर्ष है। इस युवा राज्‍य में देश के कोनेकोने से आए हजारो युवा अपना सामर्थ्‍य दिखाने वाले हैं। एक भारत श्रेष्‍ठ भारत की बड़ी सुंदर तसवीर यहां दिख रही है।  

 

श्री मोदी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों में कई स्‍वदेशी और पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है। उन्‍होंने कहा कि ये राष्ट्रीय खेल एक तरह के ग्रीन गेम्‍स भी हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश के खिलाडियों के लिए अधिक से अधिक अवसर पैदा कर रही है ताकि उन्हें क्षमता को निखारने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए अथक प्रयास कर रहा है।

 

भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए पूरा जोर लगा रहा है। जब भारत में ओलंपिक होगा, तो भारत के स्‍पोटर्स को एक नये आसमान पर ले जाएगा। ओलंपिक सिर्फ एक खेल का आयोजन भर नहीं होता, दुनिया के जिन देशों में भी ओलंपिक होता है, वहां अनेक सेक्‍टर को गति मिलती है। 

 

देश भर के एथलीटों ने एकता और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए जीवंत एथलीट परेड में भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी को सौंपना था, जिसने 13 जिलों में चार हजार किलोमीटर की प्रेरणादायक यात्रा पूरी की। ओलंपियन लक्ष्य सेन ने प्रधानमंत्री मोदी को मशाल सौंपी।

 

राष्‍ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के आठ जिलों के 11 शहरों में, अगले महीने की 14 तारीख तक किया जा रहा है। इसमें 35 खेलों की कुल 47 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

 

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्रियों, भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों सहित विभिन्न अतिथि उपस्थित थे।

 

 प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज भुबनेश्‍वर में उत्‍कर्ष ओडिशा, मेक इन ओडिशा कॉन्‍क्‍लेव का उद्घाटन किया। यह राज्‍य सरकार द्वारा आयोजित प्रमुख वैश्विक निवेश सम्‍मेलन है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं से प्रेरित होकर विकास के पथ पर बढ़ रहा है।

 

आज भारत विकास के ऐसे पथ पर चल रहा है, जिसको करोड़ों लोगों की एस्‍पिरेशन्‍स ड्राइव कर रही है। एआई का युग है, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस ही इसकी चर्चा है, लेकिन भारत के लिए तो एआई सिर्फ इसपिरेशन ऑफ इंडिया हमारी ताकत है और इसपिरेशन्‍स तब बढ़ती है, जब लोगों की नीड्स पूरी होती है।

 

इस कान्‍क्‍लेव का लक्ष्‍य ओडिशा को प्रमुख निवेश लक्ष्‍य तथा औद्योगिक केंद्र के रूप में प्रस्‍तुत करना है। सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वी भारत देश के विकास का इंजन है।

 

श्री मोदी ने अनुसंधान तथा नवाचार के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी और उद्योग जगत से अपील की है कि वे इस दिशा में सरकार के साथ सहयोग करें। दो दिन के इस सम्‍मेलन के जरिए ओडिशा का लक्ष्‍य पांच लाख करोड़ रूपए से अधिक का निवेश आकर्षित करना है। इससे रोजगार के साढ़े तीन लाख अवसर सृजित होंगे।

 

भारत को समझने के लिए ओडिशा एक बेहतरीन डेस्‍टीनेशन है। यहां हजारों वर्ष के हमारी हेरिटेज है, हिस्‍ट्री है, आस्‍था, आध्‍यात्‍म, घने जंगल, पहाड़, समुंद्र हर चीज के दर्शन एक ही जगह पर होते हैं। ये राज्‍य विकास और विरासत का अद्भूत मॉडल है।

 

*****

 

सरकार ने संसद के बजट सत्र से पहले बृहस्‍पतिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसद का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन शनिवार को संसद में केंद्रीय बजट 2025-26 पेश करेंगी।

 

*****

 

प्रयागराज के महाकुंभ में कल मौनी अमावस्या के अवसर पर दूसरा अमृत स्नान होगा। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए मेला प्रशासन और पुलिस ने व्‍यापक इंतजाम किए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ में सात-स्तरीय सुरक्षा की व्‍यवस्‍था की है। मेला क्षेत्र को नो व्हीकल और नो वीआईपी जोन घोषित किया गया है। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिस और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी चौबीसों घंटे तैनात हैं। और अधिक जानकारी के लिए चलते हैं प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर मौजूद हमारे संवाददाता दीपेंद्र के पास-

 

*****

 

महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेलगाडि़यां चलाने की योजना बनाई है। रेलवे बोर्ड के अध्‍यक्ष और मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने कहा कि रेलवे ने पहले से तय विशेष ट्रेनों के अलावा 60 और विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

 

जो डीडे है जो कल है, उसपे हम कम से कम एक सौ 70 से एक सौ 80 गाडि़यां स्‍पेशल चलाएंगे। वन नाइंटी तक हमलोग जाएंगे। ये तो केवल स्‍पेशल गाड़ी की बात है। इसके अतिरिक्‍त एक सौ 10 गाडि़यां जो रेगुलर गाडि़यां उस रूट पर चलती हैं वो चलेंगी। प्रयागराज एरिया से हमारे पास जो गाडि़यां हैं, वो हर चार मिनट में आपको एक गाडी मिलेगी वह एक बड़ी उपलब्‍धी है।

 

श्री कुमार ने कहा कि रेलवे, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का काम कर रहा है।

 

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पश्चिम एशिया के देशों के साथ व्यापार, संपर्क और सांस्कृतिक संबंधों में एक दशक से चली आ रही वृद्धि का उल्‍लेख करते हुए आज के बदलते वैश्विक परिदृश्य में इस भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। विदेश मंत्री ने अबू धाबी में रायसीना डायलॉग के उद्घाटन सत्र में भारत और पश्चिम एशिया के देशों के साथ संबंधों के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।

 

हाल के वर्षों में, विशेषकर खाड़ी देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंध काफी गहरे हुए हैं। भारत और खाड़ी के बीच व्यापार सालाना 160 से 180 बिलियन डॉलर तक पहुँच गया है। इस क्षेत्र में 90 लाख से अधिक भारतीय काम कर रहे हैं।

 

*****

 

दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ-साथ राजधानी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के साथ-साथ अन्य दल और निर्दलीय प्रत्याशी तथा प्रमुख नेता रोड शो, डोर-टू-डोर कैंपेन और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज शाम कस्तूरबा नगर निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो किया और कालकाजी में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर यमुना जल के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने और झूठे दावे करने का आरोप लगाया।

 

आपने कहा कि जल बोर्ड की रिपोर्ट है कि इसमें जहर मिलाया गया, आपके पास अगर रिपोर्ट है तो कल सार्वजनिक करिए। हम इसकी जिम्‍मेदारी लेंगे। 

 

वरिष्ठ भाजपानेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजेंद्र नगर, मंगोलपुरी और विकासपुरी में प्रचारकिया। उन्होंने यमुना की सफाई और शहर की खराब सड़कों को लेकर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला।

 

सड़कें कितनी खराब हैं, अंदाजा लगा सकते हैंक्‍या ये दिल्‍ली के अंदर की सड़कें होने के लिए थी क्‍या।  सीवर सड़कों पर बह रहा है।

 

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज घोंडा में एक जनसभा की, और दोहराया कि शहर के लोगों को जीरो बिजली बिल मिलनाजारी रहेगा।

 

हमने कहा था कि बिजली बिल फ्री करूंगा, फ्री कर दी। मैनें कहा था कि पानी फ्री कर दूंगा, पानी फ्री कर दिया। मैनें कहा था कि बस फ्री करूंगा, बस फ्री कर दी। जितनी योजनाएं कह रहा हूँ, सारी पूरी करूंगा।   

 

वरिष्ठ आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विश्वाश नगर में रोड शो किया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज शाम पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में एक रैली कोसंबोधित किया और मुख्यमंत्री के रूप में अपने आवास में कथित भव्य खर्च को लेकरश्री केजरीवाल पर सवाल उठाया।

 

केजरीवाल जी पहले आए थे, कहा था कि नये तरीके की राजनीति करूंगा, साफ राजनीति लाउंगा और सबसे बड़ा लीकर का स्‍कैल दिल्‍ली में हुआ है और उनके घर की फोटो आपने देख ली। केजरीवाल जी शीशमहल में रहते हैं, तो ये सच्‍चाई है। 

 

एक अन्य कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन मांगने के लिए बादली क्षेत्र में रोड शो किया। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्र आकाशवाणी समाचार दिल्‍ली।

 

*****

 

गणतंत्र दिवस का समापन समारोह – बीटिंग रिट्रीट कल नई दिल्‍ली में विजय चौक में आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्‍य केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहेंगे।

 

*****

 

बीट्रिग रिट्रीट के मद्देनजर दिल्‍ली पुलिस ने यातायात व्‍यवस्‍था के संबंध में परामर्श जारी किया है। यातायात पुलिस के अनुसार विजय चौक कल दोपहर दो बजे से रात साढे नौ बजे तक सामान्‍य यातायात के लिए बंद रहेगा।

 

*****

 

अंडर-19 महिला विश्व कप क्रिकेट में सुपर सिक्स चरण के अंतिम मैच में भारत ने स्कॉटलैंड को एक सौ पचास रनों से हरा दिया है। भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में एक विकेट पर 208 रन बनाए थे। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 14 ओवर में 58 रन पर ही सिमट गई।

 

*****

 

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी-ट्वेंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला का तीसरा मुकाबला गुजरात के राजकोट में जारी है। इंग्‍लैंड ने भारत को जीत के लिए एक सौ 72 रन का लक्ष्‍य दिया है।

 

ताजा समाचार मिलने तक भारतीय टीम ने दो ओवर में 16 रन बना लिए हैं।  भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने आज टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

 

*****

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो, आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से एतिहासिक सौवें प्रक्षेपण की तैयारी कर रहा है। कल सवेरे छह बजकर 23 मिनट पर जीएसएलवी एफ-15 रॉकेट, सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरेगा। यह एनवीएस-02 नेविगेशन उपग्रह को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट में ले जाएगा। जीएसएलवी एफ-15 स्वदेशी क्रायोजेनिक चरण के साथ जीएसएलवी की 8वीं परिचालन उड़ान है और भारत के स्पेसपोर्ट श्रीहरिकोटा से सौंवा प्रक्षेपण है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उत्तराखंड के देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। श्री मोदी ने खेलों को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रदर्शित करने वाला मंच बताया।
  • प्रधानमंत्री ने कहा-भारत, करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं से प्रेरित होकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
  • सरकार ने संसद के बजट सत्र से पहले बृहस्‍पतिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तेजी से विकसित हो रहे वैश्विक परिदृश्य में भारत-पश्चिम एशिया संबंधों के बढ़ते महत्व पर बल दिया।
  • प्रयागराज-महाकुंभ में कल मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए रेलवे 190 विशेष रेलगाडियां चलाएगा।
  • कुआलालंपुर में – अंडर-19 महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट विश्वकप में भारत ने सुपर सिक्स मुकाबले में स्कॉटलैंड को 150 रन से हराया।

*****