Download
Mobile App

android apple
signal

December 14, 2024 9:50 AM

printer

माचार प्रभात

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में मुख्‍य सचिवों के चौथे राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता करेंगे।
  • भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा लोकसभा में आज भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री आज चर्चा का जवाब देंगे।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रेंजल ने द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर बातचीत की।
  • दक्षिण कोरिया में मार्शल लॉ लगाने की राष्ट्रपति यून सुक येओल की कोशिश के बाद उनके खिलाफ दूसरे महाभियोग के प्रस्‍ताव पर सांसद आज मतदान करेंगे।
  • ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच ब्रिस्बेन में शुरू।
  • ओमान के मस्कट में महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के सेमीफाइनल में आज भारत का मुकाबला जापान से।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में मुख्‍य सचिवों के चौथे राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि सम्‍मेलन में सभी राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्‍य सचिव, वरिष्‍ठ अधिकारी तथा विभिन्‍न क्षेत्रों से जुडे़ विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

यह सम्मेलन केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित है। यह चौथा राष्ट्रीय सम्मेलन उद्यमिता, रोजगार और कौशल को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए अनुसरण करने हेतु सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों और रणनीतियों को शामिल किया जाएगा। इस सम्मेलन में मुख्य रूप से छह क्षेत्रों विनिर्माण, सेवा, ग्रामीण गैर कृषि, शहरी और नवीकरणीय ऊर्जा पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके अलावा चार विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। जिसमें विकसित भारत के लिए अग्रणी प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास केंद्रों के रूप में शहरों का विकास, निवेश के लिए राज्यों में आर्थिक सुधार और मिशन कर्मयोगी के माध्यम से क्षमता निर्माण शामिल है। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

*******

भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर लोकसभा में चर्चा आज भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज ही चर्चा का जवाब देंगे। संविधान को अंगीकार किये जाने के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कल लोकसभा में दो दिन की चर्चा शुरू हुई। चर्चा की शुरूआत करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान ने सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन के सभी पहलुओं पर विचार करते हुये राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। विपक्षी कांग्रेस पर परोक्ष हमला करते हुए श्री सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में संविधान को केवल एक विशेष पार्टी के योगदान के रूप में पेश करने का प्रयास किया गया है।

पिछले कुछ वर्षों में देश में एक ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया गया है कि संविधान एक पार्टी की विशेष देन है। इन सभी बातों में डैफ्थ एंड व्रैथ मैं मानता हूं कि दोनों की कमी है। संविधान निर्माण में बहुत से लोगों की भूमिका को जानबूझकर नकार दिया गया है, जबकि सच्‍चाई यह है कि हमारा संविधान, हमारी सिविलाइजेशनल वैल्‍यू यानि सभ्‍यता यह उन सांस्‍कृतिक मूल्‍यों का एक एक्‍प्रेशन है।

चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संविधान नागरिकों को सुरक्षित रखने का सुरक्षा कवच है। उन्होंने कहा कि यह न्याय, एकता और अभिव्यक्ति के आधार का कवच है।

हमारा संविधान इंसाफ, उम्मीद, अभिव्यक्ति और आकांक्षा की वो जोत है, जो हर हिंदुस्तानी के दिल में जलती है। इस जोत ने हर एक भारतीय को यह पहचानने की शक्ति दी, कि उसे न्याय मिलने का अधिकार है। कि उसमें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की क्षमता है।

बाद में सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्‍थगित कर दी गई। इस विषय पर अभी चर्चा पूरी नहीं हुई है।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि महाकुंभ 2025 एकता और समानता का ऐसा महायज्ञ होगा जो राष्ट्र का मार्गदर्शन करेगा और पूरे विश्‍व में इसकी चर्चा होगी। श्री मोदी प्रयागराज के संगम क्षेत्र में कल महाकुंभ-2025 का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

कुंभ से आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हम सभी देख रहे हैं। कैसे कुंभ से पहले इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आ रही है। लगभग डेढ़ महीने तक संगम किनारे एक नया शहर बसा रहेगा। यहां हर रोज लाखों की संख्या में लोग आएंगे। यहां बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर तैयार होंगे। प्रयागराज कुंभ का प्रभाव आसपास के जिलों पर भी पड़ेगा।

महाकुंभ आधिकारिक रूप से अगले वर्ष 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लगभग पांच हजार पांच सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

*******

ये समाचार हमारी वेबसाइट www.newsonair.gov.in और हमारे News on air मोबाइल ऐप पर भी उपलब्‍ध हैं

*******

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कल नई दिल्ली में पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रेंजेल के साथ प्रतिनिधि स्‍तर की वार्ता की। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्‍यापार और निवेश, रक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यटन, संस्‍कृति और जनसम्‍पर्क सहित द्विपक्षीय संबंधों के समूचे पहलुओं की समीक्षा की। दोनों मंत्रियों ने आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचार-विमर्श किया। वे संयुक्‍त राष्‍ट्र सहित, क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर मौजूदा सहयोग जारी रखने पर भी सहमत हुए। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत और पुर्तगाल अगले वर्ष राजनयिक संबंध स्‍थापित होने का पचासवां वर्ष मनाएंगे। पुर्तगला के विदेश मंत्री श्री रेंजल ने वाणिज्‍य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात की। वे गोवा भी जाएंगे, जहां उनके राज्‍यपाल और मुख्‍यमंत्री से मिलने की उम्‍मीद है। बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने कहा कि बैठक के दौरान उन्‍होंने भारत और पुर्तगाल के बीच संबंधों की समीक्षा की और स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, डिजिटल, परिवहन, विरासत और समुद्री सहयोग से जुडे क्षेत्रों में नए अवसरों की पहचान की गई। दोनों नेताओ ने पश्चिम एशिया, यूक्रेन और हिंद प्रशांत से जुडे मुद्दों पर विचार साझा किए।

*******

श्रीलंका के राष्‍ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके कल से भारत की तीन दिन की यात्रा पर आएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जायसवाल ने कल मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि श्रीलंका का राष्‍ट्रपति चुने जाने के बाद श्री दिसानायके की यह पहली विदेश यात्रा होगी। इस दौरान श्री दिसानायके राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और आपसी हित के अंतर्राष्‍ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री दिसानायके की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय और आपसी सहयोग मजबूत होंगे। पश्चिम एशिया में भारतीयों की वापसी के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत लौटने के इच्‍छुक 77 भारतीयों को सीरिया से सुरक्षित निकाला गया है। उन्‍होंने कहा कि इन लोगों को लेबनान और सीरिया के दूतावासों के तालमेल से लेबनान होते हुए भारत लाया गया।

*******

दक्षिण कोरिया में सांसद, देश में मार्शल लॉ लगाने की राष्ट्रपति यून सुक येओल की कोशिश के बाद उनके खिलाफ दूसरे महाभियोग के प्रस्‍ताव पर आज संसद में मतदान करेंगे। मतदान भारतीय समयानुसार दिन में लगभग साढ़े बारह बजे शुरू होगा। एक रिपोर्ट-

प्रस्‍ताव पारित करने के लिए नेशनल असेम्‍बली के तीन सौ सदस्‍यों में से दो सौ सदस्‍यों के समर्थन की जरूरत होगी। इसके बाद ही यह मामला संवैधानिक अदालत में जाएगा। महाभियोग प्रस्‍ताव पारित करने के लिए विपक्षी सांसदों को श्री यून के कंजरवेटिव पीपुल्‍स पार्टी के आठ सांसदों को अपने पक्ष में लाना होगा। मार्शल लॉ लगाने को लेकर राष्‍ट्रपति यून को हटाने का पहला प्रयास असफल होने के एक सप्‍ताह बाद इस मुद्दे पर दोबारा मतदान हो रहा है। शक्ति सिंह समाचार कक्ष।

*******

शिक्षा मंत्री धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा है कि सरकार महिलाओं के विकास के दृष्टिकोण को बदलकर महिलाओं के नेतृत्‍व में विकास लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने कल नई दिल्‍ली में एकदिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कार्यशाला में राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के दृष्टिकोण के अनुरूप शिक्षा के प्रत्‍येक स्‍तर पर महिलाओं के सशक्‍तीकरण पर जोर दिया गया है।

जो न्यू वर्ल्ड आ रही है। उसमें नॉलेज बेस्ड इकोनॉमी में भारत में स्टेम एजुकेशन में महिलाओं की पार्टिसिपेशन बढ़ रही है। ये बहुत ही एक सिल्वर लाइन है। ये आने वाले दिनों में और बढ़ेगी। सीबीएसई स्कूल में, गवर्नमेंट स्कूल में वूमेन पार्टिसिपेशन ज्यादा है। गर्ल्स स्‍टूडेंट्स ज्यादा है।

*******

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि फिल्म पुष्पा-टू के प्रीमियर के दौरान संध्या थिएटर में हुई दुर्घटना, राज्य और स्थानीय प्रशासन की खराब व्यवस्था का मामला है। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री वैष्णव ने कहा कि कांग्रेस के मन में कला क्षेत्र के लिए कोई सम्मान नहीं है और अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी ने इसे फिर से साबित कर दिया है। अल्लू अर्जुन को तेलंगाना उच्च न्यायालय ने चार सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी है और आज सुबह वे जेल से रिहा हो गए हैं।

*******

29वां अंतरराष्‍ट्रीय केरल फिल्‍म महोत्‍सव कल शाम तिरुवनंतपुरम में शुरू हुआ। मुख्‍यमंत्री पिनराई विजयन ने इस महोत्‍सव का उद्घाटन किया। अभिनेत्री शबाना आज़मी को इस समारोह में सम्‍मानित किया गया। उन्‍होंने अभिनय के पचास वर्ष पूरे किए हैं।

*******

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी का तीसरा मैच आज से ब्रिस्‍बेन के गाबा में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भोजनावकाश तक ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 28 रन बना लिये हैं। हालांकि बारिश के कारण मैच को भोजनावकाश से पहले ही रोक देना पड़ा। पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर है।

*******

ओमान के मस्‍कट में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में आज भारत का सामना जापान से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम छह बजे से खेला जायेगा।

*******

आज के समाचार पत्रों की सुर्खियों के साथ हैं- फरहत नाज़।

भारत के संविधान के 75 वर्षों के गौरवशाली यात्रा पर संसद में शुरू हुई दो दिन की चर्चा, को आज सभी अखबारों ने अपने पहले पृष्‍ठ पर अलग-अलग शीर्षक से प्रकाशित किया है। दैनिक भास्‍कर और पंजाब केसरी लिखता है- संविधान पर आमने-सामने वहीं हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है – संसद में महारथियों के बीच महासंग्राम। अगले वर्ष जनवरी से शुरू होने वाले महाकुंभ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रयागराज में 55 सौ करोड़ रूपये की एक सौ 67 विकास कार्यों का शिलान्‍यास और उद्घाटन आज के सभी समाचार पत्रों की सुर्खी है। अमर उजाला ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के कथन को दिया है – कुंभ मेला एकता का महायज्ञ, जहां जाति और संप्रदाय का मिट जाता है भेद। वहीं नवभारत टाइम्‍स लिखता है- प्रधानमंत्री ने जांची, कुंभ की तैयारी, क्रूज से की सैर। लोकसभा में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बयान-लद्दाख से देपसांग में सभी निरीक्षण स्‍थलों तक जाएंगे सुरक्षा बल, को जनसत्‍ता सहित सभी समाचार पत्रों ने दिया है। ईपीएफओ सदस्‍यों के लिए एटीएएम से धन निकालने की सुविधा जल्‍द शुरू होने को लोकसत्‍य और जनसत्‍ता ने अपनी सुर्खी बनाया है। वहीं किसानों का आज फिर दिल्‍ली कूच। शंभू बॉर्डर पर हरियाणा की पुलिस ने मजबूत किया सुरक्षा का घेरा- दैनिक जागरण की खबर है। वहीं लगभग सभी समाचार पत्रों ने सुप्रीम कोर्ट के बयान को भी दिया है- विरोध प्रदर्शन का गांधीवादी तरीका अपनाए किसान। राजस्‍थान पत्रिका ने नारी शक्ति को सलाम शीर्षक से अपने पहले पृष्‍ठ पर इस खबर को सचित्र प्रकाशित किया है। भारत की वित्‍तमंत्री लगातार छठी बार फोर्ब्‍स की सूची में।

*******

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्‍ली में मुख्‍य सचिवों के चौथे राष्‍ट्रीय सम्‍मेलन की अध्‍यक्षता करेंगे।
  • भारत के संविधान के 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा लोकसभा में आज भी जारी रहेगी। प्रधानमंत्री आज चर्चा का जवाब देंगे।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रेंजल ने द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर बातचीत की।
  • दक्षिण कोरिया में मार्शल लॉ लगाने की राष्ट्रपति यून सुक येओल की कोशिश के बाद उनके खिलाफ दूसरे महाभियोग के प्रस्‍ताव पर सांसद आज मतदान करेंगे।
  • ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा क्रिकेट टेस्ट मैच ब्रिस्बेन में शुरू।
  • ओमान के मस्कट में महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के सेमीफाइनल में आज भारत का मुकाबला जापान से।

*******