Download
Mobile App

android apple
signal

June 24, 2024 3:51 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज नव निर्वाचित सांसदों की शपथ के साथ शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली।
  • प्रधानमंत्री ने कहा- उनकी सरकार सबको साथ लेकर चलेगी, देश की सेवा करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरन्‍तर प्रयास करेगी।
  • मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक पश्चिमी तटों पर बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू ने कहा- रफाह में लड़ाई की तीव्रता में कमी आई है।  उन्‍होंने दोहराया- हमास की समाप्ति तक युद्ध जारी रहेगा।
  • और टी-20 पुरुष विश्व कप में, दक्षिण अफ्रीका ने सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया; भारत आज शाम सेंट लूसिया में सुपर 8 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगा।

 

——

 

18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज नव निर्वाचित सांसदों के शपथ लेने के साथ शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली। प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने श्री मोदी को शपथ दिलाई।

 

मैं नरेन्‍द्र दामोदर दास मोदी जो लोकसभा का सदस्‍य निर्वाचित हुआ हूं। ईश्‍वर की शपथ लेता हूं कि मैं विधि द्वारा स्‍थापित भारत के संविधान के प्रति सच्‍ची श्रद्धा और निष्‍ठा रखूगां। मैं भारत की प्रभुत्‍ता और अखंडता अक्षुण्‍ण रखूगां तथा जिस पद को मैं ग्रहण करने वाला हूं उसके कर्तव्‍यों का श्रद्धापूर्वक निर्वाहन करूगां। 

 

प्रधानमंत्री के बाद लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव तक सदन की कार्यवाही चलाने में श्री महताब की सहायता के लिए नियुक्त अध्यक्षों के पैनल को शपथ दिलाई गई। भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते ने चेयरपर्सन पैनल के सदस्य के रूप में शपथ ली। हालांकि, कांग्रेस सांसद के सुरेश, डीएमके सांसद टी. आर. बालू और टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय ने पैनल के सदस्यों के रूप में शपथ नहीं ली।

 

इसके बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, शिवराज सिंह चौहान, नितिन गडकरी, मनोहर लाल, पीयूष गोयल, जीतनराम मांझी, राजीव रंजन उर्फ ​​लल्लन सिंह, डॉ वीरेंद्र कुमार, किरेन रिजिजू, चिराग पासवान और अन्य ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी और प्रह्लाद जोशी ने कन्नड़ में शपथ ली, जबकि धर्मेद्र प्रधान और जुएल ओराम ने उड़िया भाषा में शपथ ली। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने असमिया में और केन्‍द्रीय मंत्री के. राम मोहन नायडू और जी किशन रेड्डी ने तेलुगु भाषा में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री सी आर पटेल ने गुजराती भाषा में शपथ ली। वहीं, प्रताप राव जाधव ने मराठी और डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने डोगरी में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने मलयालम और सुकांता मजमूदार ने बंगाली भाषा में शपथ ली। केन्‍द्रीय मंत्री दुर्गा दास ऊईमे ने संस्‍कृत में शपथ ली। हमारे संवाददाता ने बताया है कि सदन में अभी नव निर्वाचित सदस्यों की शपथ प्रक्रिया चल रही है। सभी सांसद अपने-अपने राज्‍यों और केन्‍द्रशासित प्रदेशों के नामों के क्रम में शपथ ग्रहण कर रहे हैं।

 

आज 18वीं लोकसभा की पहली बैठक के दौरान संसद भवन में भारत की विविध बहुभाषीय और सांस्‍कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा कई सांसदों ने तेलुगु, असमिया, बांग्ला, मलयालम, गुजराती, संस्कृत, कन्नड़, उड़िया, डोगरी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में शपथ ली। कुछ सांसद पारंपरिक पोशाक भी पहने दिखे। संसद परिसर में सांसदों के बीच खुशी और उत्साह देखने को मिला। सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसद एकदूसरे का अभिवादन करते देखे गए। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले, सभी दलों के सांसद तस्वीरें खींचते और एकदूसरे का गर्मजोशी से स्वागत करते देखे गए। विजयनगर से टीडीपी सांसद ए.कालीसेट्टी साइकिल से संसद पहुंचे। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, डीएमके और अन्य सांसदों ने संविधान की प्रतियां लेकर लोकसभा में प्रवेश किया। मानस प्रतिम के साथ भूपेन्‍द्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

आज सुबह, प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई। नए लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव बुधवार को होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्‍पतिवार को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राज्यसभा का सत्र बृहस्‍पतिवार से ही शुरू होगा। संसद सत्र तीन जुलाई को सम्‍पन्‍न होगा।

 

मैं भर्तृहरि मेहताब लोकसभा का सदस्‍य निर्वाचित हुआ हूं। ईश्‍वर का शपथ लेता हूं  कि मैं विधि द्वारा स्‍थापित भारत के संविधान के प्रति सच्‍ची श्रद्धा और निष्‍ठा रखूगां। मैं भारत की प्रभुत्‍ता और अखंडता अक्षुण्‍ण रखूगां तथा जिस पद को मैं ग्रहण करने वाला हूं उसके कर्तव्‍यों का श्रद्धापूर्वक निर्वाहन करूगां। 

 

——

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 18वीं लोकसभा का सत्र विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ शुरू हो रहा है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार देश की सेवा करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। सत्र से पहले संसद के बाहर मीडिया को जानकारी देते हुए श्री मोदी ने कहा कि सरकार चलाने के लिए बहुमत की आवश्यकता होती है लेकिन देश चलाने के लिए आम सहमति अति महत्वपूर्ण है। उनकी सरकार सबको साथ लेकर और संविधान की पवित्रता को बरकरार रखते हुए तेजी से फैसले लेना चाहती है।

 

संसद का ये गठन भारत के सामान्य मानवी के संकल्पों की पूर्ति का है। नए उमंग, नए उत्साह के साथ नई गति, नई ऊंचाई प्राप्त करने के लिए ये अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। श्रेष्ठ भारत निर्माण का विकसित भारत 2047 तक का लक्ष्य, ये सारे सपने लेकर के, ये सारे संकल्प लेकर के आज 18वीं लोकसभा का सत्र प्रारंभ हो रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्‍वतंत्रता के बाद पहली बार लोकसभा सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह नए संसद भवन में हो रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद दूसरी बार देश की जनता ने किसी सरकार को लगातार तीसरी बार सेवा करने का अवसर दिया है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता विपक्ष से उचित आचरण की आशा करती है। उन्होंने आशा व्‍यक्‍त की कि विपक्ष लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा। श्री मोदी ने कहा कि देश को एक जिम्मेदार विपक्ष की जरूरत है।

 

——

 

इंडिया गठबंधन के सांसद आज सदन में संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कडगम, वामदल और अन्‍य सदस्‍य संसद परिसर में संविधान की कॉपी के साथ नजर आए। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, डीएमके से टी. आर. बालू, टीएमसी के कल्‍याण बेनर्जी ने इस दौरान नारेबाजी भी की। अखिलेश यादव के नेतृत्‍व में समाजवादी पार्टी के सदस्‍य भी संसद सत्र के पहले दिन संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे।

 

——

 

कांग्रेस ने आज नीट परीक्षा, पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना के साथ-साथ महंगाई के मुद्दे पर सरकार की आलोचना की। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर इन मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया। संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए पार्टी सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान को कमजोर कर रही है, इसीलिए संसद सत्र के पहले दिन विपक्षी सांसद अपने हाथ में संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे।

 

——

 

गुजरात के गोधरा में एक परीक्षा केंद्र पर नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो की टीमें गोधरा पहुंची हैं। पांच मई को परीक्षा आयोजित होने के तीन दिन बाद इस मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गोधरा में लगभग 30 विद्या‍र्थियों को उनके प्रश्नपत्र हल करने में मदद करने में कथित भूमिका के लिए पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

इस बीच, गुजरात में पंचमहल जिला अदालत के सत्र न्यायाधीश ने शुक्रवार को आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी।

 

——

 

नीट पेपर लीक मामले में जांच लातूर तक पहुंच गई है। इस मामले में जिला परिषद स्कूल के दो शिक्षकों संजय तुकाराम जाधव और जलील उमर खान पठान को कल रात गिरफ्तार किया गया है।  लातूर के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में इरन्ना मशनाजी कोंगलवार और दिल्‍ली के गंगाधर नामक युवक समेत कुल चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

 

——

 

बिहार पुलिस ने नीट-यूजी परीक्षा प्रश्‍न पत्र लीक मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया है।  पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने बताया कि नीट-यूजी परीक्षा का प्रश्‍नपत्र झारखंड के हजारीबाग से एक पेशेवर गिरोह ने लीक किया था। मामले की जांच अभी जारी है।

 

एक प्रेस विज्ञप्ति में आर्थिक अपराध इकाई ने कहा कि पेपर लीक मामला राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा निर्धारित परिवहन, भंडारण, हैंडओवर और टेकओवर की मानक संचालन प्रक्रिया में छेड़छाड़ के कारण हुआ।

 

——

 

शिक्षाविद् डॉ. संत कुमार चौधरी ने बताया कि नीट पेपर लीक मामले में सरकार ने तत्‍परता से कदम उठाते हुए तेज कार्रवाई की है। सरकार अभ्‍यर्थियों के हित में कार्रवाई कर रही है।

 

स्‍वागत योग्‍य है भारत सरकार का डिसीजन, जिन्‍होंने यहां तक कि एनटीए की जो हाईेस्‍ट पोस्‍ट पर विराजमान डीजी थे। उन्‍हें भी रिमूव किया गया है। नए ऑथोरिटी को वहां पर ये कार्यभार सौंपा गया है। जो हमारे देश में अभी वातावरण बना हुआ है। इसको देखते हुए हमारी भारत सरकार ने जो एक हाईलेवल कमेटी बनाई है, जिसमें काफी एमिनेंट पर्सन को हाई एक्‍सपर्ट रखा गया है, जो इंश्‍योर करेंगे कि हमारी होने वाली भविष्‍य की परीक्षाओं में जो ट्रांसपेरेन्‍सी हो, स्‍मूथ हो और बिल्‍कुल फेयर कंडेक्‍ट हो एक्‍जामिनेशन। 

 

——

 

केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज तमिलनाडु में जहरीली शराब त्रासदी से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा। श्री खडगे को लिखे पत्र में, श्री नड्डा ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि पार्टी ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।

 

——

 

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक पश्चिमी तटो पर तेज वर्षा होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम विभाग के वैज्ञानिक आर. के. जेनामणि ने कहा कि अगले 5 दिनों के दौरान गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेज वर्षा की स्थिति बनी रहेगी।

 

अपडेट अभी भी है कि जो मैनली हैवी रेनफॉल एरिया है। पिछले जो कल का दिन था वो छत्‍तीसगढ, तेलंगाना और गुजरात के कुछ वन और टू स्‍टेशन में हुआ है, जहां मानसून एडवांस हुआ है और अगर आगे वार्निंग का बात करें तो वेब का तो ऐसा कोई सिगनिफिकेन्‍ट प्रीडिक्‍शन नहीं है और कोई कलर वार्निंग नहीं है देश में, लेकिन थोड़ा बहुत तापमान चल रहा है पंजाब, हरियाणा और पश्चिम मध्‍य प्रदेश में। वहां तापमान 41, 42 रह सकता है। ह्यूमिडिटी हाई हो सकता है आइसोलेटिड प्‍लेसिज में हीटवेब दिया गया है।

 

——

 

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली के कई भागों में जल संकट अब भी बरकरार है। इस बीच, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के आरोपों-पत्‍यारोपों का सिलसिला जारी है।

 

——

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका को स्थगित करते हुए सुनवाई को बुधवार तक टाल दिया है।

 

——

 

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्‍जामिन नेतन्याहू ने कहा है कि रफाह के खिलाफ दक्षिण गजा में चल रहे युद्ध का दौर लगभग समाप्‍त हो गया है। उन्‍होंने कहा है कि यह युद्ध अभी हमास के पूरी तरह सत्‍ता से हटने तक चलेगा।

 

——

 

टी-20 क्रिकेट विश्व कप में आज सुपर 8 मुकाबले में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से सेंट लूसिया में खेला जायेगा।

 

आज सुबह एंटीगुआ में बारिश से प्रभावित एक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

 

——

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:

  • 18वीं लोकसभा का पहला सत्र आज नव निर्वाचित सांसदों की शपथ के साथ शुरू हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली।
  • प्रधानमंत्री ने कहा- उनकी सरकार सबको साथ लेकर चलेगी, देश की सेवा करने और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरन्‍तर प्रयास करेगी।
  • मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक पश्चिमी तटों पर बहुत तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया।
  • इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा- रफाह में लड़ाई की तीव्रता में कमी आई है।  उन्‍होंने दोहराया- हमास की समाप्ति तक युद्ध जारी रहेगा।
  • और टी-20 पुरुष विश्व कप क्रिकेट में, दक्षिण अफ्रीका ने सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया1 भारत आज शाम सेंट लूसिया में सुपर 8 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगा।

 

——