मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। कहा- दुनिया योग को वैश्विक हित के शक्तिशाली तंत्र के रूप में देखती है।
- विश्व में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विदेशों में भारतीय मिशन विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने कथित आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर फिलहाल रोक लगाई। प्रवर्तन निदेशालय की याचिका पर तत्काल सुनवाई की अनुमति।
- सर्वोच्च न्यायालय का नीट-स्नातक 2024 काउंसलिंग पर रोक लगाने से इनकार। राष्ट्रीय जांच एजेंसी को नोटिस जारी।
- निवार्चन आयोग का जम्मू-कश्मीर और तीन चुनावी राज्यों में मतदाता सूची को अद्यतन करने का आदेश।
- और, टेनिस में, वेनेटो ओपन में भारत की अंकिता रैना महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में आज स्विट्जरलैंड की सुसान बेंदेची से खेलेंगी।
——
दुनिया भर में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। देश में मुख्य समारोह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीनगर से समारोह का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव गणपतराव जाधव और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री योग सत्र में शामिल हुए। उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। इस सत्र में शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में योग के महत्व पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में योग अपनाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है और इसकी उपयोगिता को भी लोग पहचान रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व नेता अपनी बातचीत के दौरान योग पर अक्सर चर्चा करते हैं। श्री मोदी ने कहा कि योग आज शोध का विषय बन गया है और कई शोध पत्र पहले ही प्रकाशित हो चुके हैं।
पिछले 10 वर्ष में योग के विस्तार पर, प्रधानमंत्री ने एक नई योग अर्थव्यवस्था के बारे में बात की और योग पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण और लोगों की योग सीखने के लिए भारत आने की इच्छा का उल्लेख किया।
बीते दस वर्षों में योग का ये जो विस्तार हुआ है। उससे योग से जुड़ी धारणाएं बदली है। योग अब सीमित दायरे से बाहर निकल रहा है। आज दुनिया एक नई योग इकोनॉमी को आगे बढ़ने में देख रही है। आप देखिए भारत में विश्व के काशी से लेकर केरल तक योग नियम का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है।
इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का विषय है – ‘स्वयं और समाज के लिए योग‘। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया योग को वैश्विक कल्याण के एक शक्तिशाली तंत्र के रूप में देख रही है।
——
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने वैश्विक समुदाय विशेषकर देशवासियों को आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि योग मानवता को भारत का अनूठा उपहार है।
——
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में योग सत्र का आयोजन किया गया। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने योग की वैश्विक स्वीकार्यता का उल्लेख किया है। श्री बिरला ने कहा कि योग आसनों और अभ्यास से आगे बढकर है और समग्र मानव स्वास्थ्य की नींव तैयार करता है।
योग के वियाम नहीं है। योग हमारी आंतरिक ऊर्जा के साथ हमारे जीवन की कुशलता, समग्रता, एकता, मानसिक शांति और तनाव को दूर करके हमारी कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए योग हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनें।
——
कई केन्द्रीय मंत्रियों और अधिकारियों ने नई दिल्ली में योगाभ्यास किया। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू के साथ लोधी गार्डन में योग किया। योग सत्र के बाद श्री वैष्णव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का एक अद्वितीय कौशल है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भारत की इस योग विद्या को दुनियाभर में पहुंचाया है। दुनिया भर में सम्मानीय स्थान दिया है। आज इंटरनेशनल योग डे के दिन मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं कि सबके जीवन में सकारात्मक चेंज आए। इसकी कामना करता हूं।
स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने यमुना खेल परिसर में सामूहिक योग सत्र में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग विश्व के हर कोने में पहुंचा है। श्री नड्डा ने लोगों से स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का आग्रह किया।
ये योग की विधा जो हमारे देश तक सीमित थी। आज दुनिया के कोने–कोने तक पहुंची है और सभी लोग इसमें अपने आपको शामिल कर रहे हैं। मैं आज के दिन आप सब लोगों से यह आह्वान करूगां कि अपने दैनिक जीवन में योग के अभ्यास को अपना जीवन का भाग बनाएं।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और अन्य राजनयिकों ने भी योग किया। इस अवसर पर विदेश मंत्री ने कहा-
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मिलेनियम पार्क में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लिया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया, कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, एचडी कुमारस्वामी, बी.एल. वर्मा, सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने भी राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास किया।
——
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन ने कोयंबटूर में और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रामेश्वरम में योग किया।
——
केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने तेलंगाना में हैदराबाद के निज़ाम कॉलेज मैदान में योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया।
——
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश में मथुरा में स्ट्राइक कोर वन में सेना के जवानों के साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गवर्नर हाउस में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए।
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी और पंचायती राज राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल आगरा में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।
——
राजस्थान में राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर के एस एम एस स्टेडियम में योग किया।
——
हमारे संवाददाता ने बताया है कि पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमृतसर जिले के अटारी स्थित संयुक्त जांच चौकी पर शानदार योग समारोह आयोजित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अमृतसर जिले के अटारी स्थित संयुक्त जांच चौकी सुबह के समय शानदार योग समारोह की गवाह बनीI उप महानिरीक्षक पवन बजाज के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ योग समारोह में हिस्सा लिया। सीमा पर तैनात कई अन्य विभागों के अधिकारी भी इस योग कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का प्रण लिया। इन बहादुर जवानों ने योग के माध्यम से पूरी दुनिया को स्वस्थ व सुखी जीवन जीने और शांति का संदेश दियाI शिशु शर्मा शांतल, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
——
मध्य प्रदेश में भी योग दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक रिपोर्ट –
मध्यप्रदेश में आज पचमढ़ी में धूपगढ़ की सबसे ऊंची चोटी से लेकर उज्जैन में पवित्र शिप्रा नदी के जल तक योग के अलग–अलग नजारे नजर आए। सांची के स्तूप से लेकर खजुराहो के विश्व प्रसिद्ध मंदिर परिसर में भी योग किया गया। हालांकि बारिश के कारण कई जगह योग कार्यक्रमों में खलल आया। भोपाल में भी राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम का स्थल बदलना पड़ा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मोटे अनाजों के प्रोत्साहन के लिए श्रीअन्न संवर्धन योजना का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक भारतीय खान–पान और योग के जरिए हमेशा निरोग रहा जा सकता है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
——
अरुणाचल प्रदेश में तवांग में, भारतीय सेना के सहयोग से ग्यालवा त्सांगयांग ग्यात्सो हाई एल्टीट्यूड स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।
——
नगालैंड के कोहिमा में, युवा संसाधन और खेल विभाग ने राष्ट्रीय आयुष मिशन, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण निदेशालय के सहयोग से आईजी स्टेडियम में योग सत्र का आयोजन किया। विदेशों से भी योगाभ्यास के समाचार मिल रहे हैं।
——
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में 150 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
——
सउदी अरब के रियाद में भारतीय दूतावास ने सऊदी योग समिति और सऊदी खेल मंत्रालय के सहयोग से 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के हिस्से के रूप में कल योग पर एक अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया।
——
नेपाल के काठमांडू में भारतीय दूतावास ने पोखरा में योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया।
——
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ढाका के मीरपुर स्थित शहीद सुहरावर्दी इंडोर स्टेडियम में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया।
——
दिल्ली उच्च न्यायालय ने कथित आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर फिलहाल रोक लगा दी है। न्यायालय ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने का विशेष अदालत का आदेश तब तक प्रभावी नहीं होगा जब तक कि वह इस मामले में चुनौती देने वाली प्रवर्तन निदेशालय की याचिका पर सुनवाई नहीं कर लेता।
——
सर्वोच्च न्यायालय ने मेडिकल स्नातक प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की इस वर्ष की काउंसलिंग प्रक्रिया रोकने से इनकार कर दिया है और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को नोटिस भेजा है। न्यायालय ने नई याचिकाओं को मौजूदा याचिकाओं के साथ जोड़ दिया और सुनवाई की तारीख 8 जुलाई तय की है। यह फैसला इस मामले पर परीक्षा को लेकर चल रही कानूनी चुनौतियों के बीच आया है।
——
निर्वाचन आयोग ने जम्मू-कश्मीर में मतदाता सूची को अद्यतन करने का निर्देश दिया है। अगले महीने की पहली तारीख निर्धारण तिथि होगी। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो जाएंगी। आयोग ने हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी है।
——
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आगामी आम बजट से पहले आज नई दिल्ली में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और कृषि अर्थशास्त्रियों के साथ परामर्श किया।
——
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आज शाम नई दिल्ली पहुंचेंगी। भारत में नई सरकार के गठन के बाद उनकी यह पहली राजकीय यात्रा हैं। वे आज विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर के साथ बैठक करेंगी। एक रिपोर्ट –
बांग्लादेश भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति का एक प्रमुख घटक है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों ने हाल के वर्षों में नई ऊंचाइयों को छुआ है। दोनों राष्ट्रों के बीच व्यापार, वाणिज्य, सुरक्षा, ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और रक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग है। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है। कल शेख हसीना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगी। कल सुबह राष्ट्रपति भवन में शेख हसीना का भव्य स्वागत भी किया जाएगा। दिवाकर के साथ, दुर्गेश भदौरिया, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——
डब्ल्यूटीए वेनेटो ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारत की अंकिता रैना आज शाम इटली के गाइबा में महिला सिंग्लस क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड की सुसान बंदेची से खेलेगी। प्री-क्वार्टर फाइनल में अंकिता ने रोमानिया की इरिना बारा को 6-2, 2-6, 6-0 से हराया था।
——
ट्वेंटी-20 क्रिकेट विश्व कप में एंटीगा में, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को डक वर्थ नियम के अनुसार 28 रन से हराया। बांग्लादेश ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 140 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने बारिश से बाधित मैच में 11 ओवर और दो गेंद में, दो विकेट पर सौ रन बनाकर मैच जीत लिया।
——
आकाशवाणी समाचार को भारत में सबसे भरोसेमंद समाचार ब्रांडों में से एक माना गया है। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के रॉयटर्स इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ जर्नलिज्म, के हाल ही में कराए गए एक सर्वेक्षण में, देश के मीडिया जगत में आकाशवाणी समाचार की श्रेष्ठता की पुष्टि की गई है। प्रसार भारती के अध्यक्ष नवनीत कुमार सहगल ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कहा कि यह सभी परिस्थितियों में सच्ची और प्रमाणित खबरें प्रसारित करने की आकाशवाणी समाचार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
ऑल इंडिया रेडियो को वीडियो कैटेगरी में सबसे भरोसेमंद चैनल माना गया है। ऑल इंडिया रेडियो और प्रसार भारती का मोटो है भरोसा सच का, सच के अलावा कुछ नहीं दिखाते हैं, कुछ नहीं चलाते हैं। सारे दर्शकों को मैं बधाई देना चाहूगां, जो हमारे रेडियो के साथ जुड़े हुए हैं और कर्मचारी को, अधिकारियों को विशेष रूप से बधाई। ये जो भरोसा है देश का, दुनिया का, ऑल इंडिया रेडियो के इस भरोसे को हम लोग आगे भी कायम रखेंगे।
——
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। कहा- दुनिया योग को वैश्विक हित के शक्तिशाली उपाय के रूप में देखती है।
- विश्व में योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। विदेशों में भारतीय मिशन विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
- दिल्ली उच्च न्यायालय ने कथित आबकारी नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत पर फिलहाल रोक लगाई। प्रवर्तन निदेशालय की याचिका पर तत्काल सुनवाई की अनुमति।
- सर्वोच्च न्यायालय का नीट-स्नातक 2024 काउंसलिंग पर फिर से रोक लगाने से इनकार। राष्ट्रीय जांच एजेंसी को नोटिस जारी।
- निवार्चन आयोग का जम्मू-कश्मीर और तीन चुनावी राज्यों में मतदाता सूची को अद्यतन करने का आदेश।
- टेनिस में, वेनेटो ओपन में भारत की अंकिता रैना महिला सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में आज स्विट्जरलैंड की सुसान बेंदेची से खेलेंगी।
——