मुख्य समाचार
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा- विश्वविद्यालय का कायाकल्प उभरते भारत की क्षमता और ताकत का प्रतीक है।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र लगातार जल संकट से जूझ रहा है।
- आज विश्व सिकल सेल दिवस है। प्रधानमंत्री ने इस बीमारी पर काबू पाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
- बाढ़ प्रभावित सिक्किम में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए बचाव अभियान जोरों पर ।
- असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित ।
- महिला क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय मैच बेंगलुरु में जारी।
———–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ज्ञान, वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। श्री मोदी ने बिहार के राजगीर में आज नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करने के बाद सुषमा स्वराज सभागार में छात्रों और संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपनी शिक्षा और ज्ञान प्रणाली को मजबूत कर महाशक्ति का स्थान हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय दुनिया के सामने हमारी पहचान और परंपराओं का बड़ा उदाहरण है।
नालंदा ये केवल नाम नहीं है, नालंदा एक पहचान है, एक सम्मान है, नालंदा एक मूल्य है, नालंदा एक मंत्र है, गौरव है, गाथा है, नालंदा है उद्घोष इस सत्य का कि आग की लपटों में पुस्तकें भले जल जाएं, लेकिन आग की लपटें ज्ञान को नहीं मिटा सकती।
श्री मोदी ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय का नया स्वरूप उभरते भारत की क्षमता और ताकत का प्रतीक है।
नालंदा का नव जागरण ये नया कैम्पस विश्व को भारत के सामर्थ्य का परिचय देगा। नालंदा बताएगा जो राष्ट्र मजबूत मानवीय मूल्यों पर खडे होते हैं। वो राष्ट्र इतिहास को पुर्नजीवित करके बेहतर भविष्य की नीव रखना जानते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार प्राचीन परंपराओं के लोकाचार पर काम कर रही है इसलिए साथ मिलकर विकास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी कडी में अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन को भी मजबूत बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उद्घाटन समारोह में इतने देशों को उपस्थित होना अपने आप में अभूतपूर्व है।
नालंदा केवल भारत के ही अतीत का ही पुर्नजागरण नहीं है इसमें विश्व के, एशिया के कितने ही देशों की विरासत जुडी हुई है। एक युनिवर्सिटी कैम्पस के इनोग्रेशन में इतने देशों का उपस्थित होना ये अपने आप में अभूतपूर्व है।
विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने इस अवसर पर कहा कि वे ज्ञान के एक वैश्विक पुल के पुनरुद्धार को देख रहे हैं जो अतीत की तुलना में और भी मजबूत रिश्ते बना सकता है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय का गौरवशाली इतिहास रहा है। प्राचीन काल में नालन्दा विश्वविद्यालय की पहचान शिक्षा के केन्द्र के रूप में थी।
प्रधानमंत्री ने विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों का भी दौरा किया।
इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, अन्य प्रतिनिधि और 17 देशों के राजदूत भी उपस्थित थे।
———–
दिल्ली में जल संकट लगातार जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में टैंकर से पानी के वितरण केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। इसके कारण दिल्ली में जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली नगर पालिका परिषद क्षेत्र भी पानी की कमी से प्रभावित है। परिषद के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने मीडिया से बात करते हुए दिल्ली सरकार पर टैंकर और टेंडर माफिया को बचाने तथा उस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोगों और आवासीय कालोनियों के संघों से पानी का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करने का भी आग्रह किया।
इस बीच, दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया है कि हरियाणा की भाजपा सरकार राजनीतिक साजिश के तहत दिल्ली की पानी आपूर्ति रोक रही है। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर तुरंत हस्तक्षेप करने का आग्रह किया गया है जिससे इस समस्या का समाधान हो सके।
———–
हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा कांग्रेस की पूर्व नेता किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। उन्हें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद मनोहर लाल और अन्य पार्टी नेताओं की उपस्थिति में पार्टी में शामिल किया गया। इस अवसर पर श्रुति चौधरी ने कहा हम नई ऊर्जा के साथ आए हैं और भाजपा को मजबूत बनाने का काम करेंगे।
चौधरी बंसीलाल का इतिहास, चौधरी सुरेंद्र सिंह जी का इतिहास ये रहा है कि उन्होंने सामान्य विकास छत्तीस बिरादरियों का करा है जब भी उनके हाथ में पावर थी। तो वो ही एक नई ऊर्जा के साथ हम आए हैं जो देश और प्रदेश का जो भला चाहते हैं उनके साथ हम कदम से कदम मिलाकर भाजपा को स्ट्रांग करें। साथ ही एक–एक नागरिक को खुशी मिले।
———–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि केंद्र सरकार, सिकल सेल रोग से संबंधित चुनौतियों से निपटने के लिए प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक इस्तेमाल कर रही है। आज विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर श्री मोदी ने इस बीमारी पर काबू पाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष, सरकार ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन शुरू किया था और वह इस संबंध में जागरूकता पैदा करने, व्यापक जांच, रोग का जल्द पता लगाने और उचित देखभाल सहित अनेक पहलुओं पर काम कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सरकार शीघ्र निदान को बढ़ावा देने, उपचार तक पहुंच सुनिश्चित करने और रोगियों की देखभाल बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।
———–
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने आज नई दिल्ली में वर्ल्ड फूड इंडिया-2024 पर मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और यह किसानों की आय बढ़ाने और विकसित भारत के सपने को साकार करने में प्रमुख भूमिका निभा सकता है। श्री पासवान ने कहा कि स्वच्छता, गुणवत्ता जांच और वैश्विक मानकों को पूरा करना उनकी प्राथमिकताएं होंगी।
पेरिशेबल आइटम्स है, वेजिटेबल्स है, फ्रूट्स है, इन तमाम चीजों को अलग-अलग माध्यम से भले वो कोल्ड स्टोरेज के माध्यम से हो, रेडिएशन के माध्यम से हो, कैसे हम लोग वेस्टेज को एकदम मिनिमाइज कर सके, वैल्यू एडिशन हम लोग कैसे कर सके। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि जहां पर उत्पादन हो रहा है, अगर वहीं पर ही प्रोसेसिंग यूनिट्स हो वहीं पर उसकी पैकेजिंग बेहतर हो जाए तो हम लोग मार्केट कर पाए तो किसानों को स्वाभाविक है इसका ज्यादा लाभ होगा। अगले 5 सालों में इसी दिशा में हम लोग का मंत्रालय कार्य करेगा।
———–
तमिलनाडु में तटरक्षक बल आज से सैन्य अभ्यास का आयोजन कर रहा है जिसमें सभी समुद्री सुरक्षा एजेंसियां भाग ले रही हैं। दो दिवसीय अभ्यास में भारतीय नौसेना, समुद्री पुलिस, मत्स्य विभाग, सीमा शुल्क और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मिलकर अभ्यास करेंगी। इसमें मछुआरा समुदाय को भी शामिल किया जायेगा।
———–
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 10वें संस्करण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोशल मीडिया पर शशांकासन का प्रदर्शन करते हुए एक वीडियो साझा किया। योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है। वीडियो में आसन के स्वास्थ्य लाभों का वर्णन किया गया है और इसे करने के तरीके के बारे में विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। इसमें बताया गया है कि शशांकासन कब्ज, पीठ दर्द से राहत और तनाव तथा क्रोध को कम करने में मदद करता है। उच्च रक्तचाप और गठिया से पीड़ित रोगियों को इस आसन को करते समय सावधानी बरतने या इसे न करने की सलाह दी गयी है।
———–
कर्नाटक आयुष विभाग योगोत्सव का आयोजन कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। योगोत्सव में स्काउट्स और गाइड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बेंगलुरु अपार्टमेंट मालिक एसोसिएशन की 10 दिवसीय गतिविधियां शामिल हैं। योग उत्सव 10 जून को शुरू हुआ और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन समाप्त होगा। कर्नाटक में आयुष आयुक्त श्रीनिवास ने योगोत्सव को लेकर आकाशवाणी से बात की।
जून 21 इंटरनेशनल योगा डे हम सेलिब्रेट कर रहे हैं। ये देश का ये जो परंपरा योगा है। ये पूरी दुनिया सेलिब्रेट कर रहे हैं। तो इस मौके का लाभ उठाते हुए हम गवर्नमेंट ऑफ कर्नाटका जून 10 टू जून 21 दस दिन का योग उत्सव मना रहे हैं। घर–घर पहुंचाने के लिए यंग जनरेशन को, बच्चों को योगा और इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिशन के बारे में इनफोरमेंशन देने के लिए हम इस बार स्काउट एन्ड गाईडस की एसोसिएशन से हम ऑल डिस्ट्रिक्ट हैड क्वार्टर ने नियरली लाख्स ऑफ स्टूडेंटस के साथ हम योगा टीच कर रहें है।
———–
सिक्किम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान के साथ-साथ बुनियादी सेवाओं की बहाली का कार्य पूरे जोरों पर है। मंगन जिले के लाचुंग और चुंगथांग के प्रभावित इलाकों में फंसे करीब एक हजार तीन सौ पर्यटकों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मंगन के जिलाधिकारी हेम कुमार छेत्री ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि पर्यटकों को निकालने का कार्य आज दोपहर तक पूरा हो जाएगा।
———–
असम में लगातार बारिश से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 15 जिलों में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कल रात करीमगंज जिले में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत हो गई। जिले के सभी स्कूल आज और कल बंद रहेंगे। गुवाहाटी शहर में कई जगहों पर जलजमाव की भी खबर है। बाढ़ प्रभावित कई जिलों में सड़क संचार बाधित है।
———–
अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश जारी है। मौसम विभाग ने पूर्वी कामेंग, पापुम पारे और निचली दिबांग घाटी जिलों में रेड अलर्ट, नौ जिलों में ऑरेंज और बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कार्सिंगसा क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ से एनएच-415 का एक हिस्सा बह गया है, जिससे राजमार्ग के निर्जुली-बांदरदेवा खंड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रुक गई है।
———–
मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत को कल से इस महीने की 21 तारीख तक भीषण से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में मौसम वैज्ञानिक आर0 के0 जेनामणि ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में आज तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।
क्लाउड बनने से थोडा 22 और 21 को जो है हिटवैव में रीलिफ मिलेगा। मैनली पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में भी तापमान आज एक डिग्री या ढेड डिग्री कम चल रहा है। जैसे 44, 45, 46 रिपोर्ट हो रहा था, आज थोडा कम होगा और हिटवैव रहेगा। तो इसलिए हम लोग जो है मैनली उत्तर प्रदेश ज्यादा इम्पेक्टिड है। उत्तर प्रदेश में तापमान जो है जैसे प्रयागराज है, वाराणासी है, बहुत सारा एरिया है उत्तर प्रदेश में जो 45, 47 रिपोर्ट हो रहा है। उसी के साथ-साथ लू का जो विंड है स्ट्रांग विंड जो चल रहा है। वो काफी खतरनाक है, तो इसकी वजह से हम लोग बार-बार लाल कलर का वार्निंग दे रहें है पंजाब से लेकर उत्तर प्रदेश और इसलिए सभी लोगों को ये सेफ्टी एस्पेक्ट अपनाना पडेगा।
श्री जेनामणि ने कहा कि कल शहर में 1969 के बाद से जून महीने की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई है।
———–
भीषण गर्मी और 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के कारण साढे पांच सौ से अधिक हज यात्रियों की मौत हो गई है। मिस्र में 320 तीर्थयात्रियों की मौत लू और संबंधित बीमारियों से हुई, जबकि जॉर्डन के राजनयिक सूत्रों ने 60 लोगों की मौत की पुष्टि की है। ये संख्या बढ़ने की आशंका है।
———–
ईरान के पूर्वोतर प्रांत खुरासान रज़ावी की काश्मार काउंटी में आए पांच दशमलव शून्य तीव्रता के भूकंप में चार लोग मारे गए और 120 से अधिक घायल हो गए। घायलों में से 35 लोग अस्पताल में भर्ती हैं जबकि बाकी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब डेढ बजे आया।
———–
महिला क्रिकेट में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज का दूसरा मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। ताजा समाचार मिलने तक भारत ने 15 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 47 रन बना लिए।
मैच की शुरुआत में दक्षिण अफ़्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
———–
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा- विश्वविद्यालय का कायाकल्प उभरते भारत की क्षमता और ताकत का प्रतीक है।
- राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र लगातार जल संकट से जूझ रहा है।
- आज विश्व सिकल सेल दिवस है। प्रधानमंत्री ने इस बीमारी पर काबू पाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
- बाढ़ प्रभावित सिक्किम में फंसे पर्यटकों को निकालने के लिए बचाव अभियान जोरों पर ।
- असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित ।
- महिला क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच तीन मैचों की श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय मैच बेंगलुरु में जारी।
———–