Download
Mobile App

android apple
signal

June 3, 2024 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • लोकसभा चुनाव की कल होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनावों की मतगणना भी कल।
  • लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। 31 करोड़ से अधिक महिला मतदाताओं ने वोट डाले, जो दुनिया में अब तक सबसे ज्यादा है। 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 21वीं सदी की दुनिया भारत की ओर बहुत आशाओं से देख रही है।
  • मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सड़क हादसे में 13 लोगों की मृत्‍यु और 15 अन्‍य घायल। 
  • शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंचे।
  • और क्रिकेट में, नामीबिया ने टी20 विश्व कप में ओमान को सुपर ओवर में 11 रन से हराया।

 

…….

 

लोकसभा चुनाव की कल होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव तथा कुछ विधानसभा सीटों के उप-चुनाव की मतगणना भी कल ही होगी। वोटों की गिनती सवेरे आठ बजे शुरू होगी। निर्वाचन आयोग ने बताया है कि रुझान और परिणाम आयोग की वेबसाइट results.eci.gov.in तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप पर भी उपलब्ध होंगे।

 

…….

 

मध्‍यप्रदेश में मुख्‍य चुनाव अधिकारी अनुपम राजन ने कहा है कि मतगणना से संबंधित सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

 

कल 52 जिला मुख्‍यालयों के मध्‍यप्रदेश में काउंटिंग होगी, काउंटिंग को लेकर के सारी तैयारियां हैं। काउंटिंग स्‍टॉफ का जो रेंडमाइजेशन होता है फर्स्‍ट और सेकेंड रेंडमाइजेशन वो हो गया है। थर्ड रेंडमाइजेशन कल सुबह पांच बजे होगा कि वो कौन से टेबल पे जा रहा है, किस टेबल पर जाकर के उसे काउंटिंग करनी है। राजनीतिक दलों के साथ हम लोगों ने हर जिले में बैठक की है। हम लोग काउंटिंग के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। पर्याप्‍त सुरक्षा व्‍यवस्‍था उसकी भी समीक्षा हो गई है और हर जिला मुख्‍यालय में 52 जग‍हों में काउंटिंग है। पूरे 52 जगह पर हम लोगों की पुख्‍ता तैयारी है।

 

…….

 

उधर हिमाचल प्रदेश के मुख्‍य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि मतगणना में सबसे पहले पोस्‍टल बेलेट की गिनती होगी।

 

जो काउंटिंग है उसके लिए 31 लोकेशनस काउंटिंग हॉल्‍स बनाए गए हैं और सुबह आठ बजे से काउंटिग स्‍टार्ट हो जाएगी। काउंटिंग हॉल्‍स है वो हमारे 68 जो असेंबली सेगमेंट्स के काउंटिंग हॉल्‍स हैं और चार जगह जो है वो पोस्‍टल बेलेट की काउंटिंग होगी। जो सिक्‍युरिटी के थ्री टायर अरेंजमेंट किए गए हैं। आब्‍जर्वर भी आ गए हैं। रिजल्‍ट्स तो जैसेजैसे आएंगे असेम्‍बली सेगमेंट वाइज और उसके बाद वो कम्‍पाइल होंगे आर ओ वाइज, यानी एक रिटर्निंग ऑफिसर के पास 17 असेम्‍बली सेगमेंट्स हैं और उसके बाद पोस्‍टल बेलेट्स उनकी काउंटिंग साथसाथ चलेगी।

 

…….

 

इस बीच महाराष्ट्र में कल होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। कल सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। एक रिपोर्ट

 

महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटें हैं कल मतगणना के लिए राज्य में 14 हजार 507 अधिकारी नियुक्‍त किए गए हैं। 289 हॉल में कुल 4 हजार 309 काउंटिंग टेबल की व्यवस्था की गई है। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई प्रयास किये गये हैं। इसके अलावा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

…….

 

वहीं झारखंड के मुख्य चुनाव अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में 14 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। उन्‍होंने बताया कि पहला रुझान साढ़े नौ बजे तक आने की उम्मीद है।

 

…….

 

वहीं ओडिशा में 21 लोकसभा और एक सौ 47 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कल वोटो की गिनती की जाएगी इसके लिए एक सौ 68 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 69 स्‍ट्रॉग रूम में त्रिस्‍तरीय सुरक्षा के बीच ईवीएम और वीवीपैट को रखा गया है।

 

इन स्‍ट्रॉग रूम में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं तथा केंद्रीय सशस्‍त्र पुलिस बल की 25 कंपनियां इनकी सुरक्षा कर रही हैं।

 

…….

 

इस बीच पश्चिम बंगाल में बारासात और मथुरापुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों के दो मतदान केंद्रों पर आज पुनर्मतदान हो रहा है। शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इन दोनों क्षेत्रों में सातवें चरण में पहली जून को मतदान हुआ था।

 

…….

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में 64 करोड से अधिक मतदाताओं ने भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि सभी जी7 देशों – अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और कनाडा के मतदाताओं की संख्या का डेढ गुना है। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में 31 करोड से ज्‍यादा महिला मतदाताओं ने वोट डाला, जो दुनिया में अब तक का सबसे ज्यादा है।

 

श्री कुमार ने केंद्रशासित प्रदेश में हुए उल्लेखनीय मतदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कश्मीरी शरणार्थियों के लिए नियमों में भी बड़े बदलाव किए गए।

 

उस समय जवाब दिया था हमने कि कराएंगे, सही समय पे कराएंगे, जरूर कराएंगे और अब कराएंगे। अब इस फाउंडेशन पर बिल्‍ट करेंगे—-अंग्रेजी—-जितना ईजी कर सकते थे उतना किया।

 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर माइक्रो पर्यवेक्षकों के साथ-साथ मतगणना केंद्रों पर चौबीसों घंटे सीसीटीवी कवरेज की जाएगी।

 

चुनाव लड रहे हैं जो काउंटर पर बैठे हुए हैं, जो 17सी ले रहे हैं, जो कन्‍टेस्‍ट कर रहे हैं, वहां से कोई शिकायत नहीं है तो फिर पता नहीं कहां से है। सो सब पारदर्शिता से काम होगा और हमने यह भी कहा है उनको अगर फिर भी कोई गलत तरीके से, किसी भी गलत मंशा से उपद्रव करना चाहता है तो उसको बहुत सख्‍ती से निपटे, यह उनका काम है, सबको फेसिलेट करें —अंग्रेजी।

 

…….

 

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्‍स और निफ्टी ने शुरुआती कारोबार में अपने उच्‍चतम स्‍तर को छू लिया है। ये बढत एग्जिट पोल्‍स में भाजपा के नेतृत्‍व वाले राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लोकसभा चुनाव में तीसरी बार सत्‍ता में वापसी के संकेत के बाद आई है।

 

आज शुरुआती कारोबार में बाम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज के सेंसेक्‍स ने दो हजार सात सौ 78 अंक यानि तीन दशमलव सात-पांच प्रतिशत की बढत के साथ 76 हजार सात सौ 39 अंको को छूआ। वहीं निफ्टी आठ सौ आठ अंक यानि तीन दशमलव पांच-आठ प्रतिशत की बढत के साथ रिकॉर्ड 23 हजार तीन सौ 39 अंकों पर पहुंचा।

 

समाचार लिखे जाने तक सेंसेक्‍स बढत के साथ 76 हजार तीन सौ 27 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी 23 हजार दो सौ 34 अंक की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है।

 

…….

 

इस बीच, कांग्रेस की पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनावों के नतीजे एग्जिट पोल के मुकाबले बिल्‍कुल उलट होंगे। नई दिल्‍ली में मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने यह बात कही। एग्जिट पोल में भाजपा के नेतृत्‍व वाले एनडीए गठबंधन की जीत का अनुमान जताया गया है।

 

…….

 

अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सत्‍ता बरकरार रखी है। प्रदेश की 60 सदस्‍यीय विधानसभा में भाजपा ने 36 सीट पर जीत दर्ज की है। पार्टी ने 10 सीट निर्विरोध जीतीं थी।

 

वहीं सिक्किम विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने एकतरफा जीत हासिल की। 32 सदस्‍यीय विधानसभा में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा ने 31 सीटें जीतीं। एक सीट सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को मिली।

 

…….

 

कर्नाटक में विधान परिषद की छह रिक्त सीटों के लिए तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव हो रहे हैं। मतदान शाम 4 बजे समाप्‍त होगा। 78 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना 6 जून को होगी।

 

…….

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 21वीं सदी की दुनिया भारत की ओर बहुत आशाओं से देख रही है। उन्होंने कहा कि भारत का सुशासन मॉडल दुनिया के लिए एक उदाहरण बन रहा है। एक पत्र के माध्यम से देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए श्री मोदी ने कहा कि जन-समर्थक सुशासन, आदर्श जिले और आदर्श ब्लॉक जैसी योजनाओं पर वैश्विक स्तर पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि केवल दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से ऊपर उठने के लिए सशक्त बनाना महत्वपूर्ण है। श्री मोदी ने कहा कि गरीबों को सशक्त बनाने से लेकर अंतिम छोर तक सरकार के प्रयासों ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को प्राथमिकता देकर दुनिया को प्रेरित किया है।

 

प्रधानमंत्री ने चार दिशाओं स्पीड, स्केल, स्कोप और स्टैंडर्ड पर तेजी से काम करने की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि जी-20 की सफलता के बाद से दुनिया भारत की बड़ी भूमिका की कल्पना कर रही है। भारत को अल्‍प विकसित और विकासशील देशों की एक मजबूत और महत्वपूर्ण आवाज के रूप में स्वीकार किया जा रहा है

 

…….

 

जम्‍मू कश्‍मीर में राजभवन में उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने देश के विभिन्‍न भागों के व्‍यापार और उद्योग जगत के प्रतिष्ठित लोगों के साथ संवाद‍ किया। इस अवसर पर उपराज्‍यपाल ने जम्‍मू-कश्‍मीर की परिवर्तन यात्रा तथा उपलब्‍ध अवसरों के बारे में बताया।

 

…….

 

मध्य प्रदेश में कल राजस्थान-राजगढ़ सीमा के पास एक ट्रैक्टर पलटने से तेरह लोगों की मृत्‍यु हो गई और 15 घायल हो गए। राजगढ़ जिलाधिकारी हर्ष दीक्षित ने बताया कि राजस्थान से कुछ लोग ट्रैक्टर में सवार होकर एक विवाह में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश जा रहे थे। राजस्थान-राजगढ़ सीमा के पास ट्रैक्टर पलट गया। दो लोगों की हालत अभी भी गंभीर बताई जार रही है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

…….

 

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश दुर्घटना पर दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि सड़क दुर्घटना की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि वे सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से व्यथित हैं। श्री धनखड़ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

 

…….

 

खेलों में आईसीसी टी20 विश्‍वकप क्रिकेट में केनसिंगटन ओवल में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में सुपर ओवर में नामीबिया ने ओमान को हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की।

 

ओमान ने दस विकेट के नुकसान पर एक सौ नौ रन बनाए थे। मेहरान खान की अच्‍छी गेंदबाजी की बदौलत ओमान मुकाबले को ड्रॉ कराने में सफल रहे।

 

वहीं सुपर ओवर में पहले बल्‍लेबाजी करते हुए नामीबिया की टीम ने बिना विकेट खोए 21 रन बनाए। नामीबिया के डेविड वियसे की शानदार गेंदबाजी ने ओमान की टीम को एक विकेट के नुकसान पर मात्र दस रन पर ही रोक लिया।

 

आज एक अन्‍य मैच में श्रीलंका और साउथ अफ्रीका न्‍यूयार्क के नसाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्‍टेडियम में आमने-सामने होंगे। ये मैच रात आठ बजे शुरु होगा।

 

…….

 

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर गुवाहाटी, ग्वालपाड़ा और धुबरी में बढ़ रहा है। वहीं, कोपिली, बराक, धनसिरी, बुरही दिहिंग, गौरांग और कुशियारा नदियों का जल स्तर भी कई स्थानों पर बढ़ रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 3 लोगों की मौत से बाढ़ से मरने वालों की संख्या 14 पहुंच गई है।

 

…….

 

उधर कर्नाटक के बेंगलुरु में तेज वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कल रात 111 दशमलव एक मिलीमीटर वर्षा हुई, जिससे एक ही दिन में 16 जून 1891 को दर्ज 110 दशमलव 3 मिलीमीटर बारिश का 133 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। सड़कों और निचले इलाकों में पानी जमा होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड रहा है। वहीं कई बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से बिजली भी गुल हो गई है।

 

…….

 

इस बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिन में पश्चिमोत्तर, मध्‍य और पूर्वी भारत में भीषण गर्मी में कमी आने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग के वरिष्‍ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि इन क्षेत्रों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।

 

विभाग ने अगले सात दिन बिजली गरजने और तेज हवाओं के साथ पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में हल्‍की से मध्‍यम वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। दक्षिण भारत में अगले सात दिनों के दौरान केरल, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा कर्नाटक में भी इसी तरह का मौसम रहेगा।

 

…….

 

भारत की लोकप्रिय भुगतान प्रणाली यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस -यूपीआई लेनदेन ने मई में बीस दशमलव चार पांच लाख करोड रुपये के 14 दशमलव शून्य चार अरब लेनदेन का नया कीर्तीमान स्थापित किया। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा साझा किए आंकड़ों में कहा गया है कि मई के आंकड़े 2023 में इसी महीने की तुलना में मात्रा में 49 प्रतिशत और मूल्य में 39 प्रतिशत अधिक हैं। अप्रैल 2016 में यूपीआई चालू होने के बाद से मई के वर्तमान आंकड़े मूल्य और मात्रा के हिसाब से सबसे अधिक हैं।

 

वहीं तत्काल भुगतान सेवा लेन-देन की मात्रा मामूली रूप से एक दशमलव 45 प्रतिशत बढ़कर मई में 55 दशमलव अस्सी करोड हो गई है, जबकि अप्रैल में यह 55 करोड थी।

 

…….

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:

  • लोकसभा चुनाव की कल होने वाली मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी। आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनावों की मतगणना भी कल।
  • लोकसभा चुनाव में 64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने भाग लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया। 31 करोड़ से अधिक महिला मतदाताओं ने वोट डाले, जो दुनिया में अब तक सबसे ज्यादा है। 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 21वीं सदी की दुनिया भारत की ओर बहुत आशाओं से देख रही है।
  • मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सड़क हादसे में 13 लोगों की मृत्‍यु और 15 अन्‍य घायल। 
  • शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंचे।
  • और क्रिकेट में, नामीबिया ने टी20 विश्व कप में ओमान को सुपर ओवर में 11 रन से हराया।

 

…….