Download
Mobile App

android apple
signal

May 21, 2024 3:34 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:-

  • लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों के लिए प्रचार जोर-शोर से जारी है। प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने आज बिहार में मोतिहारी में कांग्रेस पर वंशवादी पार्टी होने का आरोप लगाया। राष्‍ट्रीय जनता दल नेता तेजस्‍वी यादव आज ज़ीरादेई, मोतिहारी और शिवहर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
  • दिल्‍ली की अदालत ने शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की न्‍यायिक हिरासत की अवधि 31 मई तक बढायी।
  • ईरान में 28 जून को राष्‍ट्रपति चुनाव होंगे।
  • जापान में कोबे में विश्‍व पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में महिलाओं की एफ 51 क्‍लब थ्रो प्रतियोगिता में भारत की एकता भ्‍यान ने स्‍वर्ण पदक जीता।
  • हॉकी में भारतीय जूनियर पुरूष टीम ने बेल्जियम पर जीत के साथ यूरोप का दौरा शुरू किया।

********

लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों के लिए प्रचार जोर-शोर से जारी है।

********

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस एक वंशवादी पार्टी है और यह सिर्फ एक परिवार के हित के लिए है। आज बिहार के मोतिहारी में, एक जनसभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्‍व में आई.एन.डी.आई. गठबंधन लोकसभा चुनाव में हारने जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि भ्रष्‍टाचार और भारत-विरोधी प्रचार में शामिल लोगों को जनता उचित जवाब देगी। उन्‍होंने निर्धन लोगों को बिजली और गैस कनेक्‍शन उपलब्‍ध कराने के लिए किए गए प्रयासों की चर्चा भी की।

 

यह मोदी है जिसने हर घर में गैस पहुंचाने का बीड़ा उठाया। जो हर घर तक नल से जल पहुंचने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा है। कांग्रेस और आरजेडी जैसे उसके साथियों ने आपको सिर्फ और सिर्फ तरसा कर रखा।

     

प्रधानमंत्री ने महाराजगंज के गोरियाकोठी में, एक अन्‍य जनसभा में कहा कि कि आइ.एन.डी.आई. गठबंधन सांप्रदायिक, जातिवादी और वंशवादी गठबंधन है।

********

राष्‍ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्‍वी प्रसाद यादव गठबंधन उम्‍मीदवारों के समर्थन में जीरादेई, मोतीहारी और शिवहर में रैली करेंगे।

********

श्री नरेन्‍द्र मोदी आज अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में मातृशक्ति सम्‍मेलन में भाग लेंगे।

********

दिल्‍ली की सभी लोकसभा सीटों के लिए शनिवार 25 मई को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता जोर-शोर से प्रचार में लगे हैं।

 

चुनाव प्रचार समाप्त होने में महज 3 दिन से भी कम समय बाकी है और ऐसे में राजधानी दिल्ली में भी भीषण गर्मी के बीच राजनीतिक तापमान अपने चरम पर है रोड शो, जनसभा, घर-घर जाकर प्रचार के जरिए विभिन्न दलों के नेता लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। भाजपा और विपक्षी आम आदमी पार्टी कांग्रेस गठबंधन अपने अपने पक्ष में हवा बनाने के लिए सोशल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल कर रहे हैं। भाजपा राजधानी में कथित शराब घोटाले और अन्य अनियमितताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा धारा 370 की समाप्ति और धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ अपनी बातें पुरजोर तरीके से रख रही है। आम आदमी पार्टी सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित दुर्व्यवहार ने भाजपा को आम आदमी पार्टी के खिलाफ इस चुनाव में हमले का एक और मुद्दा दे दिया है वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी कांग्रेस गठबंधन महंगाई, बेरोजगारी, केंद्रीय एजेंसियों का कथित दुरुपयोग के साथ-साथ संविधान को कथित तौर पर कमजोर करने जैसे मुद्दों को उछाल कर भाजपा पर हमलावर है। आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग और तेज होने की संभावना है। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्रा आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

     

भारतीय जनता पार्टी के अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज चांदनी चौक और पालम में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी आज दिल्ली में रैली करेंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उत्तर-पूर्वी दिल्‍ली में रोड-शो करेंगे। दिल्‍ली कांग्रेस अध्‍यक्ष देवेन्‍द्र यादव और अन्‍य पार्टी नेता भी राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं।

********

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कल साठ प्रतिशत से अधिक लोगों ने मतदान किया। इस चरण में छह राज्‍यों के 49 लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। इस चरण में कुल छह सौ 95 उम्‍मीदवार मैदान में थे।

     

पांचवें चरण का मतदान संपन्‍न होने के साथ ही अब तक 25 राज्‍यों में चार सौ 28 लोकसभा सीट के लिए मतदान पूरा हो गया है। अरूणाचल प्रदेश, सिक्किम, आंध्रप्रदेश और ओडिशा की 63 विधानसभा सीट के लिए भी मतदान संपन्‍न हो गया है।

********

बिहार के सारण संसदीय निर्वाचन-क्षेत्र में, छपरा के तेलपा थाना क्षेत्र में चुनाव के बाद हुई हिंसा में एक व्‍यक्ति की मृत्‍यु हो गई और दो व्‍यक्ति घायल हो गये हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस बल तैनात किए गये हैं। सोशल मीडिया पर अफवाहों को नियंत्रित करने के लिए जिले में आज से दो दिन के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

********

लोकसभा निर्वाचन-क्षेत्रों से परिचय की श्रृंखला में, आज चर्चा बिहार की ऐतिहासिक पूर्वी चंपारण सीट की। 25 मई को सात अन्य लोकसभा सीट के साथ पूर्वी चंपारण सीट पर भी मतदान होना है। इस सीट पर मौजूदा लोकसभा चुनाव में, बिहार में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवारों का मुख्य मुकाबला महागठबंधन के उम्‍मीदवारों से है।

     

पूर्वी चंपारण संसदीय सीट बिहार के चर्चित लोक सभा सीटों में से है। परिसीमन के पहले यह मोतिहारी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के रुप में जाना जाता था। लेकिन 2008 से इसका नाम परिवर्तित हो गया। मौजूदा सांसद राधामोहन सिंह पहली बार 1989 में निर्वाचित होने के बाद लंबे अरसे से इस क्षेत्र का लोक सभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी राधा मोहन सिंह केंद्रीय कृषि मंत्री के रुप में किये गये कार्यों, क्षेत्र के विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के आधार पर सातवीं बार विजय के लिए जी तोड मेहनत कर रहे हैं। इस बार उनका सीधा मुकाबला महागठबंधन के प्रत्याशी विकास शील इंसान पार्टी (वीआईपी) के डॉ. राजेश कुमार के साथ है जो क्षेत्र के सामाजिक समीकरणों और मौजूदा सांसद के खिलाफ विरोध की हवा के आधार पर जीत का दावा कर रहे हैं। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

********

लोकसभा चुनावों के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में, आज हम 1977 में अस्तित्व मे आई हरियाणा की प्रमुख लोकसभा सीट कुरुक्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।

 

कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर पिछले दो चुनावों से भारतीय जनता पार्टी जीत रही है। इससे पहले नवीन जिंदल 10 साल तक कुरुक्षेत्र से सांसद रहे हैं जो इस बार इस संसदीय क्षेत्र से भारतीय जानता पार्टी के उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने नवीन जिंदल पर भरोसा जताया है। इंडी गठबंधन ने आम आदमी पार्टी से सुशील गुप्ता पर दांव लगाया है जबकि इण्डियन नेशनल लोक दल के अभय सिंह चौटाला ख़ुद चुनाव मैदान में हैं। कुल मिला कर इस लोकसभा सीट से 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें से 16 उम्मीदवार निर्दलीय हैं। यहाँ से मुख्य मुक़ाबला बीजेपी और इंडी गठबंधन के उम्मीदवार के बीच माना जा रहा है। उधर, आम आदमी पार्टी के साथ कांग्रेस नेता इंडी गठबंधन के उम्मीदवार के लिए सक्रिय हैं। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में कुल 9 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें कैथल, गुहला, क़लायत, पुंडरी, थानेसर, पेहवा, शाहबाद, लाड़वा और रादौर शामिल हैं। इस संसदीय सीट पर 17  लाख 94 हजार 300 से अधिक मतदाता 25 मई को 31 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। अश्विनी कुमार शर्मा, आकाशवाणी समाचार चंडीगढ़।

********

दिल्‍ली की राउज एवेन्‍यू अदालत ने आज आबकारी नीति घोटाले से जुडे धनशोधन मामले में, पूर्व उप-मुख्‍यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की न्‍यायिक हिरासत 31 मई तक बढा दी। मामले की अगली सुनवाई 31 मई को होगी।

     

प्रवर्तन निदेशालय और केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो ने इस आधार पर सिसोदिया को राहत दिए जाने से का विरोध किया कि अभियुक्त के असहयोग के कारण मामले में आरोप तय करने में लगातार देरी हो रही है।

********

आम आदमी पार्टी के पंजाब के पूर्व विधायक जगबीर सिंह बरार भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये हैं।

********

ईरान में राष्‍ट्रपति चुनाव 28 जून को होगा। यह निर्णय ईरान के अंतरिम राष्ट्रपति मोहम्मद मोखबर, मुख्य न्यायाधीश गुलाम होसैन मोहसेनी-एजेई और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाक़र क़ालिबफ़ के साथ हुई बैठक में लिया गया। इससे पहले, ईरान के सर्वोच्‍च नेता अयातुल्‍ला अली खामनेई ने हेलिकॉप्‍टर दुर्घटना में राष्‍ट्रपति इब्राहिम रईसी की मृत्‍यु के बाद उप-राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद मोखबेर को अंतरिम राष्‍ट्रपति नियुक्‍त किया।

********

ईरान के राष्‍ट्रपति के निधन पर आज देश में एक दिन का राष्‍ट्रीय शोक घोषित किया गया है।

********

भारत की एकता भयान ने जापान में विश्‍व पैरा एथलेटिक चैम्पियनशिप में महिलाओं की एफ-51 स्पर्धा का स्वर्ण जीत लिया है। उन्होंने बीस दशमलव एक-दो मीटर के साथ सीजन का सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन किया।

     

भारत के ही कशिश लाकड़ा ने 14 दशमलव पांच-छह मीटर के साथ रजत जीता। अल्‍जीरिया के नादजेट बाउचरफ को कांस्‍य मिला।

     

पैरा एशियाई खेलों में स्‍वर्ण पदक विजेता दीप्ति ने कल महिलाओं की चार सौ मीटर टी20 श्रेणी में 55 दशमलव शून्‍य-सात सेकंड का विश्‍व रिकॉर्ड तोडकर स्‍वर्ण पदक जीता।

     

यह प्रतियोगिता 25 मई तक चलेगी।

********

भारतीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम ने अपने यूरोप दौरे की शुरुआत बेल्जियम पर जीत के साथ की है। भारत की ओर से उप-कप्‍तान शारदानंद तिवारी ने दो गोल किए।

     

निर्धारित समय में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं जिसके बाद मैच का फैसला शूटआउट से हुआ।

     

भारत अपना दूसरा मैच कल नीदरलैंड के ब्रेडा में बेल्जियम से खेलेगा।

********

मौसम विभाग ने देश के पश्चिमोत्तर हिस्से के मैदानी भागों, उत्तरी मध्‍यप्रदेश और गुजरात में अगले तीन दिन तक भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 24 मई तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्‍ली, पश्चिमी और पूर्वी राजस्‍थान, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश और मध्‍य प्रदेश के उत्‍तर-पश्चिमी हिस्‍सों में भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान है।

     

अगले चार दिन में, देश के उत्‍तर-पश्चिमी और मध्‍यवर्ती इलाक़ों के तापमान में तीन डिग्री तक की बढोतरी की संभावना है।

     

इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण दक्षिण भारत के कुछ हिस्‍सों में वर्षा तेज हो गई है। तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, माहे, कर्नाटक के भीतरी और तटीय भागों में शुक्रवार तक तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

********

दिल्‍ली सरकार ने सभी निजी और सरकारी सहायता-प्राप्‍त विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से 30 जून तक की गर्मी की छुट्टी देने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा निदेशालय ने कहा सभी विद्यालयों को 11 मई से 30 जून तक ग्रीष्‍मकालीन अवकाश देने के निदेश दिए गए थे।

     

दिल्‍ली में पिछले कुछ दिनों में लगातार गर्मी बढ़ रही है। रविवार को देश में सर्वाधिक 47 दशमलव आठ डिग्री तापमान दिल्ली में नजफगढ में दर्ज किया गया।

     

गाजियाबाद में भी भीषण गर्मी के कारण जिला प्रशासन ने आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 25 मई तक छुट्टी घोषित की है।

********

दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण श्रीलंका में तेज हवा के साथ मूसलाधार वर्षा हो रही है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्‍यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री गांधी की पुण्‍यतिथि पर देशभर में आतंकरोधी दिवस मनाया जा रहा है।

********

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:

  • लोकसभा चुनाव के शेष दो चरणों के लिए प्रचार जोर-शोर से जारी है। प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने आज बिहार में मोतिहारी में कांग्रेस पर वंशवादी पार्टी होने का आरोप लगाया। राष्‍ट्रीय जनता दल नेता तेजस्‍वी यादव आज ज़ीरादेई, मोतिहारी और शिवहर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
  • दिल्‍ली की अदालत ने शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया की न्‍यायिक हिरासत की अवधि 31 मई तक बढायी।
  • ईरान में 28 जून को राष्‍ट्रपति चुनाव होंगे।
  • जापान में कोबे में विश्‍व पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में महिलाओं की एफ 51 क्‍लब थ्रो प्रतियोगिता में भारत की एकता भ्‍यान ने स्‍वर्ण पदक जीता।
  • हॉकी में भारतीय जूनियर पुरूष टीम ने बेल्जियम पर जीत के साथ यूरोप का दौरा शुरू किया।

********