Download
Mobile App

android apple
signal

May 19, 2024 3:59 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कल 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान होगा।
  • शेष चरणों के लिए प्रचार अभियान तेज़; प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता नरेन्‍द्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर में चुनाव रैली को संबोधित किया।
  • राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने कहा- अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों का नामांकन 2014 से 2022 तक 44 प्रतिशत बढ़ा।
  • मौसम विभाग ने केरल में मंगलवार तक तेज वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की।
  • बैंकॉक में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष डबल्‍स का खिताब जीता
  • और, भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चितांबरम ने स्थानीय खिलाडी एआर सालेह सलेम को हराकर शारजाह मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में बढ़त हासिल की।

 

********

 

लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण में, कल छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान होगा। इनमें उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की 7, बिहार और ओडिशा की 5-5, झारखंड की 3 तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीट शामिल हैं। इस चरण में कई मंत्रियों और सांसदों सहित 695 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में केन्‍द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल, कांग्रेस के राहुल गांधी और के. एल. शर्मा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और लोक जनशक्ति पार्टी -रामविलास गुट के चिराग पासवान शामिल हैं।

 

मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा। ओडिशा विधानसभा की 35 सीटों पर भी कल ही मतदान होगा। चुनाव के पहले चार चरणों में अब तक 23 राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 379 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान संपन्‍न हो चुका है। इन चुनावों में लगभग 67 प्रतिशत मतदान हुआ है।

 

********

 

उत्तरप्रदेश में, मतदान के लिए चुनावकर्मी मतदान केंद्रों पर पहुंचने शुरु हो गए हैं। एक रिपोर्ट…

 

पांचवे चरण के मतदान की 14 सीटें उत्तर प्रदेश के अवध और बुन्देलखंड इलाके में फैली हुई हैं। इनमें रायबरेली, अमेठी, लखनऊ, मोहनलालगंज, हमीरपुर, जालौन, झासी, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, फैजाबाद, बाराबंकी, कैसरगंज और गोंडा शामिल है। पिछले चुनाव में भाजपा ने इन 14 में से 13 सीटें जीती थीं। पार्टी जो एकमात्र सीट हारी वह रायबरेली थी, जिसे पूर्व कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने जीता था। इन 14 सीटों पर इस बार कई दिग्गज मैदान में हैं। रक्षामंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह तीसरी बार भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लखनऊ संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। राजनाथ सिंह का मुकाबला सपा उम्मीदवार रविदास मेहरोत्रा ​​और बसपा उम्मीदवार सरवर मलिक से है। एक अन्य केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अमेठी में कांग्रेस के केएल शर्मा के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। राहुल गांधी रायबरेली से बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ मैदान में हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर मोहनलालगंज सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। अयोध्या के राम मंदिर के लिए मशहूर फैजाबाद लोकसभा सीट पर बीजेपी के लल्लू सिंह और समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद के बीच मुकाबला है. दूसरी अहम सीट कैसरगंज है जहां से बीजेपी के वरिष्ठ नेता ब्रजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। सुशील चन्‍द्र तिवारी आकशवाणी समाचार लखनऊ।

 

********

 

जम्मू-कश्मीर में चुनाव अधिकारियों ने सीमावर्ती पुंछ ज़िले के 11 सौ मतदाताओं को घर से ही वोट डालने का विकल्प दिया है। इसके लिए पूरे जिले में एक सौ पांच विशेष टीमें तैनात की गई हैं। लोक सभा चुनाव के शेष चरणों के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। सभी दलों के प्रमुख नेता देश के विभिन्‍न हिस्सों में रैलियों और जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। 

 

********

 

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर और पश्चिम बंगाल के पुरूलिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। श्री मोदी ने जमशेदपुर में कहा कि झारखंड के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है लेकिन प्रदेश में लगातार भष्‍टाचार की खबरें आती हैं और आज झारखंड की पहचान नोटों के पहाड के तौर पर हो रही है। श्री मोदी ने कहा कि अगर झारखंड में निवेश आता है तो युवाओं को रोजगार मिलेंगे।

 

चुनाव में देश की अर्थ व्यवस्था की चर्चा होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, चुनाव में उद्योगों लघु उद्योगों की बात होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, चुनाव में राष्ट्रीय सुरक्षा की बात होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, चुनाव में कृषि और वनोपज की बात होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, चुनाव में युवाओं के लिए बनते नए अवसरों की बात होनी चाहिए या नहीं होनी चाहिए, चुनाव में हाइवे एक्सप्रेस वे और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बात होनी चाहिए कि नहीं होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस वाले झामुमो वालों को इन सबसे कोई मतलब हीं नही है।

 

********

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि 4 जून को उनकी पार्टी की सरकार बनने के बाद हर भ्रष्टाचारी को जेल भेजा जाएगा। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक जनसभा में आज उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार को अनुसूचित जाति, जनजति और दलितों की कोई चिंता नहीं है। प्रधानमंत्री ने पुरुलिया लोकसभा क्षेत्र में रोड शो भी किया।

 

********

 

वहीं, गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह आज उत्तरप्रदेश में प्रयागराज और जौनपुर ज़िलों में चुनाव सभाएं करेंगे। विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव उत्तरप्रदेश में प्रयागराज ज़िले में संयुक्त रूप से जनसभा करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह आज महाराजगंज निर्वाचन-क्षेत्र में प्रचार करेंगे।

 

********

 

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 889 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग-राजौरी निर्वाचन-क्षेत्र में दोबारा चुनाव के लिए 20 उम्मीदवार भी शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, छठे चरण के लिए 58 निर्वाचन-क्षेत्रों में एक हजार नौ सौ 78 पर्चे भरे गए थे। इनमें से नौ सौ नामांकन वैध पाए गए।

 

********

 

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर 25 मई को मतदान होगा। इसमें अमेठी और रायबरेली के बगल की सुल्तानपुर सीट भी शामिल है। एक रिपोर्ट….

 

अमेठी और रायबरेली के बगल की सुल्तानपुर सीट पर आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस ने सबसे ज्यादा बार जीत दर्ज की है। इस सीट की एक खासियत यह है कि बीजेपी के देवेंद्र बहादुर को छोड़ दें तो दूसरा कोई ऐसा चेहरा नहीं है, जो इस सीट पर दूसरी बार सांसद बनने में कामयाब रहा हो। यही वजह है कि इस सीट पर किसी एक नेता का कभी दबदबा नहीं रहा। आजादी के बाद कांग्रेस ने आठ बार अलगअलग चेहरे के साथ यह सीट जीती। वहीं बसपा ने दो बार और भाजपा ने चार बार यहां जीत हासिल की। इस सीट से वर्तमान सांसद मेनका गांधी को भाजपा ने दोबारा अपना प्रत्याशी बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मेनका गांधी ने बसपा के चंद्र भद्र सिंह को 14 हजार पांच सौ 26 वोटों से हराया था। इस बार मेनका गांधी को टक्कर देने के लिए इंडिया गठबंधन से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार राम भुवाल निषाद और बहुजन समाज पार्टी से उदराज वर्मा चुनावी मैदान में हैं। सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों को जीताने के लिए प्रचार तेज कर दिया है। सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें इसौली, सुल्तानपुर, सदर, लंभुआ और कादीपुर शामिल हैं। इस संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख 52 हजार 590 मतदाता 25 मई को नौ प्रत्याशियों के भाग्य को ईवीएम में कैद करेंगे। ओम अवस्‍थी आकाशवाणी समाचार लखनऊ।

 

********

 

महाराष्‍ट्र में 13 संसदीय निर्वाचन-क्षेत्रों में मतदान के लिए सभी प्रबंध कर लिये गए हैं। इनमें धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्‍याण, ठाणे और मुम्‍बई के छह निर्वाचन-क्षेत्र शामिल हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि मतदान के लिए 24 हजार पांच सौ 79 केन्‍द्र बनाए गए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

 

महाराष्ट्र में पांचवां चरण चुनाव का अंतिम चरण है और कल यहाँ 13 सीटों पर मतदान होगा। कुल 264 उम्मीदवार में मैदान हैं। मतदाताओं की संख्या करीब दो करोड़ 46 लाख है। इस चरण में प्रमुख उम्मीदवार हैं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कपिल पाटिल, डॉ. भारती पवार और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे डॉ. श्रीकांत शिंदे। इनके अलावा मौजूदा सांसद सुभाष भामरे, हेमंत गोडसे, राजन विचारे, राहुल शेवाले और अरविंद सावंत भी मैदान में हैं। इनके अलावा, भजपा ने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम को मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला कांग्रेस पार्टी विधायक वर्षा गायकवाड़ से है। मुंबई महानगर क्षेत्र की 10 में से पांच सीटों पर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और शिवसेना (यूबीटी) के बीच सीधी टक्कर है। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।

 

********

 

राष्‍ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, देश में अनुसूचित जाति श्रेणी के अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्‍या 2014-15 के मुकाबले 44 प्रतिशत बढ़ गई है। पहले यह संख्या 46 लाख थी, जो 2021-22 तक 66 लाख हो चुकी है।

 

अल्‍पसंख्‍यक महिला विद्यार्थियों की संख्‍या भी 2014-15 के मुकाबले 42 प्रतिशत बढी है। वहीं अनुसूचित जा‍ति की महिला विद्यार्थियों की संख्‍या में 51 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति के दाखिले में 65 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2020-21 में अन्‍य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण के तहत 34 हजार से अधिक बच्चों को दाखिला मिला है। राष्‍ट्रीय महत्‍व के संस्‍थानों में, अन्‍य पिछड़ा वर्ग के दाखिले में 71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और इनमें महिलाओं की संख्‍या बढकर दोगुनी हो गई है। समाचार कक्ष से शक्ति प्रताप सिंह।

 

********

 

दिल्ली की एक जिला अदालत ने आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से दुर्व्‍यवहार मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। बिभव कुमार को कल देर रात तीस हजारी कोर्ट में पेश किया गया।

 

********

 

वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वैयक्तिक सहायक बिभव कुमार के कथित दुर्व्यवहार मामले में, आम आदमी पार्टी भाजपा पर झूठा आरोप लगा रही है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस मामले में पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।

 

********

 

दिल्ली पुलिस ने जेल भरो कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय की ओर कूच कर रहे आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस उपायुक्‍त एम. हर्षवर्धन ने कहा कि पंडित दीनदयाल मार्ग पर धारा 144 लगा दी गई है और किसी भी तरह के प्रदर्शन की अनुमति नहीं है।

 

********

 

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी मुख्यालय में आरोप लगाया कि भाजपा पार्टी नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि आने वाले दिनों में और अधिक नेताओं की गिरफ्तारी हो सकती है तथा पार्टी के खाते भी फ्रीज किए जा सकते हैं।

 

********

 

मौसम विभाग ने देश के दक्षिणी भाग में अगले तीन दिन तक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। दक्षिणी प्रायद्वीपीय इलाक़ों में अगले 5 दिन तक तेज वर्षा जारी रहने की संभावना है। इस महीने की 21 तारीख तक तमिलनाडु और केरल में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। विभाग ने आज और कल के लिए पत्तनमतिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा और एर्नाकुलम जिलों में ऑरेंज अलर्ट और त्रिशूर, पालक्काड़, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए आज दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट तथा उत्तरप्रदेश और पूर्वी राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

********

 

दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने देश के सबसे दक्षिणी छोर निकोबार द्वीपसमूह पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने कहा कि मानसून भारत की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था की जीवन-धारा है।

 

********

 

श्रीलंका में अशोक वाटिका में सीता अम्मन मंदिर में, आज अपूर्व श्रद्धाभाव से कुंभ अभिषेकम आयोजित किया गया। सीता अम्मन मंदिर रामायण-पथ का हिस्सा है। इसलिए, कार्यक्रम में भारत और नेपाल के कई श्रद्धालु भी समारोह में शामिल हुए। अशोक वाटिका को सीता एलिया भी कहा जाता है। अशोक वाटिका वही स्थान है, जहां रावण ने सीताजी को बंधक बनाकर रखा था।

 

********

 

बैडमिंटन में, सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने थाईलैंड ओपन का पुरुष डबल्‍स खिताब जीत लिया है। फाइनल में, शीर्ष वरीयता प्राप्‍त भारतीय जोडी ने चीन के चेन बो यांग और लियू यी को 21-15, 21-15 से हराया।

 

********

 

शारजाह मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में, भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चितांबरम ने पांचवे दौर में संयुक्‍त अरब अमीरात के ए. आर. सालेह सलेम पर जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद अरविंद साढे चार अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। प्रतियोगिता में अभी चार दौर शेष हैं।

 

********

 

आईपीएल क्रिकेट में आज दो मैच होंगे। हैदराबाद में दोपहर बाद साढे तीन बजे सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्‍स का मुकाबला होगा। वहीं, गुवाहाटी में शाम साढे सात बजे राजस्‍थान रॉयल्‍स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे। प्‍ले ऑफ मुकाबले मंगलवार को शुरू होंगे।

 

********

 

ताइवान के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति लाई चिंग-ते कल पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उन्होंने जनवरी में राष्ट्रपति पद का चुनाव जीता था। चौंसठ वर्षीय श्री लाई मौजूदा राष्ट्रपति साई इंग-वेन के दूसरे कार्यकाल के दौरान चार वर्ष तक उप-राष्ट्रपति पद पर थे।

 

********

 

सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान ने अमरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन से सऊदी अरब के शहर तेहरान में मुलाकात की है। बैठक में, दोनों पक्षों ने समारिक समझौते की समीक्षा की जिसे लगभग अंतिम रूप दिया जा चुका है। दोनों पक्षों ने आपसी समझौते, गज़ा की स्थिति और ऐसे द्वि-राष्ट्र समाधान पर भी चर्चा की जो फलस्तीनी लोगों की आकांक्षाओं और अधिकारों का सम्मान करता हो।

 

********

 

अमरीका ने सब-क्रिटिकल परमाणु परीक्षण किया है। खबरों के अनुसार यह परीक्षण मंगलवार को नेवादा में किया गया था। यह तीसरा अवसर है जब राष्ट्रपति जो. बाइडेन के कार्यकाल में अमरीका ने यह परीक्षण किया है। यह परीक्षण परमाणु वारहेड को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए किया गया है।

 

अमरीका ने परमाणु विस्फोट वाले परीक्षण पर 1992 में अस्थायी तौर पर रोक लगा दी थी, लेकिन बाद की सरकारें सब-क्रिटिकल परीक्षण करती रही हैं।

 

********

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर:

  • लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कल 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान होगा।
  • शेष चरणों के लिए प्रचार अभियान तेज़; प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता नरेन्‍द्र मोदी ने झारखंड के जमशेदपुर में चुनाव रैली को संबोधित किया।
  • राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने कहा- अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों का नामांकन 2014 से 2022 तक 44 प्रतिशत बढ़ा।
  • मौसम विभाग ने केरल में मंगलवार तक तेज वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की।
  • बैंकॉक में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में पुरुष डबल्‍स का खिताब जीता।
  • और, भारतीय ग्रैंडमास्टर अरविंद चितांबरम ने स्थानीय खिलाडी एआर सालेह सलेम को हराकर शारजाह मास्टर्स शतरंज टूर्नामेंट में बढ़त हासिल की।

 

********